100 बिलियन अमरीकी डालर वार्षिक राजस्व हासिल करने वाली पहली भारतीय कंपनी बन गई ‘रिलायंस’

0
97

1.राष्‍ट्रपति राम नाथ कोविंद ने नई दिल्‍ली में वीरता पुरस्‍कार प्रदान किए। सेनाध्‍यक्ष जनरल मनोज पांडे को परम विशिष्‍ट सेवा पदक दिया गया

राष्‍ट्रपति राम नाथ कोविंद ने नई दिल्‍ली में राष्‍ट्रपति भवन में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह 2022 में वीरता पुरस्‍कार प्रदान किए। उन्‍होंने वीरता, साहस और कर्तव्‍य के प्रति समर्पण प्रदर्शित करने के लिए सशस्‍त्र सेनाओं के कर्मिकों को 13 शौर्य चक्र प्रदान किए। इनमें 6 जवानों को यह सम्‍मान मरणोपरांत दिया गया। राष्‍ट्रपति ने असाधारण कार्य और विशिष्‍ट सेवा के लिए 14 परम विशिष्‍ट सेवा पदकचार उत्‍तम युद्ध सेवा पदक और 24 अति विशिष्‍ट सेवा पदक भी प्रदान किए। सेनाध्‍यक्ष जनरल मनोज पांडे ने राष्‍ट्रपति से परम विशिष्‍ट सेवा पदक प्राप्‍त किया। कैप्‍टन आशुतोष कुमार को मरणोपरांत शौर्य चक्र से सममानित किया गया। वे जम्‍मू-कश्‍मीर में एक आतंकरोधी अभियान में शहीद हो गए थे। राष्‍ट्रीय राइफल्‍स के हवलदार अनिल तोमर, हवलदार पिंकू कुमार, हवलदार काशीराई बम्‍मनाल्‍ली, नायब सूबेदार श्रीजीत एम और सिपाही जसवंत रेड्डी को उनके वीरतापूर्ण कार्यों के लिए मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्‍मानित किया गया।

2.प्रियंका मोहिते 8,000 मीटर से अधिक ऊँची पाँच चोटियों को फतह करने वाली पहली भारतीय महिला

पश्चिमी महाराष्ट्र की सतारा निवासी प्रियंका मोहिते 05 मई, 2022 को कंचनजंगा पर्वत की चढ़ाई के बाद 8,000 मीटर से अधिक ऊँची पाँच चोटियों को फतह करने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। प्रियंका ने 05 मई को शाम 4.52 बजे दुनिया की तीसरी सबसे ऊँची चोटी कंचनजंगा (8,586 मीटर) का अपना अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया। प्रियंका मोहिते को वर्ष 2020 में तेनजिंग नार्गे एडवेंचर पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उन्होंने अप्रैल 2021 में माउंट अन्नपूर्णा चोटी को फतह किया था जो दुनिया की 10वीं सबसे ऊँची चोटी है। इसकी ऊँचाई 8,091 मीटर है। 30 साल की उम्र में ही प्रियंका मोहिते 8,485 मीटर की ऊँचाई वाले माउंट मकालू को भी फतह कर चुकी हैं। वह 5,895 मीटर ऊँचाई वाले माउंट किलिमंजारो की भी चढ़ाई कर चुकी हैं।

3.जम्मू-कश्मीर: एलजी मनोज सिन्हा ने सबसे पुराने सूर्य मंदिर के खंडहर में आयोजित एक धार्मिक समारोह में भाग लिया

