तेरहवीं गुजरात विधानसभा भंग कर दी गई

0
148

CURRENT GK

 

1.केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नये उपभोक्ता संरक्षण विधेयक को मंजूरी दी :-

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नये उपभोक्ता संरक्षण विधेयक को मंजूरी दे दी है। इसमें उपभोक्ताओं के अधिकारों को सुरक्षित रखने के लिए एक प्राधिकरण बनाने का प्रस्ताव किया गया है।

नये विधेयक में मिलावट के मामलों और कंपनियों के भ्रामक विज्ञापनों के लिए जुर्माना लगाने के साथ कारावास की सजा का प्रावधान किया गया है। नये विधेयक में गुमराह करने वाले विज्ञापनों में शामिल जानी-मानी हस्तियों पर भी जुर्माना और तीन साल तक प्रतिबंध लगाने की यह व्यवस्था की गई है।

मंत्रिमंडल ने कल उपभोक्ता संरक्षण विधेयक 2017 पेश करने को मंजूरी दे दी। इसके पेश होने के बाद 2015 में लाया गया विधेयक वापस ले लिया जायेगा। केंद्र ने तीस वर्ष पुराना उपभोक्ता संरक्षण विधेयक 1986 रद्द करने के लिए अगस्त 2015 में लोकसभा में उपभोक्ता संरक्षण विधेयक पेश किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल में कहा था कि उपभोक्ता संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है।

 

2.दिल्ली की विशेष अदालत ने टू-जी स्पेक्ट्रेम घोटाला और मनी लांड्रिंग के एक मामले में पूर्व दूरसंचार मंत्री ए राजा और डीएमके सांसद कनिमोई के अलावा 15 अन्य आरोपियों और तीन कंपनियों को बरी किया :-

पूर्व संचार मंत्री ए राजा और डीएमके सांसद कणिमोई अन्य सभी आरोपियों तथा तीन कंपनियों को सीबीआई की विशेष अदालत ने आज टू-जी स्पेक्ट्रम घोटाला मामले में बरी कर दिया। अदालत ने कहा कि अभियोजन पक्ष आरोपों को साबित करने में बुरी तरह विफल रहा है।

जिन 15 अन्य  लोगों को बरी किया गया है उनमें पूर्व संचार सचिव सिद्धार्थ बेहुरा, ए राजा के निजी सचिव रहे आर.के. चंदौलिया और स्वासन टेलीकॉम कम्पनी के प्रवर्तक शाहि‍द उस्मान शामिल हैं। सीबीआई के विशेष न्या‍याधीश ओ.पी. सैनी ने नई दिल्ली में अपना फैसला सुनाते हुए कहा कि अभियोजन एक भी आरोपी के खिलाफ सबूत देने में नाकाम रहा।

यह मामला 14 मार्च, 2011 को सुनवाई के लिए सीबीआई की अदालत में आया था। सीबीआई ने आरोप लगाया था कि टू-जी स्पेक्ट्रम के लिए लाईसेंसों के आवंटन में केन्द्रीय राजस्व को 3 खरब नौ अरब 84 करोड़ रुपये की हानि हुई थी। 

 

3.बांग्लादेश ने पाकिस्तान पर रोहिंज्या आतंकवादी गुटों के साथ मिलकर बांग्लादेश के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया :-

बांग्लादेश के मंत्री ओबैदुल कादर ने कहा है कि पाकिस्तान रोहिंज्या आतंकवादी गुटों के साथ बंगलादेश के खिलाफ षड्यंत्र रच रहा है। कोलकाता में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान, बंगलादेश को परेशान करने का कोई मौका चूकता नहीं है।

श्री कादर ने बंगलादेश मुक्ति संग्राम के युद्ध अपराधियों का समर्थन करने के लिए पाकिस्तान की आलोचना की है। श्री कादर ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से रोहिंज्या मामले में हस्तक्षेप करने और म्यामां छोड़कर बाहर जाने वालों की समस्या के हल के लिए म्यामां पर दबाव बनाने की अपील की।

 

4.संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में उचित प्रतिनिधित्व न होने से वह विश्व की मौजूदा चुनौतियों से प्रभावी तरीके से निपट नहीं पा रहा है- भारत :-

भारत ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में उचित प्रतिनिधित्व न होने से वह विश्व की मौजूदा चुनौतियों से प्रभावी तरीके से निपट नहीं पा रहा है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि सैय्यद अकबरुद्दीन ने 15 सदस्यों की सुरक्षा परिषद का विस्तार करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की विशेष बैठक में भारत ने कहा कि वर्तमान जटिल चुनौतियों से निपटने में सात दशक पहले गठित इस अंतर्राष्ट्रीय निकाय की विफलता के कारण, स्वतः स्पष्ट हैं। एक अरब 25 करोड़ की जनसंख्या वाला भारत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य नहीं है।

