भारत में मंकीपॉक्स की स्थिति पर नजर रखने के लिए टास्क फोर्स का गठन किया गया

0
88

1.भारत में मंकीपॉक्स की स्थिति पर नजर रखने के लिए टास्क फोर्स का गठन किया गया

केंद्र सरकार ने देश में मंकीपॉक्स की स्थिति की निगरानी के लिए एक टास्क फोर्स का गठन किया है। इसे मंकीपॉक्स से संबंधित पहली मौत की सूचना देने के बाद बनाया गया है। यह टास्क फोर्स भारत में इस बीमारी के लिए नैदानिक ​​सुविधाओं के विस्तार और टीकाकरण की खोज के संबंध में सरकार को मार्गदर्शन प्रदान करेगी। टास्क फोर्स का नेतृत्व नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वी.के. पॉल करेंगे। अन्य सदस्यों में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव और फार्मा और बायोटेक के सदस्य शामिल हैं। भारत में अब तक मंकीपॉक्स के चार मामले सामने आए हैं, जिनमें से तीन मामले केरल में और एक दिल्ली में सामने आया है। केरल में मंकीपॉक्स जैसे लक्षणों वाले एक युवक की जान चली गई। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने उच्च स्तरीय जांच शुरू की थी। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, 78 देशों में मंकीपॉक्स के 18,000 से अधिक मामले सामने आए हैं।

2.श्री सत्येंद्र प्रकाश ने पत्र सूचना कार्यालय के प्रधान महानिदेशक का पदभार ग्रहण किया।

श्री सत्येंद्र प्रकाश ने पत्र सूचना कार्यालय के प्रधान महानिदेशक का पदभार ग्रहण किया। वह 1988 बैच के भारतीय सूचना सेवा अधिकारी हैं। इससे पहले श्री सत्‍येंद्र प्रकाश केंद्रीय संचार ब्यूरो के प्रधान महानिदेशक के पद पर कार्यरत थे।

3.एसएसबी के महानिदेशक डॉक्‍टर सुजॉय लाल थाओसेन ने नई दिल्ली में आईटीबीपी के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार संभाला

सशस्त्र सीमा बल-एसएसबी के महानिदेशक डॉक्‍टर सुजॉय लाल थाओसेन ने नई दिल्ली में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस-आईटीबीपी के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार संभाला। डॉक्‍टर थाओसेन 1988 बैच के मध्य प्रदेश कैडर के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं। भारतीय पुलिस सेवा के संजय अरोड़ा ने डॉक्‍टर थाओसेन को कार्यभार सौंपा। श्री संजय अरोडा ने दिल्‍ली पुलिस आयुक्‍त का कार्यभार संभाला। 1962 में स्थापित, आईटीबीपी भारत-चीन सीमाओं की रक्षा करता है। यह छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियानों सहित विभिन्न आंतरिक सुरक्षा के लिए भी तैनात है।

4.मणिपुर के लोकटक झील प्राधिकरण ने सभी फ्लोटिंग हाउस और मछली पकड़ने से संबंधित ढाँचों को हटाने के लिये एक नोटिस जारी किया

हाल ही में मणिपुर के लोकटक झील प्राधिकरण ने लोकटक झील पर सभी फ्लोटिंग हाउस और मछली पकड़ने से संबंधित ढाँचों को हटाने के लिये एक नोटिस जारी किया है। स्थानीय मत्स्य पालन समुदाय और होम-स्टे संचालकों ने इस निर्णय का पुरज़ोर विरोध किया। झील से संबंधित नियमन का अभाव। नव-निर्मित घरों और झोंपड़ियों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है; परिणामस्वरूप इसने झील पारिस्थितिकी तंत्र को खतरे में डाल दिया है, और पर्यावरण को भी प्रभावित किया है। वर्ष 1983 में शुरू की गई एक प्रमुख जलविद्युत परियोजना के कारण भी इस झील में मछली के उत्पादन और पारंपरिक मत्स्य पालन में भारी कमी आई है। इसके अलावा बाढ़ और अनुपचारित नदियों द्वारा तलछट एवं प्रदूषकों के बढ़ते स्तर के कारण कृषि-योग्य भूमि को हानि पहुँची है।

