CURRENT AFFAIRS

0
150
  1. हाल ही में किस शहर में भारतीय सिनेमा के राष्ट्रीय संग्रहालय का उद्घाटन किया गया?
    उत्तर – मुंबई
    19 जनवरी को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के मुंबई में भारतीय सिनेमा के राष्ट्रीय संग्रहालय (NMIC) का उद्घाटन किया। इस अत्याधुनिक संग्रहालय का निर्माण 140 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इस संग्रहालय का उद्देश्य लोगों को भारतीय सिनेमा के सफ़र के बारे में बताना है। इसके लिए विजुअल्स, ग्राफ़िक्स तथा मल्टीमीडिया इत्यादि का उपयोग किया गया है। यह संग्रहालय “न्यू म्यूजियम बिल्डिंग” तथा “गुलशन महल” नामक दो भवनों में स्थित है।
    2. भारत सरकार ने किस राज्य में तीन नौसैनिक हवाई स्क्वाड्रन की स्थापना के लिए मंज़ूरी दी?
    उत्तर – गुजरात और तमिलनाडु
    भारत सरकार ने गुजरात और तमिलनाडु में नौसैनिक हवाई स्क्वाड्रन की स्थापना को मंज़ूरी दे दी है, इससे भारतीय नौसेना की ताकत में वृद्धि होगी। इसके अतिरिक्त केंद्र सरकार ने केरल और अंदमान द्वीप में डोर्निएर निगरानी स्क्वाड्रन की क्षमता वृद्धि के लिए मंज़ूरी दी। दो वर्ष पहले हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) को 12 डोर्निएर एयरक्राफ्ट के लिए अनुबंध दिया गया था, शीघ्र ही इन एयरक्राफ्ट की डिलीवरी की जायेगी। इन नए 228 डोर्निएर समुद्री निगरानी एयरक्राफ्ट में आधुनिक सेंसर, ग्लास कॉकपिट, आधुनिक निगरानी राडार, ऑप्टिकल सेंसर तथा नेटवर्किंग फीचर हैं। इससे भारतीय नौसेना की निगरानी क्षमता में काफी वृद्धि होगी। इससे समुद्री खतरों से देश की सुरक्षा और अधिक पुख्ता होगी।
    3. एडवांस टैक्स फाइलिंग सिस्टम का विकास कार्य किस कंपनी को सौंपा गया है?
    उत्तर – इन्फोसिस
    केंद्र सरकार ने आयकर विभाग के इंटीग्रेटेड ई-फाइलिंग व सेंट्रलाइज्ड प्रोसेसिंग सेंटर 2.0 प्रोजेक्ट को मंज़ूरी दे दी है। इसका उद्देश्य देश के आय कर प्रशासन को कुशल बनाना है।
    इंटीग्रेटेड ई-फाइलिंग व सेंट्रलाइज्ड प्रोसेसिंग सेंटर 2.0 प्रोजेक्ट
    • इस प्रोजेक्ट के उद्देश्य निम्नलिखित हैं:
    • करदाताओं के लिए तीव्र व सही परिणाम
    • सभी स्तरों पर यूजर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाना
    • करदाता जागरूकता कार्यक्रम में सुधार
    • स्वैच्छिक रूप से कर अनुपालना को बढ़ावा देना
    • आउटस्टैंडिंग मांग का प्रबंधन करना
    इस प्रोजेक्ट से कर विभाग को रीटर्न को प्रोसेस करने में कम समय लगेगा, पहले इसमें 63 दिन लगते थे, अब इसमें केवल 24 घंटे लगेंगे। इस प्रोजेक्ट की सहायता से कर प्रणाली में सुधार के आवेदन को 2% से कम करके 0.1% किया जायेगा।
    इस एडवांस टैक्स फाइलिंग सिस्टम से कर प्रणाली में पारदर्शिता भी बढ़ेगी और जवाबदेही भी सुनिश्चित की जा सकेगी। इससे टैक्स रिफंड में भी आसानी होगी।
    4. हाल ही में स्वीडन का नया प्रधानमंत्री किसे नियुक्त किया गया?
