जी20 विकास कार्य समूह की चार दिन की बैठक मुम्‍बई में

0
65

1. जी20 विकास कार्य समूह की चार दिन की बैठक मुम्‍बई में

भारत की अध्यक्षता में जी-20 कार्यसमूह की चार दिन की बैठक मुंबई में शुरू होगी। भारत इस बैठक का उपयोग विकासशील देशों, कम विकसित देशों, और द्वीप देशों के प्रमुख मुद्दों को उठाने के लिए करेगा। भारत जी-20 में विकासशील देशों की आवाज़ उठाने के संकल्प के अनुरूप विकास कार्य समूह के विचार-विमर्शों में वैश्विक दक्षिण की अधिक भूमिका का आह्वान करेगा। जी-20 की भारत की अध्यक्षता के दौरान विकास कार्यसमूह समसामयिक चुनौतियों के समाधान के लिये अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में विकासशील देशों की भूमिका बढ़ाने पर बल देगा। जी-20 के वित्त और केंद्रीय बैंक उपप्रमुखों की पहली बैठक बैंगलुरु में होगी। यह बैठक भारत की जी20 अध्यक्षता में वित्तीय एजेंडे पर विचार-विमर्श की शुरुआत करेगी।

2. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद भवन परिसर में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम के उत्पादों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद भवन परिसर में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम के उत्पादों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस प्रदर्शनी का आयोजन सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने किया है। कृत्रिम यंत्रों और उपकरणों की खरीद तथा फिटिंग के लिए दिव्यांगजनों को सहायता योजना के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एडीआईपी योजना का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों के शारीरिक, सामाजिक, मनोवैज्ञानिक पुनर्वास को बढ़ावा देने के लिए टिकाऊ, परिष्कृत और वैज्ञानिक रूप से निर्मित, आधुनिक, उपकरणों की खरीद में जरूरतमंद दिव्यांगजनों की सहायता करना साथ ही उनकी आर्थिक क्षमता बढ़ाना है। 1981 से चल रही इस योजना के अंतर्गत दिव्‍यांगों को कृत्रिम उपकरण प्रदान किए जाते हैं।

3. फेडरल रिजर्व की प्रथम उपाध्यक्ष बनीं भारतीय मूल की सुष्मिता शुक्ला

भारतीय मूल की सुष्मिता शुक्ला को न्यूयॉर्क में फेडरल रिजर्व बैंक की प्रथम उपाध्यक्ष (फर्स्ट वाइस प्रेसिडेंट) एवं मुख्य परिचालन अधिकारी नियुक्त किया गया है। अब वह इस प्रतिष्ठित केंद्रीय बैंक की दूसरी सबसे बड़ी अधिकारी बन गई हैं। शुक्ला को न्यूयॉर्क के फेडरल रिजर्व बैंक के निदेशक मंडल ने प्रथम उपाध्यक्ष एवं मुख्य परिचालन अधिकारी नियुक्त किया है और यह नियुक्ति मार्च 2023 से प्रभाव में आएगी।

4. ब्रिटेन की व्यापार मंत्री केमी बदेनोच नई दिल्ली पहुंचीं, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल से करेंगी मुलाकात

ब्रिटेन की व्यापार मंत्री केमी बदेनोच नई दिल्ली पहुंच गई हैं और वह वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात करेंगी। भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौते-एफ. टी ए के छठे चरण की वार्ता में वस्तुओं और यात्री वाहनों के व्यापार तथा अन्य मुद्दों के बारे में चर्चा होने की संभावना है। एफ. टी. ए का लक्ष्य 2030 तक भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापार को दोगुना करना है। एफ. टी. ए से चमड़ा, वस्त्र, आभूषण और प्रसंस्कृत कृषि उत्पाद क्षेत्र में भारत का निर्यात बढ़ेगा। शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल, आयुष और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में सेवाओं का निर्यात बढ़ने की भी उम्मीद है।

5. ससंद ने ऊर्जा संरक्षण (संशोधन) विधेयक, 2022 पारित किया

संसद ने ऊर्जा संरक्षण (संशोधन) विधेयक, 2022 पारित कर दिया है राज्यसभा ने इसे मंजूरी दे दी है। लोकसभा इसे पहले ही पारित कर चुकी है। इस विधेयक में ऊर्जा संरक्षण अधिनियम, 2001 में संशोधन का प्रावधान है। विधेयक केंद्र को कार्बन क्रेडिट ट्रेडिंग योजना निर्दिष्ट करने का अधिकार देता है। विधेयक में यह भी कहा गया है कि सूचिबद्ध उपभोक्ताओं को गैर-जीवाश्म स्रोतों से अपनी ऊर्जा जरूरतों के अनुपात को पूरा करने की आवश्यकता हो सकती है। इमारतों के लिए ऊर्जा संरक्षण कोड एक सौ किलोवाट या उससे अधिक के कनेक्टेड लोड वाले कार्यालय और आवासीय भवनों पर लागू होगा।

