राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी इस वर्ष से अराजपत्रित पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन सामान्य पात्रता परीक्षा आयोजित करेगी

0
35

1.बेल्जियम पहला ऐसा देश जिसने मंकीपॉक्स के मामले में पृथकवास अनिवार्य किया

बेल्जियम में पिछले सप्ताह विषाणुरोग मंकीपॉक्स के चार मामले सामने आने के बाद मरीज़ों को 21 दिन के पृथकवास में भेजना अनिवार्य कर दिया गया है। बेल्जियम पहला ऐसा देश है जिसने यह फैसला लिया है। मंकीपॉक्स, चेचक की ही श्रेणी का रोग है, जिसके लक्षण शरीर पर दाने होना, बुखार, बदन दर्द और सिर दर्द होना हैं। मंकीपॉक्स चेचक की तुलना में कम घातक है और इसकी मृत्युदर चार प्रतिशत से भी कम है। आमतौर पर मंकीपॉक्स रोग अफ्रीका के कुछ हिस्सों में पाया जाता है लेकिन इस रोग के असामान्य तरीके से फैलने पर विशेषज्ञ चिंतित हैं।

2.अमरीका के राष्ट्रपति ने हिंद प्रशांत आर्थिक रूपरेखा का शुभारंभ किया, इस पहल में भारत सहित 13 देश शामिल

अमरीका के राष्‍ट्रपति जो बाइडेन ने समृद्धि के लिए हिंद-प्रशांत आर्थिक रूपरेखा – आई.पी.ई.एफ. का शुभारम्‍भ किया है। आरम्‍भ में इसमें अमरीका के अलावा 12 अन्‍य देश – भारत, ऑस्‍ट्रेलिया, जापान, ब्रनेई, इंडोनेशिया, कोरिया, मलेशिया, न्‍यूजीलैंड, फिलीपिंस, सिंगापुर, थाईलैंड और वियतनाम शामिल हैं। ये देश विश्‍व के सकल घरेलू उत्‍पाद के चालीस प्रतिशत का प्रतिनिधित्‍व करते हैं। आई.पी.ई.एफ. का उद्देश्‍य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में आने वाले दशकों में प्रौद्योगिकी नवाचार और वैश्विक अर्थव्‍यवस्‍था के लिए संबंधों को मजबूत करना है। यह अमरीका और हिंद-प्रशांत क्षे्त्र में अधिक मजबूत और समायोजी अर्थव्‍यवस्‍था सृजित करेगा।

3.अमरीका के राष्ट्रपति ने कवाड शिखर सम्‍मेलन के दौरान क्वाड छात्रवृत्ति शुरु की

अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने जापान के टोक्‍यो में कवाड शिखर सम्‍मेलन के दौरान क्वाड छात्रवृत्ति की शुरुआत की। यह अमरीकी विश्वविद्यालयों में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित में स्नातकोत्‍तर और डॉक्टरेट करने वाले अमरीका, जापान, ऑस्ट्रेलिया और भारत के विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध होगी। प्रत्‍येक वर्ष सौ विद्यार्थियों को यह छात्रवृत्ति दी जाएगी। यह क्‍वाड समूह के प्रत्‍येक देश से 25-25 विद्यार्थियों को मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने क्‍वाड छात्रवृत्ति कार्यक्रम को आश्‍चर्यजनक और अनूठी पहल बताया है। उन्‍होंने कहा कि इस प्रतिष्ठित छात्रवृत्ति से भारतीय विद्यार्थियों को अच्‍छे अवसर मिलेंगे।

4.राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी इस वर्ष से अराजपत्रित पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन सामान्य पात्रता परीक्षा आयोजित करेगी

कार्मिक और लोक शिकायत मंत्री डॉक्‍टर जितेंद्र सिंह ने कहा है कि इस वर्ष से अराजपत्रित पदों पर भर्ती के लिए सामान्य पात्रता परीक्षा-सीईटी का आयोजन किया जायेगा। कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग-डी.ओ.पी.टी. के अन्‍तर्गत सभी छह स्वायत्त निकायों की नई दिल्ली में संयुक्त बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री सिंह ने कहा कि डीओपीटी के अंतर्गत राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी-एनआरए वर्ष के अंत तक अराजपत्रित पदों के लिए कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन सामान्‍य पात्रता परीक्षा-सीईटी आयोजित करने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि यह परीक्षा देश के प्रत्येक जिले में कम से कम एक परीक्षा केंद्र पर होगी। उन्होंने कहा कि शुरुआत में परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी सहित 12 भाषाओं में आयोजित की जाएगी। बाद में संविधान की 8वीं अनुसूची में उल्लिखित सभी भाषाओं में ये परीक्षा आयोजित होगी।