    उत्तर – स्टीफन लोफ्वेन
    स्टीफन लोफ्वेन को दूसरी अवधि के लिए स्वीडन का प्रधानमंत्री चुना गया है। उन्हें सोशल डेमोक्रेट्स, ग्रीन्स, लिबरल्स तथा सेंटर पार्टी के बीच समझौते के बाद प्रधानमंत्री चुना गया है। वे 21 जनवरी, 2019 को नयी सरकार को आधिकारिक रूप से प्रस्तुत कर सकते हैं। यह सरकार चार वर्ष तक कार्य करेगी। इस गठबंधन के पास संसद में 347 में से 167 सीटें हैं, यह संख्या बहुत से 8 सीट कम है। स्वीडन की राजनीती व्यवस्था के अनुसार यह सरकार तब तक कार्य कर सकती है जब तक संसद बहुमत में इस सरकार के विरुद्ध मतदान न करे।
    5. हाल ही में किस राज्य ने आर्थिक रूप से कमज़ोर वर्ग के लिए 10% आरक्षण को मंज़ूरी दी?
    उत्तर – उत्तर प्रदेश
    गुजरात और झारखण्ड के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने आर्थिक रूप से कमज़ोर सामान्य वर्ग के लिए सरकारी नौकरी तथा शिक्षण संस्थानों में 10% आरक्षण को मंज़ूरी दे दी है। यह निर्णय लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में राज्य कैबिनेट की बैठक में लिया गया। हाल ही में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 124वें संवैधानिक संशोधन बिल को मंज़ूरी दी थी। इस बिल के अनुसार सामान्य वर्ग के उन लोगों को 10% आरक्षण का लाभ मिलेगा, जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय 8 लाख रुपये से कम है तथा जिनके पास पांच एकड़ से कम कृषि योग्य भूमि है।
    6. हाल ही में किस राज्य में दिफ्फो पुल का उद्घाटन किया गया?
    उत्तर – अरुणाचल प्रदेश
    केन्द्रीय रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने अरुणाचल प्रदेश में 426.60 मीटर लम्बे प्री-स्ट्रेस्ड कंक्रीट बॉक्स गर्डर टाइप दिफ्फो पुल का उद्घाटन किया। यह पुल अरुणाचल प्रदेश में दिफ्फो नदी पर रोइंग-कोरोनु-पाया सड़क में निर्मित किया गया है।इस पुल से अरुणाचल प्रदेश की दिबांग घाटी तथा लोहित घाटी क्षेत्र के बीच संपर्क मार्ग मजबूत बनेगा। यह सड़क मार्ग चीन के साथ लगती भारत की सीमा के लिए भारतीय सेना के लिए भी उपयोगी होगा। इस पुल का निर्माण प्रोजेक्ट उदयक के अंतर्गत सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा किया गया है।
    प्रोजेक्ट उदयक की शुरुआत सीमा सड़क संगठन (BRO) ने जून 1990 में डूमडूमा क्षेत्र में की थी। “उदयक” नाम उगते हुए सूरज की भूमि का समानार्थी है। इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में सड़क निर्माण गतिविधियाँ शामिल हैं।
    सीमा सड़क संगठन (BRO) भारत के सीमान्त क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क का निर्माण तथा प्रबंधन करता है। यह संगठन अफ़ग़ानिस्तान, भूटान, म्यांमार और श्रीलंका में भी अधोसंरचना निर्माण कार्य करता है। इसकी स्थापना 7 मई, 1960 को की गयी थी। इसका मुख्यालय नई दिल्ली में स्थित है।
    7. 7वीं आसियान-भारत पर्यटन मंत्री बैठक का आयोजन किस स्थान पर किया गया?
    उत्तर – हा लॉन्ग
    7वीं आसियान-भारत पर्यटन मंत्री बैठक का आयोजन वियतनाम के हा लॉन्ग शहर में किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता भारत के पर्यटन मंत्री के.जे. अलफोंस ने विएतनाम के मंत्री न्गुयेन न्गोक थिएन के साथ मिलकर की। इस अवसर पर मंत्रियों ने आसियान-भारत पर्यटन सहयोग वर्ष 2019 को भी लांच किया। इसका उद्देश्य आसियान देशों तथा भारत के बीच पर्यटकों के आवागमन को बढ़ावा देना है। इस बैठक में ब्रूनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओ, मलेशिया, म्यांमार, फिलीपींस, सिंगापुर तथा थाईलैंड के मंत्रियों ने भी भाग लिया।
    8. भारत की पहली लिथियम आयन गीगा फैक्ट्री का निर्माण किस कंपनी द्वारा किया जायेगा?