6. गुजरात में भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व वाली नई सरकार ने शपथ ली

गुजरात में भारतीय जनता पार्टी नेता भूपेंद्र पटेल ने राज्‍य के मुख्‍यमंत्री के रूप में शपथ ली। श्री पटेल गुजरात के दूसरी बार मुख्‍यमंत्री बने हैं। गांधीनगर के हेलीपैड मैदान में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री के साथ 16 मंत्रियों को भी शपथ दिलाई गई। नई मंत्रिपरिषद में आठ कैबिनेट मंत्री, छह राज्य मंत्री और दो स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री होंगे। नए मंत्रिमंडल में केवल एक महिला सदस्य हैं।

7. 21 ग्रीनफील्ड हवाई अड्डों के लिए “सैद्धांतिक रूप से” मंज़ूरी दी गई

केंद्र सरकार ने हाल ही में पूरे भारत में 21 ग्रीनफील्ड हवाई अड्डों की स्थापना के लिए “सैद्धांतिक रूप से” अनुमोदन प्रदान किया है। एक ग्रीनफील्ड हवाईअड्डा वह है जो अविकसित भूमि पर शुरुआत से बनाया जाता है, जहां अतीत में कोई काम नहीं किया गया है। यह हवाई अड्डा मौजूदा हवाई अड्डों पर भीड़ को कम करने के लिए बनाया जाता है। आमतौर पर, यह शहर से अधिक दूरी पर होता है और इस तरह से बनाया जाता है कि पर्यावरणीय प्रभाव पर विशेष ध्यान दिया जाता है। ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट्स नीति, 2008 भारत में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डों के विकास को नियंत्रित करती है। इस नीति के अनुसार, एक राज्य सरकार या एक हवाईअड्डा डेवलपर, जो एक ग्रीनफील्ड हवाईअड्डा स्थापित करने के इच्छुक हैं, को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय को दो चरणों की मंजूरी के लिए प्रस्ताव भेजने की आवश्यकता होती है, यानी साइट-क्लीयरेंस अनुमोदन और ” सिद्धांत रूप में” अनुमोदन।

8. नासा का ओरियन अं‍तरिक्षयान चंद्रमा की कक्षा में लगभग 26 दिन के मिशन के बाद स्‍वदेश लाया गया

अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी-नासा का ओरियन अं‍तरिक्षयान चंद्रमा की कक्षा में लगभग 26 दिन के मिशन के बाद स्‍वदेश लाया गया। आर्टिमिस-1 मिशन का ओरियन यान वापसी में धरती के वायुमंडल में प्रवेश करने के बाद प्रशांत महासागर में गिर गया था। इसके एक प्रायोगिक प्रक्षेपण होने के कारण यान में अंतरिक्ष यात्री नहीं थे। अगली उ़ड़ान में अंतरिक्ष यात्री भेजे जायेंगे। अपोलो 17 के चंद्रमा पर पंहुचने के ठीक 50 वर्ष बाद आरंभ अंतरिक्ष एंजेसी की इस नयी परियोजना को आर्टिमिस नाम दिया गया है। यूनानी पौराणिक कथाओं के अनुसार अपोलो देवता की बहन का नाम आर्टिमिस था। नासा ने ओरियन के धरती पर लौटने को अपना पहला प्राथमिकता लक्ष्य बताया।

9. जापानी अंतरिक्ष स्टार्टअप द्वारा अपनी तरह का पहला चंद्र मिशन

हाल ही में, एक जापानी अंतरिक्ष स्टार्टअप ispace Inc ने अपने HAKUTO-R मिशन के तहत स्पेसएक्स (SpaceX) फाल्कन 9 रॉकेट से चंद्रमा पर अपना निजी लैंडर M1 लॉन्च किया है। यह जापान और किसी निजी कंपनी द्वारा अपनी तरह का पहला चंद्र मिशन है। HAKUTO-R नाम उस सफेद खरगोश को संदर्भित करता है जिसका जापानी लोककथाओं से पता चलता है कि वह चंद्रमा पर रहता है। M1 लैंडर में जापान की JAXA अंतरिक्ष एजेंसी से दो रोबोटिक रोवर, दो-पहियों वाले नारंगी के आकार के उपकरण और UAE द्वारा दुबई शाही परिवार के संरक्षक ‘राशिद’ के नाम पर एक चार-पहिया रोवर तैनात करेगा। यदि रोवर राशिद सफलतापूर्वक उतरता है, तो यह अरब दुनिया का पहला चंद्र मिशन होगा। अभी तक मात्र अमेरिका, रूस और चीन ही चंद्रमा की सतह पर रोबोट पहुँचाने में सफल हुए हैं। इसमें जापानी कंपनी NGK स्पार्क प्लग कंपनी द्वारा बनाई गई एक प्रयोगात्मक सॉलिड-स्टेट बैटरी भी होगी।

