जीएसटी काउंसिल ने दी मंजूरी, 1 फरवरी से लागू होगा ई-वे बिल

0
177

CURRENT GK

 

1.हरियाणा में 21 दिसंबर को राज्यस्तरीय भूकंप मॉकड्रिल अभ्यास किया जाएगा :-

21 दिसंबर, 2017 को हरियाणा में भूकंप मॉकड्रिल अभ्यास किया जाएगा। इसके लिए पूरी तैयारियां की जा रही हैं। यह अभ्यास हरियाणा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के संयुक्त तत्वाधान में किया जा रहा है। इस अभ्यास के जरिए भाग लेने वाली एजेंसियों एवं विभिन्न पणधारियों को आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

 

2.भारत का बागवानी फसलों तथा फलों के सकल उत्पादन में दुनिया में द्वितीय स्थान है: श्री राधा मोहन सिंह :-

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री राधा मोहन सिंह ने कहा है कि पिछले कई वर्षों में बागवानी फसलों पर अनुसंधान एवं विकास परियोजनाओं का बड़ा उत्साहजनक परिणाम रहा है जिसके फलस्वरूप लगातार चार वर्षों से प्रतिकूल जलवायु की दशाओं में भी बागवानी फसलों का उत्पादन खाद्य फसलों से अधिक रहा है। चीन के बाद अपने भारत देश का बागवानी फसलों तथा फलों के सकल उत्पादन में द्वितीय स्थान है केंद्रीय कृषि मंत्री ने यह बात नागपुर में विश्व संतरा दिवस के मौके पर अयोजित एक कार्यक्रम में कही।

 

3.चुनाव आयोग ने वापस लिया राहुल गांधी को जारी नोटिस :-

चुनाव आयोग ने रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को टीवी चैनलों को दिए गए उनके साक्षात्कार को लेकर जारी नोटिस वापस ले लिया गया। यह नोटिस 13 दिसंबर को दूसरे चरण के मतदान से ठीक एक दिन पहले जारी किया गया था। इसमें चुनाव आयोग ने राहुल गांधी से पूछा था कि आचार संहिता उल्लंघन करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए। इस पर उनसे 18 दिसंबर को शाम पांच बजे से पहले जवाब मांगा गया था।

राहुल गांधी को नोटिस जारी होने के बाद कांग्रेस और भाजपा के बीच काफी आरोप-प्रत्यारोप लगे थे। कांग्रेस ने भाजपा पर पत्रकारों को धमकाने का आरोप भी लगाया था। साथ ही चुनाव आयोग पर भाजपा के लिए काम करने का आरोप भी मढ़ा था। चुनाव आयोग का यह फैसला गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनाव परिणामों से ठीक एक दिन पहले आया है।

 

4.पारले बढ़ाएगी बिस्कुट के दाम :-

नए साल में पारले बिस्कुट महंगे हो जाएंगे। बिस्कुट व कन्फेक्शनरी कंपनी की अगले साल की पहली तिमाही में ग्लूकोज, मैरी व मिल्क बिस्कुट के दाम 4-5 फीसद बढ़ाने की तैयारी है। पारले प्रोडक्ट्स कैटगरी के प्रमुख मयंक शाह ने यह जानकारी दी।

मयंक ने बताया कि कंपनी ने अभी कीमत वृद्धि पर फैसला नहीं किया है। मगर करों में बढ़ोतरी की वजह से इस संबंध में विचार किया जा रहा है। यह काम नए साल में जनवरी से मार्च की बीच होगा। सौ रुपये प्रति किलो से कम कीमत वाले बिस्कुटों की कीमतों में चार-पांच फीसद इजाफा हो सकता है। इसमें ग्लूकोज, मिल्क और मैरी कैटगरी में आने वाले बिस्कुट शामिल होंगे। कंपनी के प्रमुख ब्रांड पारले जी, बेकस्मिथ, इंग्लिश मैरी और मिल्क शक्ति ब्रांडों के दाम बढ़ सकते हैं। जीएसटी लागू होने के बाद से कंपनी ने इन उत्पादों के दाम नहीं बढ़ाए हैं।

जीएसटी के तहत 100 रुपये किलो से कम के (ग्लूकोज श्रेणी सहित) और इससे अधिक कीमत वाले बिस्कुटों को 18 फीसद टैक्स वाले स्लैब में रखा गया है। पहले 100 रुपये किलो से कम कीमत वाले बिस्कुट पर कोई उत्पाद शुल्क नहीं था। सौ रुपये किलो से कम के पोषक बिस्कुट का बाजार 9,000 करोड़ रुपये का है। इसकी 25,000 करोड़ के संगठित बिस्कुट बाजार में 35 फीसद हिस्सेदारी है।

