भारत का पहला क्रूज जल्‍द करेगा लहरों की सवारी, 24 से उठा सकेंगे लुत्फ

0
184

राष्ट्रीय न्यूज़

1.भारत का पहला क्रूज जल्‍द करेगा लहरों की सवारी, 24 से उठा सकेंगे लुत्फ:-

पर्यटकों के लिए मुंबई से गोवा के बीच शुरू हो रहा क्रूज लाइनर एक नया आकर्षण बनने जा रहा है। इसका औपचारिक उद्घाटन  केंद्रीय परिवहन एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गकडकरी ने कर दिया। लेकिन, पहली व्यावसायिक फेरी 24 अक्तूबर को मुंबई से गोवा के बीच होगी।

भारत में पहली बार शुरू हो रही इस प्रकार की क्रूज सेवा के लिए लक्जरी जहाज का नाम ‘आंग्रिया’ रखा गया है। यह नाम छत्रपति शिवाजी महाराज के नौसेनापति ‘सरदार कान्होजी आंग्रे’ के नाम पर रखा गया है, जो अपनी नौसेना के जरिए भारत के पश्चिमी तटों को सुरक्षित रखने के लिए जाने जाते हैं।

तीस साल तक उठा सकेंगे मजा
क्रूज के कैप्टन नितिन ढोंड के अनुसार सरदार कान्होजी की इसी विशेषता के कारण इस जहाज का नामकरण करते समय कोई दूसरा नाम सूझा ही नहीं। बता दें कि दो साल पहले जापान से खरीदे गए इस जहाज को क्रूज सेवा के लायक बनाने में दो साल का समय लग गया। 20 साल पुराने इस जहाज को अभी 30 साल तक क्रूज के रूप में उपयोग किया जा सकता है।

104 कमरे हैं सात मंजिला क्रूज में 
क्रूज की संचालक कंपनी आंग्रिया सी ईगल प्रा.लि. की कार्यकारी उपाध्यक्ष लीना कामत प्रभू के अनुसार इस सात मंजिला क्रूज में कुल 104 कमरे हैं। सबसे कम किराया डॉरमेटरी का करीब 6,500 रुपए एवं सबसे अधिक किराया एक जोड़े के कक्ष का 10,000 रुपया है। दोनों किराए भोजन सहित एवं एक तरफ के हैं।

कॉफी हाऊस और एक स्वीमिंग पूल
जहाज में छह बार हैं, जहां किसी भी तरह के ड्रिंक के लिए अलग से भुगतान करना होगा। रेस्टोरेंट्स के अलावा 24 घंटे चलनेवाला कॉफी हाऊस और एक स्वीमिंग पूल भी है। क्रूज में 50 से 150 की क्षमता वाले ऐसे हॉल एवं डेक भी हैं, जहां कोई पार्टी भी दी जा सकती है। यह क्रूज सप्ताह में तीन दिन मुंबई से रवाना होगा और तीन दिन गोवा से। शाम करीब 4.30 बजे दोनों तरफ से रवाना होनेवाले क्रूज में एक तरफ की यात्रा में 15 घंटे लगेंगे।

लीना के अनुसार क्रूज में अपना सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट भी लगा है। इसके कारण इसमें से निकलनेवाली गंदगी को समुद्र में जाने से रोका जा सकेगा। यात्रियों की सुरक्षा के भी तगड़े इंतजाम किए गए हैं, लेकिन मुंबई और गोवा के बीच चलनेवाली क्रूज की फेरियां अच्छे समुद्री मौसम में ही चलेंगी। खराब मौसम में इसे स्थगित रखा जाएगा। पर्यटक इसकी बुकिंग वेबसाइट आंग्रियाक्रूजेज.कॉम पर जाकर सीधे या एजेंटों के जरिए भी कर सकते हैं।

