उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति को प्योंगयोंग में बातचीत के लिये आमंत्रित किया

0
400

CURRENT GK

1.उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति को प्योंगयोंग में बातचीत के लिये आमंत्रित किया :-

उत्तर कोरिया के नेता किम-जोंग-उन ने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून-जेई-इन को अपने देश आने का न्यौता दिया है। दक्षिण कोरिया ने अपने यहां शीतकालीन ओलंपिक में भाग लेने के लिए उत्तर कोरिया को राजी किया था। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति के प्रवक्ता के अनुसार किम-जोंग-उन की बहन ने पत्र सौंपते हुए दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति को यथाशीघ्र उत्तर कोरिया की यात्रा के लिए मौखिक रूप से भी आमन्त्रित किया। इस आमन्त्रण से दोनों कोरियाई नेताओं के बीच दस वर्ष में पहली बार फिर से बातचीत की संभावना जगी है।

 

2.श्रीलंका में स्‍थानीय निकायों के चुनाव में पूर्व राष्‍ट्रपति के समर्थन वाले गठबंधन ने बढ़त बनाई :-

श्रीलंका में स्‍थानीय निकायों के चुनाव में पूर्व राष्‍ट्रपति महिंदा राजपक्षे के समर्थन वाले गठबंधन ने बढ़त बना ली है। गठबंधन ने अबतक 272 सीटें जीती हैं, हांलाकि पूरे नतीजे आज दोपहर तक ही मिल पाऐंगे।

स्थानीय निकाय चुनाव के नतीजे श्रीलंका के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के लिए राजनीतिक झटका साबित हो रहे हैं। वहीं पूर्व राष्ट्रपति महिन्दा राजपक्षे के लिए राजनीतिक वापसी का अवसर है। 2015 में राष्ट्रपति चुनाव हारने के बाद राजपक्षे को राष्ट्रपति ने अपनी पार्टी से दरकिनार करने की भरपूर कोशिश की, लेकिन असफल रहे। इस जीत से कई मंत्री और सांसद राजपक्षे खेमे में पलायन कर सकते हैं जिससे राष्ट्रपति सिरिसेना की राजनीतिक स्थिति और कमजोर हो सकती है। प्रधानमंत्री रानिल विक्रम सिंघे की पार्टी को भी बॉन्ड घोटाले में शामिल होने का बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है और आने वाले कुछ दिन श्रीलंका की राजनीति में उथल-पुथल ला सकते हैं।

 

3.शीतकालीन ओलिम्पिक की दक्षिण कोरिया में प्‍योंगचांग में रंगारंग शुरुआत :-

23 वें शीतकालीन ओलिम्पिक का दक्षिण कोरिया के प्‍योंगचांग शहर में रंगारंग आगाज हुआ। मार्च पास्‍ट में कोरियाई देशों के संयुक्‍त ध्‍वज तले मार्च और एक साथ मशाल प्रज्‍जवलित करना ऐतिहासिक क्षण रहा। दक्षिण कोरिया में पहली बार शीतकालीन ओलिंपिक खेलों का आयोजन किया जा रहा है। 92 देशों और क्षेत्रों के खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। इन खेलों में कुल 102 मेडल दाव पर होंगे। भारत की ओर से प्रमुख खिलाड़ियों में से जगदीश सिंह पुरूषों के 15 किलोमीटर क्रॉस स्कीइंग फ्री स्टाइल में हिस्सा लेंगे। शिवा कृष्णन ल्यूज के पुरुष सिंगल्स में खेलेंगे।

 

4.मंजाकोट सेक्‍टर में पाकिस्‍तान सेना का एक और संघर्ष विराम उल्‍लंघन :-

जम्‍मू कश्‍मीर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्‍तान की सेना ने संघर्ष विराम का एक बार फिर उल्‍लंघन करते हुए आज राजौरी जिले में भारी मोर्टार दागे। रक्षा सूत्रों ने आकाशवाणी को बताया कि पाकिस्‍तानी सेना ने आज सुबह 11 बजे नियंत्रण रेखा पर मंजाकोट सेक्‍टर में छोटे और स्‍वचालित हथियारों से बिना उकसावे के अंधाधुंध गोलीबारी की और भारी मोर्टार दागे। भारतीय सैनिकों ने इसका करारा जवाब दिया।

