1 98वें ऑस्कर पुरस्कार की सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म श्रेणी में नामित हुई भारतीय फिल्म होमबाउंड

भारतीय फिल्म होमबाउंड को 98वें ऑस्कर पुरस्कार की सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म श्रेणी के लिए नामित किया गया है। नीरज घेवान के निर्देशन में बनी यह फिल्म इस श्रेणी के लिए नामित 15 फिल्मों में शामिल है। पुरस्कार के विजेता की घोषणा आगामी 15 मार्च को होगी।
2 प्रधानमंत्री मोदी का इथियोपिया दौरा संपन्न

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और इथियोपिया के प्रधानमंत्री डॉ. अबी अहमद अली की उपस्थिति में दोनों देशों ने तीन एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इनमें सीमा शुल्क कार्य में प्रशासनिक सहायता, इथियोपिया के दूतावास में डेटा सेंटर की स्थापना और संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना में सहयोग शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय यात्रा पर इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा पहुंचे। इथियोपिया के प्रधानमंत्री डॉ. अबी अहमद अली ने अदीस अबाबा हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। फिर दोनों नेताओं ने पारंपरिक कॉफी समारोह में भी हिस्सा लिया। खास बात ये है कि प्रधानमंत्री के स्वागत में हिंदी गाने गाए गए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राष़्ट्रपति निवास- नेशनल पैलेस में औपचारिक स्वागत और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
3 ओमान के दो दिन के दौरे पर मस्कत पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन देशों के दौरे के अंतिम चरण के रूप में ओमान के दो दिन के दौरे पर मस्कत पहुंचे। जॉर्डन और इथियोपिया की सफल यात्रा के बाद वे ओमान पहुंचे। मस्कत हवाई अड्डे पर ओमान के रक्षा मामलों के उप-प्रधानमंत्री सैयद शिहाब बिन तारिक अल सईद ने श्री मोदी का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में भारत-ओमान सहयोग को मजबूत करने और रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर चर्चा की। श्री मोदी, ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक के निमंत्रण पर ओमान की यात्रा पर हैं। भारत और ओमान के बीच ऐतिहासिक आर्थिक साझेदारी मुक्त व्यापार समझौते-सीईपीए पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी और ओमान के सुल्तान के उपस्थिति में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और ओमान के वाणिज्य, उद्योग एवं निवेश संवर्धन मंत्री कैस अल यूसुफ इस समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे।
4 डब्ल्यूएचओ के दूसरे वैश्विक पारंपरिक चिकित्सा सम्मेलन का हुआ उद्घाटन

विश्व स्वास्थ्य संगठन के दूसरे वैश्विक पारंपरिक चिकित्सा सम्मेलन का नई दिल्ली के भारत मंडपम में उद्घाटन हुआ। इसे विश्व स्वास्थ्य संगठन और आयुष मंत्रालय संयुक्त रूप से आयोजित कर रहे हैं। इस अवसर पर आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने अपने संबोधन में पारंपरिक चिकित्सा में भारत के लंबे योगदान का उल्लेख किया और अनुसंधान, गुणवत्ता मानकों तथा वैश्विक सहयोग सुदृढ़ करने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि 2016 से शुरू हुआ यह सहयोग पारंपरिक चिकित्सा को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण सिद्ध हुआ है। सम्मेलन में महत्वपूर्ण वैज्ञानिक पहल की घोषणा के साथ ही वैश्विक स्तर पर पारंपरिक चिकित्सा के सुरक्षित, प्रभावी और साक्ष्य-आधारित उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नई वैश्विक प्रतिबद्धताएं घोषित होने की संभावना है। सम्मेलन का विषय है: संतुलन की बहाली: स्वास्थ्य और शारीरिक देखभाल का विज्ञान और उसका उपयोग।
5 डेजर्ट साइक्लोन 2025: भारत-यूएई संयुक्त सैन्य अभ्यास

