Women’s ODI rankings: स्मृति मंधाना शीर्ष पर

0
23

1 Women’s ODI rankings: स्मृति मंधाना शीर्ष पर

स्मृति मंधाना ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शतकीय पारी की बदौलत महिला वनडे क्रिकेट में नंबर 1 बल्लेबाज के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। विश्व कप में शानदार प्रदर्शन के साथ मंधाना की रेटिंग अब तक के करियर की सर्वश्रेष्ठ है। उनकी जोड़ीदार प्रतिका रावल ने 12 पायदान की छलांग लगाई है। स्मृति मंधाना ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 109 रन की पारी खेलने के बाद बांग्लादेश के विरुद्ध नाबाद 34 रन बनाए थे। मंधाना 828 रेटिंग अंक के साथ शीर्ष पर मौजूद हैं, जबकि दूसरे स्थान पर मौजूद ऐश गार्डनर (731) उनसे 97 अंक पीछे हैं। दूसरी ओर, साउथ अफ्रीकी कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट दो स्थानों की छलांग के साथ तीसरे पायदान पर पहुंच गई हैं। उन्होंने हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ 90, जबकि ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध 31 रन की पारी खेली थी।

2 PM मोदी ने 2026 को घोषित किया ‘आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष’

26 अक्टूबर 2025 को आयोजित 22वें आसियान-भारत (ASEAN-India) शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की कि वर्ष 2026 को “आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष” (ASEAN-India Year of Maritime Cooperation) के रूप में मनाया जाएगा। यह घोषणा भारत की इस इच्छा को दर्शाती है कि वह दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन आसियान (ASEAN) के साथ अपने समुद्री, सुरक्षा, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को और गहरा करना चाहता है।

3 हिन्‍दुस्‍तान ऐरोनॉटिक्स लिमिटेड ने भारत में एसजे-100 नागरिक विमानों के निर्माण के लिए रूस की सार्वजनिक कंपनी यूनाइटेड एयक्राफ्ट कॉरपोरेशन के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्‍ताक्षर किए

हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने रूस की यूनाइटेड एयरक्राफ्ट कॉरपोरेशन (यूएसी) के साथ एसजे-100 सिविल कम्यूटर एयरक्राफ्ट के निर्माण के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता मास्को में एचएएल के प्रभात रंजन और यूएसी के ओलेग बोगोमोलोव द्वारा एचएएल के सीएमडी डी.के. सुनील और यूएसी के महानिदेशक वादिम बाडेका की मौजूदगी में किया गया। एसजे-100 एक ट्विन-इंजन नैरो-बॉडी विमान है, जिसके 200 से अधिक विमान दुनिया भर की 16 एयरलाइनों में परिचालन में हैं। एचएएल ने कहा कि यह साझेदारी भारत के क्षेत्रीय विमानन क्षेत्र को नई दिशा देगी और उड़ान (UDAN) योजना के तहत छोटे रूटों की कनेक्टिविटी को बढ़ावा देगी। इस समझौते के तहत एचएएल को विमान निर्माण का अधिकार मिलेगा। यह भारत के विमानन इतिहास में एक ऐतिहासिक कदम है, क्योंकि पहली बार पूरा यात्री विमान देश में बनाया जाएगा। इससे पहले एचएएल ने 1961 से 1988 के बीच एव्रो HS748 विमान का निर्माण किया था।

4 तमिलनाडु के विल्लुपुरम गांव के पास खुदाई के दौरान 1000 साल पुरानी कलाकृतियां मिलीं

तमिलनाडु में विल्लुपुरम जिले के कूटेरीपट्टू के पास पुरातात्विक खोज में लगभग 1,000 साल पुरानी चोल काल की पत्थर की कलाकृतियां मिली हैं। विल्लुपुरम के इतिहासकार सेनगुट्टुवन द्वारा हाल ही में किए गए एक क्षेत्रीय सर्वेक्षण के दौरान पहचानी गई ये प्राचीन कलाकृतियां, अलाग्रामम गांव और उसके आसपास मिलीं, जो अपने ऐतिहासिक महत्व के लिए पहले से ही जाना जाता है। इनमें वैष्णवी देवी, कौमारी और एक बौद्ध आकृति की जटिल नक्काशीदार मूर्तियां शामिल हैं, जिनमें से प्रत्येक को लगभग 10वीं शताब्दी ईस्वी का माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह खोज इस क्षेत्र की धार्मिक विविधता और चोलों के शासनकाल में फली-फूली कलात्मक उत्कृष्टता पर नई रोशनी डालती है।