10. संयुक्त अरब अमीरात ने अरब-निर्मित पहले चंद्रयान का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया

संयुक्त अरब अमीरात ने अपने पहले चन्‍द्रयान राशिद का सफलतापूर्वक प्रेक्षपण किया। इसे अमेरिका के फ्लोरिडा में केप कैनावेरल स्पेस फोर्स स्टेशन से प्रक्षेपित किया गया। चन्‍द्रयान को दुबई में मोहम्मद बिन राशिद अंतरिक्ष केंद्र में बनाया गया है। ये चन्‍द्रयान अप्रैल 2023 के आसपास चंद्रमा पर पहुंचेगा। मोहम्मद बिन राशिद अंतरिक्ष केंद्र के अनुसार राशिद चन्‍द्रयान अत्यधिक मूल्यवान डेटा और छवियां प्रदान करेगा। साथ ही सौर प्रणाली की उत्पत्ति, हमारे ग्रह और जीवन से संबंधित मामलों पर वैज्ञानिक डेटा का संग्रह भी करेगा।

11. जाफना और चेन्नई के बीच पहली सीधी उड़ान सेवा फिर से शुरू

जाफना(श्रीलंका) और चेन्नई के बीच पहली सीधी उड़ान सेवा फिर से शुरू हो गई है। यह सेवा सप्ताह में चार दिन संचालित की जाएंगी। यह सेवाएं सोमवार, मंगलवार, बृहस्‍पतिवार और शनिवार को दोपहर एक बजकर 15 मिनट से संचालित होंगी। तीन साल के अंतराल के बाद उड़ान सेवाएं फिर से शुरू हुई हैं।

12. न्‍यायमूर्ति दीपांकर दत्‍ता ने उच्‍चतम न्‍यायालय के न्‍यायाधीश के रूप में शपथ ली

न्‍यायमूर्ति दीपांकर दत्‍ता ने उच्‍चतम न्‍यायालय के न्‍यायाधीश के रूप में शपथ ली। प्रधान न्‍यायाधीश डी वाई चन्‍द्रचूड़ ने शीर्ष न्‍यायालय के सभी न्‍यायाधीशों की मौजूदगी में न्‍याय‍मूर्ति दत्‍ता को शपथ दिलाई। उनकी नियुक्ति के साथ ही उच्‍चतम न्‍यायालय में न्‍यायाधीशों की संख्‍या 28 हो गई है। न्‍यायालय में न्‍यायाधीशों की कुल स्‍वीकृत संख्‍या 34 है। न्‍यायमूर्ति दत्‍ता का कार्यकाल 8 फरवरी 2030 को समाप्‍त होगा।

13. सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने पाकिस्तान स्थित ओटीटी प्लेटफॉर्म विडली टीवी और चार सोशल मीडिया खातों को ब्लॉक किया

सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने भारत विरोधी दुष्‍पचार के आरोप में पाकिस्तान स्थित ओटीटी प्लेटफॉर्म विडली टीवी और चार सोशल मीडिया खातों को ब्लॉक कर दिया है। पाकिस्तान स्थित वेबसाइट और दो मोबाइल एप्लिकेशन भी ब्लॉक कर दिये गए हैं। मंत्रालय ने कहा, ओटीटी प्लेटफॉर्म ने हाल ही में सेवक: द कन्फेशस नाम की एक वेब श्रृंखला जारी की थी, जिसे भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा, संप्रभुता और अखंडता विरोधी पाया गया था। यह संदेह था कि वेब श्रृंखला पाकिस्तानी सूचना संचालन तंत्र द्वारा प्रायोजित थी। वेब श्रृंखला ने संवेदनशील ऐतिहासिक घटनाओं और राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर भारत विरोधी कहानी को चित्रित किया।