2.सौ घंटे के भंडारे का विश्व रिकॉर्ड बनाने की कवायद में इंदौर:-

मध्य प्रदेश के इंदौर में 100 घंटे के शाही साई भंडारे के दूसरे दिन तक 50 हजार से अधिक भक्त पहुंचे। साई शक्ति स्थल पर साई बाबा की 100वीं पुण्यतिथि पर इस बार 100 घंटे का अखंड भंडारा शुरू हुआ है। गोल्डन बुक ऑफ व‌र्ल्ड रिकॉर्ड की टीम इस भंडारे की रिकॉर्डिग कर रही है। यहां हर चार घंटे में खाने का मैन्यू बदला जा रहा है। इस कड़ी में दक्षिण भारतीय व्यंजन परोसे जाएंगे।

आयोजन समिति का कहना है कि 23 अक्टूबर को शाम छह बजे विश्व के सबसे बड़े भंडारे का तमगा इस आयोजन को मिलेगा। भंडारे में भोजन परोसने और जूठी प्लेटें साफ करने के लिए भी भक्तों में होड़ है। अध्यक्ष सुरेश यादव और मीडिया प्रभारी हरि अग्रवाल ने बताया कि भंडारे के संस्थापक साईराम कसेरा के मार्गदर्शन में इस बार चार लाख 21 हजार से अधिक भक्त यहां भोजन प्रसाद ग्रहण करेंगे।

साई बाबा की पुण्यतिथि पर पिछले चार साल से भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इस बार सौ घंटे का भंडारा रखा गया है। श्रद्घा सुमन सेवा समिति के अध्यक्ष मोहनलाल सोनी के मुताबिक भंडारे में सभी तरह की रोटियों के साथ खिचड़ी, बेसन, मक्खनबड़ा और हलवा परोसा जा रहा है। तमिल समाज के सहयोग व संस्था संकल्प के प्रयासों से भंडारे में दक्षिण भारतीय व्यंजन परोसे जाएंगे।

3.सैन्य कूटनीति के सबसे व्यस्त दौर में भारतीय सेना, जापान-रूस समेत पांच देशों के साथ होगा सैन्य अभ्यास:-

अगले एक महीने से ज्यादा समय तक भारतीय सेना अपनी सैन्य कूटनीति के सबसे व्यस्त दौर में होगी। भारतीय सेना नवंबर, दिसंबर के महीनों में जापान, अमेरिका, रूस, सिंगापुर और चीन के साथ सैन्य अभ्यास करेगी। भारतीय सेना एक नवंबर से 14 नवंबर तक जापान की थल सेना के साथ मिजोरम के वारंगटे में ‘धर्म गार्जियन’ नाम से साझा सैनिक अभ्यास करेगी। दोनों देशों की नौसेना और कोस्ट गार्डों के बीच होने वाले नियमित साझा अभ्यास के बाद यह पहली बार होगा जब दोनों देशों के थल सैनिक एक साथ अभ्यास करते नजर आएंगे।

नवंबर-दिसंबर में अमेरिका, रूस, जापान, सिंगापुर और चीन से सैन्य अभ्यास

एक से 14 नवंबर तक जापानी थल सेना से मिजोरम में ‘धर्म गार्जियन’ नाम से साझा सैनिक अभ्यास

14 से राजस्थान में अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज से भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्सेज का सैन्य अभ्यास

बबीना में भारतीय बख्तरबंद सैनिक रूसी बख्तरबंद सैनिकों से लड़ाई के गुर सीखेंगे

भारत जहां एक तरफ जापान के साथ अभ्यास में व्यस्त होगा, वहीं दूसरी ओर 14 नवंबर से राजस्थान में अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज के साथ भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्सेज का साझा सैन्य अभ्यास ‘वज्र-प्रहार’ शुरू हो जाएगा। ठीक उसी समय वहां से कुछ सौ किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश के बबीना में भारतीय बख्तरबंद सैनिक रूस के बख्तरबंद सैनिकों के साथ लड़ाई के गुर सीख रहे होंगे। और तभी 16 नवंबर से 29 नवंबर तक भारत और रूस की मैकेनाइज्ड इफेंट्री के बीच साझा सैनिक अभ्यास ‘इंद्र-2018’ होगा।