5 पीएम मोदी पर छपी किताब ‘द मोदी स्टोरी: रिफ्लेक्शंस ऑन लीडरशिप एंड लाइफ’ अमेजन पर हुई लाइव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन से जुड़े आदर्शों और मूल्यों पर छपी किताब ‘द मोदी स्टोरी: रिफ्लेक्शंस ऑन लीडरशिप एंड लाइफ’ अमेजन पर लाइव हो चुकी है। ब्लू क्राफ्ट डिजिटल फाउंडेशन ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि इस किताब को रीडर्स अब ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म अमेजन से खरीद कर पढ़ सकते हैं। ब्लू क्राफ्ट डिजिटल फाउंडेशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया, “15,000 लोगों की आवाजों और रेयर रिकलेक्शन के आधार पर, यह किताब पीएम मोदी के नेतृत्व, शासन के प्रति उनके दृष्टिकोण, संस्था-निर्माण और दुनिया के साथ जुड़ाव पर एक अनोखा नजरिया पेश करती है।” ‘द मोदी स्टोरी: रिफ्लेक्शंस ऑन लीडरशिप एंड लाइफ’ किताब पीएम मोदी के उन आदर्शों और मूल्यों से परिचय करवाती है, जिन्होंने उनके सार्वजनिक जीवन को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

6 दिल्ली मेट्रो के मौजपुर-मजलिस पार्क कॉरिडोर को मिलेगा प्रतिष्ठित आईसीआई पुरस्कार

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। चेन्नई स्थित इंडियन कंक्रीट इंस्टिट्यूट (आईसीआई) ने डीएमआरसी को वर्ष 2025 का प्रतिष्ठित आईसीआई पुरस्कार देने का ऐलान किया है। यह सम्मान मौजपुर को मजलिस पार्क से जोड़ने वाले मेट्रो कॉरिडोर को “देश में उत्कृष्ट प्रीस्ट्रेस्ड कंक्रीट संरचना पुरस्कार” श्रेणी में दिया जाएगा। डीएमआरसी को दिसंबर में हैदराबाद में होने वाले पंचवर्षीय सम्मेलन एसीकॉन के दौरान औपचारिक रूप से पुरस्कार सौंपा जाएगा। मौजपुर-मजलिस पार्क कॉरिडोर दिल्ली मेट्रो के चौथे चरण के विस्तार का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह मौजूदा पिंक लाइन का विस्तार है और पूरा होने पर देश की पहली सर्कुलर रिंग मेट्रो लाइन बनेगा।

7 स्टार्टअप एक्सेलरेटर वेवएक्स ने भारतीय मीडिया-टेक उद्यमियों के भविष्य को आकार देने के लिए विश्व के सबसे बड़े स्टार्टअप हब, टी-हब के साथ सहयोग किया

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत स्टार्टअप एक्सेलेरेटर वेवएक्स ने भारत के क्रिएटिव, कंटेंट और मीडिया-प्रौद्योगिकी स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देने के लिए विश्व के सबसे बड़े स्टार्टअप हब, टी-हब के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया। इस सहयोग से भारतीय स्टार्टअप्स को संरचित इनक्यूबेशन, मेंटरशिप और अवसंरचना एवं नेटवर्क तक पहुंच प्रदान करके लाभ प्राप्त होने की उम्मीद है। एंकर संस्थान के रूप में टी-हब द्वारा समर्थित, वेवएक्स सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत पूरे भारत में 10 इनक्यूबेशन केंद्र स्थापित करेगा। ये केंद्र एवीजीसी-एक्सआर पारिस्थितिकी तंत्र में स्टार्टअप्स एवं रचनाकारों के लिए नवाचार केंद्र के रूप में कार्य करेंगे। वेवएक्स, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की वेव्स पहल के अंतर्गत शुरू किया गया एक समर्पित स्टार्टअप उत्प्रेरक प्लेटफॉर्म है, जिसका उद्देश्य मीडिया एवं मनोरंजन क्षेत्रों में नवाचार को बढ़ावा देना है। मई 2025 में मुंबई में आयोजित वेव्स शिखर सम्मेलन में, वेवएक्स ने 100 से ज़्यादा आशाजनक स्टार्टअप्स को पिचिंग एवं नेटवर्किंग का अवसर प्रदान किया, जिससे सरकारी एजेंसियों, निवेशकों एवं उद्योग जगत के दिग्गजों के साथ सीधा जुड़ाव संभव हुआ। टी-हब विश्व का सबसे बड़ा स्टार्टअप हब है जो क्यूरेटेड कार्यक्रमों, बाजार पहुंच, वित्तपोषण के अवसरों और विश्व स्तरीय अवसंरचना के माध्यम से 2,000 से अधिक स्टार्टअप का समर्थन करता है।