 

5.केंद्र और दिल्ली सरकार ने प्रदूषण की रोकथाम के लिये विशेष अभियान शुरू किया :-

पर्यावरण मंत्री हर्षवर्धन ने प्रदूषण में कमी लाने की केन्द्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ संयुक्त रूप से शहर में स्वच्छ हवा अभियान आरंभ करते हुए कल श्री हर्षवर्धन ने आशा व्यक्त की कि यह 15 दिवसीय प्रतीकात्मक अभियान नहीं होगा बल्कि वर्ष भर जारी रहेगा। डॉक्टर हर्षवर्धन ने प्रदूषण से निपटने के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल की आवश्यकता पर बल दिया।

श्री अरविंद केजरीवाल ने प्रदूषण के विभिन्न स्रोतों पर साल भर अध्ययन की आवश्यकता पर ज़ोर दिया। यह अभियान 23 फरवरी तक जारी रहेगा।

 

6.गृहमंत्री ने संस्कृत भाषा अध्ययन केन्द्र का शुभारंभ किया :-

गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कल अहमदाबाद में गुजरात विश्वविद्यालय में संस्कृत भाषा अध्ययन केन्द्र का शुभारंभ किया। यह केन्द्र संस्कृत में बोलचाल सिखाने के लिए छह महीने का पाठ्यक्रम चलाएगा।

 

7.भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने सरकारी विभागों को आधार न होने पर आवश्यक सेवाओं और लाभों से वंचित न करने को कहा :-

भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने सरकारी विभागों, मंत्रालयों और राज्य सरकारों से सुनिश्चित करने को कहा है कि वास्तविक लाभकर्ता को आधार ना होने पर किसी आवश्यक सेवा या लाभ देने से मना ना किया जाए। प्राधिकरण ने एक बयान में कहा कि उसने अस्पतालों में भर्ती ना करने या चिकित्सा सेवा प्रदान करने से मना किए जाने से संबंधित मीडिया में आई कुछ खबरों को गंभीरता से लिया है। प्राधिकरण ने कहा कि सेवा देने से मना करने के ऐसे दावे की संबंधित एजेन्सियां जांच कर रही हैं और अगर ऐसा हुआ तो इस पर कड़ी कारवाई की जाएगी।

 

8.श्रीलंका में स्‍थानीय निकाय चुनावों में पूर्व राष्‍ट्रपति महिन्‍दा राजपक्षे के समर्थन वाला गठबंधन भारी जीत की ओर :-

श्रीलंका में कल हुए स्‍थानीय निकाय चुनाव में पूर्व राष्‍ट्रपति महिन्‍दा राजपक्षे समर्थित गठबंधन भारी विजय की ओर बढ़ रहा है। राष्‍ट्रपति मैत्रीपाल सिरीसेना और प्रधानमंत्री रानिल विक्रम सिंघ के समर्थन वाले गठबंधन को उनके गढ़ में ही भारी झटका लगा है जिससे राष्ट्रीय राजनीति में उथल-पुथल होने की संभावना है। पूर्व राष्‍ट्रपति महिन्‍द्र राजपक्षे ने जहां जोरदार तरीके से वापसी की है वहीं राष्‍ट्रपति श्रीसेना के लिए यह राजनीतिक संकट की घड़ी है। कोलम्‍बों में उनकी पार्टी की प्रधानमंत्री रनिल विक्रम सिंघे के पार्टी के साथ साझा सरकार है लेकिन इन चुनावों के दौरान उन्‍होंने भ्रष्‍टाचार के मुद्दे पर प्रधानमंत्री की पार्टी को आड़े हाथों लिया।