जम्मू और कश्मीर के उपराज्यपाल ने भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण के तहत संरक्षित स्मारक, 8 वीं शताब्दी के मार्तंड सूर्य मंदिर के खंडहर में आयोजित एक धार्मिक समारोह में भाग लिया। इस मंदिर को “राष्ट्रीय महत्त्व के स्थलों ” के रूप में मान्यता दी गई है। मार्तंड सूर्य मंदिर जिसे पांडौ लैदान के नाम से भी जाना जाता है, एक हिंदू मंदिर है जो सूर्य (हिंदू धर्म में प्रमुख सौर देवता) को समर्पित है और 8वीं शताब्दी ईसवी के दौरान बनाया गया था। मार्तंड का एक और संस्कृत पर्याय सूर्य है। इसका निर्माण कार्कोट राजवंश के तीसरे शासक ललितादित्य मुक्तापीड ने करवाया था। यह अब खंडहर के रूप में है, क्योंकि इसे मुस्लिम शासक सिकंदर शाह मिरी के आदेश से नष्ट कर दिया गया था। यह मंदिर भारतीय केंद्रशासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर में अनंतनाग से पाँच मील की दूरी पर स्थित है। खंडहरों और संबंधित पुरातात्विक निष्कर्षों से यह कहा जा सकता है कि यह कश्मीरी वास्तुकला का एक उत्कृष्ट नमूना था, जिसने गंधार, गुप्त और चीनी वास्तुकला के रूपों को मिश्रित किया था। मंदिर केंद्रीय रूप से संरक्षित स्मारकों की सूची में मार्तंड (सूर्य मंदिर) के रूप में है।

4.रेलटेल ने प्रधानमंत्री वाईफाई एक्‍सेस नेटवर्क इंटर फेस-पीएम- वानी योजना आरंभ की

सार्वजनिक क्षेत्र की मिनी रत्‍न कंपनी रेलटेल ने प्रधानमंत्री वाईफाई एक्‍सेस नेटवर्क इंटर फेस-पीएम- वानी योजना आरंभ की है। इस योजना से देशभर के सौ रेलवे स्‍टेशनों में वाईफाई सेवाएं उपलब्‍ध करायी जाएंगी। जन कल्‍याण की इस योजना का रेलटेल के अध्‍यक्ष और प्रबंध निदेशक पुनीत चावला ने शुभारंभ किया। इस वाईफाई नेटवर्क का लाभ लेने के लिए एंड्रॉइड उपयोग कर्ता अपने फोन पर गूगल प्‍ले स्‍टोर से मोबाइल ऐप वाई डॉट डाउन लोड कर सकते हैं। इस एप को सी डॉट के सहयोग से विकस‍ित किया गया है। लोग इन स्‍टेशनों पर रेलवायर सर्विस सेट आइडेंटीफायर-एसएसआईडी का चयन कर परंपरागत पद्धति के अलावा मोबाइल ऐप से भी वाईफाई सुविधा ले सकते हैं। पीएम वानी दूरसंचार विभाग की महत्‍वाकांक्षी योजना है जिसका उद्देश्‍य आम जनता के लिए वाईफाई नेटवर्क और ब्रॉडबैंड सेवाओं का विस्‍तार करना है। सरकार पीएम वानी को जून 2022 तक चरणबद्ध रूप से सभी छह हजार एक सौ दो रेलवे स्‍टेशनों तक पहुंचाना चाहती है।

5.पत्रकारिता, पुस्तक लेखन, नाटक और संगीत के क्षेत्र में वर्ष 2022 के पुलित्जर पुरस्कारों की घोषणा

