1 29 साल की उम्र में लुवाना लोप्स लारा दुनिया की सबसे युवा सेल्फ-मेड महिला अरबपति

सिर्फ 29 साल की उम्र में लुवाना लोप्स लारा (Luana Lopes Lara) ने दुनिया की सबसे कम उम्र की सेल्फ-मेड महिला बिलियनेयर बनकर इतिहास रच दिया है। बैले डांसर से फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी की शीर्ष नेतृत्व पंक्ति तक उनका सफ़र जितना तेज़ रहा है, उतना ही प्रेरणादायक भी है। उनकी कंपनी Kalshi—जो एक नवाचारी प्रेडिक्शन मार्केट प्लेटफ़ॉर्म है—हाल ही में 11 अरब डॉलर के मूल्यांकन पर पहुँची। इसने उन्हें स्केल एआई की लूसी गुओ से आगे और यहाँ तक कि फोर्ब्स सूची में टेलर स्विफ्ट जैसी सांस्कृतिक हस्तियों से भी ऊपर पहुँचा दिया। ब्राज़ील में जन्मीं लुवाना का शुरुआती जीवन कला और अकादमिक दोनों से गहराई से जुड़ा था। उन्होंने विश्व प्रसिद्ध Bolshoi Theatre School में बैले का प्रशिक्षण लिया और इसकी अनुशासन-व्यवस्था को “MIT से भी अधिक कठोर” बताया। ऑस्ट्रिया में पेशेवर प्रस्तुति देने के बाद उन्होंने शिक्षा की ओर रुख किया। ब्रिजवॉटर एसोसिएट्स, सिटाडेल और फ़ाइव रिंग्स कैपिटल जैसी शीर्ष वित्तीय कंपनियों में इंटर्नशिप के दौरान लारा और उनके MIT साथी तारिक मंसूर ने एक अहम बाज़ार-रिक्तता पहचानी—ऐसा कोई विनियमित प्लेटफ़ॉर्म नहीं था जहाँ वास्तविक घटनाओं (जैसे चुनाव, महंगाई, नौकरियों के आँकड़े) पर कानूनी रूप से ट्रेडिंग हो सके। यहीं से 2018 में Kalshi का जन्म हुआ। सितंबर 2024 में Kalshi ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की, जिससे यूएस इलेक्शन ट्रेडिंग को मंजूरी मिली। यह निर्णय कंपनी के लिए गेम-चेंजर साबित हुआ और इसके बाज़ार की संभावनाएँ खुल गईं।
2 आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट की कटौती का किया एलान

भारतीय रिज़र्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने शुक्रवार को मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक के फैसलों की घोषणा की। केंद्रीय बैंक ने रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट की कटौती की है। इसके बाद रेपो रेट 5.50% से घटकर 5.25% हो गया है। साथ ही मौद्रिक नीति के रुख को ‘न्यूट्रल’ बनाए रखा गया है। आरबीआई गवर्नर के अनुसार, केंद्रीय बैंक 1 लाख करोड़ रुपये की सरकारी सिक्योरिटीज खरीदकर ओपन मार्केट ऑपरेशंस (ओएमओ) के जरिए अर्थव्यवस्था में तरलता बढ़ाएगा। इसके अतिरिक्त, 5 अरब डॉलर का डॉलर-रुपया स्वैप अरेंजमेंट भी किया जाएगा। केंद्रीय बैंक ने स्टैंडिंग डिपॉजिट फैसिलिटी (एसडीएफ) रेट को घटाकर 5% और मार्जिनल स्टैंडिंग फैसिलिटी (एमएसएफ) रेट को घटाकर 5.50% कर दिया है। इससे पहले अक्टूबर में हुई एमपीसी बैठक में रेपो रेट को स्थिर रखने और नीति रुख को न्यूट्रल बनाए रखने का फैसला लिया गया था। केंद्रीय बैंक ने चालू वित्त वर्ष के लिए जीडीपी वृद्धि दर का अनुमान 7.3% लगाया है, जबकि पहले यह 6.8% था। दिसंबर तिमाही के लिए जीडीपी वृद्धि दर 7%, अगले वर्ष मार्च तिमाही के लिए 6.5%, जून तिमाही के लिए 6.7% और सितंबर तिमाही के लिए 6.8% रहने का अनुमान है। चालू वित्त वर्ष के लिए खुदरा महंगाई दर 2% रहने का अनुमान जताया गया है, जो पहले 2.6% आंकी गई थी।
3 भारत बनेगा क्वांटम सुपरपावर, नीति आयोग ने जारी किया रोडमैप

