जेफ बेजोस को पछाड़, बिल गेट्स कुछ घंटे बाद फिर बने सबसे अमीर

0
163

CURRENT GK

1.पुतिन ट्रंप आमने-सामने, रूस ने 755 अमेरिकी राजनयिकों को देश से निकाला :-

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाई कठोर पाबंदियों का कड़ा जवाब दिया है। रविवार को रूस सरकार ने अपने देश में पदस्थ 755 अमेरिकी राजनयिकों को देश छोड़ने का आदेश दे दिया।

इससे पहले रूसी विदेश मंत्रालय ने अमेरिका से कहा था कि वह सितंबर तक अपने दूतावास के स्टाफ की कटौती कर 455 कर ले। इतने ही रूसी राजनयिक अमेरिका में पदस्थ हैं। वह उनके बराबर ही अमेरिकियों को अपने देश में रखना चाहता है।

रोसिया-24 टेलीविजन से चर्चा में पुतिन ने कहा, अमेरिकी दूतावास व वाणिज्य दूतावास में अब भी 1 हजार से ज्यादा लोग काम कर रहे हैं। 755 लोगों को रूस में अपना कामकाज समेटना ही होगा।

 

2.मंगलवार से राजधानी, शताब्दी, दूरंतो का सफर होगा सस्ता :-

राजधानी, दूरंतो और शताब्दी का सफर एक अगस्त से सस्ता हो जाएगा। यदि आप ट्रेन का खाना और नाश्ता नहीं लेंगे तो राजधानी, दूरंतो और शताब्दी एक्सप्रेस का किराया 90 रुपए से 260 तक किफायती हो जाएगा। रेलवे ने एक अगस्त से ट्रेनों में कैटरिंग शुल्क की बाध्यता समाप्त कर दी है।

रेलवे की खानपान व्यवस्था पर कैग रिपोर्ट में उठे सवालों के बाद रेलवे ने नई व्यवस्था लागू की है। अब यदि आप ट्रेन में खाना, पानी और नाश्ता नहीं लेना चाहते हैं तो रेलवे आपको बाध्य नहीं करेगा।

अभी राजधानी, दूरंतो और शताब्दी में नहीं चाहते हुए यात्रियों से कैटरिंग शुल्क के रूप में चार्ज लिया जाता है। इस संबंध में रेलवे बोर्ड का आदेश धनबाद पहुंच गया है।

 

3.कलाम के स्मारक में गीता को लेकर विवाद, पीएम मोदी ने किया था उद्घाटन :-

पूर्व राष्ट्रपति स्वर्गीय डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के स्मारक में उनकी प्रतिमा के पास लकड़ी पर उत्कीर्ण भगवद् गीता को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।

कई लोगों ने इस पर आपत्ति जताई है, जबकि कलाम के परिजन ने प्रतिमा के नजदीक कुरान और बाइबल की प्रति रखकर विवाद को शांत करने का प्रयास किया है।

कलाम के रिश्तेदार शेख दाऊद और सलीम ने कहा कि कुछ लोगों ने बेवजह विवाद को जन्म दिया। उन्होंने कहा कि डीआरडीओ के अधिकारियों ने स्मारक के निर्माण के लिए अथक काम किया। उन्होंने किसी गलत इरादे से कलाम की प्रतिमा के नजदीक गीता नहीं बनाई।

दोनों ने कहा कि अब हमने प्रतिमा के नजदीक कुरान और बाइबल रख दिया है। इसके अलावा जल्द ही वह वहां पर तमिल ग्रंथ तिरक्कुरल भी रखेंगे।

 

4.जेफ बेजोस को पछाड़, बिल गेट्स कुछ घंटे बाद फिर बने सबसे अमीर :-

सबसे बड़ी ई कॉमर्स कंपनी अमेजन के मालिक जेफ बेजोस ने दुनिया के सबसे दौलतमंद शख्स का खिताब महज कुछ घंटे में ही गंवा दिया। गुरुवार सुबह सबसे अमीर शख्स बने बेजोस शाम को कंपनी के खराब नतीजों के बाद ताज गंवा बैठे और माइक्रोसॉफ्ट के सह संस्थापक बिल गेट्स फिर शिखर पर पहुंच गए।

दरअसल, अमेजन की दूसरी तिमाही के नतीजे गुरुवार शाम को बाजार बंद होने के कुछ पहले घोषित हुए, जिसमें उसकी बिक्री तो 38 अरब डॉलर थी, लेकिन शुद्ध मुनाफा महज 19.7 करोड़ डॉलर का ही रहा। जबकि पिछले साल दूसरी तिमाही में अमेजन का शुद्ध लाभ 85.7 करोड़ डॉलर था।

