2025 में मुंबई एशिया के सबसे खुशहाल शहरों में शीर्ष पर

0
21

1 2025 में मुंबई एशिया के सबसे खुशहाल शहरों में शीर्ष पर

हाल ही में टाइम आउट (Time Out) द्वारा एशिया के 18,000 से अधिक निवासियों पर किए गए सर्वेक्षण में मुंबई को एशिया का सबसे खुशहाल शहर (Happiest City in Asia 2025) घोषित किया गया। सर्वे में संस्कृति, भोजन, नाइटलाइफ़ और जीवन की समग्र गुणवत्ता जैसे मानकों का मूल्यांकन किया गया। भीड़भाड़ और व्यस्त जीवनशैली के बावजूद, मुंबई की अद्वितीय ऊर्जा और आकर्षण ने इसे शीर्ष स्थान दिलाया। एशिया के शीर्ष 5 खुशहाल शहर (2025)

क्रमांक शहर
1 मुंबई (भारत)
2 बीजिंग (चीन)
3 शंघाई (चीन)
4 चियांग माई (थाईलैंड)
5 हनोई (वियतनाम)

2 धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा के तहत मुंबई में राष्ट्रीय जनजातीय चित्रकला प्रदर्शनी – “आदि चित्र” का शुभारंभ

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में, भारत सरकार का जनजातीय कार्य मंत्रालय कला, संस्कृति, उद्यमिता और सतत आजीविका को एकीकृत करने वाली पहलों के माध्यम से जनजातीय समुदायों के समग्र विकास और सशक्तिकरण को आगे बढ़ा रहा है। इसी भावना के साथ मंत्रालय, भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ लिमिटेड (ट्राइफेड) के सहयोग से राष्ट्रीय जनजातीय चित्रकला प्रदर्शनी “आदि चित्र” का आयोजन कर रहा है। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में चल रहे जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा (1-15 नवंबर 2025) के तहत, इस प्रदर्शनी का उद्घाटन सोमवार, 10 नवंबर 2025 को पी. एल. देशपांडे महाराष्ट्र कला अकादमी, प्रभादेवी, मुंबई में हुआ।
100 से अधिक उत्कृष्ट जनजातीय कलाकृतियों को एक साथ प्रस्तुत करते हुए, आदि चित्र आगंतुकों को भारत की जीवंत स्वदेशी कला परंपराओं की एक गहन यात्रा प्रदान करने का प्रयास है। प्रदर्शनी में शामिल हैं :

  • महाराष्ट्र से वारली चित्रकलाएँ
  • ओडिशा से सौरा और पट्टचित्र कला
  • मध्य प्रदेश से गोंड और भील कला
  • गुजरात से पिथोरा चित्रकलाएँ

प्रत्येक कलाकृति प्रकृति, आध्यात्मिकता और सामुदायिक जीवन के बीच गहरे संबंधों को दर्शाती है – सद्भाव, लचीलेपन और मानव और उसके पर्यावरण के बीच शाश्वत बंधन की कहानियाँ बयां करती है।

3 रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने डीपीएसयू भवन का किया उद्घाटन

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को अत्याधुनिक डीपीएसयू भवन का उद्घाटन किया और आत्मनिर्भरता तथा सहयोग की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से रक्षा सार्वजनिक उपक्रमों (Defence PSUs) के बीच तीन महत्वपूर्ण समझौतों (MoUs) पर हुए हस्ताक्षरों की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने चार रक्षा सार्वजनिक उपक्रमों को मिनीरत्न का दर्जा प्राप्त होने पर सम्मानित भी किया। कार्यक्रम के दौरान हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) और भारत डायनेमिक्स लिमिटेड (BDL) ने यंत्र इंडिया लिमिटेड (YIL) के साथ दो एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इन समझौतों का उद्देश्य YIL के आधुनिकीकरण को सहयोग देना और 10,000 टन क्षमता वाले फॉर्जिंग प्रेस संयंत्र की स्थापना करना है, जो रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्रों में उपयोग होने वाले एल्युमिनियम अलॉय की आयात निर्भरता को कम करने की दिशा में अहम कदम है। HAL ने YIL को 435 करोड़ रुपये का ब्याज-मुक्त अग्रिम देने की प्रतिबद्धता जताई है, जबकि BDL अगले दस वर्षों में 3,000 मीट्रिक टन तक के सतत कार्यभार की आपूर्ति करेगा। तीसरा एमओयू एमआईडीएचएएनआई (MIDHANI) में मेटल बैंक की स्थापना के लिए किया गया, ताकि राष्ट्रीय महत्व की रक्षा परियोजनाओं के लिए आवश्यक कच्चे माल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। सतत और हरित रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए राजनाथ सिंह ने SWAYAM (Sustainable and Green Defence Manufacturing) पहल की शुरुआत की। यह एक व्यापक दस्तावेज है जो डीपीएसयू में हो रहे ग्रीन ट्रांजिशन को दर्शाता है। Comprehensive Energy Efficiency Action Plan (CEEAP) 2023 पर आधारित SWAYAM में ऊर्जा दक्षता बढ़ाने, नवीकरणीय ऊर्जा अपनाने और कार्बन उत्सर्जन घटाने के उपायों का विवरण दिया गया है। SWARNA डैशबोर्ड और DPSU Efficiency Index जैसे डिजिटल टूल्स से सशक्त यह पहल, स्थिरता और आत्मनिर्भरता को जोड़ने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