नीति आयोग के फ्रंटियर टेक हब ने गुरुवार को एक रोडमैप जारी किया है, जिसमें भारत को दुनिया की अग्रणी क्वांटम शक्ति बनाने की दिशा में स्पष्ट मार्गदर्शन दिया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि क्वांटम तकनीक आज हमारे समय की सबसे परिवर्तनकारी शक्तियों में से एक बनने के कगार पर है, जिसका असर स्वास्थ्य, वित्त, लॉजिस्टिक्स, ऊर्जा, सामग्री विज्ञान और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे सभी प्रमुख क्षेत्रों पर पड़ेगा। नीति आयोग के अनुसार, जो देश अभी निर्णायक कदम उठाएंगे, वही अगले दौर की कंप्यूटिंग, संचार और सेंसिंग क्षमताओं का नेतृत्व करेंगे तथा वैश्विक नवाचार और भरोसे की संरचना तय करेंगे। भारत के लिए क्वांटम तकनीक सिर्फ विज्ञान या तकनीक का क्षेत्र नहीं है—यह दुनिया में भारत की नई भूमिका निर्धारित करने का अवसर है, जहां वह शुरुआत से नेतृत्व करे, न कि बाद में नियमों का अनुसरण। क्वांटम तकनीक को भविष्य की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, जैव प्रौद्योगिकी, उन्नत सामग्री और सुरक्षित डिजिटल प्रणालियों की मूल आधारशिला बताया गया है। जारी रोडमैप में राष्ट्रीय क्वांटम मिशन का उपयोग करते हुए अनुसंधान, व्यावसायीकरण और क्वांटम इकोसिस्टम विकास को तेज करने के लिए स्पष्ट कदम सुझाए गए हैं। इसमें भारत की वर्तमान स्थिति, उसकी क्षमताओं और प्रमुख कमियों का विस्तृत विश्लेषण शामिल है।
4 सरकार का नया कदम: पासपोर्ट वेरिफिकेशन रिकॉर्ड अब DigiLocker में उपलब्ध

इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय के राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस प्रभाग (NeGD) ने गुरुवार को घोषणा की कि पासपोर्ट वेरिफिकेशन रिकॉर्ड (PVR) अब डिजिलॉकर में उपलब्ध होगा। यह सेवा विदेश मंत्रालय के सहयोग से शुरू की गई है। डिजिलॉकर एक सुरक्षित क्लाउड-आधारित प्लेटफॉर्म है, जहां नागरिक अपने डिजिटल दस्तावेज़ सुरक्षित रख सकते हैं। PVR को डिजिलॉकर में उपलब्ध कराने से नागरिकों को दस्तावेज़ संभालने में सुविधा मिलेगी और भौतिक कागज़ों पर निर्भरता कम होगी। अब नागरिक अपने PVR को डिजिलॉकर में सुरक्षित रूप से एक्सेस, स्टोर, शेयर और डिजिटल रूप से वेरिफाई कर सकेंगे। सफल सत्यापन के बाद यह रिकॉर्ड “Issued Documents” सेक्शन में दिखाई देगा। इससे यात्रा, रोजगार और अन्य सत्यापन प्रक्रियाएँ तेज़ होंगी और कागज़ी कार्य कम होगा।
5 लोकसभा में पेश हुआ हेल्थ एंड सिक्योरिटी सेस बिल, डिमेरिट गुड्स पर बढ़ेगा टैक्स

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को लोकसभा में ‘हेल्थ एंड सिक्योरिटी सेस बिल, 2025’ पेश किया। इस बिल के तहत पान मसाला जैसे उत्पादों पर अतिरिक्त कर (सेस) लगाया जाएगा। मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह सेस किसी भी आवश्यक वस्तु पर नहीं लगेगा और इससे मिलने वाली आमदनी राज्यों के साथ साझा की जाएगी, ताकि वे स्वास्थ्य योजनाओं पर खर्च कर सकें। सीतारमण ने कहा कि यह सेस उन “डिमेरिट गुड्स” पर लगाया जाएगा जिन्हें खरीदना या इस्तेमाल करना स्वास्थ्य के लिए गंभीर जोखिम पैदा करता है। सरकार चाहती है कि इन वस्तुओं की कीमत बढ़े ताकि लोग इन्हें कम खरीदें। उन्होंने बताया कि पान मसाला पर जीएसटी की अधिकतम दर 40 प्रतिशत रहेगी और इस नए सेस का जीएसटी राजस्व पर कोई असर नहीं पड़ेगा। यह सेस कारखानों की मशीनों की उत्पादन क्षमता के आधार पर लगाया जाएगा। यानी हर फैक्ट्री की सेस देनदारी उसकी क्षमता के अनुसार अलग-अलग होगी। इससे पहले बुधवार को लोकसभा ने एक बिल पारित किया था, जिसके तहत तंबाकू पर जीएसटी (40%) के अलावा एक्साइज ड्यूटी भी लगाई जाएगी। वर्तमान में पान मसाला, तंबाकू और इससे जुड़े उत्पादों पर 28% जीएसटी और अलग-अलग दर का मुआवजा सेस लगता है। मुआवजा सेस समाप्त होने पर जीएसटी दर 40% हो जाएगी।
6 विजयवाड़ा में कृष्णवेणी संगीता नीरजनम 2025 का तीसरा संस्करण 6-7 दिसंबर को

भारत सरकार का पर्यटन मंत्रालय, संस्कृति मंत्रालय, संगीत नाटक अकादमी के सहयोग से तथा आंध्र प्रदेश पर्यटन और संस्कृति विभाग की सहायता से 6 और 7 दिसंबर 2025 को विजयवाड़ा में कृष्णवेणी संगीता नीरजनम के तीसरे संस्करण का आयोजन कर रहा है। इस वर्ष महोत्सव की थीम “तेलुगु संगीत परंपराओं की समृद्धि का उत्सव”रखी गई है, जो आंध्र प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने, संगीत पर्यटन को बढ़ावा देने और विजयवाड़ा को कर्नाटक संगीत के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य को रेखांकित करती है। पर्यटन मंत्रालय ने इस आयोजन की योजना, समन्वय और क्रियान्वयन की जिम्मेदारी अपने क्षेत्रीय कार्यालय (दक्षिण) को सौंपी है। दो दिवसीय इस महोत्सव में 98 कलाकारों द्वारा कुल 18 संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इस कार्यक्रम को आयोजन तुम्मलपल्लीवारी क्षेत्रय्या कलाक्षेत्रम में होगा।
7 राजस्थान में भारत–मलेशिया का संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘हरिमौ शक्ति-2025’ शुरू

भारत और मलेशिया के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास “अभ्यास हरिमौ शक्ति-2025” का पांचवां संस्करण राजस्थान के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में शुरू हो गया। यह अभ्यास 5 से 18 दिसंबर 2025 तक चलेगा। इस बार भारतीय दल का नेतृत्व डोगरा रेजिमेंट की टुकड़ियां कर रही हैं, जबकि मलेशियाई पक्ष का प्रतिनिधित्व रॉयल मलेशियाई सेना की 25वीं बटालियन की टुकड़ियां कर रही हैं। इस अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र अधिदेश के अध्याय VII के अंतर्गत उप-पारंपरिक अभियानों का संयुक्त रूप से पूर्वाभ्यास करना है। इस अभ्यास का उद्देश्य आतंकवाद-रोधी अभियानों के दौरान संयुक्त प्रतिक्रियाओं का समन्वय करना है।
8 महाराष्ट्र ने ‘मगेल त्याला सोलर कृषिपंप’ योजना तहत एक माह में 45 हजार से अधिक सौर कृषि पंप स्थापित कर विश्व रिकॉर्ड बनाया

महाराष्ट्र ने राज्य की प्रमुख योजना-`मगेल त्याला सोलर कृषिपंप के अंतर्गत एक माह के भीतर 45 हजार से अधिक सौर कृषि पंप स्थापित कर विश्व कीर्तिमान स्थापित किया है। महाराष्ट्र कृषि में सौर ऊर्जा के इस्तेमाल के मामले में देश का सबसे आगे रहने वाला राज्य बन गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घोषणा की कि सरकार कृषि फीडर के लिए 16 हजार मेगावाट समर्पित सौर ऊर्जा का उत्पादन करेगी, जिससे अन्य उपभोक्ताओं के लिए बिजली के शुल्क में 3 पतिशत वार्षिक कमी आएगी। राज्य ने मांग पर कृषि सौर ऊर्जा पंप योजना के तहत एक ही महीने में 45 हजार 911 सौर कृषि पंप लगाकर एक नया गिनीज विश्व रिकॉर्ड बनाया है। इस आशय का प्रमाणमत्र आज छत्रपति संभाजीनगर में आयोजित एक कार्यक्रम में औपचारिक रूप से दिया गया।
9 भारतीय सेना ने इनो-योद्धा 2025 में नवाचारों का प्रदर्शन किया

भारतीय सेना ने नई दिल्ली में अपनी वार्षिक विचार और नवाचार प्रतियोगिता तथा संगोष्ठी, इनो-योद्धा 2025 का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में सेना उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्रपाल सिंह ने भागीदारी की। उन्होंने चयनित नवोन्मेषकों को सम्मानित किया। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस वर्ष के संस्करण में 89 प्रविष्टियां दर्ज की गईं, जो अब तक की सर्वाधिक संख्या है। ये प्रविष्टियां बलों के भीतर नवाचार की बढ़ती संस्कृति को दर्शाती हैं। मूल्यांकन के बाद 32 नवाचारों को आगे के विकास के लिए चुना गया।
10 केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने गुजरात में EARTH समिट 2025 का उद्घाटन किया

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने गुजरात की राजधानी गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में EARTH समिट 2025 का उद्घाटन किया। श्री अमित शाह ने ‘सहकार सारथी’ की 13 से अधिक नई सेवाएँ और प्रोडक्ट लॉन्च किए। इनमें Digi KCC, Campaign Sarathi, Website Sarathi, Cooperative Governance Index, ePACS, World’s Largest Grain Storage Application, Shiksha Sarathi, Sarathi Technology Forum आदि शामिल हैं।
11 अटल इनोवेशन मिशन ने एमस्टार ग्लोबल एआई कनेक्ट प्लेटफॉर्म के माध्यम से राष्ट्रव्यापी नवोन्मेआषण को गति देने के लिए हिताची एमजीआरएम नेट के साथ साझेदारी की

भारत सरकार के नीति आयोग के अटल इनोवेशन मिशन (एआईएम) और हिताची एमजीआरएम नेट लिमिटेड (एचएमएन) ने 1 दिसंबर, 2025 को एक आशय पत्र (एसओआई) पर हस्ताक्षर किए। इन दोनों संगठनों के बीच कार्यनीतिक साझेदारी का उद्देश्य “एमस्टार ग्लोबल एआई कनेक्ट” नामक एक सिंगल इनोवेशन प्लेटफॉर्म का विकास और उपयोग करना है। यह पूरे भारत में नवोन्मेषण और उद्यमिता की संस्कृति के निर्माण में मदद करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और अन्य नवीन तकनीकों पर आधारित होगा। इस आशय पत्र पर नीति आयोग के एआईएम मिशन निदेशक डॉ. दीपक बागला और हिताची इंडिया के कार्यकारी अध्यक्ष तथा हिताची एमजीआरएम नेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. भारत कौशल ने हस्ताक्षर किए। इस संयुक्त पहल से पूरे भारत में नवाचार संसाधनों को एकीकृत किया जाएगा, शिक्षक क्षमता में वृद्धि होगी, अग्रणी प्रौद्योगिकी कौशल को सक्षम किया जाएगा, आईपी सृजन को उत्प्रेरित किया जाएगा तथा एकल अंतर-संचालनीय नवाचार आधार के माध्यम से भविष्य के लिए तैयार प्रतिभा को बढ़ावा दिया जाएगा। यह एसओआई नवाचार और उद्यमिता तक पहुंच को लोकतांत्रिक बनाने में एआईएम की प्रतिबद्धता और राष्ट्रीय प्रभाव के लिए डिजिटल सार्वजनिक-मूल्य प्लेटफार्मों को विकसित करने की हिताची एमजीआरएम नेट की प्रतिबद्धता दोहराता है।
12 ऑस्ट्रेलिया की विक्टोरिया यूनिवर्सिटी 2026 तक गुरुग्राम में अपना पहला भारतीय कैंपस खोलेगी