बता दें कि 16 नवंबर से ही सिंगापुर के साथ तोपखाने का साझा सैनिक अभ्यास ‘अग्नि वॉरियर’ भी शुरू होगा जो 30 नवंबर तक चलेगा। इस साल के अंत तक भारतीय सेना चीन के साथ भी पिछले साल रद हुआ सालाना सैनिक अभ्यास हैंड इन हैंड में चीन जाकर हिस्सा लेंगी।

ऐसे समय में भारतीय सैन्य कूटनीति अपने सबसे चुनौतीपूर्ण समय से गुजर रही है। जहां एक तरफ भारत के अमेरिका के साथ सैन्य संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं तो वहीं भारत का सबसे पुराना दोस्त रूस पिछले कुछ सालों से भारत के अमेरिका के साथ बढ़ते संबंधों से नाखुश है। हालांकि हाल ही में भारत ने मिसाइल डिफेंस सिस्टम एस-400 के सौदे पर अमेरिका की नाराजगी के बावजूद मुहर लगाकर इस खाई को पाटने की कोशिश की है।

दूसरी ओर, भारत चीन के साथ अपने रिश्तों का सामरिक संतुलन बैठाने के लिए जापान के साथ सैन्य संबंध बढ़ा रहा है। यही वजह है कि जापान के साथ सैन्य अभ्यास को भारत महत्व दे रहा है। दूसरी तरफ, चीन के साथ भरोसा कायम करने के लिए भी भारत ने सैनिक कमांडरों के स्तर पर कई मैकेनिज्म बनाए हैं। सालाना होने वाला साझा सैनिक अभ्यास उनमें सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है।

 

अन्तर्राष्ट्रीय न्यूज़

4.चीन ने बनाया दुनिया का सबसे बड़ा विमान:-

चीन में स्वदेश निर्मित तथा जल और थल दोनों सतहों पर कारगर विमान एजी600 ने  पहले परीक्षण के तहत सफलतापूर्वक उड़ान भरी और लैंडिंग की। इसे दुनिया का सबसे बड़ा विमान कहा जा रहा है। चीन की सरकारी विमानन कंपनी एविएशन इंडस्ट्री कोरपोरेशन ऑफ चाइना द्वारा निर्मित इस विमान ने हूबेई प्रांत के जिंगमेन में उड़ान भरी और बाद में समुद्र में उतरा। न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक सरकारी अखबार चाइना डेली ने बताया कि जलस्थलीय विमान ने स्थानीय समयानुसार सुबह आठ बजकर 51 मिनट पर झांघे जलाशय से उड़ान भरी और वह करीब 15 मिनट तक हवा में रहा। इस महीने की शुरुआत में इसने 145 किलोमीटर की गति के साथ पानी में चलने का पहला परीक्षण पूरा किया था। सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, इसका इस्तेमाल मुख्यत: समुद्री बचाव, वन में आग लगने की स्थिति में बचाव कार्य और समुद्री निगरानी के लिए किया जाएगा।

 

खेल न्यूज़

5.Ind vs WI: पहले वनडे के लिए हुआ टीम इंडिया का एलान, इन खिलाड़ियों को मिली जगह:-

भारत और वेस्टइंडीज़ के बीच खेले जाने वाले पहले वनडे मैच के लिए बीसीसीआइ ने 12 खिलाड़ियों के नाम की घोषणा कर दी है। पहला वनडे मैच गुवाहाटी में  खेला जाएगा।

बीसीसीआइ ने मैच से एक दिन पहले ही 12 खिलाड़ियों के नाम का एलान कर दिया। बोर्ड ने ये जानकारी एक ट्वीट कर दी।

कैरेबियाई टीम के खिलाफ होने वाले पहले मैच के लिए जिन खिलाड़ियों को मौका मिला है। उनके नाम हैं विराट  कोहली, शिखर धवन, रोहित शर्मा, अंबाती रायुडू, रिषभ पंत, महेंद्र सिंह धौनी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, उमेश यादव, मोहम्मद शमी और खलील अहमद।बीसीसीआइ ने 12 खिलाड़ियों के नाम का एलान किया है, लेकिन इनमें से 11 खिलाड़ी ही पहले एकदिवसीय मैच में खेलेंगे। साफ है कि 12 खिलाड़ियों में से एक को बाहर बैठना होगा और वो कौन सा एक प्लेयर होगा इसका फैसला मैच से पहले ही लिया जाएगा।