4 श्री अमित शाह ने नई दिल्ली में शहरी सहकारी ऋण क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘Co-Op Kumbh 2025’ को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित किया

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने नई दिल्ली में शहरी सहकारी ऋण क्षेत्र के अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन ‘Co-Op Kumbh 2025’ को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित किया। अमित शाह ने इस दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में ‘सहकार डिजी-पे‘ और ‘सहकार डिजी-लोन’ मोबाइल ऐप की शुरुआत करते कहा कि कैशलेस अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ते भारत में डिजिटल भुगतान समय की मांग है। शहरी सहकारी बैंकों को प्रतिस्पर्धा में टिके रहना है तो डिजिटल लेन-देन अपनाना ही होगा। उन्होंने दो वर्षों में डेढ़ हजार शहरी सहकारी बैंकों के इस प्लेटफार्म से जुड़ने का लक्ष्य रखा। 2 लाख से अधिक आबादी वाले हर शहर में 5 साल में एक अर्बन सहकारी बैंक बनाने का लक्ष्य भी रखा है। उन्होंने कहा कि सहकारिता राज्यों का विषय है। फिर भी केंद्र ने नीतिगत मार्गदर्शन देकर एकरूपता सुनिश्चित की है। प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) के माडल अब लगभग सभी राज्यों ने स्वीकार कर ली हैं, जिससे इनके कंप्यूटरीकरण और सेवाओं के विस्तार का रास्ता खुला है। अमित शाह ने सहकारिता की दो प्रमुख संस्थाओं अमूल और इफको की वैश्विक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय सहकारी संघ (आइसीए) ने अमूल को विश्व की नंबर-1 और इफको को नंबर-2 सहकारी संस्था का दर्जा दिया है, जो इस बात का प्रमाण है कि भारत का सहकारी माडल आज भी उतना ही प्रासंगिक और प्रभावशाली है जितना दशकों पहले था।

5 केन्‍द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने ओडिशा की अगुवाई में बाजरा को प्रोत्‍साहन देने पर मंडिया दिवस समारोह में प्रकाश डाला

केन्‍द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री, श्री शिवराज सिंह चौहान ने भुवनेश्वर के लोक सेवा भवन स्थित कन्वेंशन सेंटर में “मंडिया दिवस” ​​(बाजरा दिवस) समारोह का उद्घाटन किया और भारत के बाजरा आंदोलन को जन-जन के मिशन में बदलने में ओडिशा के अनुकरणीय योगदान पर प्रकाश डाला।

6 भारत और सऊदी अरब ने सांस्कृतिक सहयोग समझौता पर हस्ताक्षर किए

संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और सऊदी अरब के संस्कृति मंत्री प्रिंस बद्र बिन अब्दुल्ला बिन फरहान अल सऊद ने 9 नवंबर 2025 को रियाद में सांस्कृतिक सहयोग पर द्विपक्षीय समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस समझौता ज्ञापन का उद्देश्य कला, विरासत, संगीत और साहित्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देकर दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मज़बूत करना है। यह सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने, नियामक और नीतिगत अनुभवों को साझा करने और त्योहारों एवं आयोजनों में भागीदारी को सुगम बनाने पर आधारित है। यह समझौता सांस्कृतिक संस्थानों के बीच संचार को भी प्रोत्साहित करता है और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण से संबंधित ज्ञान और व्यवहार के आदान-प्रदान को बढ़ावा देता है।

7 भारत-श्रीलंका संयुक्त अभ्यास मित्र शक्ति XI-2025 शुरू

भारत और श्रीलंका के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास “अभ्यास मित्र शक्ति-2025” का ग्यारहवां संस्करण कर्नाटक में बेलगावी स्थित विदेशी प्रशिक्षण केंद्र में शुरू हुआ। यह अभ्यास 10 से 23 नवंबर 2025 तक चलेगा। भारतीय दल में 170 सैनिक शामिल हैं, जिनमें से अधिकांश राजपूत रेजिमेंट के जवान हैं। श्रीलंका की ओर से 135 सैनिक हैं, जिनमें से अधिकांश गजबा रेजिमेंट के जवान हैं। भारतीय वायु सेना के 20 और श्रीलंकाई वायु सेना के 10 सैनिक भी इस सैन्य अभ्यास में भाग ले रहे हैं।

8 महिला जूनियर हॉकी विश्व कप: भारतीय टीम की कमान संभालेंगी ज्योति सिंह, 25 नवंबर से 13 दिसंबर के बीच चिली में आयोजन