8 साल के सबसे शक्तिशाली तूफ़ान मेलिसा से जमैका होगा प्रभावित

जमैका इस साल के सबसे शक्तिशाली तूफ़ान, मेलिसा से जुझने वाला है। यह तूफ़ान वर्तमान में 175 मील प्रति घंटे की रफ़्तार से चल रहा है। इसके बाद ही यह कैटेगरी-5 तूफान बन गया। मेलिसा तूफ़ान ने हैती और डोमिनिकन गणराज्य में पहले ही चार लोगों की जान ले ली है। यूएस नेशनल हरिकेन सेंटर (एनएचसी) का कहना है कि यह 2005 (प्यूर्टो रिको) के कटरीना और 2017 (अमेरिका के न्यू ऑरलियन्स) के मारिया से कहीं ज्यादा खतरनाक है। कैटेगरी 5 को हरिकेन की सबसे खतरनाक श्रेणी माना जाता है। इसमें हवा की रफ्तार 252 किलोमीटर प्रति घंटा (या 157 मील प्रति घंटा) से अधिक होती है। समुद्र में ऊंची लहरें और तूफानी ज्वार कई मीटर ऊंचाई तक पहुंच सकते हैं, जिससे तटीय इलाकों में भारी बाढ़ आ जाती है।

9 इंडो-पैसिफिक डायलॉग: 23 देशों के विशेषज्ञ समुद्री सुरक्षा को लेकर मंथन में जुटे

भारतीय नौसेना और नेशनल मैरीटाइम फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में इंडो-पैसिफिक रीजनल डायलॉग-2025 का आयोजन नई दिल्ली में हो रहा है। यह भारतीय नौसेना का एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मंच है। यह मंच इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सतत विकास को सशक्त करने की भारत की रणनीति को दर्शाता है। इंडो-पैसिफिक रीजनल डायलॉग 2025 में 23 देशों के विशेषज्ञ शामिल हो रहे हैं। यह डायलॉग भारतीय नौसेना की अंतरराष्ट्रीय साझेदारी और भारत के सुरक्षित, स्थिर और समृद्ध इंडो-पैसिफिक विजन की दिशा में एक बड़ा कदम है। यहां संवाद से आगे बढ़कर साझा विकास और सुरक्षा के ठोस समाधान तैयार किए जा रहे हैं।

10 स्टेलरस लॉन्च करेगा दुनिया का पहला 3D विंड डेटा सैटेलाइट नेटवर्क

जलवायु और अंतरिक्ष तकनीक के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए, हांगकांग-आधारित स्टार्टअप Stellerus Technology ने “Feilian Constellation” नामक परियोजना की घोषणा की है — जो दुनिया का पहला सैटेलाइट नेटवर्क होगा जो तीन-आयामी (3D) हवा के डेटा को कैप्चर करेगा।यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट, जिसका नाम प्राचीन चीनी पवन देवता Feilian के नाम पर रखा गया है, वैश्विक स्तर पर वायुमंडलीय गतिशीलता को समझने के तरीके में क्रांति लाने वाला है। इस तकनीक के दूरगामी प्रभाव नवीकरणीय ऊर्जा, विमानन सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, और बीमा मॉडलिंग जैसे क्षेत्रों पर पड़ेंगे। वर्तमान में 3D विंड डेटा (हवा की गति, दिशा और ऊर्ध्वाधर गति) मौसम विज्ञान के लिए सबसे जरूरी लेकिन सबसे कम मापे जाने वाले घटकों में से एक है।

11 जापान ने लॉन्च किया दुनिया का पहला येन-आधारित स्टेबलकॉइन ‘JPYC’