इससे अमेजन के शेयरों में दो फीसदी की गिरावट आई और उनकी कुल परिसंपत्ति 90 अरब डॉलर से नीचे आ गई। बेजोस के पास अमेजन के करीब आठ करोड़ शेयर हैं।

 

5.नेपाल में चीन कर रहा सर्वाधिक निवेश, भारत दूसरे स्थान पर :-

 

चीन ने अब हिमालय की तराई में बसे देश नेपाल को प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआइ) के जरिए आकर्षित करना शुरू किया है। दरअसल मधेशियों के आंदोलन के बाद से ही भारत-नेपाल के रिश्ते में आई खटास दूर नहीं हो सकी है। इसी का चीन फायदा उठा रहा है।

नेपाल के उद्योग विभाग ने मध्य जुलाई में समाप्त हुए बीते वित्तीय वर्ष का लेखाजोखा पेश किया है। इसके मुताबिक 2016-17 के दौरान चीन ने निवेश की अपनी प्रतिबद्धताओं में पहले की अपेक्षा अधिक बढ़ोतरी की है।

इस दौरान चीन ने पांच अरब 22 करोड़ रुपये जबकि भारत ने एक अरब 24 करोड़ और दक्षिण कोरिया ने एक अरब 17 रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया।

 

6.रूस से 48 एमआइ-17 मिलिट्री हेलीकॉप्टर और खरीदेगा भारत :-

सेना के इस्तेमाल में आने वाले 48 एमआइ-17 ट्रांसपोर्ट हेलीकॉप्टरों के सौदे के लिए भारत और रूस के अधिकारियों के बीच वार्ता प्रगति पर है।

उम्मीद है कि इस साल के अंत तक इस महत्वपूर्ण रक्षा सौदे पर मुहर लग जाएगी। यह बात एक उच्च रूसी अधिकारी ने कही है।

रूसी हथियारों की आपूर्ति करने वाली फर्म रोसोबोरोनेक्सपोर्ट के सीईओ एलेक्जेंडर मिखीव के अनुसार भारत की सेनाएं 300 से ज्यादा एमआइ-8 और एम-17 हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल कर रही हैं।

 

7.चीन को भारत का इंजीनियरिंग निर्यात जून तिमाही में बढ़कर 123 फीसद हुआ :-

अप्रैल से जून तिमाही के दौरान चीन में भारत के इंजीनियरिंग सामानों के निर्यात में 123 फीसद का इजाफा हुआ है। इस इजाफे के साथ यह 629 मिलियन डॉलर के स्तर पर पहुंच गया। यह इजाफा नॉन-फेरस मैटल के शिपमेंट में हुई बढ़ोतरी के कारण दिखा है।

यह जानकारी ट्रेड बॉडी ईईपीसी इंडिया के जरिए सामने आई है।

पिछले वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में चीन को देश का निर्यात 282 मिलियन (28.2 करोड़) डॉलर रहा था। यह इजाफा इस मायने में महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत का चीन के साथ व्यापारिक घाटा बड़े स्तर पर बढ़ा है, जो कि बीते साल 46.56 बिलियन डॉलर रहा है।

ऐसा इसलिए क्योंकि भारतीय निर्यात में गिरावट जारी है, जबकि द्विपक्षीय व्यापार में मामूली रूप से 2.1 फीसद की गिरावट आई और यह लगभग 71 अरब डॉलर रहा है।

 

8.पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को अफगानिस्तान ने दिया ये करारा जबाव :-

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) के बीच के संबंध इस वक्त सही नहीं है। पिछले महीने काबुल में हुए आत्मघाती बम विस्फोट के बाद अफगानिस्तान ने इस घटना में पाकिस्तान का हाथ सामने आने के बाद उसके साथ सभी खेल संबंध खत्म कर लिए थे।

सूत्रों की मानें तो पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच एक टी20 मैच खेला जाना था जो हाल ही रद कर दिया गया। अब इस मामले में पाकिस्तान ने अफगानिस्तान से माफी की मांग की है।

पीसीबी के अध्यक्ष शहरयार खान ने कहा कि एसीबी को हमसे माफी मांगनी चाहिए। इसके अलावा खान ने कहा कि हम अफगानिस्तान के साथ तब तक कोई मैच नहीं खेलेंगे जब तक वो हमसे माफी नहीं मांगते।