मसूद अजहर पर चीन के रूख से भारत-चीन संबंधों को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है-विशेषज्ञ

0
180

CURRENT G.K.

1.मसूद अजहर पर चीन के रूख से भारत-चीन संबंधों को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है – विशेषज्ञ :-

पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मौलाना मसूद अजहर को संयुक्त राष्ट्र की वैश्विक आतंकवादी सूची में शामिल करने की कोशिश को बाधित करने का चीन का हालिया फैसला भारत के साथ उसके संबंधों को ‘‘गंभीर नुकसान’’ पहुंचा रहा है। शीर्ष अमेरिकी विशेषज्ञों ने आज यह बात कही। चीन ने गत सप्ताह संयुक्त राष्ट्र में अजहर को वैश्विक आतंकवादी की सूची में डालने की अमेरिका, फ्रांस और ब्रिटेन की कोशिश को बाधित किया था।

इसके लिए उसने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सदस्य देशों के बीच आम राय ना होने का हवाला दिया था। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में वीटो का अधिकार रखने वाले स्थायी सदस्य चीन ने परिषद की अल-कायदा प्रतिबंध समिति के तहत अजहर को आतंकवादी घोषित करने के भारत के प्रयासों में बार-बार अड़ंगा डाला है। हेरिटेज फाउंडेशन के जेफ स्मिथ ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह चीन की तरफ से उठाया गया दुर्भाग्यपूर्ण कदम है और मैं संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के जाने पहचाने आतंकवादियों पर प्रतिबंधों को लगातार बाधित करने के लिए दिए गए तर्क पर सवाल करता हूं।’’

स्मिथ ने कहा कि चीन अपने इस कदम को स्पष्ट तौर पर अपने सदाबहार दोस्त पाकिस्तान को लाभ पहुंचाने के तौर पर देख रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘चीन के कदम पहले से ही तनावपूर्ण चीन-भारत संबंधों को गंभीर नुकसान भी पहुंचा रहे हैं।’’

 

2.ट्रंप ने किया मून के साथ मिलकर उत्तर कोरिया के मुद्दे का ‘समाधान खोजने’ का वादा :-

अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज सोल पहुंचे, जहां उन्होंने संकल्प जताया कि अपने दक्षिण कोरियाई समकक्ष मून जे इन के साथ मिलकर वह उत्तर कोरिया से निबटने के मुद्दे का समाधान निकालेंगे। दरअसल परमाणु हथियारों से सम्पन्न उत्तर कोरिया से निबटने के तरीकों को लेकर दोनों देश एकमत नहीं हैं।

प्योंगयांग के हथियार कार्यक्रम को लेकर तनाव बढ़ने के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने एक दूसरे पर आरोप लगाने के साथ ही युद्ध की धमकी भी दी। ऐसी कोई भी स्थिति बनने पर दक्षिण कोरिया की राजधानी और वहां रहने वाले करीब एक करोड़ लोगों के संघर्ष में अग्रिम पंक्ति में रहने का जोखिम है।आज सुबह ट्रंप ने एशिया के अपने दौरे के पहले चरण जापान से ट्वीट किया, ‘‘दक्षिण कोरिया रवाना होने और संभ्रांत व्यक्ति राष्ट्रपति मून से मुलाकात की तैयारी कर रहा हूं। हम मिलकर समाधान निकाल लेंगे।’’

उनका यह रुख पहले के रुख से ठीक विपरित है जिसमें उन्होंने उत्तर कोरिया को बातचीत की मेज तक लाने की कोशिश के प्रयास की वकालत करने वाले मून पर तुष्टिकरण का आरोप लगाया था। वह सोल के बाहर स्थित ओसान एयरबेस पर अपने एयरफोर्स वन विमान से बाहर निकले। उनके साथ प्रथम महिला मेलानिया भी थीं।

उनका स्वागत दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री कांग क्यूंग व्हा ने किया। ट्रंप जापान से दक्षिण कोरिया पहुंचे हैं। जापान ने प्योंगयांग के संबंध में वाशिंगटन के इस रूख के प्रति पूरा समर्थन जताया कि ‘‘सभी विकल्प सामने हैं।’’

 

3.भारत और बंग्लादेश का संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू :-