6.ओमान में एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी हॉकी प्रतियोगिता में भारत ने जापान को नौ-शून्‍य से हराया:-

ओमान के मस्कट में चल रही एशियन हॉकी चैम्पियन्स ट्रॉफी प्रतियोगिता के पुरुषों के वर्ग में  भारत ने जापान को नौ-शून्य से हरा दिया।

हरमनप्रीत सिंह, मनदीप सिंह और ललित उपाध्याय ने भारत के लिए दो-दो गोल किये। गोल करने वाले अन्‍य खिलाडि़यों में आकाशदीप सिंह, गुरजंत सिंह और कोथाजीत सिंह शामिल थे। टूर्नामेंट में भारत की यह लगातार तीसरी जीत है। अब सेमी-फाइनल में भारत का पहुंचना लगभग तय है। कल भारत का मुकाबला मलेशिया से और बुधवार को दक्षिण कोरिया से होगा।

7.पहलवान बजरंग पूनिया हंगरी में विश्‍व कुश्‍ती चैम्पियनशिप के 65 किलो वर्ग के फाइनल में पहुंचे:-

हंगरी के बुडापेस्ट में विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में भारत के बजरंग पूनिया 65 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में पहुंच गए हैं। कल रात हुए रोमांचक सेमीफाइनल में 24 वर्षीय एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता पूनिया ने क्यूबा के एलेजेंड्रो वाल्डेस को चार-तीन से हरा कर ऐतिहासिक विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप के स्वर्ण पदक की दौड़ में जगह पक्की कर ली।

सुशील कुमार भारत के एकमात्र पहलवान हैं, जिन्होंने 2010 में इस प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक जीता था। बजरंग पूनिया 2013 में इस प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीत चुके हैं।बजरंग के अलावा कोई अन्य भारतीय पहलवान  पदक की दौड़ तक पहुंचने में कामयाब नहीं हो सका। संदीप तोमर, सचिन राठी और दीपक अपने शुरुआती मुकाबले हार कर प्रतियोगिता से बाहर हो गए।

 

बाजार न्यूज़

8.बीएसईएस यमुना पावर लिमिटेड ने वायु ऊर्जा खरीदने की योजना बनाई:-

राजधानी की बिजली वितरण कंपनी – बीएसईएस यमुना पावर लिमिटेड ने वायु ऊर्जा खरीदने की योजना बनाई है ताकि  दिल्‍ली को पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके। इसके लिए कंपनी ने सौलर एनर्जी कारपोरेशन आफॅ इंडिया के साथ एक समझौता किया है जिसके तहत वह राजधानी को सौ मेगावाट वायु ऊर्जा उपलब्‍ध करायेगा।

कंपनी के प्रवक्‍ता के अनुसार डिस्‍कॉम पर्यावरण के संवेदनशील और दीर्घकालिक विकास की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्‍होंने कहा कि यह ऊर्जा सस्‍ती है और उपभोक्‍ताओं के हित में है।

9.केन्द्रीय रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने बिहार में महाराजगंज और मसरख के बीच नई बड़ी रेल लाइन का उद्घाटन किया:-

केन्द्रीय रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने  बिहार में महाराजगंज और मसरख के बीच नई बड़ी रेल लाइन का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर महाराजगंज रेलवे स्टेशन पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री सिन्हा ने कहा कि इस रेल लाइन के बन जाने से दोनों स्थानों के बीच की दूरी 106 किलोमीटर से घटकर 36 किलोमीटर हो गयी है। उन्होंने बक्सर से वाराणसी के बीच एक नई एमयू रेलगाड़ी चलाए जाने की भी घोषणा की।

श्री सिन्हा ने जमानिया, दिलदारनगर और गहमर रेल स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का उद्घाटन किया और पूर्व-मध्य रेलवे के सकलडीहा, धीना, दिलदारनगर और भदौरा रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के लिए आधारभूत सुविधाओं की आधारशिला भी रखी।