भारत में उच्च शिक्षा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में, ऑस्ट्रेलिया की विक्टोरिया यूनिवर्सिटी (VU) ने दिल्ली-एनसीआर स्थित गुरुग्राम में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय कैंपस स्थापित करने की घोषणा की है। यह पहल भारत की नई शिक्षा नीति (NEP) के अंतर्गत उन शुरुआती विदेशी विश्वविद्यालयों में से एक बनाती है, जिन्हें भारत सरकार द्वारा आधिकारिक लाइसेंस प्रदान किया गया है। यह कैंपस 2026 के मध्य तक संचालित होने की उम्मीद है और भारतीय छात्रों को विक्टोरिया यूनिवर्सिटी का वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रम, विशेष रूप से इसका प्रसिद्ध ब्लॉक मॉडल ऑफ टीचिंग, भारत में ही उपलब्ध कराएगा।
13 अंतर्राष्ट्रीय स्वयंसेवक दिवस 2025

अंतर्राष्ट्रीय स्वयंसेवक दिवस हर साल 5 दिसंबर को मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम “हर योगदान मायने रखता है” (Every Contribution Matters) विशेष महत्व रखती है, क्योंकि इसी दिन टिकाऊ विकास के लिए अंतरराष्ट्रीय स्वयंसेवक वर्ष (IVY 2026) का वैश्विक शुभारंभ भी हो रहा है। इस वर्ष का आयोजन संयुक्त राष्ट्र महासभा के प्रस्ताव A/RES/78/127 के तहत एक वर्ष-भर चलने वाली वैश्विक पहल की शुरुआत करता है, जिसके तहत:
- 2026 को ‘टिकाऊ विकास के लिए अंतरराष्ट्रीय स्वयंसेवक वर्ष’ (IVY 2026) घोषित किया गया है।
- स्वयंसेवा को सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण माना गया है।
- स्वयंसेवा को राष्ट्रीय विकास रणनीतियों में शामिल करने के लिए वैश्विक आंदोलन को प्रोत्साहित किया गया है।
14 विश्व मृदा दिवस

संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन (FAO) द्वारा स्थापित विश्व मृदा दिवस (5 दिसंबर को ) जीवन -निर्वाह संसाधन के रूप में मृदा के महत्त्व पर प्रकाश डालता है, जिसका वर्ष 2025 का विषय है ‘Healthy Soils For Healthy Cities’ यानी ‘स्वस्थ शहरों के लिए स्वस्थ मिट्टी’। मृदा के लिये अंतर्राष्ट्रीय दिवस का विचार पहली बार वर्ष 2002 में अंतर्राष्ट्रीय मृदा विज्ञान संघ द्वारा प्रस्तावित किया गया था। FAO ने इसकी औपचारिक मान्यता को बढ़ावा दिया, जिसके परिणामस्वरूप वर्ष 2013 में FAO सम्मेलन ने विश्व मृदा दिवस का समर्थन किया। इसके बाद संयुक्त राष्ट्र महासभा ने आधिकारिक तौर पर 5 दिसंबर, 2014 को प्रथम विश्व मृदा दिवस के रूप में नामित किया।