भारत और बांग्लादेश की सेना ने मेघालय के उमरोई में आज से भारत-बांग्लादेश संयुक्त सैन्य अभ्यास का सातवां वार्षिक सम्मेलन शुरु किया।

रेड होर्न्स डिविजन की ओर से इस सैन्य अभ्यास का संचालन किया जा रहा जो छह दिनों तक यानी 11 नवंबर चक चलेगा। इस संप्रति अभ्यास में बंगलादेश की सेना के 14 अधिकारी तथा भारतीय सेना के 20 अधिकारी शामिल हैं।

 

4.भारत यात्रा पर आए बैल्जियम नरेश फिलिप ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात की :-

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भारत यात्रा पर आए बैल्जियम नरेश फिलिप से आज नई दिल्ली में मुलाकात की। इससे पहले उनका राष्ट्रपति भवन में परम्परागत रूप से स्वागत किया गया। बाद में विदेशमंत्री सुषमा स्वराज ने उनसे मुलाकात की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने बताया कि बैल्जियम नरेश और श्रीमती स्वराज ने आपसी मित्रतापूर्ण संबंधों पर चर्चा की।

विदेशी मेहमान ने महात्मा गांधी की समाधि राजघाट पर पुष्पाजंलि अर्पित की। बैल्जियम के राजा और रानी इस महीने की पांच तारीख को भारत आए थे। उनकी यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक संबंध प्रगाढ़ करना है।

 

5.दिल्ली सहित उत्तर भारत में धुंध की मोटी परत :-

दिल्ली सहित उत्तर भारत में धुंध की मोटी परत छाई रहने के कारण वायु प्रदूषण निर्धारित मानकों से कई गुना अधिक था। वायु की गुणवत्ता और दृश्यता में तेजी से गिरावट आने लगी थी। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने आज सवेरे 10 बजे प्रदूषण की स्थिति चरम पर पहुंच जाने की बात कही।

वायु गुणवत्ता सूचकांक के अनुसार ऐसी वायु स्वस्थ लोगों पर भी असर डालती है और जिन लोगों को सांस लेने में तकलीफ होती है या दिल की बीमारी है उन पर ऐसे प्रदूषण का गम्भीर असर पड़ता है।

बोर्ड ने पड़ोसी शहरों नोएडा और गाजियाबाद में भी वायु की ऐसी ही गम्भीर स्थिति की जानकारी दी। मौसम का पूर्वानुमान बताने वाली एक निजी एजेन्सी स्काईमेट ने कहा है कि पंजाब और हरियाणा में पराली जलाये जाने से कोहरे और धुंध की मोटी परत बन गई।

 

6.भाजपा ने गुजरात में शुरू किया डोर-टू-डोर महासंपर्क अभियान शुरू :-

गुजरात में तेज होते चुनावी घमासान के बीच 22 साल से सत्तारूढ भाजपा ने मतदाताओं से सीधे और घर घर जाकर (डोर टू डोर) संपर्क करने के लिए गुजरात गौरव महासंपर्क अभियान शुरू किया जिसके तहत पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने अहमदाबाद में अपने पूववर्ती विधानसभा क्षेत्र नाराणपुरा के एक मंदिर में पूजा अर्चना कर इसकी शुरूआत की।

मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने अपने गृहनगर राजकोट के वार्ड नंबर एक से इसकी शुरूआत की। 12 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान में कई केंद्रीय मंत्री और प्रख्यात भोजपुरी सुपरस्टार सह दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी भी शिरकत करेंगे।

 

7.संयुक्त राष्ट्र साझेदारी कोष में 10 करोड़ डॉलर की सहायता देगा भारत :-

भारत ने संयुक्त राष्ट्र साझेदारी कोष में 10 करोड़ डॉलर की अतिरिक्त सहायता देने की प्रतिबद्धता जतायी है। वह महत्वपूर्ण तरीके से विकासशील दुनिया में सतत विकासात्मक परियोजनाओं को अपना समर्थन बढ़ा रहा है।

भारत-संयुक्त राष्ट्र विकास साझेदारी कोष को इस साल की शुरुआत में गठित किया गया था। यह भारत और दक्षिण-दक्षिण सहयोग के लिए संयुक्त राष्ट्र का कार्यालय (यूएनओएसएससी) के बीच साझेदारी है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन के सलाहकार अंजनी कुमार ने कल विकासात्मक गतिविधियों के लिए संरा शपथ सम्मेलन 2017 में कई वर्षों तक सहयोग देने की घोषणा की।