5.विधानसभा बैठकों के मामले में केरल शीर्ष पर

कोरोना कहर के पहले चरण में ठप पड़ी जिंदगी की वजह से 2020 में विधानसभा सत्र की बैठकों के लिहाज से देश भर में केरल आठवें स्थान पर था। अब वह फिर शीर्ष पर लौट आया है। 2021 में केरल विधानसभा सत्र में कुल 61 दिन काम हुआ, जो समग्र देश में सबसे अधिक है। यहां यह नहीं भूलना चाहिए कि 2021 में भी कोरोना की दूसरी लहर अपने चरम पर थी। यही नहीं साल 2016 से साल 2019 के बीच भी केरल विधानसभा बैठकों के मामले में शीर्ष पर रहा। इस अवधि में औसतन 53 दिन सत्र चला. यह आंकड़े पीआरएसइंडिया डॉट ऑर्ग ने जुटाए हैं। दिल्ली के थिंक टैंक पीआरएस लेजिसलेटिव रिसर्च (पीआरएस) ने 2021 के लिए राज्य और केंद्र शासित प्रदेश वार विधानसभा सत्र और उसमें हुए काम के आधार पर विभिन्न राज्यों की रेटिंग दी है। इसमें केरल शीर्ष पर है, जबकि उसके बाद ओडिशा (43 दिन), कर्नाटक (40 दिन) औऱ तमिलनाडु (34 दिन) का नंबर आता है। हालांकि शीर्ष तीन राज्य हालिया 21 दिन की बैठकों के पैमाने से काफी नीचे हैं।

6.मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह चार दिन की भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे

मॉलदीव के राष्‍ट्रपति इब्राहिम मोहम्‍मद सालेह चार दिन की यात्रा पर नई दिल्‍ली पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और श्री सालेह के बीच कल बैठक होगी, जिसमें कई समझौतों पर हस्‍ताक्षर किये जाने की संभावना है। श्री सालेह का राष्‍ट्रपति भवन में राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात का कार्यक्रम है।

7.सडक परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मध्‍य प्रदेश के इंदौर में छह राष्‍ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण ओर शिलान्‍यास किया

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने इंदौर (मध्य प्रदेश) में 2300 करोड़ रुपये लागत की 119 किलोमीटर लंबाई की 6 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर राज्‍य के मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्‍य के लिए 20 फ्लाइओवर और सडक पुलों की मांग की। श्री गडकरी ने सोलह हजार करोड रुपए की सेतु भारतम स्‍कीम के तहत इन परियोजनाओं की स्‍वीकृति दी। इस कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश में 14 चयन किए गए स्थानों पर रोप-वे के निर्माण के लिए राज्य सरकार और एनएचएआई के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।

8.संसद ने व्यापक विनाश के हथियार और वितरण प्रणाली (गैरकानूनी गतिविधि निषेध) संशोधन विधेयक 2022 पारित किया

संसद ने व्यापक विनाशक हथियार और वितरण प्रणाली (गैरकानूनी गतिविधि निषेध) संशोधन विधेयक 2022 को पारित कर दिया। राज्यसभा ने इसे स्वीकृति दी। यह विधेयक व्यापक विनाशक हथियार और वितरण प्रणाली (गैरकानूनी गतिविधियों का निषेध) अधिनियम, 2005 में संशोधन के लिए लाया गया है। वर्ष 2005 का अधिनियम व्यापक विनाशक हथियारों और वितरण के साधनों, परिवहन या हस्तांतरण जैसी गैरकानूनी गतिविधियों को प्रतिबंधित करता है। व्यापक विनाश के हथियार जैविक, रासायनिक औऱ परमाणु हथियार हैं।

9.संसद ने भारतीय अंटार्कटिक विधेयक 2022 पारित कर दिया

संसद ने भारतीय अंटार्कटिक विधेयक 2022 पारित कर दिया है। राज्यसभा में इस विधेयक को पारित किया। सदन ने विधेयक के बारे में वामपंथी सदस्य के संशोधन को अस्वीकृत कर दिया। लोकसभा ने इस पहले ही पारित कर दिया था। विधेयक में अंटार्कटिक संधि को प्रभावी बनाने का प्रावधान है। इस संधि के अनुसार अंटार्कटिक जीवित संसाधनों और पर्यावरण संरक्षण के प्रोटोकॉल पर हुए कन्वेंशन को मान्यता दी गई है। विधेयक पर केंद्रीय भूविज्ञान मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने कहा कि अंटार्कटिका बहुत ही अनूठी भूमि है औऱ भारत ने इसके बारे में चार संधियां की है। डॉक्टर सिंह ने कहा कि भारत के अंटार्कटिका में मैत्री और भारती, दो प्रतिष्ठान मौजूद हैं।

10.भारतीय और फ्रांसीसी नौसेना द्वारा अटलांटिक में सैन्याभ्यास

अपनी सुदूर क्षेत्रीय तैनाती के दौरान आईएनएस तरकश ने 29 और 30 जुलाई, 2022 को उत्तरी अटलांटिक महासागर में फ्रांस की नौसेना के साथ समुद्री साझेदारी सैन्याभ्यास (एमपीएक्स) किया। तरकश और फ्रांसीसी फ्लीट टैंकर एफएनएस सौम के बीच समुद्र में तेल की आपूर्ति का अभ्यास किया गया। इसके बाद समुद्री टोही हवाई जहाज फॉल्कन 50 के साथ संयुक्त वायु अभियान का अभ्यास किया गया। इस दौरान वायु रक्षा अभ्यास और कृत्रिम मिसाइलों से युद्धाभ्यास किया गया।

