गंगा के साथ दर्जनभर नदियों के लिए बनेंगी ‘रिवर बेसिन अथॉरिटी

0
133

 

1.गंगा के साथ दर्जनभर नदियों के लिए बनेंगी ‘रिवर बेसिन अथॉरिटी:-

जल के बेहतर प्रबंधन और अंतर्राज्यीय जल विवादों को निपटाने के मकसद से सरकार गंगा नदी के साथ-साथ दर्जनभर अन्य नदियों के लिए ‘रिवर बेसिन अथॉरिटी’ बनाने की तैयारी कर रही है। केंद्र इस दिशा में कदम उठाते हुए संसद के शीतकालीन सत्र में ‘रिवर बेसिन मैनेजमेंट बिल 2018’ पेश कर सकता है। जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्रालय ने इस विधेयक का मसौदा तैयार कर आम लोगों की प्रतिक्रिया के लिए सार्वजनिक कर दिया है।

इस विधेयक के कानून का रूप लेने के बाद जिन नदियों के लिए रिवर बेसिन अथॉरिटी का गठन किया जाना है उनमें गंगा बेसिन, गोदावरी बेसिन, ब्रह्मपुत्र-बराक और पूर्वोत्तर की अन्य नदियों के बेसिन, ब्रह्माणी – वैतरणी बेसिन, कावेरी बेसिन, सिंधु बेसिन, कृष्णा बेसिन, महानदी बेसिन, माही बेसिन, नर्मदा बेसिन, पेन्नार बेसन, स्वर्णरेखा बेसिन और तापी बेसिन शामिल हैं। बेसिन का मतलब एक ऐसे भौगोलिक क्षेत्र से है जिसमें एक मुख्य नदी और उसकी सहायक नदियां प्रवाहित होती है और यह नदी जाकर समुद्र से मिलती है।

2.सिक्किम ने पूर्ण जैविक राज्य का संयुक्त राष्ट्र पुरस्कार जीता:-

भारत के पहले पूर्ण जैविक राज्य सिक्किम ने को संयुक्त राष्ट्र समर्थित फ्यूचर पॉलिसी अवार्ड जीता। पुरस्कार आयोजकों के मुताबिक, राज्य की नीतियों से जहां 66,000 किसानों को फायदा हुआ है। वहीं पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही अन्य देशों के लिए उदाहरण भी प्रस्तुत किया है। बता दें कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों को खत्म करने के साथ ही उनके स्थान पर स्थायी विकल्पों को प्रतिस्थापित करने पर सिक्किम को 2016 में देश का पहला जैविक राज्य घोषित किया गया था।

रस्कार का सह आयोजन करने वाली संस्था खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) की उपमहानिदेशक मारिया हेलेना सेमेडो ने कहा कि यह पुरस्कार भूख, गरीबी और पर्यावरणीय गिरावट के खिलाफ राजनीतिक नेताओं द्वारा बनाई गई असाधारण नीतियों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि सिक्किम के अनुभव से पता चलता है कि 100 फीसद जैविक खेती एक सपना नहीं है बल्कि वास्तविकता है।

दूसरा पुरस्कार तीन देशों में विभाजित किया गया है। स्कूल के भोजन के लिए खाद्य पदार्थो की खरीद संबंधी नीति तैयार करने के लिए जहां ब्राजील को सम्मानित किया गया है, वहीं अधिक जैविक खाद्य पदार्थो की खरीद संबंधी नीति बनाने पर डेनमार्क को सम्मान मिला है। साथ ही शहरी बागवानी को बढ़ावा देने के लिए एक्वाडोर की राजधानी क्विटो को भी सम्मानित किया गया है।
बता दें कि इससे पहले यह पुरस्कार मरुस्थलीकरण, महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ ¨हसा, परमाणु हथियारों और महासागरों के प्रदूषण के खिलाफ बनाई गई नीतियों को दिया गया था। इस साल यह पुरस्कार कृषि विज्ञान के लिए रखा गया था।