वैश्विक डिजिटल फाइनेंस की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए जापान ने 27 अक्टूबर 2025 को ‘JPYC’ नामक दुनिया का पहला येन-पेग्ड स्टेबलकॉइन आधिकारिक रूप से लॉन्च कर दिया है। यह कदम जापान की पारंपरिक नकद और क्रेडिट कार्ड-आधारित अर्थव्यवस्था से डिजिटल वित्तीय पारिस्थितिकी की ओर एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है। इस डिजिटल टोकन को टोक्यो स्थित स्टार्टअप JPYC Inc. द्वारा जारी किया गया है, जो जापानी येन और सरकारी बॉन्ड (JGBs) द्वारा पूरी तरह समर्थित है। लॉन्च फेज में इसके लेनदेन पर शून्य शुल्क (Zero Transaction Fee) रखा गया है। JPYC एक ब्लॉकचेन-आधारित स्टेबलकॉइन है, यानी ऐसा डिजिटल टोकन जो 1 जापानी येन = 1 JPYC की स्थिर दर बनाए रखने के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह घरेलू बचत और जापानी सरकारी प्रतिभूतियों द्वारा समर्थित है, जिससे इसे स्थिरता और सरकारी विश्वसनीयता प्राप्त होती है। कंपनी अगले तीन वर्षों में 10 ट्रिलियन येन (लगभग 66 अरब डॉलर) मूल्य तक के टोकन जारी करने की योजना बना रही है। JPYC का लक्ष्य इसे अंतरराष्ट्रीय भुगतान और स्टार्टअप्स के लिए सस्ता, तेज़ और सुरक्षित डिजिटल माध्यम बनाना है।

12 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप: पुरुषों के फ्रीस्टाइल 65 किलोग्राम वर्ग में सुजीत कलकल ने स्वर्ण पदक जीता

सुजीत कलकल ने सर्बिया में अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के पुरुषों के फ्रीस्टाइल 65 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने खिताबी मुकाबले में उज़्बेकिस्तान के उमिदजोन जलोलोव को 10-0 से हराया। मुकाबला चार मिनट 54 सेकंड तक चला और रेफरी ने भारतीय पहलवान को विजेता घोषित कर दिया। यह कलकल का पहला विश्‍व खिताब है। इससे पहले वे दो अंडर 23 एशियाई खिताब और एक अंडर 20 एशियन चैंपियनशिप में स्‍वर्ण पदक अपने नाम कर चुके हैं। इससे पहले, भारतीय महिला कुश्ती टीम ने इसी स्पर्धा में 5 कांस्य पदक और 2 रजत पदक जीते और टीम चैंपियनशिप का खिताब भी हासिल किया। सुजीत का पदक इस साल पुरुषों की अंडर-23 सीनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारत के लिए एकमात्र पदक है।

13 एशियाई युवा खेल: भारत की धिनिधि देसिंघु ने 400 मीटर फ्रीस्टाइल में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया

तैराकी में, भारत की धिनिधि देसिंघु ने बहरीन में एशियाई युवा खेलों 2025 में 400 मीटर फ्रीस्टाइल में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। धिनिधि ने 4 मिनट 21.86 सैकेण्‍ड का समय लेकर फाइनल में पांचवां स्थान हासिल कर अपना 4 मिनट 24.6 सैकेण्‍ड का रिकॉर्ड तोडा। इसी स्पर्धा में, भारत की अदिति सतीश हेगड़े 4 मिनट 32 के समय के साथ सातवें स्थान पर रहीं।

14 अंतरराष्ट्रीय एनीमेशन दिवस 2025

हर साल 28 अक्टूबर को पूरी दुनिया में अंतर्राष्ट्रीय एनीमेशन दिवस (International Animation Day – IAD) मनाया जाता है। यह दिन एनीमेशन कला को समर्पित है और 50 से अधिक देशों में बड़े उत्साह से मनाया जाता है। इस पहल का नेतृत्व ASIFA (Association Internationale du Film d’Animation) करती है। यह दिन 1892 में पेरिस में एमिल रेनॉ (Émile Reynaud) द्वारा उनके Théâtre Optique उपकरण के माध्यम से की गई पहली सार्वजनिक एनीमेशन स्क्रीनिंग की याद में मनाया जाता है — जिसने आधुनिक एनीमेशन की नींव रखी थी।