International Women’s Day 2019: पुरुष प्रधान समाज में शीर्ष मुकाम बनाने वाली देश की पहली महिलाओं को सलाम

0
76

राष्ट्रीय न्यूज़:-

1.International Women’s Day 2019: पुरुष प्रधान समाज में शीर्ष मुकाम बनाने वाली देश की पहली महिलाओं को सलाम:-International Women’s Day 2019भारत में उन महिलाओं का एक लंबा इतिहास रहा है, जिन्होंने लैंगिक रूढ़ियों को तोड़ा है और पुरुष प्रधान समाज में शीर्ष मुकाम बनाने वाली पहली महिला बनीं। ऐसी महिलाओं ने देश को गौरवान्वित किया है। देश का नाम रोशन करने वाली इन नारियों के कृतित्व-व्यक्तित्व पर पेश है विशेष सामग्री:

साइना नेहवाल:
2015 में विश्व बैडमिंटन रैंकिंग में पहला स्थान पाने वाली पहली भारतीय महिला बनीं।
मैरी कॉम:
लंदन में आयोजित 2012 ओलंपिक में मुक्केबाजी में पदक जीतने वाली देश की पहली महिला बनीं। इसमें उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया था। यही नहीं, वह इकलौती महिला हैं, जो छह बार विश्व मुक्केबाजी प्रतियोगिता भी जीत चुकीं हैं।
लेफ्टिनेंट भावना कस्तूरी:
गणतंत्र दिवस परेड 2019 में पुरुषों की टुकड़ी का नेतृत्व करने वाली पहली महिला सेना अधिकारी बनकर इतिहास रचा दिया।
अरुणिमा सिन्हा:
2013 में माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने वाली दुनिया की पहली दिव्यांग महिला बनीं। साथ ही अंटार्कटिका की सबसे ऊंची चोटी माउंट विंसन को फतह करने वाली दुनिया की पहली दिव्यांग महिला बनीं।
प्रांजल पाटिल:
भारत की पहली दृष्टिबाधित महिला आइएस अधिकारी बनीं। पिछले साल पाटिल ने केरल में एर्नाकुलम जिले के सहायक कलेक्टर के रूप में कार्यभार संभाला।
डॉ जीसी अनुपमा:
19 फरवरी, 2019 को देश में पेशेवर खगोलविदों के प्रमुख संघ, एस्ट्रोनॉमिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया की पहली महिला प्रमुख बनीं।
फ्लाइट लेफ्टिनेंट हिना जायसवाल:
16 फरवरी, 2019 को भारतीय वायु सेना में शामिल होने वाली पहली महिला फ्लाइट इंजीनियर बनकर देश को गौरव दिलाया।
शांति देवी:
भारत में पहली महिला ट्रक मेकैनिक बनीं और 20 से अधिक वर्षों से काम कर रही हैं।
कविता देवी:
डब्ल्यूडब्ल्यूई में पहली भारतीय महिला पहलवान बनकर इतिहास रचा।