3.इस स्‍थान पर नहीं बिकता सोना-चांदी, दुकान खोलना भी माना जाता है पाप:-

देश या दुनिया में ऐसी शायद ही कोई मार्केट होगी, जहां सुनार यानी ज्वेलर्स की दुकान न हो। लेकिन हिमाचल प्रदेश में एक शहर ऐसा भी है, जहां एक भी सुनार की दुकान नहीं है। ऐसा नहीं है कि इस शहर में सोने या चांदी की मांग नहीं है। मांग इतनी है कि इसका अंदाजा यहीं से लगाया जा सकता है कि इस शहर के महज एक किलोमीटर या कहें साथ में बसे दूसरे कस्बे में सुनार की सैकड़ों छोटी बड़ी दुकानें हैं। लेकिन जिला कांगड़ा के बैजनाथ में सुनार की एक भी दुकान नहीं है।

बैजनाथ व्यापार मंडल के पूर्व प्रधान मुल्ख राज मेहता बताते हैं कि यह बात काफी सालों से चलती थी कि यहां न दशहरा मनाया जाता है और न ही सोने चांदी का कारोबार चल पाता है। लेकिन इस महज एक कही सुनी बात माना गया और सत्तर के दशक में दो तीन लोगों ने यहां यह काम शुरू किया। लेकिन दुकानें या तो जल गई या फिर इतना घाटा पड़ा कि फिर किसी ने यहां दुकान शुरू करने की हिम्मत नहीं जुटाई। सेवानिवृत शिक्षक रमेश चड्ढा कहते हैं कि इसका कोई प्रमाण आज तक नहीं मिला है कि ऐसा क्यों होता है, लेकिन कहीं न कहीं इसका संबंध यहां मौजूद शिव मंदिर से जोड़ा जाता है।

बैजनाथ मंदिर के बारे में रोचक जानकारी

  • मंदिर का निर्माण 12वीं शताब्दी में हुआ।
  • वर्ष 1905 मे कांगड़ा में 8 तीव्रता के भूकंप मे सब कुछ तबाह हो गया था, लेकिन यह मंदिर बच गया था।
  • मंदिर में भगवान श्री गणेश सहित कई ऐसी मूर्तियां है, जो आज तक किसी अन्य मंदिर या स्थान मे नही हैं।
  • मंदिर मे भगवान श्रीगणेश की मूर्ति के समीप आने वाला भूरे रंग का एक चूहा आज भी कौतुहल का विषय है।
  • बैजनाथ मंदिर की कलाशैली अपने आप मे अनोखी है।

 

4.आइसीसी ने जारी की ग्लोबल महिला टी-20 रैंकिंग, भारतीय महिला क्रिकेट टीम इस नंबर पर:-

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आइसीसी) ने ग्लोबल महिला टी-20 रैंकिंग की शुरुआत कर दी। तीन बार की टी-20 विश्व कप विजेता ऑस्ट्रेलियाई टीम पहली वैश्विक 46 टीमों की रैंकिंग में पहले स्थान पर है। भारतीय टीम को इस रैंकिंग में पांचवां स्थान मिला है।इस रैंकिंग में एसोसिएट सदस्यों में स्कॉटलैंड को 11वां स्थान मिला है। थाईलैंड 12वें स्थान पर है। जून में खेले गए एशिया कप से सभी टी-20 मैचों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का माना जाने लगा है। रैंकिंग तालिका में आने के लिए एक टीम को बीते तीन-चार वर्षो में छह टी-20 मैच खेलना अनिवार्य है। ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरा स्थान न्यूजीलैंड को मिला है। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच तीन अंकों का अंतर है। 280 अंक ले पहले स्थान पर काबिज ऑस्ट्रेलियाई टीम को इस स्थान पर बने रहने के लिए 25 से 29 अक्टूबर तक मलेशिया में पाकिस्तान की महिला टीम के खिलाफ होने वाली सीरीज में 3-0 से जीत हासिल करनी होगी।

इंग्लैंड की टीम तीसरे और वेस्टइंडीज चौथे स्थान पर है। दक्षिण अफ्रीका छठे, पाकिस्तान सातवें, श्रीलंका आठवें स्थान पर है। बांग्लादेश को नौवां और आयरलैंड को 10वां स्थान मिला है।

5.इमरजेंसी में तेल जरूरतों को पूरा करने के लिए भारत बनाएगा ऑयल रिजर्व:-

इमरजेंसी में अतिरिक्त तेल के कच्चे भंडार को बनाए रखने के लिए भारत दुनिया भर के तेल उत्पादकों और व्यापारियों से तेल खरीदने की योजना बना रहा है। इसके लिए 1.5 अरब डॉलर निवेश किए जा सकते हैं।

भारतीय स्ट्रेटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एचपीएस अहुजा ने कहा कि कच्चे तेल को सुरक्षित रखने के लिए अंडरग्राउंड टैंक के निर्माण की योजना बन रही है। इन्हें दो अलग-अलग स्थानों पर बनाया जाएगा, जिसमें 65 लाख टन कच्चे तेल को रखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि भंडारण सुविधाओं के निर्माण से राज्य के वित्त पर कम बोझ पड़ेगा और सरकार को अपने बजट लक्ष्यों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

मालूम हो कि भारत अपनी जरूरतों का 85 फीसद कच्चा तेल आयात करता है। देश में तेल की बढ़ती कीमतों से राहत देने के लिए सरकार ने इसी महीने टैक्स में कटौती की है।

एचपीएस अहुजा ने कहा कि कच्चे तेल के भंडार को बढ़ाने के लिए हमारा जोर टैंक के निर्माण और उसमें तेल को रिज़र्व रखने को लेकर है। उन्होंने कहा कि इस कदम से निवेशकों को आने वाले समय में लाभ मिलने की संभवाना है। एचपीएस अहुजा के मुताबिक तेल के इन टैंक में हम लगातार क्रूड का संचय जारी रखेंगे।

तेल भंडारण के लिए जिन दो टैंक के निर्माण की बात चल रही है, उनमें से दोनों देश के दक्षिणी राज्य में स्थित हैं। पहला ओड़िशा का चंदिखोल और दूसरा कर्नाटक के पादुर में है। चंदिखोल में 40 लाख टन तेल भंडारण की सुविधा होगी जबकि, पादुर में 25 लाख टन कच्चा तेल संचय किया जा सकेगा।

6.दुनिया की सबसे लंबी नॉन-स्टॉप फ्लाइट ने भरी उड़ान, 19 घंटे में पूरा होगा 16 हजार किमी का सफर:-

सिंगापुर एयरलाइंस की फ्लाइट ने रात 11 बजकर 35 मिनट पर ऐतिहासिक उड़ान भरी। यह दुनिया की सबसे लंबी नॉन-स्टॉप उड़ान होगी। यह फ्लाइट सिंगापुर के चांगी एयरपोर्ट से न्यूयॉर्क तक का 16,700 किलोमीटर का सफर 19 घंटे में पूरा करेगी। इस उड़ान के लिए एयरबस A350-900ULR प्लेन का इस्तेमाल किया गया है। इसमें 161 यात्रियों के बैठने की क्षमता है। इसमें 67 बिजनेस क्लास और 94 प्रीमियम क्लास की सीटें हैं।

यह पहली बार नहीं है जब इस रूट पर उड़ान सेवा शुरू की गई है। पांच साल पहले भी यह फ्लाइट जाती थी, लेकिन मंहगाई के चलते इसे बंद कर दिया गया था। अब पांच साल बाद फिर इसे शुरू किया गया है। इस फ्लाइट में प्रीमियम क्लास के लिए 119647 रुपए प्रति व्यक्ति और बिजनेस क्लास के लिए 277765 रुपए प्रति व्यक्ति किराया है। भविष्य में कंपनी की योजना सिंगापुर से लॉन्स एंजेल्स के लिए फ्लाइट शुरू करने की है।

सामान्य रफ्तार से चलते हुए यह फ्लाइट 18 घंटे 45 मिनट में सिंगापुर से न्यूयॉर्क का सफर तय कर लेगी। पायलट के पास रिजर्व में लगातार 20 घंटे तक उड़ान भरने का ऑप्शन है।

7.मध्‍य एशियाई देशों में भारत के लिए प्रेम समान पारिवारिक और सांस्‍कृतिक मूल्‍यों के कारण : विदेश मंत्री:-