भारत-यूएई संयुक्त सैन्य अभ्यास डेजर्ट साइक्लोन-II के दूसरे संस्करण का आयोजन होना है। इसके लिए भारतीय सेना का एक दल संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के लिए रवाना हो गया है, जिसका आयोजन 18 से 30 दिसंबर 2025 तक अबू धाबी यूएई में किया जाना है। भारतीय दल में 45 जवान शामिल हैं, जिनमें से अधिकांश मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री रेजिमेंट की एक बटालियन से हैं। संयुक्त अरब अमीरात की थल सेना का दल, जिसकी संख्या लगभग समान है, 53वीं मैकेनाइज्ड इन्फेंट्री बटालियन द्वारा प्रतिनिधित्व किया जाएगा। इस अभ्यास का उद्देश्य शहरी वातावरण में संयुक्त प्रशिक्षण के माध्यम से भारतीय सेना और यूएई थल सेना के बीच अंतर-संचालन क्षमता को बढ़ाना और रक्षा सहयोग को बढ़ावा देना है, जिसमें संयुक्त राष्ट्र के जनादेश के तहत अभियानों पर ध्यान केंद्रित किया गया है, जिससे दोनों सेनाएं शांति स्थापना, आतंकवाद विरोधी और स्थिरता अभियानों के लिए एक साथ काम कर सकें।
6 नौसेना की ताकत में बड़ा इजाफा: अत्याधुनिक मल्टी-रोल हेलीकॉप्टरों की नई स्क्वाड्रन शामिल

भारतीय नौसेना के बेड़े में अत्याधुनिक एमएच-60आर मल्टी-रोल हेलीकॉप्टर की एक नई स्क्वाड्रन शामिल की गई है। अत्याधुनिक एमएच-60आर मल्टी-रोल हेलीकॉप्टर स्क्वाड्रन, ‘आईएनएएस 335’ को बुधवार 17 दिसंबर 2025 को बेड़े में शामिल किया गया। आईएनएस हंसा, गोवा में औपचारिक रूप से इसकी कमीशनिंग की गई। इस गौरवपूर्ण अवसर पर नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी उपस्थित रहे। यह महत्वपूर्ण उपलब्धि मार्च, 2024 में केरल के कोच्चि में पहले एमएच-60आर नौसेना वायु स्क्वाड्रन के परिचालन में आने के बाद भारतीय नौसेना की वायु शक्ति के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक और मील का पत्थर है। एमएच-60आर सभी तरह के मौसम में दिन-रात के संचालन हेतु एक सक्षम व अत्याधुनिक हेलीकॉप्टर है, जिसे पनडुब्बी रोधी युद्ध (एएसडब्ल्यू), सतह रोधी युद्ध (एएसयूडब्ल्यू), खोज एवं बचाव (एसएआर), चिकित्सा निकासी (एमईडीईवीएसी) और समुद्री जहाजों के बीच आपूर्ति (वीआरटीआरईपी) जैसे विविध अभियानों के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है।
7 सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स (सी-डॉट) को हाल ही में संयुक्त राज्य अमेरिका के न्यू जर्सी में आयोजित आईईईई एसए (स्टैंडर्ड्स एसोसिएशन) पुरस्कार समारोह में आईईईई (इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियर्स) से दो पुरस्कार प्राप्त हुए

भारत सरकार के प्रमुख दूरसंचार अनुसंधान एवं विकास केन्द्र, सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स (सी-डॉट) को इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियर्स स्टैंडर्ड्स एसोसिएशन (आईईईई एसए) में उत्कृष्ट नेतृत्व और योगदान के लिए प्रतिष्ठित “आईईईई एसए कॉरपोरेट पुरस्कार – 2025” से सम्मानित किया गया है। आईईईई एसए, आईईईई के अंतर्गत एक कार्यकारी इकाई है जो दूरसंचार, एआई, इलेक्ट्रॉनिक्स और कई अन्य उद्योगों में वैश्विक मानक विकसित करती है। आईईईई एसए पुरस्कार विभिन्न श्रेणियों के माध्यम से विश्व भर की अग्रणी हस्तियों, नवोन्मेषकों और सहयोगियों को सम्मानित करते हुए, मानक विकास में उत्कृष्ट योगदान और स्वैच्छिक भागीदारी को मान्यता देता है। “वायरलेस ब्रॉडबैंड, ग्रामीण 5जी, दूरसंचार शिक्षा में आईईईई मानकों को आगे बढ़ाने में अग्रणी योगदान और नेतृत्व एवं समर्थन के माध्यम से भारत से मानक-आधारित नवाचार के लिए विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त ढांचे तैयार करने” के लिए सी-डॉट को आईईईई एसए कॉरपोरेट पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया है। आईईईई की स्थापना के बाद से अब तक दुनिया भर में केवल चार सदस्य संगठनों को ही यह कॉरपोरेट पुरस्कार प्राप्त हुआ है। सी-डॉट विश्व स्तर पर यह पुरस्कार प्राप्त करने वाला पांचवां और भारत का पहला संगठन बन गया है। इसके अतिरिक्त, सी-डॉट में वैज्ञानिक के रूप में कार्यरत श्री संदीप कुमार अग्रवाल को आईईईई एसए स्टैंडर्ड्स मेडलियन 2025 से सम्मानित किया गया है। आईईईई एसए स्टैंडर्ड्स मेडलियन पुरस्कार उन व्यक्तियों को दिया जाता है जिन्होंने आईईईई मानकों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और नई तकनीक के मानकीकरण में नेतृत्व को मान्यता दी है। श्री संदीप अग्रवाल को ग्रामीण ब्रॉडबैंड मानकों और समाधानों के विकास में उनके असाधारण नेतृत्व एवं योगदान के लिए यह पुरस्कार प्राप्त हुआ है।
8 भारत और अर्जेंटीना ने द्विपक्षीय कृषि अनुसंधान और प्रौद्योगिकी विनिमय को बढ़ावा देने के लिए आईसीएआर-आईएनटीए कार्य योजना 2025-27 पर हस्ताक्षर किए

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद और अर्जेंटीना के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एग्रीकल्चरल टेक्नोलॉजी ने कृषि अनुसंधान, क्षमता निर्माण और प्रौद्योगिकी विनिमय में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के लिए कार्य योजना 2025-2027 पर हस्ताक्षर किए हैं। कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (डीएआरई) के सचिव और आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. एम. एल. जाट तथा भारत में अर्जेंटीना गणराज्य के राजदूत मारियानो ऑगस्टिन कौसिनो ने आज आईसीएआर-आईएनटीए कार्य योजना पर एक समझौते पर हस्ताक्षर किये। यह समझौता द्विपक्षीय कृषि सहयोग को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस कार्य योजना में प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, बिना जुताई के खेती, संवहनीय कृषि विज्ञान, मशीनीकरण, सूक्ष्म सिंचाई और पानी में उर्वरक मिलाकर सिंचाई, फसल एवं पशु जैव प्रौद्योगिकी, पशुधन वृद्धि, समशीतोष्ण और उष्णकटिबंधीय फसलों के लिए उत्पादन प्रौद्योगिकियों, डिजिटल कृषि, जैव सुरक्षा और पादप स्वच्छता के उपायों और मूल्य श्रृंखला विकास के क्षेत्रों में सहयोग करने पर सहमति हुई।
9 तमिलनाडु के तीन प्रसिद्ध कृषि उत्पादों के लिए जीआई टैग की मांग: नमक, केला और नींबू को मिलेगी नई पहचान

तमिलनाडु के थूथुकुडी जिले के तीन मशहूर कृषि उत्पादों, थूथुकुडी नमक, ऑथूर पूवन केला और विल्लिसेरी नींबू के उत्पादकों ने कानूनी सुरक्षा पाने के लिए भौगोलिक संकेत (जीआई) टैग के लिए आवेदन किया है। ये आवेदन राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (एनएबीएआरडी), चेन्नई और एनएबीएआरडी मदुरै कृषि व्यवसाय इनक्यूबेशन फोरम (एमएबीआईएफ) की मदद से किए गए, जिन्होंने उत्पादक समूहों को दस्तावेजीकरण और फाइलिंग में सहायता दी। थूथुकुडी नमक के लिए आवेदन थूथुकुडी उप्पु उरपत्तियालारगल संगम ने जमा किया है। इस क्षेत्र में नमक पारंपरिक सौर वाष्पीकरण विधि से बनाया जाता है, जिसमें समुद्र के पानी या जमीन के नीचे के खारे पानी को बड़े नमक के क्यारियों में डालकर तेज धूप में सूखने के लिए छोड़ दिया जाता है। इस प्राकृतिक प्रक्रिया से बड़े, सफेद क्रिस्टल वाला नमक बनता है जो अपनी उच्च शुद्धता और गुणवत्ता के लिए जाना जाता है। थूथुकुडी भारत के कुल नमक उत्पादन में लगभग 30 प्रतिशत का योगदान देता है। ऑथूर पूवन केले के लिए जीआई आवेदन ऑथूर पूवन वलाई उरपथियायलारगल संगम ने दायर किया था। तमिरापरानी नहर सिंचाई बेल्ट के किनारे ऑथूर गांव और आस-पास के गांवों में उगाया जाने वाला यह केला अपने खास स्वाद के लिए जाना जाता है, जिसका श्रेय खनिज युक्त सिंचाई के पानी को जाता है। तीसरा एप्लीकेशन, विल्लीसरी लेमन उरपथियायलारगल संगम की ओर से जमा किया गया, जिसमें कोविलपट्टी के विल्लीसरी नींबू के लिए जीआई स्टेटस मांगा गया है। नींबू की यह पारंपरिक किस्म अपनी तेज खुशबू, ज्यादा रस, तेज खटास, कम बीज और अन्य नींबू किस्मों की तुलना में स्वाभाविक रूप से लंबी शेल्फ लाइफ के लिए जानी जाती है।
10 फेफड़ों के कैंसर की जल्द पहचान में मदद करेगा नया ब्लड टेस्ट

ब्रिटेन के शोधकर्ताओं की एक टीम ने एक नया और उन्नत ब्लड टेस्ट विकसित किया है, जिससे फेफड़ों के कैंसर (लंग कैंसर) की पहचान और उसकी निगरानी रियल टाइम में की जा सकेगी। इससे बीमारी की पहचान में होने वाली देरी कम होगी और मरीजों के इलाज के नतीजे बेहतर हो सकेंगे। शोधकर्ताओं ने फूरियर ट्रांसफॉर्म इंफ्रारेड (FT-IR) माइक्रोस्पेक्ट्रोस्कोपी तकनीक का उपयोग करते हुए मरीज के खून में मौजूद लंग कैंसर की एक अकेली कोशिका तक की पहचान कर ली। यह तकनीक उन्नत इंफ्रारेड स्कैनिंग तकनीक और कंप्यूटर विश्लेषण को मिलाकर काम करती है। इसमें कैंसर कोशिकाओं की खास रासायनिक पहचान (केमिकल फिंगरप्रिंट) पर ध्यान दिया जाता है। यह जानकारी यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल्स ऑफ नॉर्थ मिडलैंड्स NHS ट्रस्ट (UHNM), कील यूनिवर्सिटी और लफबरो यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने दी।
11 राज्यसभा से ‘सबका बीमा सबकी रक्षा’ विधेयक पारित, लोकसभा से पहले ही मिल चुकी थी मंजूरी

राज्यसभा ने बुधवार को ‘सबका बीमा सबकी रक्षा (बीमा कानूनों में संशोधन) विधेयक, 2025’ को ध्वनि मत से पारित कर दिया। इस विधेयक में बीमा क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) की सीमा 74% से बढ़ाकर 100% करने सहित कई अहम सुधारों का प्रावधान है। इसका उद्देश्य बीमा उद्योग का आधुनिकीकरण करना और ‘2047 तक सभी के लिए बीमा’ के लक्ष्य को हासिल करना है। इससे पहले यह विधेयक 16 दिसंबर को लोकसभा में पारित हो चुका है। इसके तहत बीमा अधिनियम, 1938; भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) अधिनियम, 1956; तथा बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (आईआरडीएआई) अधिनियम, 1999 में संशोधन किए गए हैं। विधेयक का मकसद कारोबार में सुगमता बढ़ाना, वैश्विक पूंजी आकर्षित करना, पॉलिसीधारकों की सुरक्षा को मजबूत करना और बीमा की पहुंच को व्यापक बनाना है।
12 संसद से पारित हुआ निरसन और संशोधन विधेयक 2025