14. अशोक लेलैंड के प्रबंध निदेशक, सीईओ बनें शीनू अग्रवाल

हिंदुजा समूह की प्रमुख कंपनी अशोक लेलैंड ने शीनू अग्रवाल को तत्काल प्रभाव से कंपनी का प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया। शीनू अग्रवाल इससे पहले वह एस्कॉर्ट्स कुबोटा में प्रेसिडेंट के पद पर रह चुके हैं। इसके अलावा अग्रवाल एस्कॉर्ट्स के एग्री कारोबार से भी जुड़े रह चुके हैं। जहां वह चीफ एग्जीक्युटिव के पद पर कार्यरत थे।

15. सरकार ने एनडीडीबी के प्रबंध निदेशक के रूप में मीनेश सी शाह को नियुक्त किया

केंद्र सरकार ने 9 दिसंबर 2022 को जारी एक आदेश में मीनेश सी शाह को राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी ) का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया है। वर्तमान में मीनेश शाह, अध्यक्ष एनडीडीबी का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे। दिसंबर 2020 से एनडीडीबी में कोई नियमित अध्यक्ष नहीं है।

16. तमिलनाडु अपना जलवायु परिवर्तन मिशन शुरू करने वाला पहला राज्य

तमिलनाडु ,भारत में अपना जलवायु परिवर्तन मिशन शुरू करने वाला पहला राज्य बन गया है। तमिलनाडु जलवायु परिवर्तन शिखर सम्मेलन में 9 दिसंबर 2022 को राज्य जलवायु परिवर्तन मिशन का शुभारंभ करते हुए, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने कहा कि राज्य 2070 के राष्ट्रीय लक्ष्य से बहुत पहले कार्बन तटस्थता प्राप्त कर लेगा। तमिलनाडु जलवायु शिखर सम्मेलन 8 और 9 दिसंबर 2022 को चेन्नई में आयोजित किया गया था।

17. तवांग सेक्टर के पास भारत-चीन के सैनिकों में हिंसक झड़प

अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर भारत और चीनी सेना में झड़प के दौरान दोनों पक्षों के कई सैनिकों के घायल होने की खबर है। घटना 9 दिसंबर की है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस भिड़ंत में भारतीय सेना के कम से कम 20 जवान घायल हुए हैं। वहीं चीनी सेना का भी भारी नुकसान हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक तवांग में एलएसी के कुछ इलाके ऐसे हैं जहां दोनों ही पक्ष अपना दावा करते हैं और यहां दोनों देशों के सैनिक गश्त करते हैं। यह ट्रेंड साल 2006 से चल रहा है। 15 जून, 2020 को पूर्वी लद्दाख के गलवां में हुई भिड़ंत के बाद यह पहली घटना है जब दोनों सेनाओं के बीच हिंसक झड़प हुई है। अक्तूबर, 2021 में इसी जगह पर दोनोंं सेनाएं आमने सामने आई थीं। तब भारतीय सेना ने चीन के कई सैनिकों को घंटों बंधक बना कर रखा था। बातचीत के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।

18. उप-सहारा अफ्रीका का कर्ज बोझ रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा

विश्व बैंक की International Debt Report 2022 के अनुसार, उप-सहारा अफ्रीका (SSA) में निम्न और मध्यम आय वाले देशों का ऋण 2021 में 789 बिलियन अमरीकी डालर के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया है। उप-सहारा अफ्रीका में देशों का ऋण 2020 में 702 बिलियन अमरीकी डालर से बढ़कर 2021 में 789 बिलियन अमरीकी डालर हो गया है। यह 2010 के बाद से इस क्षेत्र में दर्ज किया जाने वाला सबसे अधिक ऋण बोझ है, जब क्षेत्र का ऋण लगभग 305 बिलियन अमरीकी डालर था। 2010 और 2021 के बीच क्षेत्र का कर्ज 2.4 गुना से अधिक बढ़ गया। विश्व स्तर पर, 2020 की वैश्विक मंदी के बाद आर्थिक विकास फिर से शुरू हुआ, और सकल राष्ट्रीय आय (ऋण-से-जीएनआई अनुपात) के हिस्से के रूप में बाहरी ऋण महामारी-पूर्व स्तरों पर लौट आया। बढ़ती ब्याज दरें और वैश्विक मंदी उप-सहारा अफ्रीका में देशों के ऋण संकट को और खराब कर सकती हैं। उप-सहारा अफ्रीका के लिए क्षेत्रीय आर्थिक आउटलुक के नवीनतम संस्करण के अनुसार, उप-सहारा अफ्रीका में देशों की आर्थिक वृद्धि 2022 में 3.6 प्रतिशत रहने का अनुमान है। इस रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि स्टैगफ्लेशन (उच्च मुद्रास्फीति के साथ संयुक्त आर्थिक ठहराव) की घटना आसन्न है। यह अधिक देशों को ऋण संकट में धकेल सकता है। 2023 की आर्थिक मंदी का प्रभाव 2024 और 2025 तक बने रहने की संभावना है।