पत्रकारिता, पुस्तक लेखन, नाटक और संगीत के क्षेत्र में वर्ष 2022 के पुलित्जर पुरस्कारों की कल घोषणा कर दी गई। पुलित्जर की वेबसाइट के अनुसार दिवंगत फोटो पत्रकार दानिश सिद्दीकी और उनके तीन सहयोगियों अदनान आबीदी, सना इरशाद मट्टू और अमित दवे को फीचर फोटोग्राफी के क्षेत्र में पुरस्कारों के लिए चुना गया है। 38 वर्षीय दानिश सिद्दीकी की पिछले वर्ष अफगानिस्तान में मौत हो गई थी। लॉस एंजेलिस टाइम्स के मारकस येम को ब्रेकिंग न्यूज फोटोग्राफी श्रेणी का पुरस्कार दिया गया है। वाशिंगटन पोस्ट ने लोकसेवा पत्रकारिता के क्षेत्र में पुलित्जर पुरस्कार जीता है। यह पुरस्कार छह जनवरी को अमरीकी राजधानी में हुए विद्रोह को कवर करने के लिए प्रदान किया गया है। पुलित्ज़र पुरस्कार को पत्रकारिता के क्षेत्र में अमेरिका का सबसे प्रतिष्ठित सम्मान माना जाता है। इस पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 1917 में की गई थी, जिसे कोलंबिया विश्वविद्यालय और ‘पुलित्ज़र पुरस्कार बोर्ड’ द्वारा प्रशासित किया जाता है। ‘पुलित्ज़र पुरस्कार बोर्ड’ का गठन कोलंबिया विश्वविद्यालय द्वारा नियुक्त न्यायाधीशों द्वारा होता है। यह पुरस्कार प्रसिद्ध समाचार पत्र प्रकाशक जोसेफ पुलित्ज़र के सम्मान में दिया जाता है। जोसेफ पुलित्ज़र ने कोलंबिया विश्वविद्यालय में पत्रकारिता स्कूल को शुरू करने तथा पुरस्कार की शुरुआत करने के लिये अपनी वसीयत से धन दिया था।

6.सरकार वर्ष 2024-2025 तक 33 नए घरेलू कार्गो टर्मिनल स्थापित करेगी

सरकार वर्ष 2024-2025 तक 33 नए घरेलू कार्गो टर्मिनल स्थापित करेगी जो भारत के कार्गो क्षेत्र की प्रगति में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एयर कार्गो फोरम इंडिया के वार्षिक कार्यक्रम में यह बात कही। कार्गो क्षेत्र में सुधारों के बारे में श्री सिंधिया ने कहा कि उद्योगपतियों को एक करोड़ मीट्रिक टन कार्गो के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए टियर-2 और 3 शहरों से महानगरों तक छोटे कार्गो भार के परिवहन पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह लक्ष्‍य छोटे आकार के विमानों की खरीद से हासिल किया जा सकता है। उन्‍होंने कहा कि इसके लिए 2024-2025 तक 33 नए घरेलू कार्गो टर्मिनल स्थापित किए जाएंगे। श्री सिं‍धिया ने व्‍यवसाय करने में आसानी पर जोर देते हुए कहा कि कार्गो क्षेत्र में तेजी लाने के लिए प्रक्रियाओं को कागज रहित बनाना, ऑटोमेशन करना और डिजिटीकरण करना आवश्‍यक है।

7.उत्‍तराखंड में मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने चम्‍पावत विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन भरा

उत्‍तराखंड में भारतीय जनता पार्टी उम्‍मीदवार और मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने चम्‍पावत विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन भरा। कांग्रेस उम्‍मीदवार निर्मला गहतोडी 11 मई को नामांकन दाखिल करेंगी। 31 मई को मतदान होगा और तीन जून को वोटों की गिनती की जायेगी।

8.गृहमंत्री अमित शाह ने गुवाहाटी में एक विशेष समारोह में असम पुलिस को राष्‍ट्रपति ध्‍वज प्रदान किया

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि असम में उग्रवाद करीब करीब समाप्‍त हो गया है और प्रदेश में स्‍थायी शांति के लिए बचे हुए संगठनों से बातचीत जारी है। गुवाहाटी में असम पुलिस को राष्‍ट्रपति ध्‍वज प्रदान करने के विशेष समारोह में श्री शाह ने यह बात कही। असम दसवां राज्‍य है जिसे उत्‍कृष्‍ट सेवाओं के लिए यह सम्‍मान मिला है। श्री शाह ने कहा कि लगभग सभी उग्रवादी संगठन समाज की मुख्‍य धारा में शामिल हो गए हैं और सरकार ने उन सभी का पुर्नवास किया है। दशकों बाद राज्‍य में उग्रवाद और खूनखराबा रूक गया है और प्रदेश में शांति लौट आयी है। गृहमंत्री ने कहा कि सशस्‍त्र बल विशेषाधिकार अधिनियम असम और पूर्वोत्‍तर क्षेत्र में विवादास्‍पद मुद्दा था। केन्‍द्र सरकार ने हाल ही में हालात सामान्‍य होने पर असम के 23 जिलों में इस अधिनियम को हटा लिया है। राष्ट्रपति ध्वज एक विशिष्ट सम्‍मान है जो किसी भी सैन्य या पुलिस इकाई को युद्ध या शांतिकाल में राष्ट्र के प्रति असाधारण सेवाओं के लिए दिया जाता है। गृहमंत्री अमित शाह, असम में हिमंत बिस्‍व सरमा सरकार की पहली वर्षगांठ के अवसर पर गुवाहाटी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।