5.खादी और ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष विनय कुमार सक्सेना को दिल्ली का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया

श्री विनय कुमार सक्सेना को दिल्ली का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने निवर्तमान उपराज्यपाल श्री अनिल बैजल का त्यागपत्र स्वीकार कर लिया है। श्री सक्सेना वर्तमान में खादी और ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष हैं।

6.विश्‍व आर्थिक मंच ने जलवायु कार्य गठबंधन की भारतीय शाखा आरंभ की

विश्‍व आर्थिक मंच ने भारत में जलवायु गतिविधियों और कार्बन मुक्ति प्रयासों में तेजी लाने के लिए जलवायु कार्य गठबंधन की भारतीय शाखा आरंभ की है। विश्‍व आर्थिक मंच के जलवायु कार्यबल के अंग के रूप में यह गठबंधन पिछले साल जारी किए गए श्‍वेत पत्र मिशन 2070 में तय किए गए लक्ष्‍यों को प्राप्‍त करने का प्रयास करेगा। 2070 तक भारत को कम कार्बन उत्‍सर्जन वाला देश बनाने का भी लक्ष्‍य रखा गया है। इस अभियान में सरकार, व्‍यापार जगत और अन्‍य पक्षकारों को प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के महत्‍वकांक्षी संकल्‍प पंचामृत को पूरा करने के लिए शामिल किया जाएगा। प्रबंधन सलाहकार संस्‍था कियरने और भारतीय विचार मंच ऑब्‍जर्वर रिसर्च फाउंडेशन के बीच सहयोग से यह गठबंधन व्‍यापारिक नेताओं को जलवायु लक्ष्‍य प्राप्‍त करने की योजनाएं और कार्यक्रम तैयार करने में सहयोग करेगा।

7.पीयूष गोयल दावोस में आयोजित होने वाले डब्‍ल्‍यूईएफ में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्‍व करेंगे

वाणिज्‍य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 22 से 26 मई तक स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित होने वाले विश्‍व आर्थिक मंच-डब्‍ल्‍यूईएफ में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्‍व करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में स्‍वास्‍थ्‍य और परिवार कल्‍याण मंत्री मनसुख मांडविया, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी और छह राज्‍यों- मध्‍य प्रदेश, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, महाराष्‍ट्र और तेलंगाना के मुख्‍यमंत्री और वरिष्‍ठ मंत्री शामिल होंगे। यह आयोजन वैश्विक विमर्श का स्‍वरूप तय करने में महत्‍वपूर्ण और प्रासंगिक हितधारक के रूप में भारत की स्थिति को मजबूत करने में सहायक होगा। यह आयोजन इसलिये भी महत्‍वपूर्ण है कि भारत अगले वर्ष जी-20 की अध्‍यक्षता बनने जा रहा है। डब्‍ल्‍यूईएफ भारत को निवेश के आकर्षक गंतव्‍य के रूप में पेश करने का मंच भी होगा।

8.प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के नए निजी सचिव बने आईएफएस विवेक कुमार

प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी को आईएफएस विवेक कुमार अपने नए निजी सचिव (पीएस) के रूप में मिले है। कैबिनेट नियुक्ति समिति ने पीएम मोदी के प्रेस सचिव के रूप में विवेक कुमार के नामांकन को स्वीकार कर लिया। विवेक कुमार प्रधान मंत्री कार्यालय के निदेशक हैं और 2004 बैच के भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी (PMO) हैं।

9.संयुक्त राष्ट्र ने कहा- दुनिया भर में जबरन विस्थापितों की संख्या पहली बार 10 करोड़ के पार

संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि इस समय दुनिया भर में जबरन विस्थापितों की संख्या पहली बार 10 करोड़ के आंकडे को पार कर गई है। इसमें रूस-युक्रेन युद्ध के कारण विस्‍थापित हुए लोग भी शामिल हैं। शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र के उच्चायुक्त ने कहा कि युद्ध, हिंसा, मानवाधिकारों के उल्लंघन और उत्पीड़न के कारण अपने घरों को छोडकर दूसरी जगह शरण लेने के लिए मजबूर लोगों की संख्या अब रिकॉर्ड स्‍तर तक पहुंच गई है। उच्‍चायुक्‍त ने कहा कि युद्ध के कारण यूक्रेन में 80 लाख लोगों को विस्थापित और 60 लाख से अधिक लोगों को शरण लेनी पडी है। आयोग ने यह भी कहा कि इथियोपिया, बुर्किना फासो, म्यांमार, नाइजीरिया, अफगानिस्तान और कांगो जैसे देशों में हिंसा के कारण दिसम्‍बर 2021 तक जबरन विस्थापितों की संख्या बढ़कर नौ करोड हो गई थी।