हरमनप्रीत कौर:
9 नवंबर, 2018 को टी 20 प्रारूप में शतक बनाने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बनीं। यह शतक उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ लगाया था।
फ्लाइंग ऑफिसर अवनि चतुर्वेदी:
19 फरवरी, 2018 को लड़ाकू विमान को अकेले उड़ाने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। उन्होंने एक मिग -21 बाइसन को उड़ाया था।
एमए स्नेहा:
कानूनी रूप से जाति और धर्म से न पहचानी जाने वाली पहली भारतीय महिला बनीं।
कैप्टेन शिखा सुरभि:
गणतंत्र दिवस परेड 2019 में भारतीय सेना की मोटरसाइकिल डेयरडेविल्स स्क्वाड में पहली और एकमात्र महिला अधिकारी बनीं।
मिताली राज:
200 एकदिवसीय मैच खेलने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनीं। वर्तमान में वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हैं।
अरुणिमा सिंह:
जलीय सरीसृपों का बचाव करने वाली देश की पहली महिला हैं। वह अब तक 18 से अधिक घड़ियाल और मगरमच्छ जैसे खतरनाक जलीय जीवों को बचा चुकी हैं।
गीता गोपीनाथ:
भारतीय मूल की गीता गोपीनाथ अक्टूबर, 2018 को अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आइएमएफ) की पहली महिला मुख्य अर्थशास्त्री बनकर देश का नाम रौशन किया।
गरिमा अरोड़ा:
नवंबर, 2018 को मिशेलिन स्टार अवार्ड के साथ सम्मानित होने वाली पहली भारतीय महिला शेफ बनीं। उन्हें हाल ही में 2019 के लिए एशिया की सर्वश्रेष्ठ महिला शेफ के रूप में नामित किया गया है।
दीपा मलिक:
2016 के ग्रीष्मकालीन पैरालिंपिक में शॉट पुट में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं।
निष्ठा डुडेजा:
मिस डेफ एशिया 2018 का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं।
ऊषा किरण:
छत्तीसगढ़ के उग्रवाद प्रभावित बस्तर क्षेत्र में तैनात होने वाली सीआरपीएफ की पहली महिला अधिकारी बनीं। यहीं नहीं वह ऐसी पहली महिला सीआरपीएफ अधिकारी हैं, जो कोबरा (सीआरपीएफ की एक विशेष इकाई है जो गुरिल्ला रणनीति और जंगल युद्ध में कुशल है।) का हिस्सा हैं।
हेमा दास:
12 जुलाई, 2018 को फिनलैंड में आयोजित विश्व अंडर -20 चैंपियनशिप में ट्रैक इवेंट में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं।
अंजू पी.एस.
पहली महिला लाइव साउंड इंजीनियर हैं। 7 वर्षों में 50 से अधिक आयोजनों का नेतृत्व किया।

ऑल-फीमेल स्पेसवाक
पहली ऑल-फीमेल स्पेसवॉक इस महीने के अंत में होने वाली है। नासा अंतरिक्ष यात्री क्रिस्टीना कोच और ऐनी मैकक्लेन 29 मार्च को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के बाहर स्पेसवॉक करेंगी। दोनों को आइएसएस में पिछली गर्मियों में स्थापित बैटरी को बदलने के मिशन पर भेजा जा रहा है। 14 मार्च को कोच अपनी पहली अंतरिक्ष उड़ान भरेंगी। नासा के मुताबिक उनकी स्पेसवॉक लगभग सात घंटे चलेगी।

60 वर्षों में पहली बार: लगभग 60 वर्षों के स्पेसफ्लाइट में केवल चार बार ही ऐसा हुआ है जब अभियानों में दो महिला सदस्यों को शामिल किया गया है, जो स्पेसवॉक के लिए प्रशिक्षित हैं।

पहली महिला स्पेसवॉक: सोवियत अंतरिक्ष यात्री स्वेतलाना सवित्स्काया 25 जुलाई 1984 को स्पेसवॉक करने वाली पहली महिला बनीं।

कुल स्पेसवॉक: रखरखाव, मरम्मत, उपकरणों के परीक्षण या विज्ञान के प्रयोगों के लिए आइएसएस में 1998 से अबतक 213 स्पेसवॉक हो चुकी हैं।

बराबर की रही भागीदारी: अंतरिक्ष में जाने वाले 500 से अधिक लोगों में से 11 फीसद से अधिक महिलाएं हैं। स्पेसवॉक टीम में या तो सभी पुरुष या पुरुष-महिला शामिल रहे हैं।

 

2.रूस से दस साल के लिए परमाणु चालित पनडुब्बी का सौदा:-भारत ने गुरुवार को रूस से परमाणु चालित हमलावर पनडुब्बी को दस साल के लिए पट्टे पर लेने के समझौते पर हस्ताक्षर किए। भारत को यह पनडुब्बी तीन अरब डॉलर (करीब 20 हजार करोड़ रुपये) में दस साल के लिए मिलेगी। महीनों चली बातचीत के बाद दोनों देशों की सरकारों के बीच यह समझौता हुआ है।

समझौते के अनुसार रूस अकुला श्रेणी की पनडुब्बी भारतीय नौसेना को सन 2025 में देगा। भारत में यह चक्र तृतीय के नाम से जानी जाएगी। यह रूस से भारत को पट्टे पर मिलने वाली तीसरी पनडुब्बी होगी। इससे पहले भारत ने 1988 में परमाणु शक्ति वाली पनडुब्बी आइएनएस चक्र तीन साल के पट्टे पर रूस से ली थी। दूसरी आइएनएस चक्र पनडुब्बी 2012 में दस साल के लिए रूस से ली गई। चक्र द्वितीय का पट्टा 2022 में खत्म होगा। भारत सरकार उसका पट्टा बढ़वाने पर भी विचार कर रही है।

ताजा सौदे के बारे अन्य बातें बताने से रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने इन्कार कर दिया। हिंद महासागर में चीन की बढ़ती ताकत के मद्देनजर भारत भी अपनी समुद्री ताकत की ओर ज्यादा ध्यान दे रहा है। चक्र तीन के लिए सौदा भारत और रूस के एके-203 राइफलों के संयुक्त उत्पादन की इकाई का अमेठी में उद्घाटन के ठीक बाद हुआ है। इससे पहले अक्टूबर 2018 में दोनों देशों के बीच एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम की खरीद का सौदा हुआ था। इससे साबित होता है कि भारत के रक्षा मामलों में रूस अभी भी बड़ा साझीदार बना हुआ है।

3.प्रधानमंत्री मोदी ने जारी की दृष्टिबाधित लोगों के लिए सुविधाजनक सिक्कों की श्रृंखला:-प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिक्कों की नई श्रृंखला जारी की है। इनसे विशेष रूप से दृष्टि बाधित लोगों को आसानी होगी। एक, दो, पांच, दस और बीस रूपये के ये सिक्के नई दिल्ली में आज एक समारोह में जारी किये गये, जहां दृष्टिबाधित बच्चे विशेष रूप से आमंत्रित किये गये थे।  सिक्के जारी करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार आखिरी व्यक्ति तक पहुंचने के संकल्प से काम कर रही है। दिव्यांगजनों के जीवन को समझना, उनकी दिक्कतों को समझना, उनके कोन्फीडेंस लेवल को बढ़ाना ऐसे अनेक निर्णय करते-करते हम काम कर रहे हैं। अभी भारत सरकार की करीब सौ वेबसाइट ऐसी है कि जो हमारे दिव्यांगजन विशेष करके हमारे प्रज्ञाचक्षु आराम से उस वेबसाइट को देख सकते हैं, समझ सकते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि नई श्रृंखला के इन सिक्कों से दृष्टिबाधित लोगों को रोजमर्रा के लेनदेन में काफी सहूलियत होगी।

अन्तराष्ट्रीय न्यूज़:-

4.उपराष्ट्रपति नायडू ने किया पराग्वे में भारतीय समुदाय को संबोधित, कहा- भारत में व्यापार को लेकर उत्साहपूर्ण माहौल:-उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने कहा है कि भारत विश्व की सबसे तेजी से विकसित हो रही अर्थव्यवस्था बन चुका है और देश के व्यापार की व्यापक रचनात्मक संभावनाएं है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के अंतर्गत सुधार, कार्य निष्पादन और कायाकल्प के मंत्र के साथ देश एक बड़े परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। श्री नायडू ने यह बात पराग्वे की राजधानी आसुन्सियो में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कही। इससे पहले उपराष्ट्रपति ने पराग्वे के राष्ट्रपति मैरिओ अब्दो बेनितेज और अन्य नेताओं से मुलाकात की। बातचीत में श्री नायडू ने भारत पर आतंकवादी हमले की निंदा की और कहा कि भारत और पराग्वे आर्थिक सुधारों और सामाजिक आर्थिक विकास में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद का मुकाबला करने में सक्षम है और पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान में बालाकोट आतंकी शिविर पर की गई हवाई कार्रवाई से यह और भी स्पष्ट हो जाता है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद मानवता के लिए एक खतरा है।

बाज़ार न्यूज़:-

5.टैक्स फ्री ग्रेच्युटी की सीमा दोगुनी होकर 20 लाख हुई, इन्हें होगा फायदा:-श्रम मंत्रालय ने गुरुवार को जानकारी दी है कि कर मुक्त ग्रेच्युटी की सीमा 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपये कर दिया गया है। इस कदम से उन कर्मचारियों को फायदा होगा जो कि ग्रेच्युटी भुगतान कानून, 1972 के दायरे में नहीं आते हैं।

