संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने उत्तर कोरिया के चार समुद्री जहाजों के अंतर्राष्ट्रीय बंदरगाहों पर आने पर रोक लगा दी

0
200

1.संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने उत्तर कोरिया के चार समुद्री जहाजों के अंतर्राष्ट्रीय बंदरगाहों पर आने पर रोक लगा दी :-

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने उत्तर कोरिया के चार समुद्री जहाजों के अंतर्राष्ट्रीय बंदरगाहों पर आने पर रोक लगा दी है जिनमें प्रतिबंधित सामान ले जाने का संदेह है। राजनयिकों ने बताया कि अमरीका ने इन जहाजों पर रोक लगाने की मांग की थी। उत्तर कोरिया के परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम के विरोध में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने उस पर कई प्रतिबंध लगाए हैं जिनमें कुछ सामान भी प्रतिबंधित हैं। चीन ने भी केवल चार समुद्री जहाजों को प्रतिबंधित करने पर सहमति व्यक्त की है। एक राजनयिक ने बताया कि भविष्य में इन चार के अलावा अन्य समुद्री जहाजों को भी प्रतिबंध के दायरे में लाया जा सकता है।

 

2.सेंट पीटर्सबर्ग में हुए विस्फोट आतंकी कृत्य- व्लादिमीर पुतिन :-

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सेंट पीटर्सबर्ग के सुपर मार्केट में हुए विस्फोट को ‘‘आतंकी कृत्य’’ करार दिया जिसमें 13लोग घायल हुए हैं।

हालात की गंभीरता को देखते हुए इस मामले की जांच रूस की नेशनल एंटी-टेरर कमेटी कर रही है।

गौरतलब है कि इसी वर्ष अप्रैल में सेंट पीटर्सबर्ग मेट्रो में हुए आत्मघाती बम हमले में 15 लोग मारे गये थे और दर्जनों लोग घायल हुए थे। उस हमले की जिम्मेदारी अलकायदा से जुड़े एक समूह ने ली थी।

 

3.युगांडा की सेना ने सौ से ज्यादा विद्रोहियों को मारने का दावा किया :-

युगांडा की सेना ने पूर्वी लोकतांत्रिक गणराज्य कांगो में एक कार्रवाई में सौ से ज्यादा विद्रोहियों को मारने का दावा किया है। ये विद्रोही युगांडा के एलाइड डेमोक्रेटिक फोर्सेज के थे। इन विद्रोहियों ने इस महीने के शुरू में संयुक्त राष्ट्र के 14 शांति सैनिकों की हत्या कर दी थी। यह पिछले 24 वर्ष के दौरान संयुक्त राष्ट्र की सेना पर सबसे घातक हमला था।

 

4.सेंसेक्‍स में 164 अंक की वृद्धि, डॉलर के मुकाबले रूपया 17 पैसे मजबूत :-

बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्‍य शुक्रवार दोपहर बाद 154 अंक की बढ़त के साथ 34 हजार के सर्वोच्‍च स्‍तर को पार कर चुका था। कुछ देर पहले यह 194 अंक की बढ़ोतरी के साथ 34 हजार 32 पर था। नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी भी 45 अंकों की वृद्धि के साथ 10 हजार 523 पर पहुंच गया था।

अंतर बैंक विदेशी मुद्रा बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमत में 16 पैसे की बढ़ोतरी हुई। एक डॉलर 64 रुपये 13 पैसे का बोला गया।

 

5.लोकसभा ने जीएसटी संबंधित मुआवजा संशोधन विधेयक पारित किया :-

लोकसभा ने राज्‍यों को जी एस टी से संबंधित मुआवजा संशोधन विधेयक-2017 पारित कर दिया है।

यह कानून इस वर्ष सितम्बर में जारी अध्यादेश का स्थान लेगा। इस विधेयक में पान मसाला, कोयला, गैस-मिश्रित पेय तथा तम्बाकू जैसी वस्तुओं पर जी एस टी मुआवजा उप-कर की दर की अधिसूचना जारी करने के लिए केंद्र सरकार को अनुमति का प्रावधान है।