 

5.पाकिस्तान में चर्च पर आत्मघाती हमला, 9 लोगों की मौत, 44 घायल :-

पाकिस्तान में क्रिसमस से हफ्ते भर पहले रविवार को गिरजाघर में प्रार्थना सभा के लिए एकत्रित हुए ईसाई समुदाय के लोगों पर आतंकी कहर टूटा। हथियारों से लैस आतंकियों के हमले में 9 लोग मारे गए हैं जबकि 44 घायल हुए हैं।

हमला दक्षिण-पश्चिमी प्रांत बलूचिस्तान के क्वेटा के जरघून रोड पर स्थित बेथल मेमोरियल चर्च में हुआ। हमले को दो आत्मघाती हमलावरों ने अंजाम दिया। फायरिंग की आवाज सुनकर सक्रिय हुए पुलिसकर्मी ने एक हमलावर को मुख्य द्वार पर ही ढेर कर दिया जबकि दूसरे हमलावर ने भीड़ के पास जाकर खुद को उड़ा लिया। हमले के समय चर्च में करीब चार सौ श्रद्धालु मौजूद थे।

 

6.टुकड़ों में बंटा अंतरिक्ष यान, तीन यात्रियों की मौत :-

अंतरिक्ष में बने इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन की यात्रा पर रवाना हुए अमेरिका, रूस और जापान के तीन यात्रियों का दल रविवार को हादसे का शिकार हो गया। उन्हें लेकर कजाखस्तान से रवाना हुआ अंतरिक्ष यान बीच रास्ते में दुर्घटनाग्रस्त होकर टुकड़ों में बंट गया। किसी भी अंतरिक्ष यात्री के जिंदा बचने की संभावना नहीं है। नासा टीवी ने यह जानकारी दी है।

दो दिन की यात्रा पर अंतरिक्ष यात्रियों का यह दल रूस के कमांडर एंटन श्काप्लेरोव के नेतृत्व में रवाना हुआ था। इस दल में फ्लाइट इंजीनियर जापान के नोरीशिजे कनाई और नासा के अमेरिकी इंजीनियर स्कॉट टिंगल भी शामिल थे। अंतरिक्ष यान कजाखस्तान के बाइकोनूर कोस्मोड्रोम से रवाना हुआ था। हादसे के समय अंतरिक्ष यान धरती से करीब 400 किलोमीटर की ऊंचाई पर था। तीनों ही अंतरिक्ष यात्रियों को स्पेस स्टेशन में मौजूद रूसी वैज्ञानिक अलेक्जेंडर मिसुरकिन और अमेरिका के मार्क वंड हेइ व जोइ अकाबा से मुलाकात करनी थी। ये तीनों बीते सितंबर महीने से स्पेस स्टेशन में मौजूद हैं।

 

7.रोहित की कप्तानी में भारत ने जीती वनडे सीरीज, आखिरी मैच में श्रीलंका को 8 विकेट से हराया :-

भारत और श्रीलंका के बीच वनडे सीरीज़ का तीसरा और आखिरी मैच विशाखापत्तनम में खेला गया। इस मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 8 विकेट से हरा दिया और वनडे सीरीज पर कब्जा कर लिया। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने पहली बार वनडे सीरीज जीती। तीन वनडे मैचों की सीरीज में भारत ने इस जीत के साथ 2-1 से खिताब अपने नाम किया। इस मैच में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मेहमान टीम ने 44.5 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 215 रन बनाए।

 

8.जीएसटी काउंसिल ने दी मंजूरी, 1 फरवरी से लागू होगा ई-वे बिल :-

जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) काउंसिल ने शनिवार को अपनी 24वीं बैठक में महत्वपूर्ण ई-वे बिल पर हामी भरते हुए इसे 1 फरवरी 2018 से अनिवार्य कर दिया है। अब सामान को एक राज्य से दूसरे राज्य में ले जाने पर यह नियम लागू होगा। सूत्रों के अनुसार यह जानकारी सामने आई है।

कुछ राज्य स्वैच्छिक आधार पर 1 फरवरी से अंतर्राज्यीय (राज्य के भीतर) और अंतरराज्यीय (राज्यों के भीतर) ई-वे बिल दोनों को लागू कर सकते हैं। वहीं ई-वे बिल के लिए सिस्टम 15 जनवरी से उपलब्ध करवा दिया जाएगा। सूत्र के मुताबिक वहीं राज्यों के भीतर ई-वे बिल 1 जून से अनिवार्य होगा। वहीं राज्य के भीतर ई-वे बिल लागू करने का काम फरवरी से ही शुरू कर दिया जाएगा।