एफआईएच महिला जूनियर हॉकी विश्व कप 2025 का आयोजन 25 नवंबर से 13 दिसंबर के बीच चिली के सैंटियागो में होगा। हॉकी इंडिया ने इस विश्व कप के लिए 18 खिलाड़ियों के साथ दो वैकल्पिक खिलाड़ियों वाली 20 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। भारतीय टीम की कमान ज्योति सिंह को सौंपी गई है, जबकि निधि और एंगिल हर्षा रानी मिंज गोलकीपिंग का जिम्मा संभालेंगी।

9 राष्ट्रीय राजधानी स्थित प्रतिष्ठित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम को स्पोर्ट्स सिटी के रूप में पुनर्विकसित किया जाएगा

राष्ट्रीय राजधानी स्थित प्रतिष्ठित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम को स्पोर्ट्स सिटी के रूप में पुनर्विकसित किया जाएगा। इसमें सभी प्रमुख खेलों की सुविधाओं के साथ-साथ खिलाड़ियों के लिए आवास की सुविधा भी होगी। स्टेडियम के एक सौ दो एकड़ क्षेत्र का पूरी तरह से पुनर्निर्माण किया जाएगा। यह योजना केवल एक प्रस्ताव है। इसलिए इस परियोजना की समय-सीमा अभी तय नहीं की गई है। इसकी रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए कतर और ऑस्ट्रेलिया के स्पोर्ट्स सिटी का मूल्यांकन किया जा रहा है।

10 सम्राट राणा ने मिस्र के काहिरा में आईएसएसएफ विश्व निशानेबाजी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता

भारत के सम्राट राणा ने काहिरा में आईएसएसएफ निशानेबाजी विश्व चैंपियनशिप में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। इस जीत के साथ राणा व्यक्तिगत एयर पिस्टल विश्व खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। राणा ने 243.7 अंकों के साथ पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता। भारत के ही वरुण तोमर को कांस्य पदक मिला। इससे पहले दोनों निशानेबाजों ने 586-586 अंकों के साथ क्वालीफिकेशन राउंड में शीर्ष स्थान हासिल किया था। राणा ने वरुण तोमर और श्रवण कुमार के साथ मिलकर भारत को पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा का स्वर्ण दिलाने में भी मदद की। राणा ओलंपिक स्पर्धा में विश्व खिताब जीतने वाले पाँचवें भारतीय निशानेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह उपलब्धि अभिनव बिंद्रा, रुद्राक्ष पाटिल, तेजस्विनी सावंत और शिव नरवाल व ईशा सिंह की की जोडी को मिली थी। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर व्यक्तिगत पदक से चूक गईं लेकिन उन्होंने ईशा सिंह और सुरुचि सिंह के साथ महिला टीम स्पर्धा का रजत पदक जीता। काहिरा चैंपियनशिप में भारत के पदकों की संख्या नौ हो गई है, जिसमें तीन स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं। पदक तालिका में भारत चीन के बाद दूसरे स्थान पर है। चीन के 12 पदक हैं।

11 विश्व विज्ञान दिवस 2025

हर साल 10 नवंबर को पूरी दुनिया विश्व शांति और विकास के लिए विश्व विज्ञान दिवस मनाती है। इसे यूनेस्को (UNESCO) ने 2001 में स्थापित किया था। इस दिवस का उद्देश्य यह दिखाना है कि विज्ञान किस तरह से शांति को बढ़ावा देता है, वैश्विक चुनौतियों का समाधान करता है और मानव जीवन को बेहतर बनाता है। वर्ष 2025 की थीम “विश्वास, परिवर्तन और भविष्य: 2050 के लिए आवश्यक विज्ञान

12 प्रख्यात कवि और गीतकार, आंदे श्री का 64 वर्ष की आयु में हैदराबाद में निधन

प्रख्यात कवि और गीतकार, आंदे श्री का हैदराबाद में निधन हो गया। वह तेलंगाना राज्य गीत ‘जय जयहे तेलंगाना’ के रचयिता थे। आंदे श्री का जन्‍म 1961 में सिद्दीपेट जिले के रेबर्थी गाँव में आंदे येलन्ना के रूप में हुआ था। आंदे श्री तेलुगु साहित्य जगत की सबसे प्रसिद्ध हस्तियों में से एक थे। उन्होंने “जय जयहे तेलंगाना” की रचना की, जो अलग राज्य के आंदोलन के दौरान लाखों लोगों का नारा बन गया और इसे तेलंगाना के आधिकारिक राज्य गीत के रूप में अपनाया गया। तेलंगाना आंदोलन और साहित्य में उनके अभूतपूर्व योगदान के सम्मान में, काकतीय विश्वविद्यालय ने उन्हें डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया। हाल ही में, तेलंगाना राज्य सरकार ने राज्य स्थापना दिवस समारोह के दौरान उन्हें एक करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया।