भारतीय फिल्म आरआरआर ने दो गोल्डन ग्लोब पुरस्कार नामांकन प्राप्त किए

0
67

1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने त्रिपुरा और मेघालय में 6,800 करोड़ रूपये की लागत की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने त्रिपुरा और मेघालय में छह हजार आठ सौ करोड़ रुपये से अधिक की कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया और आधारशिला रखी। श्री मोदी इन दोनों राज्‍यों की एक दिन की यात्रा पर थे। त्रिपुरा में प्रधानमंत्री ने चार हजार तीन सौ पचास करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरूआत की। इन परियोजनाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी और प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभार्थियों के लिए गृह प्रवेश कार्यक्रम भी शामिल हैं। तीन हजार चार सौ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किए गए इन मकानों को दो लाख से अधिक लाभार्थियों को दिया जाएगा। श्री मोदी ने अगरतला में राज्‍य के पहले डेंटल कॉलेज का उद्घाटन भी किया। प्रधानमंत्री ने मेघालय में दो हजार चार सौ पचास करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं में तीन सौ बीस निर्मित तथा आठ सौ नब्‍बे निर्माणाधीन फोर-जी मोबाइल टॉवरउमसावली में भारतीय प्रबंधन संस्‍थान, शिलांग के नए परिसर और शिलांग-दीइंगपासोह सड़क परियोजना भी शामिल है। इससे शिलांग में बेहतर संपर्क बनेगा। प्रधानमंत्री ने मेघालय, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश में चार अन्‍य सड़क परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने तूरा में इंटीग्रेटिड हॉस्पिटलिटी एण्‍ड कनवेंशन सेंटर और शिलांग टेक्‍नॉलोजी पार्क चरण-द्वितीय की आधारशिला भी रखी। उन्‍होंने मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा और असम में इक्‍कीस हिन्‍दी पुस्‍तकालयों का उद्घाटन भी किया।

2. पी 15बी स्टील्थ गाइडेड मिसाइल विध्वंसक युद्धपोत -आईएनएस ‘मोरमुगाओ’ भारतीय नौसेना में शामिल

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह की उपस्थिति में स्टील्थ गाइडेड-मिसाइल डिस्ट्रॉयर पी15बी वर्ग के दूसरे युद्धपोत भारतीय नौसेना जहाज (आईएनएस) मोरमुगाओ (डी67) को 18 दिसम्‍बर, 2022 को मुंबई में नौसेना डॉकयार्ड में कमीशन किया गया। इसमें बेहतर स्टील्थ भी अर्जित किया गया है, जिससे जहाजों का पता लगाना मुश्किल हो जाता है। ‘मोरमुगाओ’ की जरिए भारतीय नौसेना की हिंद महासागर में पहुंच बढ़ेगी तथा देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा और चाकचौबंद होगी। इस विध्वंसक युद्धपोत को भारतीय नौसेना के ‘वॉरशिप डिजाइन ब्यूरो‘ ने डिजाइन किया है और इसका निर्माण मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड, मुंबई द्वारा किया गया है। आईएनएस मोरमुगाओ का नाम पश्चिमी तट पर गोवा के ऐतिहासिक बंदरगाह शहर के नाम पर रखा गया है। इस जहाज को 17 सितम्‍बर, 2016 को लॉन्च किया गया था और 19 दिसम्‍बर, 2021 को गोवा मुक्ति के 60 साल पूरे होने पर समुद्री परीक्षण शुरू किया गया था। 18 दिसम्‍बर को इसकी कमि‍शनिंग महत्वपूर्ण है क्योंकि 1961 में इसी तिथि को गोवा को पुर्तगाली शासन से मुक्त करने के लिए ऑपरेशन विजय शुरू किया गया था।

3. वैश्विक वैज्ञानिक प्रकाशन रैंकिंग में भारत सातवें स्थान से तीसरे स्थान पर पहुंचा

भारत वैज्ञानिक प्रकाशनों की वैश्विक श्रेणी में 7वें स्थान छलांग लगा कर से तीसरे स्थान पर पहुँच गया है। केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के सचिव डॉ. एस. चंद्रशेखर के साथ समीक्षा बैठक के बाद यह जानकारी दी है। डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) के नेशनल साइंस फाउंडेशन ( एनएसएफ ) के विज्ञान और इंजीनियरिंग संकेतक 2022 की रिपोर्ट के अनुसार, वैज्ञानिक प्रकाशनों में विश्व स्तर पर भारत की स्थिति 2010 में 7वें स्थान से सुधर कर 2020 में तीसरे स्थान पर आ गई है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि भारत के विद्वानों का कार्य 2010 में 60,555 शोध प्रपत्रों (पेपर्स) से बढ़कर 2020 में 1,49,213 शोध प्रपत्र (पेपर) हो गया है। नेशनल साइंस फाउंडेशन अमरीका की एक स्वतंत्र एजेंसी है जो विज्ञान और इंजीनियरिंग के सभी गैर-चिकित्सा क्षेत्रों में मौलिक अनुसंधान और शिक्षा को बढ़ावा देती है।

4. 2022 में वैश्विक व्यापार 32 ट्रिलियन डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा: संयुक्त राष्ट्र

संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के अनुसार, वैश्विक व्यापार का मूल्य इस वर्ष एक नए रिकॉर्ड तक पहुंचने के लिए तैयार है, जो लगभग 12 प्रतिशत बढ़कर अनुमानित $32 ट्रिलियन हो गया है। संयुक्त राष्ट्र की व्यापार और विकास एजेंसी (UNCTAD) ने कहा है कि इस वर्ष वैश्विक व्यापार लगभग 32 ट्रिलियन डॉलर के बराबर होने वाला है। संयुक्त राष्ट्र व्यापार एजेंसी के विश्लेषकों का कहना है कि वैश्विक वृद्धि, वर्ष 2022 की दूसरी छमाही के दौरान, “नकारात्मक” हो गई। एजेंसी का कहना है कि इस वर्ष के अन्त तक, सामान व सेवाओं में व्यापार, क्रमशः, 25 ट्रिलियन और 7 ट्रिलियन डॉलर तक पहुँचने की अपेक्षा है। वैश्विक व्यापार में वृद्धि का रुख़ पलटने का रुझान, इस वर्ष की तीसरी तिमाही में शुरू हुआ जब सामान की क़ीमतें, मार्च से मई की तिमाही की तुलना में, लगभग एक प्रतिशत कम मूल्य में व्यापार कर रही थीं।

5. भारतीय फिल्म आरआरआर ने दो गोल्डन ग्लोब पुरस्कार नामांकन प्राप्त किए

एसएस राजामौली निर्देशित पीरियड फिल्म ‘आरआरआर’ को जनवरी 2023 में होने वाले गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स में दो कैटेगरी में नॉमिनेट किया गया है। हॉलीवुड फॉरेन प्रेस एसोसिएशन (एचएफपीए) ने ‘आरआरआर’ को नॉमिनेट किया है।फिल्म को दो कैटेगरी बेस्ट नॉन इंग्लिश लैंग्वेज फिल्म में और फिल्म के गाने ‘नाटू-नाटू’ को बेस्ट ओरिजिनल गाने के लिए नॉमिनेट किया गया है।

6. मिसेज वर्ल्ड 2022 बनीं सरगम कौशल

सरगम कौशल ने मिसेज वर्ल्ड का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस मुकाबले में दुनियाभर के 63 देशों की महिलाओं ने हिस्सा लिया था, जिनमें से सरगम कौशल ने जीत हासिल की है। भारत के पास मिसेज वर्ल्ड का ताज पूरे 21 सालों बाद वापस आया है। सरगम कौशल से पहले 21 साल पहले 2001 में डॉ. अदिति गोवित्रीकर ने ये खिताब जीता था। अदिति ये क्राउन जीतने वाली पहली भारतीय महिला थीं। 32 साल की सरगम कौशल जम्मू-कश्मीर की रहने वाली हैं, उन्होंने इंग्लिश लिट्रेचर में पोस्ट ग्रेजुएशन की है। सरगम विशाखापट्टनम में बतौर टीचर भी काम कर चुकी हैं। सरगम ने 2018 में शादी की थी, उनके पति इंडियन नेवी में हैं।

7. प्रधानमंत्री कौशल को काम कार्यक्रम (PMKKK) प्रधानमंत्री विरासत का संवर्धन (PM Vikas) योजना के रूप में नामित किया गया

अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि प्रधानमंत्री कौशल को काम कार्यक्रम (पीएमकेकेके) को अब प्रधानमंत्री विरासत का संवर्धन (पीएम विकास) योजना का नाम दिया गया है। यह एकीकृत योजना मंत्रालय की पांच पूर्ववर्ती योजनाओं – सीखो और कमाओ, उस्ताद, हमारी धरोहर, नई रोशनी और नई मंजिल को आपस में जोड़ती है।

8. HDFC Bank ने परिवर्तन स्मार्टअप ग्रांट्स के लिए स्टार्टअप इंडिया के साथ साझेदारी की

एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) ने भारत सरकार के फ्लैगशिप अभियान, ‘स्टार्टअप इंडिया’ के साथ साझेदारी में सोशल स्टार्टअप्स के लिए अपने छठवें वार्षिक ग्रांट्स कार्यक्रम का लॉन्च करने की घोषणा की। परिवर्तन स्मार्टअप ग्रांट्स नामक इस कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक प्रभाव के क्षेत्र में काम कर रहे स्टार्टअप्स की पहचान करना और उनके इन्क्यूबेटर्स को पूंजी की मदद देकर उनकी सहायता करना है। ये ग्रांट बैंक के सामाजिक अभियानों के लिए अम्ब्रेला कार्यक्रम, परिवर्तन के अंतर्गत दी जाती हैं।

9. आयुर्वेद को बढ़ावा देने हेतु एआईआईए ने अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ समझौता किया

अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए) ने विभिन्न महाद्वीपों में आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए क्यूबा के चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए है और सहयोगी कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने के लिए पांच और वर्षों के लिए रोजेनबर्ग यूरोपियन आयुर्वेद अकादमी (आरईएए), जर्मनी के साथ समझौते को आगे बढ़ाया है। इन समझौतों पर नौवीं विश्व आयुर्वेद कांग्रेस और आरोग्य एक्सपो के दौरान हस्ताक्षर किए गए। हवाना स्थित चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय के साथ समझौता ज्ञापन पर भारत में क्यूबा के राजदूत अलेजांद्रो सीमांकास मारिन और एआईआईए के निदेशक डॉ तनुजा एम नेसारी के बीच हस्ताक्षर किए गए। आरईएए के साथ सहयोग का विस्तार अकादमी के निदेशक मार्क रोजेनबर्ग और डॉ नेसरी ने शुरू किया था।

10. टोक्यो ने 2025 के बाद बनने वाले नए घरों के लिए सोलर पैनल को अनिवार्य बनाया

जापानी राजधानी की स्थानीय विधानसभा द्वारा पारित एक नए नियम के अनुसार, अप्रैल 2025 के बाद बड़े पैमाने पर घर बनाने वालों द्वारा निर्मित टोक्यो में सभी नए घरों को घरेलू कार्बन उत्सर्जन में कटौती के लिए सौर ऊर्जा पैनल स्थापित करना होगा। वर्तमान में, जापान दुनिया की सबसे बड़ी कार्बन उत्सर्जक सूची में पांचवें स्थान पर है। इस नए नियम के अनुसार नए बने घरों के लिए लगभग 50 प्रमुख बिल्डरों को 2,000 वर्ग मीटर (21,500 वर्ग फुट) तक के घरों को नवीकरणीय ऊर्जा ऊर्जा स्रोतों, मुख्य रूप से सौर पैनलों से लैस करने की आवश्यकता है।

11. टाटा स्टील पुरुष विश्व कप के लिए हॉकी इंडिया का आधिकारिक साझेदार बना

टाटा स्टील लिमिटेड ने भुवनेश्वर-राउरकेला में आयोजित होने वाले हॉकी पुरुष विश्व कप 2023 का आधिकारिक भागीदार बनने के लिए हॉकी इंडिया के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। पुरुष हॉकी विश्व कप का 15वां सत्र 13 जनवरी से 29 जनवरी 2023 तक भुवनेश्वर-राउरकेला में होगा।