संसद ने निरसन और संशोधन विधेयक, 2025 पारित कर दिया है। राज्यसभा ने चर्चा के बाद इसे मंजूरी दे दी। लोकसभा इसे पहले ही पारित कर चुकी है। विधेयक में कुछ अधिनियमों को निरस्त करने और कुछ अन्य अधिनियमों में संशोधन करने का प्रावधान है। यह विधेयक भारतीय ट्रामवे अधिनियम 1886, लेवी चीनी मूल्य समतुल्यकरण निधि अधिनियम, 1976 और भारत पेट्रोलियम निगम लिमिटेड (कर्मचारियों की सेवा शर्तों का निर्धारण) अधिनियम, 1988 सहित 71 अधिनियमों को निरस्त करता है। विधेयक में चार अधिनियमों में संशोधन भी किया गया है। इसमें पंजीकृत पदों के लिए शब्दावली को अद्यतन करने हेतु सामान्य खंड अधिनियम, 1897 और सिविल प्रक्रिया संहिता, 1908 में संशोधन करना शामिल हैं। भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम, 1925 में कुछ मामलों में न्यायालयों द्वारा वसीयत के सत्यापन की आवश्यकता को समाप्त करने हेतु संशोधन किया जा रहा है। विधेयक में मसौदा त्रुटि में सुधार के लिए आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 में भी संशोधन किया गया है।
13 राष्ट्रपति भवन में ‘परमवीर दीर्घा’ का उद्घाटन, पीएम मोदी बोले- यह नवचेतना का प्रतीक

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में ‘परमवीर दीर्घा’ का उद्घाटन किया। इस दीर्घा में परमवीर चक्र से सम्मानित सभी 21 वीरों के चित्र प्रदर्शित किए गए हैं। राष्ट्रपति भवन में निर्मित यह विशेष दीर्घा देश के वीर सपूतों को समर्पित है। इसका उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया। यहां परमवीर चक्र विजेताओं के चित्रों को सम्मानपूर्वक प्रदर्शित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य परमवीर चक्र विजेता राष्ट्रीय नायकों के अदम्य साहस और बलिदान से देशवासियों को अवगत कराना है।
14 एआई से संचालित डेटा केंद्रों के लिए शीतलन सुविधा के लिए आईआईटी बॉम्बे ने की वर्टिव के साथ साझेदारी

आईआईटी- बॉम्बे ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से संचालित डेटा केंद्रों के लिए शीतलन सुविधा विकसित करने के लिए वर्टिव के साथ साझेदारी की है। आई आई टी-बॉम्बे के निदेशक, प्रोफेसर शिरीष केदारे ने कहा कि यह साझेदारी अकादमिक अनुसंधान को उद्योगों के लिए उपयोगी बनाने में सहायक होगी। इसकी शुरुआत 40 किलोवाट के लिए एक ड्राई कूलर से होगी।
15 मनु भाकर और सिमरनप्रीत कौर बरार ने 68वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण

68वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप में मनु भाकर और सिमरनप्रीत कौर बरार ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। दोनों खिलाड़ियों ने सीनियर और जूनियर स्पर्धाओं में पदक अपने नाम किए। यह मुकाबले नई दिल्ली के डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में खेले गए। फाइनल में मनु भाकर ने 36 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक सुनिश्चित किया, जबकि दिव्या ने 32 के स्कोर के साथ रजत पदक जीता। वहीं, अंजलि चौधरी ने 28 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता।
जीता।