    उत्तर – भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL)
    भारत की पहली लिथियम आयन गीगा फैक्ट्री का निर्माण भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) तथा लिबकॉइन द्वारा किया जायेगा। यह दोनों कंपनियां भारत में 30GWh की लिथियम आयन बैटरी प्लांट की स्थापना के लिए विश्व स्तरीय कंसोर्टियम के लिए विचार-विमर्श कर रहीं हैं। यह भारत द्वारा उर्जा सुरक्षा तथा स्वच्छ उर्जा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे तेल के आयात पर निर्भरता में कमी आएगी। इस परियोजना में “मेड इन इंडिया, फॉर इंडिया” भी शामिल है। इसके तहत काफी उपकरणों का निर्माण भारत में ही किया जायेया। इससे उर्जा क्षेत्र में भारत की आत्म-निर्भरता में वृद्धि होगी तथा लागत में कमी आएगी।
    9. हाल ही किस IIT संस्थान ने देश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में पहला बी.टेक कोर्स लांच किया
    उत्तर – IIT हैदराबाद
    हाल ही में IIT हैदराबाद ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में बी.टेक कोर्स लांच किया। इस प्रकार IIT हैदराबाद देश का ऐसा पहला शिक्षण संस्थान बन गया है जिसने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टेक्नोलॉजी में पूर्ण स्नातक कार्यक्रम लांच किया है। IIT हैदराबाद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर बी.टेक कोर्स शुरू करने वाला विश्व का तीसरा शिक्षण संस्थान है।
    अमेरिका के कार्नेगी मेलन यूनिवर्सिटी तथा मेसाचुसेट्स इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी (MIT) भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में इसी प्रकार के कोर्स प्रदान करते हैं।वर्तमान में कंप्यूटर प्रोग्रामिंग के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कौशल युक्त इंजिनियरों की मांग काफी बढ़ गयी है। इस कोर्स में स्वास्थ्य, कृषि, स्मार्ट मोबिलिटी इत्यादि में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग पर बल दिया जायेगा। इसमें छात्रों को कंप्यूटर साइंस के फंडामेंटल्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग के बारे में बताया जायेगा।
    आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (कृत्रिम बुद्धि) कंप्यूटर साइंस की वह शाखा है जिसके द्वारा मशीनों में इंसानों की तरह सोचने समझने की क्षमता विकसित की जाती है। AI मशीने वातावरण के अनुसार खुद को ढालने में सक्षम होती हैं।
    10. अध्यापकों के लिए भारत का पहली पालिसी हैक श्रृंखला किस कंपनी ने लांच किया?
    उत्तर – डैल
    डैल ने यूनेस्को महात्मा गांधी इंस्टिट्यूट ऑफ़ एजुकेशन फॉर पीस एंड सस्टेनेबल डेवलपमेंट तथा इग्नस के साथ मिलकर भारत में अध्यापकों के लिए पहली पालिसी हैक श्रृंखला लांच किया है। इन पालिसी हैक श्रृंखला का आयोजन तीन शहरों में किया जायेगा। इस इंटरैक्टिव हैकाथान में अध्यापक अपनी सीखने की यात्रा पर फोकस करेंगे। इस हैकाथान में अध्यापक, स्कूल प्रतिनिधि तथा शिक्षा से सम्बंधित विभिन्न विशेषज्ञ समूह एक-दूसरे से विचार-विमर्श कर सकते हैं।

11.लारियस वर्ल्ड कमबैक ऑफ़ द इयर अवार्ड के लिए मनोनीत की जाने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी कौन हैं?
 उत्तर – विनेश फोगाट
भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट लारियस वर्ल्ड कमबैक ऑफ़ द इयर अवार्ड के लिए मनोनीत की जाने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गयी हैं। विनेश फोगाट ने लम्बे समय से चोट के बाद वापसी करते हुए राष्ट्रमंडल खेल तथा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीते थे। लारियस वर्ल्ड कमबैक ऑफ़ द इयर अवार्ड के लिए महान गोल्फर टाइगर वुड्स को भी मनोनीत किया गया, उन्होंने पांच वर्ष बाद पहला टूर्नामेंट जीता। विजेता की घोषणा मोनाको में 18 फरवरी को की जायेगी।
12. किस राज्य सरकार ने छात्रों के लिए शौर्य पुरस्कार की घोषणा की?
उत्तर – हरियाणा
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राज्य पुलिस के 71 शहीद जवानों के नाम पर छात्रों के लिए शौर्य पुरस्कार की घोषणा की।
शौर्य पुरस्कार के तहत छात्रों को 11,000 रुपये इनामस्वरुप दिए जायेंगे। यह पुरस्कार पुलिस के उन शहीद जवानों की समृति में दिए जायेंगे जिन्होंने समाज व लोगों की सुरक्षा के लिए अपने जीवन का बलिदान किया।
यह पुरस्कार ग्रामीण खंड में छात्रों में बहादुरी के लिए प्रदान किया जायेंगे। इन पुरस्कारों की घोषणा मुख्यमंत्री ने हरियाणा पुलिस के शहीद जवानों के परिवारों की संबोधित करते हुए की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हरियाणा में राज्य-स्तरीय पुलिस स्मारक की स्थापना की घोषणा भी भी। इस दौरान उन्होंने “मार्टियर्स ऑफ़ हरियाणा पुलिस” नामक पुस्तक का विमोचन भी किया।
13. राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग का महानिदेशक (जांच पड़ताल) किसे नियुक्त किया गया?
उत्तर – प्रभात सिंह
प्रभात सिंह को राष्ट्रीय मानवाधिकार का महानिदेशक (जांच पड़ताल) नियुक्त किया गया। प्रभात सिंह 1988 बैच के झारखण्ड कैडर के आईपीएस अफसर हैं। वे वर्तमान में CRPF में विशेष निदेशक के रूप में कार्यरत्त हैं। वे 30 अप्रैल, 2020 तक इस पद पर कार्य करेंगे।राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोगराष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की स्थापना 12 अक्टूबर, 1993 को की गयी थी। इसे मानव अधिकार सुरक्षा अधिनियम, 1993 के द्वारा वैधानिक आधार प्रदान किया गया। यह आयोग जीवन, स्वतंत्रता, समानता तथा सम्मान इत्यादि मूलभूत मानवीय अधिकारों की सुरक्षा के लिए कार्य करता है। इसका मुख्यालय नई दिल्ली में स्थित है। वर्तमान में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के चेयरमैन जस्टिस एच. एल. दत्तु हैं, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के महासचिव अम्बुज शर्मा हैं।
14. वाइब्रेंट गुजरात शिखर सम्मेलन 2019 की थीम क्या है?
उत्तर – शेपिंग ए न्यू इंडिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाइब्रेंट गुजरात शिखर सम्मेलन 2019 का उद्घाटन किया। संयुक्त अरब अमीरात वाइब्रेंट गुजरात शिखर सम्मेलन 2019 का पार्टनर देश है। इस सम्मेलन का आयोजन गांधीनगर में 18 से 20 जनवरी, 2019 के दौरान किया जायेगा। इसकी थीम “शेपिंग ऑफ़ ए न्यू इंडिया” है। इस दौरान “यूथ कनेक्ट फोरम” का आयोजन भी किया जायेगा, इस फोरम में राज्य स्तरीय, राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। यह वाइब्रेंट गुजरात समिट का 9वां संस्करण है।
15. किस केन्द्रीय मंत्रालय ने शहरी समृद्धि उत्सव का आयोजन करने का निर्णय लिया है?
उत्तर – केन्द्रीय आवास व शहरी मामले मंत्रालय
केंद्रीय आवास व शहरी मंत्रालय 1 से 15 फरवरी, 2019 के बीच देश भर में “शहरी समृद्धि उत्सव” का आयोजन करेगा, इसका उद्देश्य शहरी आजीविका पर फोकस करना है। इस इवेंट के द्वारा दीनदयाल अन्तोदय योजना – राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन की पहुँच को ज़रूरतमंद लोगों तक पहुँचाना है।
16. हाल ही में वित्त मंत्रालय ने बजट प्रक्रिया के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए कौन सी श्रृंखला शुरू की है?
उत्तर – नो योर बजट
केन्द्रीय वित्त मंत्रालय ने लोगों को बजट की प्रक्रिया से अवगत करवाने के लिए ट्विटर पर “नो योर बजट सीरीज” शुरू की है। इस श्रृंखला में लोगों को केन्द्रीय बजट के महत्व तथा इसकी निर्माण प्रक्रिया के बारे में बताया जायेगा।
इस वर्ष केंद्र सरकार अंतरिम बजट पेश करेगी।
मुख्य बिंदु
• बजट में सरकार की समस्त वित्तीय जानकारी होती है। इसमें सरकार के राजस्व के सभी स्त्रोतों तथा व्यय की जानकारी होती है।
• बजट में अगले वित्त वर्ष के लिए सरकार के खातों के अनुमान भी शामिल होते हैं, इनमे बजट अनुमान कहा जाता है।
• चूँकि इस वर्ष आम चुनाव होने हैं, इसलिए सरकार अंतरिम बजट पेश करेगी। वित्त वर्ष 2019-20 के लिए बजट नई सरकार द्वारा प्रस्तुत किया जायेगा।
17. हाल ही में विश्व के 7 सबसे ऊँचे ज्वालामुखी पर्वतों तथा 7 महाद्वीपों में 7 सबसे ऊँचे पर्वतों की चढ़ाई करने वाले सबसे युवा भारतीय पर्वतारोही कौन बने?
उत्तर – सत्यरूप सिद्धांत
कलकत्ता के 35 वर्षीय युवा पर्वता रोही सत्यरूप सिद्धांत विश्व के 7 सबसे ऊँचे ज्वालामुखी पर्वतों तथा 7 महाद्वीपों में 7 सबसे ऊँचे पर्वतों की चढ़ाई करने वाले सबसे युवा पर्वतारोही बने। वे विश्व के 7 सबसे ऊँचे ज्वालामुखी पर्वतों तथा 7 महाद्वीपों में 7 सबसे ऊँचे पर्वतों की चढ़ाई करने वाले पहले भारतीय पर्वतारोही हैं।
सत्यरूप सिद्धांत द्वारा स्केल किये गये ऊँचे पर्वत
माउंट एवेरेस्ट (8,848 मीटर) – नेपाल
माउंट अकांकागुआ (6,991 मीटर) – अर्जेंटीना
माउंट किलिमंजारो (5,895 मीटर) – तंज़ानिया
माउंट एल्ब्रुस (5,642 मीटर) – रूस
माउंट ब्लांक (4,808.7 मीटर) – फ्रांस
माउंट विन्सन मैसिफ (4,892 मीटर) – अंटार्टिका
पुन्काक जाया/ कार्स्तेंज़ पिरामिड (4,884 मीटर) – इंडोनेशिया
माउंट कोसिउसज्को (2,228 मीटर) – ऑस्ट्रेलिया
सत्यरूप सिद्धांत द्वारा स्केल किये गये ज्वालामुखीय पर्वत
ओजोस देल सलादो (6,893 मीटर) – चिली
माउंट किलिमंजारो (5,895 मीटर) – तंज़ानिया
माउंट एल्ब्रुस (5,642 मीटर) – रूस
माउंट पिको डी ओरिज़बा (5,636 मीटर) – मेक्सिको
माउंट दमावंद (5,610 मीटर) – ईरान
माउंट गिलुवे (4,368 मीटर) – पापुआ न्यू गिनी
माउंट सिडली (4,285 मीटर) – अंटार्टिका
सत्यरूप सिद्धांत ने विश्व के 7 सबसे ऊँचे ज्वालामुखी पर्वतों तथा 7 महाद्वीपों में 7 सबसे ऊँचे पर्वतों की चढ़ाई करने का कारनामा 35 वर्ष तथा 262 दिन की आयु में किया।
सत्यरूप सिद्धांत व्यवसाय से सॉफ्टवेयर इंजिनियर हैं, वे दक्षिण कलकत्ता से हैं। इस पर्वतारोहण के अभियान के लिए उन्होंने दो कंपनियों में अलग-अलग शिफ्ट में कार्य किया।
18. सतत मृदा प्रबंधन के लिए भारतीय मूल के किस व्यक्ति को 2019 जापान प्राइज से सम्मानित किया जायेगा?