 

6.वाहन नीति के लिए सलाहकार नियुक्त, स्वच्छ प्रौद्योगिकी पर रहेगा जोर- अनंत गीते :-

केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री एव सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम मंत्री अनंत गीते बताया कि सरकार ने वाहन नीति तैयार करने के लिए एक सलाहकार की सेवाएं ली हैं। इस नीति में इलेक्ट्रिक वाहन जैसी स्वच्छ प्रौद्योगिकी और हाइड्रोजन फ्यूल सेल जैसी प्रौद्योगिकी शामिल है।

सितंबर, 2015 में सरकार ने वाहन विनिर्माताओं के संगठन सियाम के साथ आटोमोटिव मिशन योजना (एएमपी) 2016-2026 की घोषणा की थी।इसके तहत क्षेत्र के उत्पादन को 4.64 लाख करोड़ रुपये से 18.89 लाख करोड़ रुपये पर पहुंचाने का लक्ष्य है जिससे भारतीय वाहन उद्योग अगले एक दशक में दुनिया के शीर्ष बाजारों में शामिल हो सके।

 

7.भारत में दूध का उत्पादन 2016-17 में 163.7 मिलियन टन पहुँचा :-

1960 के दशक में करीब 17-22 मिलियन टन दूध का उत्पादन होता था, वह बढकर वर्ष 2016-17 में 163.7 मिलियन टन हो गया है।

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा है कि भारत विश्व में उस पटल पर पहुँच गया है जहाँ दुग्ध व्यवसाय में वैश्विक स्तर पर उदयमियों के लिए अनेक संभावनाएँ उभर कर सामने आ रही है। केन्द्रीय कृषि मंत्री ने यह बात नई दिल्ली में आयोजित डेयरी विकास पर परामर्श हेतु गठित समिति की बैठक में कही।

दुग्ध किसान की आय को दुगुना करने के उद्देश्य से तथा श्वेत क्रांति के पूर्व प्रयासों को तीव्र गति से आगे बढ़ाने हेतु एक महत्वकांक्षी योजना वर्ष 2017-18 से प्रारंभ की गयी है। इस योजना का कार्यान्वयन एनडीडीबी (राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड) द्वारा राज्य सरकार के माध्यम से संबंधित राज्य की सहकारी दुग्ध संगठनों/दुग्ध फेडरेशन के द्वारा किया जा रहा है। 

 

8.वर्ल्ड रैपिड चेस चैंपियनिशप में विश्वनाथन आनंद ने मैग्नस कार्लसन को हराया :-

विश्वनाथन आनंद ने रियाद में खेले जा रहे वर्ल्ड रैपिड चेस चैंपियनशिप में वर्ल्ड नंबर-1 मैग्नस कार्लसन को हरा दिया है। मैग्नस कार्लसन ने 2013 में आनंद को हराकर नंबर-1 का ताज अपने नाम कर लिया था।  

आनंद और कार्लसन के बीच मुकाबला 34 चालों तक चला। कार्लसन से पहले रूस के व्लादमीर फेडोसीव के साथ आनंद ने ड्रॉ खेला था।

 

9.कांग्रेस ने पीएम मोदी की राजस्थान यात्रा को बताया चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन :-

राजस्थान की दो संसदीय सीटों एवं एक विधानसभा सीट के लिए उप चुनाव की तारीख घोषित होने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दो दिन की यात्रा पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने इसे चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।

 

10.Bigg Boss 11 में शिल्पा शिंदे को मिला टिकट टू फिनाले :-

बिग बॉस 11 अब फिनाले के बेहद नज़दीक हैं। घर के प्रतिभागियों ने बिग बॉस के टफ टास्क को पार कर अपनी जगह बना ली है, लेकिन फिनाले में कौन-कौन से प्रतिभागी शामिल होने वाले हैं। अभी इस ख़बर की पुष्टि नहीं हुई थी, लेकिन सूत्रों की मानें तो एक प्रतिभागी का नाम फाइनल हो चुका है और वह नाम कोई और नहीं बल्कि शिल्पा शिंदे का है।