10.पीटर एल्बर्स होंगे इंडिगो के सीईओ

इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड (इंडिगो) के निदेशक मंडल ने पीटर एल्बर्स (Pieter Elbers) को मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया। वह 1 अक्टूबर 2022 को या उससे पहले इंडिगो में शामिल होंगे। वह रोनोजॉय दत्ता की जगह लेंगे जिन्होंने 30 सितंबर 2022 को सेवानिवृत्त होने का फैसला किया है। एल्बर्स ने 2014 से केएलएम रॉयल डच के अध्यक्ष और सीईओ के रूप में कार्य किया है और एयर फ्रांस-केएलएम समूह की कार्यकारी समिति के सदस्य भी हैं।

11.वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये न्यू डेवलपमेंट बैंक के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की 7वीं वार्षिक बैठक की अध्यक्षता की

हाल ही में केंद्रीय वित्त और कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री और न्यू डेवलपमेंट बैंक (NDB) के लिये भारत की गवर्नर श्रीमती निर्मला सीतारमण ने नई दिल्ली में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से NDB के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की 7वीं वार्षिक बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में ब्राज़ील, चीन, रूस, दक्षिण अफ्रीका के राज्यपाल और बांग्लादेश एवं संयुक्त अरब अमीरात (नए सदस्य) भी शामिल हुए। इस वार्षिक बैठक का विषय “NDB: अधिकतम विकास प्रभाव (NDB: Optimising Development Impact)” था। वित्त मंत्री ने बहुपक्षवाद के महत्त्व एवं आर्थिक सुधार के लिये वैश्विक सहयोग की भावना को रेखांकित किया।इस संबंध में वित्त मंत्री ने स्वीकार किया कि NDB ने उभरती बाज़ार अर्थव्यवस्थाओं के लिये खुद को एक विश्वसनीय विकास भागीदार के रूप में सफलतापूर्वक स्थापित किया है। इस वर्ष भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगाँठ के संदर्भ में केंद्रीय वित्त मंत्री ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में देश की आर्थिक वृद्धि मज़बूत रही है और इसके 8.9 प्रतिशत रहने की उम्मीद है, जो सभी बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में सबसे अधिक है। यह भारत की दृढ़ता और त्वरित सुधार को दर्शाता है। वित्त मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत चालू वर्ष और अगले वित्तीय वर्ष में उच्च विकास दर हासिल करना जारी रखेगा।

12.केंद्रीय पुरातत्त्व सलाहकार बोर्ड (CABA) का पुनर्गठन

हाल ही में सरकार ने केंद्रीय पुरातत्त्व सलाहकार बोर्ड (CABA) का पुनर्गठन किया है। इसका गठन भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण (ASI) एवं पुरातात्त्विक अनुसंधान के क्षेत्र में संपर्कों को मज़बूत करने के लिये किया गया है। बोर्ड में “भारत सरकार द्वारा नामित पांँच व्यक्ति” और साथ ही पूर्व ASI महानिदेशक शामिल होंगे। बोर्ड वर्ष में एक बार बैठक करेगा तथा सदस्यों द्वारा उल्लेखित “पुरातत्त्व से संबंधित मामलों” पर केंद्र को सलाह देगा। यह पुरातत्त्व अनुसंधान का संचालन करने वाले भारतीय विश्वविद्यालयों एवं भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण के बीच संपर्क को बढ़ावा देगा। यह पुरातात्त्विक सिद्धांतों के अनुप्रयोग को बढ़ावा देगा, भविष्य के पुरातत्त्वविदों को प्रशिक्षित करेगा और ASI की गतिविधियों के माध्यम से भारत तथा इसकी राज्य सरकारों की दक्ष सोसाइटियों के बीच संबधों में निकटता लाएगा। भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण (ASI) संस्कृति मंत्रालय के तहत देश की सांस्कृतिक विरासत के पुरातात्त्विक अनुसंधान और संरक्षण के लिये प्रमुख संगठन है। यह 3650 से अधिक प्राचीन स्मारकों, पुरातात्त्विक स्थलों और राष्ट्रीय महत्त्व के अवशेषों का प्रबंधन करता है। इसकी स्थापना वर्ष 1861 में ASI के पहले महानिदेशक अलेक्जेंडर कनिंघम ने की थी। अलेक्जेंडर कनिंघम को “भारतीय पुरातत्त्व के जनक” के रूप में भी जाना जाता है।