19. मारिया टेल्क्स

12 दिसंबर को गूगल ने मारिया टेल्कस (Maria Telkes) पर एक डूडल बनाकर उन्हें सम्मानित किया। मारिया टेल्क्स शीर्ष वैज्ञानिकों और बायोफिजिसिस्ट में से थीं, वे सौर ऊर्जा की अग्रदूत थीं और इसलिए उन्हें ‘Sun Queen’ कहा जाता है। मारिया टेल्कस हंगरी की वैज्ञानिक थीं जिनका जन्म 12 दिसंबर 1900 को हुआ था और आज उनकी 122वीं जयंती है। वह सौर ऊर्जा की अग्रदूत बन थीं और इसलिए क्षेत्र में उनके असाधारण काम के कारण उन्हें सन क्वीन के रूप में जाना जाता है। उनका दृढ़ विश्वास था कि सूर्य मनुष्य के जीवन को परिवर्तित कर सकता है। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उनके आविष्कारों और गहन अध्ययन के कारण ही हम सौर कुकर और सूर्य-संचालित प्रौद्योगिकियों का उपयोग करने में सक्षम हैं। मारिया टेल्कस ने द्वितीय विश्व युद्ध में एक वाटर डिस्टिलर विकसित करके योगदान दिया जो सौर ऊर्जा से समुद्री जल को मीठे पानी में फिल्टर करने में मदद कर सकता है जिससे सैनिकों के जीवन को बचाया जा सकता है।

20. 12 दिसम्बर : अंतर्राष्ट्रीय सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज दिवस

प्रतिवर्ष 12 दिसम्बर को अंतर्राष्ट्रीय सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज दिवस ( International Universal Health Coverage Day) मनाया जाता है, इस दिवस को मुख्य रूप से विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज की आवश्यकता तथा मज़बूत स्वास्थ्य प्रणाली की उपलब्धता पर बल देना है। संयुक्त राष्ट्र ने 12 दिसम्बर, 2017 को प्रस्ताव 72/138 के द्वारा अंतर्राष्ट्रीय सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज दिवस की स्थापना की थी। इस दिवस के द्वारा उन लाखों लोगों के लिए आवाज़ उठायी जाती है, जिनके पास अभी तक स्वास्थ्य सुरक्षा कवरेज नहीं है। सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों में भी शामिल है।

21. यूनिसेफ दिवस 2022

हर साल 11 दिसंबर को यूनिसेफ दिवस (UNICEF Day) मनाया जाता है ताकि बच्चों के जीवन को बचाने और उनकी इच्छाओं को पूरा करने में उनकी मदद करने के बारे में जागरूकता बढ़ाई जा सके। यह दिन द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और कल्याण के लिए सहायता प्रदान करता है। यूनिसेफ का नाम बाद में संयुक्त राष्ट्र अंतर्राष्ट्रीय बाल आपातकालीन कोष (United Nations International Children’s Emergency Fund) से संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (United Nations Children’s Fund) में बदल दिया गया था, हालांकि इसे पिछले शीर्षक के आधार पर लोकप्रिय संक्षिप्त नाम से जाना जाता रहा।

22. दिग्गज अमेरिकी खेल पत्रकार ग्रांट वाहल का फीफा विश्व कप के दौरान कतर में निधन हो गया

संयुक्त राज्य अमेरिका के सबसे प्रसिद्ध फुटबॉल लेखकों में से एक, ग्रांट वाहल का 10 दिसंबर को क़तर में अर्जेंटीना और नीदरलैंड के बीच विश्व कप मैच को कवर करते समय निधन हो गया। वॉल 49 वर्ष के थे। ग्रांट ने अपना पहला वर्ल्ड कप 1994 में अमेरिका में कवर किया था। साल 1996 से लगातार फुटबॉल कवर कर रहे वहल का ये 8वां वर्ल्ड कप था। वहल को LGBTQ कम्यूनिटी के सपोर्ट में रेनबो शर्ट पहनने के कारण क़तर एक दिन पहले हिरासत में लिया गया था। वर्ल्ड कप के शुरुआत में ग्रांट वहल ने कहा कि सिक्योरिटी ने उन्हें अमेरिका और वेल्स के मुकाबले में एंट्री नहीं दी थी और रेनबो शर्ट उतारने के लिए कहा था