उत्तर – डॉ. रतन लाल
भारतीय मूल के डॉ. रतन लाल को जापान प्राइज फाउंडेशन द्वारा सतत मृदा प्रबंधन में योगदान के लिए सम्मानित किया जायेगा। डॉ. रतन लाल अमेरिका के ऑहियो स्टेट यूनिवर्सिटी में मृदा वैज्ञानिक हैं। डॉ लाल के अतिरिक्त जापान के नागोया विश्वविद्यालय के प्रोफेसर योशियो ओकमोतो को भी जापान प्राइज प्रदान किया जायेगा। इस पुरस्कार को 8 अप्रैल, 2019 को एक समारोह के दौरान टोक्यो में प्रदान किया जायेगा। जापान प्राइज के विजेताओं को 50 मिलियन येन तथा एक स्वर्ण पदक प्रदान किया जायेगा।
19. हाल ही में कौन की निजी कंपनी 10,000 करोड़ रुपये लाभ का आंकड़ा छूने वाली पहली भारतीय कंपनी बनी?
उत्तर – रिलायंस
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड 10,000 करोड़ रुपये लाभ कमाने वाली भारत की पहली निजी कंपनी बन गयी है। तीसरी तिमाही में रिलायंस के शुद्ध लाभ में 8.8% की वृद्धि हुई और यह बढ़कर 10,251 करोड़ रुपये तक पहुँच गया। इस लाभ का प्रमुख कारण रिलायंस का पेट्रोकेमिकल, रिटेल और डिजिटल सेवाओं में बेहतरीन प्रदर्शन है।रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड भारत की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक है, इसकी स्थापना 1977 में धीरुभाई अम्बानी ने की थी। वर्तमान में मुकेश अम्बानी रिलायंस के चेयरमैन व मैनेजिंग डायरेक्टर हैं, उनके पास रिलायंस के 47% शेयर हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड उर्जा, पेट्रोकेमिकल, कपड़ा, प्राकृतिक संसाधन, रिटेल तथा दूरसंचार क्षेत्र में कार्य करती है। राजस्व के हिसाब से यह भारत की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी है, पहले स्थान पर सरकारी कंपनी इंडियन आयल कारपोरेशन है। 2017 में फार्च्यून ग्लोबल 500 सूची में यह 203 स्थान पर थी।
20. विश्व का पहला मानवाधिकार टीवी चैनल किस शहर में शुरू किया गया?
उत्तर – लन्दन
हाल ही में मानवाधिकार को समर्पित विश्व का पहला टीवी चैनल लन्दन में इंटरनेशनल ऑब्जर्वेटरी ऑफ़ ह्यूमन राइट्स (IOHR) द्वारा शुरू किया गया।
यह एक वेब बेस्ड चैनल होगा यह यूरोप, लैटिन अमेरिका और मध्य पूर्व समेत 20 देशों की ऑडियंस के लिए मानवाधिकार से सम्बंधित मुद्दों पर कार्यक्रम का प्रसारण करेगा। इस चैनल के ब्रॉडकास्ट को netgem.tv प्लेटफार्म के द्वारा देखा जा सकता है। वर्तमान में इस चैनल के कार्यक्रम अंग्रेजी में प्रसारित किये जा रहे हैं, बाद में यह कार्यक्रम फारसी, तुर्की, अरबी तथा रूसी भाषा में भी प्रसारित किये जा सकते हैं।इस चैनल का उद्देश्य मानवाधिकार की उन छुपी हुई कहानियों को लोगों के सामने लाना है जिसे मेनस्ट्रीम मीडिया अक्सर नज़रंदाज़ कर देती है।
यह चैनल शरणार्थी, प्रेस की स्वतंत्रता, आतंकवाद, महिला अधिकार, LGBT+ मुद्दे इत्यादि पर कार्यक्रम का प्रसारण करेगा। यह चैनल चीन के तिअनान्मेन स्क्वायर पर लोकतंत्र के समर्थन के प्रदर्शन, महिलाओं पर टेक्नोलॉजी के सकारात्मक व नकारात्मक प्रभाव, मानवाधिकार पर ब्रेक्सिट का प्रभाव इत्यादि पर कार्यक्रम का प्रसारण करेगा।