श्रम मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, ‘‘वित्त मंत्रालय ने आयकर कानून, 1961 की धारा 10 (10) (तीन) के तहत ग्रेच्युटी के लिए आयकर छूट सीमा बढ़ाकर 20 लाख रुपए कर दी है।’’ श्रम मंत्री संतोष कुमार गंगवार ने एक बयान में कहा कि इस कदम से सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के उन कर्मचारियों तथा अन्य को लाभ होगा जो ग्रेच्युटी कानून, 1972 के दायरे में नहीं आते हैं। इसके लिए उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली का शुक्रिया अदा भी किया।

ग्रेच्युटी कानून, 1972 के अंतर्गत ग्रेच्युटी की सीमा में इजाफा पहली बार किया गया है, जिसमें नियोक्ता की आर्थिक स्थिति और कर्मचारियों को भुगतान करने एवं कर्मचारियों को सैलरी देने की क्षमता को ध्यान में रखा गया है। सरकारी तथा संगठित क्षेत्र में काम करने वाले तथा ग्रेच्युटी कानून के दायरे में आने वाले कर्मचारियों के लिये पहले ही कर मुक्त ग्रेच्युटी सीमा बढ़ाकर 20 लाख रुपये की जा चुकी है।

6.ड्राइविंग लाइसेंस, गाड़ी रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट कार्ड फार्मेट में होंगे:-

देश भर में अब ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन रजिस्टेशन सर्टिफिकेट प्लास्टिक कार्ड में जारी किए जाएंगे। ये मानक फार्मेट में होंगे। इसके अमल में आते ही कागज या बुकलेट-आधारित ड्राइविंग लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट खत्म हो जाएंगे। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

मंत्रालय द्वारा अधिसूचित नियम के मुताबिक, राज्यों के पास कार्ड प्रारूप में दो दस्तावेज जारी करने का विकल्प होगा। यह या तो पीवीसी या पोली काबरेनेट का का बना होगा। मंत्रालय  ने विज्ञप्ति जारी कर कहा है, ‘सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने पूरे देश के लिए ड्राइविंग लाइसेंस और रजिस्टेशन सर्टिफिकेट का एक समान मानक प्रारूप तय किया है। कागज या बुकलेट आधारित ड्राइविंग लाइसेंस या रजिस्टेशन सर्टिफिकेट बंद हो गया है।’

7.देशभर में जनऔषधि दिवस मना रही सरकार:-

केन्द्र सरकार देशभर में जनऔषधि दिवस मना रही है। देश के साढ़े छह सौ जिलों में पांच हजार से अधिक प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना केन्द्र काम कर रहे हैं। नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में रसायन और उरर्वक राज्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस अवसर पर वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये पूरे देश के पांच हजार जन औषधि केन्द्रों को सम्बोधित करेंगे। श्री मांडविया ने बताया, ‘‘एक जन औषधि स्टोर पर मेक्सिमम 50 परसेन्ट, मिनिमम 20 परसेन्ट से 30 परसेन्ट रेट में क्वालिटी जेनेरिक मेडिसिन उपलब्ध होती है। इस परियोजना को सारे देश में बहुत अच्छे प्रतिशत मिले है। रोजाना 10 से 15 लाख लाभार्थी जन औषधि स्टोर से मेडिसिन खरीदते है। देश में मेडिसिन पोपुलर बने, उसके लिए भी हमने प्रयास करना शुरू किया।

खेल न्यूज़:-

8.महिला टी-20 में भारत को हराकर इंग्लैण्ड ने ली श्रृंखला में अजेय बढ़त:-भारत दूसरे टी-20 महिला क्रिकेट मैच में इंग्लैण्ड से पांच विकेट से हार गया है। इसी के साथ इंग्लैण्ड ने तीन मैचों की श्रृंखला में अजेय बढ़त ले ली है। इंग्लैण्ड ने टॉस जीतकर भारत से पहले बल्लेबाजी करने को कहा। भारत की पूरी टीम पांच गेंद शेष रहते 111 रन बनाकर आउट हो गई। जवाब में इंग्लैण्ड ने पांच विकेट पर 114 रन बनाकर मैच जीत लिया। श्रृंखला का तीसरा और आखिरी मैच शनिवार को गुवाहाटी में ही खेला जाएगा।