11.बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में, भारत के अचिंत शेउली ने भारोत्तोलन में रिकॉर्ड 313 किलोग्राम भार उठाकर स्वर्ण पदक जीता

बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय भारोत्तोलन दल की जीत का सिलसिला जारी रखते हुए 73 किलोग्राम वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे अचिंता शेउली ने स्वर्ण पदक जीत लिया। 20 वर्षीय अचिंता ने स्नैच में 143 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 170 किलोग्राम सहित कुल 313 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। इससे पहले मीराबाई चानू और जेरेमी लालरिनुंगा ने स्वर्ण पदक हासिल किया जबकि बिंदियारानी देवी और संकेत सरगर को रजत पदक मिला। कांस्य पदक गुरुराजा पुजारी ने जीता है।

12.राष्‍ट्रमंडल खेलों के चौथे दिन भारत ने तीन पदक जीते

राष्‍ट्रमंडल खेलों के चौथे दिन भारत ने तीन पदक जीते। जूडो में,महिलाओं की 48 किलोग्राम भारवर्ग में सुशीला देवी ने रजत पदक अपने नाम किया। पुरूषों के 60 किलोग्राम वजन वर्ग में विजय कुमार यादव ने कांस्य पदक जीता। भारोत्तोलन में महिलाओं के (71 Kg) में हरजिंदर कौर ने कांस्य पदक जीता।

13.इंग्लैंड ने महिला यूरो चैंपियनशिप जीती

इंग्लैंड ने अतिरिक्त समय तक चले मैच में जर्मनी को 2-1 से हराकर महिला यूरोपीय चैंपियनशिप फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब जीता।जब लग रहा था कि इंग्लैंड उम्मीदों के दबाव में आ जाएगा तब चोले केली ने 110वें मिनट में गोल दागा जो निर्णायक साबित हुआ। केली के गोल के पहले इंग्लैंड के खिलाड़ी काफी थके हुए नजर आ रहे थे और उन्हें जर्मनी के स्थानापन्न खिलाड़ियों के सामने जूझना पड़ रहा था। निर्धारित समय तक मैच 1-1 से बराबरी पर था। इंग्लैंड की तरफ से इला टूने ने 62वें मिनट में गोल किया जबकि जर्मनी के लिये लिना मागुल ने 79वें मिनट में बराबरी का गोल दागा। वेम्बली स्टेडियम में जर्मनी की लीना मैगल और इंग्लैंड की एला टून के गोलों की बदौलत 90 मिनट के बाद स्कोर 1-1 से बराबर हो गया। परिणाम एक्स्ट्रा टाइम में तय किया गया।

14.पेरिस ओलंपिक 2024 के आधिकारिक नारे के रूप में “Games Wide Open” का अनावरण किया गया

2024 के पेरिस ओलंपिक के आयोजकों ने अपने आधिकारिक नारे के रूप में “Games Wide Open” का अनावरण किया है। यह नारा एक वीडियो के साथ जारी किया गया है। पेरिस 2024 में तीसरी बार ग्रीष्मकालीन ओलंपिक की मेजबानी करेगा, जो 1924 में पिछले पेरिस खेलों की शताब्दी वर्ष भी है। फ्रांसीसी राजधानी पेरिस 1900 में आधुनिक ओलंपिक खेलों के दूसरे संस्करण का मेजबान शहर भी था। पेरिस ओलंपिक 2024 खेल 26 जुलाई से 11 अगस्त तक होने वाले हैं और एथलीट कुल 32 खेलों में भाग लेंगे, जिसमें 329 स्पर्धाएं शामिल हैं।

15.प्रसिद्ध तमिल संत कवि अंडाल थिरुनाक्षत्रम की जयंती

1 अगस्त को अंडाल थिरुनाक्षत्रम और प्रसिद्ध तमिल संत कवि श्री अंडाल की जयंती थी, जिन्हें देवी लक्ष्मी का अवतार माना जाता है। उन्हें दक्षिण की मीरा कहा जाता है। तमिल महीने का पूरम दिवस अंडाल की जयंती के रूप में मनाया जाता है। पूरम हिंदू ज्योतिष में 27 नक्षत्रों में से एक है। दक्षिण भारत की प्रसिद्ध संत कवयित्री आंडाल का समय नवीं शताब्दी ईसवी माना जाता है। इनका तमिल साहित्य में वही स्थान है, जो हिंदी में मीरां का है। आंडाल का बचपन का नाम ‘कौदे‘ था। इनका पालन-पोषण मदुरा के विष्णुचित्र नामक एक विष्णु भक्त ब्राह्मण के घर में हुआ। विरुधुनगर के श्रीविल्लीपुथुर जिले में अंडाल मंदिर विश्व प्रसिद्ध है। हालांकि इस मंदिर में विभिन्न त्योहार आयोजित किए जाते हैं, आदिपुरा त्योहार सबसे महत्वपूर्ण है। चूंकि आदिपुरम गोथाई अंडाल के अवतार का दिन है, इसलिए यह त्योहार अतिरिक्त विशेष है।