9.गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि अगली जनगणना शत-प्रतिशत सटीकता के साथ पूरी तरह से डिजिटल होगी

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि अगली जनगणना शतप्रतिशत सटीकता के साथ पूरी तरह डिजिटल होगी। उन्होंने कहा कि जन्म और मृत्यु रजिस्टर को जनगणना के साथ जोड़ा जाएगा। गृहमंत्री ने कहा कि देश में प्रत्येक जन्म और मृत्यु के बाद इलेक्ट्रॉनिक प्रक्रिया से स्वतः जनगणना अद्यतन की जाएगी। उन्होंने कहा, सॉफ्टवेयर के जरिए लोगों के निवास बदलने और 18 वर्ष पूरे होने पर मतदाता बनने का ब्यौरा भी अद्यतन हो जाएगा। असम के कामरूप जिले के अमीन गांव में जनगणना संचालन निदेशालय के नए कार्यालय भवन का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि डिजिटल जनगणना अगले 25 वर्ष के लिए देश की नीतियों को आकार देगी। उन्होंने कहा कि 2021 की जनगणना में कोविड महामारी के कारण विलम्ब हुआ और यह 2024 तक पूरी कर ली जाएगी।

10.2024 तक सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों की संख्‍या में पचास प्रतिशत कमी लाने का लक्ष्य

केंद्र सरकार सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और वर्ष 2024 तक सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों की संख्‍या में पचास प्रतिशत कमी लाने का लक्ष्य रखा है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा के मुद्दों को हितधारकों के साथ मिलकर निपटने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा बहुत ही संवेदनशील मामला है। सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और संभावित दुर्घटना स्‍थलों पर तुरंत ध्‍यान दिया जाना चाहिए।

11.केंद्रीय मंत्री भारती पवार ने अटल नवाचार मिशन – प्राइम प्लेबुक का किया लोकार्पण

केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री भारती पवार ने नई दिल्ली में अटल नवाचार मिशन – प्राइम प्लेबुक का लोकार्पण किया। इसका उद्देश्य उद्यमियों को बढ़ावा देने में मदद करना है। इससे सभी विज्ञान आधारित उद्यम शुरू करने के इच्छुक उद्यमियों के साथ ‘लैब से लैंड‘ तक प्रौद्योगिकी पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। इसका लक्ष्‍य वैज्ञानिकों, स्टार्टअप्स और इन्क्यूबेटर्स को उनके तकनीकी विचारों के अलावा अन्‍य आवश्‍यक जानकारी प्रदान करना भी है।

12.भारतीय नौसेना बना रही है GISAT-2 उपग्रह ख़रीदने की योजना

भारतीय नौसेना ने अपने आधुनिकीकरण और नेटवर्क-केंद्रित युद्ध और संचार कार्यक्रम के हिस्से के रूप में इस वित्तीय वर्ष में एक विशेष पृथ्वी इमेजिंग उपग्रह जियो इमेजिंग सैटेलाइट -2 (Geo Imaging Satellite/GISAT-2) ख़रीदने की योजना बनाई है। इस उपग्रह से हिंद महासागर क्षेत्र में नौसेना की परिचालन क्षमताओं में सुधार होने की संभावना है, जो चीन के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए रणनीतिक और भू-राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है।