13.मेघालय के री-भोई ज़िले के उमरोई मिलिट्री स्टेशन में पिट वाइपर नाम के नए ज़हरीले हरे साँप की प्रजाति देखी गई

हाल ही में मेघालय के री-भोई ज़िले के उमरोई मिलिट्री स्टेशन में त्रिमेरेसुरुस्माया या माया पिट वाइपर नाम के एक नए ज़हरीले हरे साँप की प्रजाति देखी गई है। इस साँप की लंबाई लगभग 750 मिमी. है। यह देखने में पोप्स पिट वाइपर से काफी मिलता-जुलता है लेकिन इसकी आँखों का रंग अलग है। माया पिट वाइपर और पोप्स पिट वाइपर के हेमेपेनिस (Hemepenis) भी अलग-अलग प्रकार के होते हैं। एक पशु चिकित्सक के अनुसार, यह नई प्रजाति मेघालय, मिज़ोरम और यहाँ तक कि गुवाहाटी में भी अपेक्षाकृत आम थी।

14.सरकार ने केन्‍द्र सरकार के लापता कर्मचारियों के लिए परिवार पेंशन नियमों में छूट की घोषणा की

केन्‍द्रीय मंत्री डॉक्‍टर जितेन्‍द्र सिंह ने केन्‍द्र सरकार के लापता कर्मचारियों के लिए परिवार पेंशन नियमों में छूट की घोषणा की है। विशेष रूप से जम्‍मू-कश्‍मीर और पूर्वोत्‍तर जैसे उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों के साथ नक्‍सल प्रभावित क्षेत्रों में सेवारत सरकारी कर्मचारियों के लिए यह बडी राहत है। अब तक यदि कोई सरकारी कर्मचारी लापता हो जाता था तो उसके निकट संबंधी को परिवार पेंशन नहीं मिलती थी। जब तक लापता कर्मचारी को कानून के अनुसार मृत घोषित नहीं किया जाता या लापता होने के सात वर्ष तक पर‍िवार पेंशन नहीं मिलती थी। अब सेवाकाल के दौरान राष्‍ट्रीय पेंशन योजना में शामिल किसी सरकारी कर्मचारी के लापता होने के सभी मामलों में परिवार पेंशन के लाभ तुरंत उसके परिवार को दिए जाएंगे। लापता व्‍यक्ति का पता चलने और सेवा फिर शुरू करने के मामले में परिवार पेंशन के रूप में दी गई पूरी राशि संबंधित कर्मचारी के वेतन से काटी जा सकती है।

15.भारत और अमरीका ने जापान के तोक्‍यों में निवेश प्रोत्‍साहन समझौते पर हस्‍ताक्षर किए

भारत और अमरीका ने जापान के तोक्‍यो में निवेश प्रोत्‍साहन समझौता किया। इस समझौते पर भारत के विदेश सचिव विनय क्‍वात्रा और अमरीका के अंतर्राष्‍ट्रीय विकास वित्‍त निगम के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी स्‍कॉट नैथन ने हस्‍ताक्षर किए। आशा है कि इस समझौते से भारत में विकास वित्‍त निगम के निवेश समर्थन में वृद्धि होगी, जिससे देश के विकास में अधिक सहायता मिलेगी। वित्‍त मंत्रालय ने कहा कि भारत में निवेश समर्थन उपलब्‍ध कराने के लिए निगम चार अरब डॉलर के प्रस्‍तावों पर विचार कर रहा है। निगम ने कोविड वैक्‍सीन विनिर्माण, स्‍वास्‍थ्‍य देखभाल, वित्‍त पोषण, नवीकरणीय ऊर्जा, वित्‍तीय समावेश और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में निवेश समर्थन उपलब्‍ध कराया है। निगम और इससे संबंधित एजेंसियां भारत में 1974 से सक्रिय हैं और अब तक पांच अरब 80 करोड़ डॉलर की निवेश सहायता उपलब्‍ध करायी है। यह निवेश प्रोत्‍साहन समझौता दोनों देशों के बीच 1997 के समझौते का स्‍थान लेगा। विकास वित्‍त निगम के अतिरिक्‍त निवेश सहायता कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के लिए यह समझौता किया गया है।

16.नागरिक, डिजिलॉकर सेवा का उपयोग अब व्हाट्सएप पर माईगॉव हेल्पडेस्क के माध्‍यम से कर सकेंगे