12. एफ.आई.एच. नेशन्स कप में भारतीय महिला हॉकी टीम ने स्पेन को एक-शून्य से पराजित किया

भारत ने महिला नेशन्स कप हॉकी प्रतियोगिता जीत ली है। वेलेन्सिया में फाइनल मैच में भारतीय महिला टीम ने स्‍पेन को एक-शून्‍य से हराया। गुरजीत कौर ने एकमात्र गोल किया। हॉकी इंडिया ने सभी खिलाडि़यों को दो-दो लाख रुपए और सहयोगी स्‍टाफ को एक-एक लाख रुपए देने की घोषणा की है। इसी के साथ भारतीय टीम ने 2023-2024 के एफआईएच प्रो लीग के लिए क्वालिफाई भी कर लिया है।

13. अर्जेंटीना ने रोमांचक मुकाबले में वर्तमान चैंपियन फ्रांस को 4-2 से हराकर तीसरी बार फीफा फुटबॉल विश्‍वकप जीता

अर्जेंटीना ने तीसरी बार फीफा फुटबॉल विश्‍वकप का खिताब जीत लिया है। कतर में रोमांचक फाइनल मुकाबले में अर्जेंटिना ने फ्रांस को पेनेल्‍टी शूटआउट में 4-2 से हराया। मैच के 80 मिनट के पहले तक अर्जेंटीना लियोनल मेसी और एजेंल डिमारिया के गोल की बदौलत दो-शून्‍य की बढत बनाकर आसान जीत की ओर बढ रहा था। ऐसे में फ्रांस के कीलियन एम्‍बाप्‍पे ने सौ सैकेण्‍ड के अंदर दो गोल कर मैच का रूख ही बदल दिया। अतिरिक्‍त समय में मेसी ने एक ओर गोल कर स्‍कोर तीन-दो कर दिया। इसके बाद एम्‍बाप्‍पे ने हैट्रिक लगाते हुए स्‍कोर ड्रॉ कर दिया। पेनल्‍टी शूटआउट में अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज ने दो शानदार बचाव कर 36 साल बाद अपनी टीम को खिताब दिलाया। मेसी ने विश्‍व कप से ऐतिहासिक खिताबी विदाई गोल्‍डन बॉल पुरस्‍कार के साथ ली। वहीं आठ गोल करने वाले एम्‍बाप्‍पे को गोल्‍डन बूट मिला। मार्टिनेज को गोल्‍डन ग्‍लव्‍ज पुरस्‍कार से सम्‍मानित किया गया।

14. रेहान अहमद बनेंगे इंग्लैंड के सबसे युवा टेस्ट क्रिकेटर

इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए आखिरी मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग-11 इलेवन का ऐलान कर दिया। कप्तान बेन स्टोक्स ने टीम की घोषणा करते हुए बताया कि इस मैच में लेग स्पिनर रेहान अहमद डेब्यू करेंगे। रेहान अभी 19 साल के भी नहीं हैं। वह इंग्लैंड के सबसे युवा टेस्ट क्रिकेटर बनने वाले हैं। रेहान अहमद अभी 18 साल और 126 दिन के हैं। वह इंग्लैंड के 73 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ेंगे। 1949 में ब्रायन क्लोस इंग्लैंड के लिए टेस्ट में खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने थे। तब उनकी उम्र 18 साल और 149 दिन थी।

15. यहूदी त्योहार हनुक्का

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इज़राइल के त्यौहार हनुक्का पर इजरायल के राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग को बधाई दी है। हनुक्का, जिसे रोशनी के त्योहार के रूप में भी जाना जाता है, एक यहूदी त्योहार है जो एक अत्याचारी राजा पर यहूदी जीत का जश्न मनाता है। हनुका 8 दिनों तक मनाऐं जाने वाला पर्व है, जो हिब्रु कैलेंडर के अनुसार किसलेव के 25 वें दिन शुरू होता है, जो ग्रेगोरियन कैलेंडर के अनुसार नवंबर के अंत से दिसंबर के अंत तक किसी भी समय मनाया जा सकता है । 2022 में यह पर्व 18 दिसंबर से 26 दिसंबर तक मानाया जाएगा