13.100 बिलियन अमरीकी डालर वार्षिक राजस्व हासिल करने वाली पहली भारतीय कंपनी बन गई ‘रिलायंस’

रिलायंस इंडस्ट्रीज100 अरब डॉलर से अधिक का वार्षिक राजस्व दर्ज़ करने वाली पहली भारतीय कंपनी बन गई है। 31 मार्च, 2022 को समाप्त चौथी तिमाही में रिलायंस इंडस्ट्रीज के समेकित शुद्ध लाभ में 22.5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज़ की गई। रिलायंस ने खुदरा, डिजिटल सेवाओं और तेल और गैस कारोबार में मज़बूत वृद्धि दर्ज़ की है। कंपनी ने साल-दर-साल 33,968 करोड़ रुपये (28%) की उच्चतम तिमाही EBITDA (ब्याज, कर, मूल्यह्रास और परिशोधन से पहले कमाई – earnings before interest, taxes, depreciation and amortisation) की भी रिपोर्ट की है।

14.अनुराग ठाकुर ने लॉन्च की खेलो इंडिया यूथ गेम्स का मैस्कट, लोगो और जर्सी

केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने पंचकूला में चौथे खेलो इंडिया यूथ गेम्स के आधिकारिक लोगो, आधिकारिक जर्सी और थीम गीत के साथ शुभंकर (मैस्कट) ‘धाकड़’ को लॉन्च किया। उन्होंने खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेज़बानी के लिए हरियाणा के प्रयास की सराहना की। हरियाणा 4 जून से 13 जून तक पंचकूला, चंडीगढ़, शाहाबाद, अंबाला और दिल्ली में खेलो इंडिया यूथ गेम्स के चौथे संस्करण की मेज़बानी करेगा। यह वर्ष 2021 में आयोजित होने वाला था, लेकिन COVID-19 महामारी के कारण इसमें देरी हो गई।

15.जूनियर निशानेबाजी विश्‍वकप जर्मनी के सूल में शुरू

जूनियर निशानेबाजी विश्‍वकप जर्मनी के सूल में शुरू हो रहा है। स्‍टार निशानेबाज मनु भाकर और सौरभ चौधरी भारतीय दल का प्रतिनिधित्‍व कर रहे हैं। भारतीय राष्‍ट्रीय राइफल संघ ने जूनियर विश्‍व कप के लिए 51 निशानेबाजों का चयन किया है। इनमें अनीश भानवाला, नाम्‍या कपूर, विवान कपूर, उदयवीर सिद्धु, विजयवीर सिद्धु, ईशा सिंह और रिदिम सांगवान शामिल हैं।

16.मैड्रिड ओपन टेनिस टूर्नामेंट में स्‍पेन के कार्लोस अल-कराज ने पुरुषों का सिंगल्‍स, ट्यूनिशिया की ओंस जेबियोर ने महिला सिंगल्‍स का खिताब जीता

स्‍पेन के कार्लोस अल-कराज ने मैड्रिड ओपन टेनिस टूर्नामेंट में पुरुषों का सिंगल्‍स खिताब जीत लिया है। उन्‍होंने फाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्‍त जर्मनी के एलेक्‍जेंडर ज्‍वेरेव को लगातार सेट में 6-3, 6-1 से हराया। कार्लोस ने टूर्नामेंट में अपने देश के राफेल नडाल और दुनिया के नम्‍बर एक खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच को भी हराया था। इस जीत के बाद, कार्लोस विश्‍व रैंकिंग में छठे स्‍थान पर पहुंच जाएंगे। उन्‍होंने पिछले महीने म्‍यामी मास्‍टर का खिताब भी जीता था। वे इस वर्ष अब तक चार खिताब जीत चुके हैं। इससे पहले ट्यूनिशिया की ओंस जेबियोर ने महिला सिंगल्‍स का खिताब जीता। विश्‍व में दसवें नम्‍बर की खिलाड़ी जेबियोर ने फाइनल में अमरीका की जेसिका पिगुला को सात-पांच, शून्‍य-छह, छह-दो से पराजित किया। वह इस जीत के बाद वे महिला मास्‍टर्स का खिताब जीतने वाली पहली अफ्रीकी खिलाडी बन गई हैं। विश्‍व में वे दसवें नम्‍बर की खिलाड़ी हैं और ऐसा पहली बार हुआ है, जब कोई अरब टेनिस खिलाड़ी दुनिया के शीर्ष दस खिलाडियों में शामिल हुआ है। पुरुषों का डबल्‍स खिताब वेस्‍ले कूलहॉफ और नील स्‍कूपस्‍की की जोड़ी ने जीता।