सुरक्षा परिषद के पांच स्थायी सदस्यों में चार सदस्य देशों – अमरीका, ब्रिटेन, फ्रांस और रूस ने भारत की स्थायी सदस्यता के प्रयासों का समर्थन किया है, लेकिन एक सदस्य देश चीन इसका विरोध कर रहा है। सैयद अकबरूद्दीन ने संयुक्त राष्ट्र में सुधारों की आवश्यकता पर भी ज़ोर दिया।

 

5.अमरीका ने मुम्बई के आतंकी हमलों के मुख्य षड्यंत्रकारी हाफिज़ सईद के पाकिस्तान में राजनीति में आने पर चिंता व्यक्त की :-

अमरीका ने मुम्बई आतंकी हमलों के मुख्य षड्यंत्रकारी हाफिज़ सईद के पाकिस्तान में राजनीति में आने पर चिंता व्यक्त की है। जमात-उद-दावा प्रमुख सईद ने इससे पहले कहा था वह अपने संगठन मिल्ली मुस्लिम लीग से चुनाव लड़ेगा।

अमरीकी विदेश विभाग की प्रवक्ता हीथर नौउर्ट ने वाशिंगटन में संवाददाताओं से कहा कि संयुक्त राष्ट्र और अमरीका ने सईद को आतंकी घोषित हुआ है। सुश्री हीथर ने कहा कि सईद को पि‍छले महीने पाकिस्तान में नज़रबंदी से रिहा किया गया और अब चुनाव में उसके उतरने की खबरें अमरीका के लिए चिंताजनक है।

 

6.तमिलनाडु की आर.के. नगर विधानसभा सीट और अरूणाचलप्रदेश, उत्तरप्रदेश, पश्चिम बंगाल विधानसभा के चार अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए मतदान जारी :-

चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिये आज वोट डाले जा रहे हैं। इनमें चेन्नई में आर के नगर, अरुणाचल प्रदेश में पक्के कसांग और लीकाबली, उत्तर प्रदेश में सिकंदरा और पश्चिम बंगाल में सबांग विधानसभा सीटें हैं। तमिलनाडु में राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी राजेश लखोनी ने बताया कि 11 बजे तक लगभग 24 प्रतिशत मतदान हुआ।

अरूणाचल प्रदेश विधानसभा की दो सीटों के उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है। संयुक्तु मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार 11 बजे तक पक्के कसांग निर्वाचन क्षेत्र में 28 प्रतिशत और लीकाबाली में 34 प्रतिशत मतदान हो चुका था। मतदान शाम चार बजे तक चलेगा। उत्तर प्रदेश में कानपुर देहात जिले के सिकन्दरा विधानसभा उपचुनाव में दोपहर तक करीब 20 प्रतिशत मतदान की खबर है। चुनाव में 11 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस चुनाव में बहुजन समाज पार्टी ने अपना उम्मीदवार नहीं खड़ा किया है।

 

7.कोच्चि के निकट गहरे समुद्र में फंसे 34 मछुआरों का पता लगा लिया गया :-

चक्रवाती तूफान ओखी के दौरान कोच्चि के निकट गहरे समुद्र में फंसे 34 मछुआरों का पता लगा लिया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि खोज और बचाव दल ने उन्हें ढूंढ़ लिया था और अब मछुआरों को तट पर लाने का प्रयास किया जा रहा है।

कोच्चि तट से समुद्र में मछली पकड़ने गए मछुआरे चक्रवात ओखी में फंस गए थे। इस महीने के शुरू में आए ओखी चक्रवात से केरल, तमिलनाडु के तटीय इलाके और लक्षद्वीप बुरी तरह प्रभावित हुए थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप का दौरा किया। उन्होंने लापता मछुआरों की तलाश और चक्रवात पीड़ितों की मदद के लिए केन्द्र से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया था।

 

8.तेरहवीं गुजरात विधानसभा भंग कर दी गई :-

तेरहवीं गुजरात विधानसभा भंग कर दी गई। राज्यपाल ओ.पी. कोहली ने कल गांधीनगर में राज्य विधानसभा भंग कर दी। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी नई सरकार का गठन होने तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहेंगे। राज्य के नये मंत्रिमंडल का शपथग्रहण समारोह 25 दिसंबर को होने की संभावना है। यह दिन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म दिवस है