डबल्यूईएफ़ के यात्रा और पर्यटन विकास सूचकांक 2024 में भारत 39वें स्थान पर

0
43

1 डबल्यूईएफ़ के यात्रा और पर्यटन विकास सूचकांक 2024 में भारत 39वें स्थान पर

विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) द्वारा हाल ही में जारी यात्रा और पर्यटन विकास सूचकांक 2024 में भारत को 119 देशों में से 39वां स्थान दिया गया है । संयुक्त राज्य अमेरिका को विश्व में शीर्ष स्थान दिया गया जबकि भारत दक्षिण एशिया में सर्वोच्च रैंक वाला देश था। यात्रा और पर्यटन विकास सूचकांक विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) द्वारा जारी एक द्विवार्षिक रिपोर्ट है। पहला सूचकांक 2022 में जारी किया गया था। इससे पहले, डबल्यूईएफ़ 2007 से द्विवार्षिक रूप से यात्रा और पर्यटन प्रतिस्पर्धात्मकता सूचकांक प्रकाशित करता था। यात्रा और पर्यटन प्रतिस्पर्धात्मकता सूचकांक को यात्रा और पर्यटन विकास सूचकांक से बदल दिया गया था। यात्रा और पर्यटन विकास सूचकांक उन कारकों और नीतियों के समूह को बेंचमार्क और मापता है जो यात्रा और पर्यटन क्षेत्र के सतत और लचीले विकास को सक्षम बनाता है और देश के विकास में अहम भूमिका निभाता है। 2024 यात्रा और पर्यटन विकास सूचकांक इंग्लैंड के सरे विश्वविद्यालय के सहयोग से तैयार किया गया था। इस वर्ष सूचकांक में 119 देशों को शामिल किया गया है। इस सूची में शीर्ष पर अमेरिका है। इसके बाद दुसरे स्थान पर स्पेन, फिर जापान, फ्रांस और ऑस्ट्रेलिया है। निचली रैंक वाले देश माली (119) और सिएरा लियोन (118) है।

2 स्पेन अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन का 99वां सदस्य

स्पेन अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन का 99वां सदस्य बन गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा कि स्पेन ने नई दिल्ली में डिपॉजिटरी के प्रमुख, विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव अभिषेक सिंह के साथ स्पेन के राजदूत जोस मारिया रिदाओ डोमिंग्वेज़ की बैठक के दौरान अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन अनुसमर्थन दस्तावेज सौंप दिया। अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन (आईएसए) अपने सदस्य देशों में ऊर्जा पहुंच लाने, ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने और ऊर्जा संक्रमण को चलाने के साधन के रूप में सौर ऊर्जा प्रौद्योगिकियों की बढ़ती तैनाती के लिए सहयोगी मंच है।

3 वियतनाम की राष्ट्रीय असेंबली ने देश के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री लाम को हनोई मुख्यालय में मतदान के बाद देश का राष्‍ट्रपति बनाने की अनुमति दी

वियतनाम की राष्ट्रीय असेंबली ने देश के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री जनरल टू लाम को हनोई मुख्यालय में मतदान के बाद देश का राष्‍ट्रपति बनाने की अनुमति दे दी। वियतनाम के पूर्व राष्‍ट्रपति वो वान थोंग के त्यागपत्र के बाद भ्रष्टाचार का मामला मुखर होने पर लगभग दो महीने के बाद नए राष्ट्रपति की नियुक्ति की गई है। श्री लाम 18 महीने से कम समय में वियतनाम के तीसरे राष्ट्रपति बनाए गए हैं। श्री लाम वियतनाम में तीसरे अत्यंत शक्तिशाली व्‍यक्ति हैं। श्री लाम के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री के कार्यकाल में अनेक असंतुष्‍ट और ब्‍लॉगर को जेल भेजा गया।

4 संयुक्त अरब अमीरात में अबू धाबी में भारतीय दूतावास और दुबई स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रतिष्ठित शील्‍ड ऑफ ऑनर

संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मामलों के मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाह्यान के संरक्षण में आयोजित पांचवें विदेश मंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह में संयुक्त अरब अमीरात में अबू धाबी में भारतीय दूतावास और दुबई स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रतिष्ठित शील्‍ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। इसके साथ ही ऐसे दो सम्‍मान प्राप्‍त करने वाला भारत एकमात्र देश बन गया है। संयुक्त अरब अमीरात में भारतीय राजदूत संजय सुधीर और दुबई स्थित महावाणिज्‍य दूतावास में महावाणिज्य दूत सतीश कुमार सिवन ने ये सम्‍मान प्राप्त किए। ये सम्‍मान शेख अब्दुल्ला बिन जायद ने प्रदान किये। ये पुरस्‍कार संयुक्‍त अरब अमीरात में भारतीय मिशनों द्वारा आर्थिक, सांस्‍कृतिक और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों को बढावा देने के लिए किये गए सराहनीय कार्य के प्रमाण हैं।

5 पावरग्रिड को शिक्षण और विकास के लिए वैश्विक मान्यता प्राप्त हुई, तीसरी बार एटीडी बेस्ट अवार्ड्स से सम्मानित किया गया

पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (पावरग्रिड) को व्यावसायिक परिणामों को लेकर प्रतिभा विकास के रणनीतिक दृष्टिकोण के लिए प्रतिष्ठित एटीडी बेस्ट अवार्ड्स- 2024 से सम्मानित किया गया है। पावरग्रिड भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के अधीन एक महारत्न केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उद्यम (सीपीएसयू) है। अमेरिका स्थित एसोसिएशन फॉर टैलेंट डेवलपमेंट (एटीडी) की ओर से स्थापित एटीडी बेस्ट अवार्ड्स शिक्षण और विकास (एलएंडडी) के क्षेत्र में सबसे सम्मानित अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों में से एक है। यह उन संगठनों को सम्मानित करता है, जो एक रणनीतिक व्यावसायिक उपकरण के रूप में प्रतिभा विकास का लाभ उठाते हैं और प्रभावी कर्मचारी विकास अभ्यासों के माध्यम से उद्यम-व्यापी सफलता का प्रदर्शन करते हैं। यह रैंकिंग उच्च प्रमाणिकता और वैश्विक प्रतिष्ठा वाले अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की ओर से एक कठिन मूल्यांकन और आकलन प्रक्रिया के माध्यम से निर्धारित की जाती है। इस साल का सम्मान व्यापक विद्युत पारेषण (ट्रांसमिशन) नेटवर्क के कुशल रखरखाव और विशाल परियोजनाओं के सफल कार्यान्वयन को लेकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और मशीन लर्निंग जैसी नवीन तकनीकों को अपनाने के लिए पावरग्रिड के अभिनव दृष्टिकोण को रेखांकित करता है।

6 बांका में बिहार का सबसे बड़ा सौर ऊर्जा बिजली घर शुरू

बांका में बिहार का सबसे बड़ा सौर ऊर्जा बिजली घर शुरू हो गया है। एक निजी कंपनी द्वारा पिछले दो वर्षों से इस सोलर पावर प्लांट का निर्माण करवाया जा रहा था। इस प्लांट से प्रतिवर्ष पचास मेगावाट बिजली के उत्पादन का लक्ष्य है। बिहार राज्य पावर होल्डिंग कम्पनी पच्चीस वर्षों तक प्लांट में उत्पादित बिजली खरीदेगी।

7 कामिरिता ने दस दिन में दूसरी बार माउंट एवरेस्ट की सफल चढ़ाई कर बनाया रिकार्ड

नेपाली पर्वतारोही कामिरिता शेर्पा ने एक नया विश्व कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। उन्होंने दस दिनों के भीतर दूसरी बार विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक चढ़ाई पूरी की। माउंट एवरेस्ट पर 30वीं बार सफल आरोहण कर कामिरिता ने सबसे अधिक बार का रिकार्ड भी अपने नाम कर लिया है। नेपाल पर्वारोही संघ की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया है कि कामिरिता शेर्पा ने बुधवार की सुबह 7 बजकर 49 मिनट पर माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंच कर नया रिकार्ड बनाया है। एवरेस्ट पर चढ़ने वाले कामिरिता पहले ऐसे व्यक्ति हैं, जो अब तक तीसवीं बार सफल आरोहण कर चुके हैं। इससे पहले 12 मई को भी कामिरिता ने 29वीं बार सफल चढ़ाई कर रिकार्ड अपने नाम किया था। इस बार जब से पर्वारोहण के लिए सरकार की तरफ से अनुमति दी गई, तब से 10 दिनों के भीतर ही कामिरिता ने दो बार सफल आरोहण करने का रिकार्ड बना लिया है।

8 विश्व पैरा एथलेटिक्स: भारत पदक तालिका में तीसरे स्थान पर

भारत के सुमित अंतिल ने जापान के कोबे में विश्व पैरा एथलेटिक चैंपियनशिप में पुरुषों की एफ64 भाला फेंक स्पर्धा में 69.50 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता। दूसरी ओर, मरियप्पन थंगावेलु ने पुरुषों की ऊंची कूद टी63 फाइनल में 1.88 मीटर से अधिक की दूरी पार करके चैंपियनशिप रिकॉर्ड तोड़ दिया और भारत के लिए टूर्नामेंट का चौथा स्वर्ण जीता। वर्तमान में, भारत चीन (15 स्वर्ण, 13 रजत, 13 कांस्य) और ब्राजील (14 स्वर्ण, 6 रजत, 5 कांस्य) के बाद तीसरे स्थान पर है। भारत के कुल 10 पदक हो गए हैं जिसमें चार स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं। अक्टूबर 2023 में 73.29 मीटर के विश्व रिकॉर्ड प्रयास के साथ हांग्जो एशियाई पैरा गेम्स भाला फेंक एफ64 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के बाद अंतिल पुरुषों की भाला (एफ64) में वर्तमान विश्व रिकॉर्ड धारक हैं।

9 जैविक विविधता के लिए अंतर्राष्ट्रीय दिवस 2024

हर साल 22 मई को अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन मनुष्य के लिए पानी, भोजन, दवाएँ, कपड़े, ईंधन, आश्रय और ऊर्जा के प्रमुख स्रोत के रूप में प्राकृतिक दुनिया के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास करता है। यह हमारी जैविक संपदा की सुरक्षा, सम्मान और मरम्मत के लिए लोगों और नीति निर्माताओं के बीच जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास करता है। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 22 मई को अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के रूप में मनाने के लिए दिसंबर 2000 में एक प्रस्ताव पारित किया। यह दिन महत्वपूर्ण है क्योंकि 22 मई को जैविक विविधता पर कन्वेंशन का पाठ अपनाया गया था। जैव विविधता के लिए पहला अंतर्राष्ट्रीय दिवस 22 मई 2001 को मनाया गया था।