सरकारी सेवाओं को और सुलभ, समावेशी और पारदर्शी बनाने के लिए माईगॉव हेल्प डेस्क ने कई बड़ी पहल की हैं। अब व्हाट्सअप पर भी माईगॉव प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करके डिजिलॉकर सेवाओं का लाभ लिया जा सकेगा। इनमें ज़रूरी दस्तावेज़ पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण दस्‍तावेज आदि व्हाट्सअप के ज़रिये आसानी से डाउन-लोड हो सकेगा। केंद्र सरकार डिज़िटल इंडिया के माध्यम से जीवन को सुगम बनाने के लिए काम कर रही है। इसका मक़सद माईगॉव हेल्प डेस्क पर व्हाट्सअप के माध्यम से शासन और सरकारी सेवाओं को बहुत आसानी से उपलब्ध कराना है। देशभर में व्हाट्सअप का इस्तेमाल करने वाले लोग बड़ी आसानी से व्हाट्सअप नंबर 91 9013 151 515 पर नमस्ते या Hi भेजकर डिज़िलॉकर की सेवाओं तक पहुंच सकते हैं।

17.रिजर्व बैंक ने सरकार को 30,307 करोड़ रुपये के अधिशेष हस्तांतरण की मंजूरी दी

भारतीय रिजर्व बैंक ने वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए केंद्र सरकार को 30,307 करोड़ रुपये के अधिशेष हस्तांतरण को मंजूरी दी है। भारतीय रिज़र्व बैंक के केंद्रीय निदेशक मंडल ने वर्ष के लिए रिज़र्व बैंक की वार्षिक रिपोर्ट और खातों को अपनाने के लिए गवर्नर शक्तिकांत दास की अध्यक्षता में मुंबई में 596वीं बार बैठक की। बोर्ड वर्तमान आर्थिक स्थिति, वैश्विक और घरेलू मुद्दों और हाल के भू-राजनीतिक विकास के प्रभाव की जांच के बाद आकस्मिक जोखिम बफर को 5.50 प्रतिशत पर रखने पर सहमत हुआ।

18.भारत-बांग्लादेश नेवी कोऑर्डिनेटेड पेट्रोल (CORPAT) का चौथा संस्करण

इंडियन नेवी-बांग्लादेश नेवी कोऑर्डिनेटेड पेट्रोल (CORPAT) का चौथा संस्करण 22 से 23 मई के बीच हुआ। गश्ती अभ्यास बंगाल की उत्तरी खाड़ी में शुरू हुआ। दो दिवसीय इस सैन्य अभ्यास में स्वदेश निर्मित भारतीय नौसेना के जहाज कोरा ( Kora) और सुमेधा (Sumedha) तथा बांग्लादेशी नौसेना के जहाज बीएनएस अली हैदर व बीएनएस अबू उबैदा भाग ले रहे हैं। पिछला IN-BN CORPAT अक्टूबर 2020 में आयोजित किया गया था।

19.ओडिशा ने 12वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैम्पियनशिप का खिताब जीता

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम पर खेले गए 12वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में हॉकी एसोसिएशन ओडिशा ने कर्नाटक को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। गौरतलब है कि 12वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन 6 से 17 मई, 2022 तक भोपाल के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम पर किया गया, जिसमें लगभग 27 राज्यों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। टूर्नामेंट में खेले गए फाइनल मुकाबले में ओडिशा के लिये पूनम बारला ने 34वें और अशीम कंचन बारला ने 59वें मिनट में गोल दागे। वहीं तीसरे स्थान के मुकाबले में झारखंड ने हरियाणा को 3-2 से हराया। दीप्ति टोप्पो, अलबेला रानी टोप्पो और बेटन डुंगडुंग ने झारखंड के लिये गोल किया। हरियाणा के लिये अमनदीप कौर और भारती सरोहा ने गोल दागे।

20.रेड बुल के मैक्स वेर्स्टाप्पेन ने स्पेनिश ग्रां प्री जीती

फॉर्मूला वन विश्व चैंपियन, मैक्स वेर्स्टाप्पेन ने रेड बुल में स्पेनिश ग्रां प्री जीतकर फेरारी के चार्ल्स लेक्लर से शीर्ष पर कब्जा कर लिया, जो सर्किट डी बार्सिलोना-कैटालुन्या में नेतृत्व करते हुए एक इंजन की विफलता के साथ सेवानिवृत्त हुए। मैक्सिकन सर्जियो पेरेज़ 13 सेकंड पीछे दूसरे स्थान पर रहे, लेकिन सबसे तेज़ लैप के लिए बोनस पॉइंट की सांत्वना के साथ, इमोला और मियामी के बाद लगातार तीसरी जीत के लिए अपनी टीम के साथी को पास करने के लिए कहा गया।