कुमार ने कहा यह सहयोग संयुक्त राष्ट्र के कई अन्य कार्यक्रमों में दी जा रही 105.82 करोड़ डॉलर की सहयोग राशि से अलग है। भारत की ओर से कुमार ने कहा, ‘‘मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत ने महत्वपूर्ण तरीके से कई वर्षों में 10 करोड़ डॉलर की अतिरिक्त सहायता कर अपने सहयोग के स्तर को बढ़ाने का निर्णय किया है।’’

 

8.सेंसेक्स 33,63 अंक की नयी ऊंचाई पर, निफ्टी 34 अंक चढ़ा :-

बंबई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स आज शुरुआती कारोबार में 33,853.63 अंक की नयी ऊंचाई पर पहुंच गया। साथ ही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 34 अंक सुधरकर खुला। ब्रोकरों के अनुसार विदेशी कोषों के निवेश में सुधार और सकारात्मक वैश्विक संकेतों के चलते बाजार में तेजी की धारणा देखी गई।

निफ्टी 33.95 अंक यानी 0.32% चढ़कर 10,485.75 अंक पर पहुंच गया। यह कारोबार के समय 10,490.45 अंक के उसके सर्वकालिक उच्च स्तर के काफी करीब है। शुरुआती आंकड़ों के हिसाब से विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने कल 576.27 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। तीस कंपनियों के शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 122.44 अंक यानी 0.36% सुधरकर 33,853.63 अंक पर खुला है।

इसने कारोबार के समय अपने 33,848.42 अंक के सर्वकालिक उच्च स्तर को भी पीछे छोड़ दिया है। पिछले दो सत्रों में इसमें 157.97 अंक की बढ़त देखी गई है और कल यह 33,731.19 अंक के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ था।

 

9.करीब 39 प्रतिशत करोड़ स्थायी खाता संख्या पैन को आधार से जोड़ा गया :-

करीब 13.28 करोड़ स्थायी खाता संख्या (पैन) कार्ड को अभी तक आधार से जोड़ा गया है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। इसके साथ ही 39.5 प्रतिशत पैन अब आधार से जुड़ चुके हैं। कुल पैन कार्डों की संख्या 33 करोड़ है। वहीं 115 करोड़ लोगों को आधार नंबर दिया जा चुका है। सरकार ने एक जुलाई से आयकर रिटर्न दाखिल करने के लिए पैन आधार को जोड़ने तथा नया पैन नंबर लेने के लिए अनिवार्य कर दिया है।

उच्चतम न्यायालय ने जून में पैन कार्ड आवंटन तथा आयकर रिटर्न दाखिल करने के लिए आयकर कानून के प्रावधान की वैधता को उचित ठहराया है। हालांकि शीर्ष अदालत ने संविधान पीठ द्वारा निजता के अधिकार पर फैसले तक इस पर आंशिक स्थगन दिया है।

केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने जून में कहा था कि शीर्ष अदालत ने उन लोगों को सिर्फ आंशिक राहत दी है जिनके पास आधार या आधार नामांकन पहचान पत्र नहीं है और ऐसे में कर अधिकारी ऐसे लोगों का पैन रद्द नहीं करेंगे। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) निवासी भारतीयों को आधार जारी करता है। पैन नंबर आयकर विभाग देता है।

 

10.टोक्यो ने ओलंपिक के बजट में 36 करोड़ डालर की कटौती की :-

टोक्यो ने भारी दबाव के बीच 2020 ओलंपिक खेलों के बजट में 36 करोड़ डालर की कटौती की है। ओलंपिक आयोजन अधिकारियों ने कुछ आयोजन स्थलों में सस्ती अस्थायी सीटें लगाकर लागत कम की है। एक अधिकारी ने कहा ,‘‘कुल मिलाकर हमने 36 करोड़ डालर की कटौती की है।’’

इससे स्टेडियमों की निर्माण लागत एक अरब 96 करोड़ डालर से घटकर एक अरब 60 करोड़ डालर हो जायेगी। जून में अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने स्टेडियमों की लागत में सात अरब डालर की कटौती के लिये जापान की तारीफ की थी।