17.मैक्स वेरस्टाप्पन ने जीता मियामी ग्रांड प्रिक्स 2022

F1 विश्व चैंपियन मैक्स वेरस्टाप्पन ने फेरारी प्रतिद्वंद्वी चार्ल्स लेक्लर को हराकर रेड बुल के लिए उद्घाटन मियामी ग्रांड प्रिक्स जीता है। लेक्लेर (फेरारी) दूसरे स्थान पर रहे और स्पेनिश टीम के साथी कार्लोस सैन्ज़ (फेरारी) मियामी ग्रां प्री 2022 में तीसरे स्थान पर रहे। वेरस्टाप्पन की यह इस सत्र की पांच रेस में तीसरी जीत है। अपने करियर की 23वीं जीत से वह अब लेकरेक से केवल 19 अंक पीछे रह गये हैं।

18.प्रधानमंत्री ने गोपाल कृष्ण गोखले को उनकी जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी

भारत के प्रधानमंत्री ने गोपाल कृष्ण गोखले को उनकी जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। गोपाल कृष्ण गोखले एक महान समाज सुधारक और शिक्षाविद थे जिन्होंने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन को अनुकरणीय नेतृत्त्व प्रदान किया। इनका जन्म 9 मई, 1866 को वर्तमान महाराष्ट्र (तत्कालीन बॉम्बे प्रेसीडेंसी का हिस्सा) के कोटलुक गाँव में हुआ था। गोखले ने सामाजिक सशक्तीकरण, शिक्षा के विस्तार और तीन दशकों तक भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की दिशा में कार्य किया तथा प्रतिक्रियावादी या क्रांतिकारी तरीकों के इस्तेमाल को खारिज किया। वर्ष 1899 से 1902 के बीच वह बॉम्बे लेजिस्लेटिव काउंसिल के सदस्य रहे और वर्ष 1902 से 1915 तक उन्होंने इम्पीरियल लेजिस्लेटिव काउंसिल में काम किया। इम्पीरियल लेजिस्लेटिव काउंसिल में काम करने के दौरान गोखले ने वर्ष 1909 के मॉर्ले-मिंटो सुधारों को तैयार करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह भारतीय राष्ट्रीय कॉन्ग्रेस (INC) के नरम दल से जुड़े थे (वर्ष1889 में शामिल)। बनारस अधिवेशन 1905 में वह INC के अध्यक्ष बने। भारतीय शिक्षा के विस्तार के लिये वर्ष 1905 में उन्होंने सर्वेंट्स ऑफ इंडिया सोसाइटी (Servants of India Society) की स्थापना की। वह महादेव गोविंद रानाडे द्वारा शुरू की गई ‘सार्वजनिक सभा पत्रिका’ से भी जुड़े थे। वर्ष 1908 में गोखले ने रानाडे इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक्स की स्थापना की। उन्होंने अंग्रेज़ी साप्ताहिक समाचार पत्र ‘द हितवाद’ की शुरुआत की। एक उदार राष्ट्रवादी के रूप में महात्मा गांधी ने उन्हें राजनीतिक गुरु माना था। महात्मा गांधी ने गुजराती भाषा में गोपाल कृष्ण गोखले को समर्पित एक पुस्तक ‘धर्मात्मा गोखले’ लिखी।