विदेश मंत्री सुषमा स्‍वराज ने कहा है कि मध्‍य एशिया के साथ भारत के सांस्‍कृतिक और ऐतिहासिक संबंध सदियों पुराने हैं। ताजिकिस्‍तान की राजधानी दुशाम्‍बे में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए श्रीमती स्‍वराज ने कहा कि मध्‍य एशियाई देशों में भारत के लिए प्रेम समान पारिवारिक और सांस्‍कृतिक मूल्‍यों के कारण हैं। उन्‍होंने कहा कि इन देशों के साथ भारत के संबंध एनडीए सरकार के कार्यकाल के दौरान नई ऊंचाई तक पहुंचे हैं।

वर्तमान सरकार के कार्यकाल में इन देशों के साथ हमारा रिश्ता जितना ऊंचा हुआ है वह आगे और ऊंचा होता जाएगा। अगर आप देखों तो इतने कम समय में इतनी बड़ी यात्रा हो गई। प्रधानमंत्री जी यहां आए, अभी एक दिन पहले राष्ट्रपति जी यहां होकर गए। मेरी ये स्वयं की दूसरी यात्रा है। ये बताते हैं कि ये मध्य एशियाई देश जिसमें तजाकिस्तान भी शामिल है, ये तजाकिस्तान हमारे लिए क्या महत्व रखता है।

8.सरकार ने आश्वासन दिया–इंटरनेट बंद होने की स्थिति में भारत को इंटरनेट शटडाउन का सामना नहीं करना पड़ेगा:-

साइबर सुरक्षा से संबंधित एक वरिष्‍ठ सरकारी अधिकारी ने बताया है कि विश्‍व में इंटरनेट बंद होने की ख़बरों के बीच भारत में इंटरनेट ब्‍लैकआउट की आशंका नहीं है और किसी इंटरनेट शटडाउन का सामना नहीं करना पड़ेगा। संवाददाताओं से बातचीत में राष्‍ट्रीय साइबर सुरक्षा के संयोजक गुलशन राय ने कल कहा कि सभी व्‍यवस्‍थाएं चुस्‍त-दुरुस्‍त हैं और भारत में इंटरनेट शटडाउन नहीं होगा।

रूस के समाचार चैनल रूस टुडे ने ख़बर दी थी कि अगले 48 घंटों में इंटरनेट नेटवर्क के नियमित रखरखाव के कारण विश्‍वभर में इंटरनेट का उपयोग करने वालों को बड़े स्‍तर पर इंटरनेट सुविधाओं में परेशानी हो सकती है।

9.सरकार ने संचार संबंधी कुछ मदों पर आयात शुल्क बढ़ाया।:-

सरकार ने संचार से संबंधित कई मदों पर आयात शुल्‍क बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक कर दिया है। इनमें बेस स्‍टेशन भी शामिल हैं। यह सीमा शुल्‍क लागू हो गये हैं। एक पखवाड़े में सरकार ने आयात शुल्‍क में दूसरी बार बढ़ोत्‍तरी की है। संचार उद्योग में इस्‍तेमाल होने वाली प्रिंटर सर्किट बोर्ड असेंबली के लिए आयात होने वाले कुछ पुर्जों पर शुल्‍क में यह बढ़ोत्‍तरी की गई है।

10.युवा निशानेबाज़ मनु भाकर ब्‍यूनस आयर्स में युवा ओलिम्पिक खेलों में दो पदक जीतने वाली दूसरी भारतीय बनीं:-

युवा निशानेबाज़ मनु भाकर ब्‍यूनस आयर्स में युवा ओलिम्पिक खेलों में दो पदक जीत कर जुडोका तबाबी देवी के बाद ये उपलब्धि हासिल करने वाली दूसरी भारतीय बन गई हैं। मनु ने ताजिकिस्‍तान की बहज़ान फायज़ुलाएव के साथ दस मीटर पिस्‍टल की मिक्‍स्‍ड अंतर्राष्‍ट्रीय स्‍पर्धा में रजत पदक हासिल किया। मनु ने  दस मीटर एयर पिस्‍टल स्‍पर्धा में स्‍वर्ण पदक के रूप में पहला पदक जीता था। भारत को निशानेबाज़ी में दो स्‍वर्ण और तीन रजत पदक मिल चुके हैं।  इन खेलों में भारत को अब तक तीन स्‍वर्ण और पांच रजत पदक मिले हैं।