बीसीसीआई ने टी-20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम को 125 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की

0
6

1 बीसीसीआई ने टी-20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम को 125 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईसीसी टी-20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 125 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि की घोषणा की है। बोर्ड के सचिव जय शाह ने केंसिंग्टन ओवल में भारत की ऐतिहासिक विजय के बाद यह घोषणा की। श्री शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान असाधारण प्रतिभा, कौशल और खेल भावना का परिचय दिया। उन्होंने सभी खिलाडियों, कोच और सहयोगी स्टाफ को इस असाधारण उपलब्धि पर बधाई दी। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने टूर्नामेंट के सभी मैच और विश्व कप जीतकर इतिहास रचा है।

2 लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि, पीवीएसएम, एवीएसएम, एसएम, वीएसएम ने थलसेना के उपप्रमुख का पदभार ग्रहण किया

लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने सेना के उप प्रमुख का पदभार ग्रहण किया। वे लखनऊ स्थित मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के पद पर कार्यरत थे। श्री सुब्रमणि को गढ़वाल राइफल्स में दिसंबर 1985 में कमीशन दिया गया था। उन्होंने प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी और भारतीय सैन्य अकादमी से स्नातक की उपाधि प्राप्त की है। वे संयुक्त सेवा कमान स्टाफ कॉलेज, ब्रैकनेल (यूके) और राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज, नई दिल्ली के पूर्व छात्र हैं।

3 भजनलाल शर्मा ने टोंक में मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि का शुभारंभ किया

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने 30 जून 2024 को टोंक की कृषि उपज मंडी में आयोजित एक समारोह में राज्य सरकार की मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि का शुभारंभ किया । मुख्यमंत्री ने राज्य के लगभग 65 लाख किसानों को पहली किस्त के रूप में 650 करोड़ रुपये जारी किए। राज्य के पात्र किसानों को राज्य योजना के तहत लाभ के साथ-साथ पीएम-किसान योजना के तहत केंद्र सरकार द्वारा प्रति वर्ष 6000 रुपये का भुगतान भी मिलेगा। इस योजना के तहत राज्य के पात्र किसानों की आय को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई एक आय सहायता योजना है। मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत पात्र किसानों को प्रति वर्ष 2000 रुपये मिलेंगे। उन्हें तीन किस्तों में पैसा मिलेगा – 1000 रुपये, 500 रुपये और 500 रुपये। पहली किस्त 30 जून 2024 को टोंक में मुख्यमंत्री द्वारा सीधे हस्तांतरित की गई थी। दूसरी और तीसरी किस्त पीएम-किसान योजना के साथ मिलेगा। राशि सीधे पात्र किसानों के बैंक खाते में स्थानांतरित की जाएगी। प्रदेश के करीब 65 लाख किसान मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पात्र हैं।

4 हंगरी ने अगले छह महीनों के लिए यूरोपीय संघ परिषद की अध्यक्षता ग्रहण की

हंगरी ने यूरोपीय संघ की प्रतिस्पर्धी क्षमता को बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करने के साथ अगले छह महीनों के लिए यूरोपीय संघ परिषद की अध्यक्षता ग्रहण की है। हंगरी के यूरोपीय संघ के कार्यमंत्री जानोस बोका ने हंगरी की अध्‍यक्षता के दौरान सात शीर्ष वरीयताओं का उल्‍लेख किया। इन वरीयताओं में यूरोपीय संघ की प्रतिस्पर्धी क्षमता को बढाना, यूरोपीय रक्षा नीति को सशक्त करना, यूरोपीय संघ का विस्तारीकरण और अवैध प्रवासन को नियंत्रित करना शामिल है। इनमें एकजुटता नीति के भविष्य को आकार देना, किसान केंद्रित यूरोपीय संघ की कृषि नीति का कार्यान्वयन तथा यूरोपीय संघ की जनसांख्यिकीय चुनौतियों से निपटना भी शामिल है। श्री बोका ने कहा कि यह वरीयताएं यूरोपीय मतदाताओं की इच्छा को दर्शाती हैं। इनमें हाल के यूरोपीय संसदीय चुनावों में एक स्पष्ट राजनीतिक संदेश मिला कि यूरोप में परिवर्तन की आवश्यकता है। श्री बोका ने विशेष रूप से यूरोपीय संघ की प्रतिस्पर्धी क्षमता और सुरक्षा तथा रक्षा नीति का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हंगरी की यूरोपीय संघ की अध्यक्षता ग्रहण करने का मुख्‍य उद्देश्‍य यूरोप को एक बार फिर महान बनाना है।

5 CBDT के नए चेयरमैन बने रवि अग्रवाल

30 जून को केंद्र सरकार ने 1988 बैच के IRS ऑफिसर रवि अग्रवाल को केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) का नया चेयरमैन नियुक्त किया। वे नितिन गुप्ता की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 जून को खत्म हो गया। रवि को इसी वर्ष सितंबर में रिटायर होना था, लेकिन अब वे अगले वर्ष 30 जून तक अपने पद पर बने रहेंगे। CBDT आयकर विभाग की सर्वोच्च नीति निर्माता है। CBDT में एक चेयरमैन के अलावा छह सदस्य हो सकते हैं। बोर्ड में अन्य सेवारत सदस्य प्रज्ञा सहाय सक्सेना, एच.बी.एस. गिल, प्रवीण कुमार संजय कुमार और संजय कुमार वर्मा हैं। नितिन गुप्ता को जून 2022 में CBDT के चेयरमैन के तौर पर नियुक्त किया गया था।

6 चल्ला श्रीनिवासुलु सेट्टी SBI के नए चेयरमैन बनेंगे

फाइनेंशियल्स सर्विसेज इंस्टीट्यूशन ब्यूरो (FSIB) ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया यानी SBI के अगले चेयरमैन के रूप में चल्ला श्रीनिवासुलु सेट्टी की सिफारिश की है। केंद्र सरकार के अधीन आने वाले FSIB ने शनिवार, 29 जून को कहा कि मौजूदा मापदंडों और एक्सपीरियंस को ध्यान में रखते हुए ब्यूरो SBI के चेयरमैन के लिए चल्ला श्रीनिवासुलु सेट्टी की सिफारिश करता है। वह वर्तमान में इंटरनेशनल बैंकिग, ग्लोबल मार्केट और टेक्नोलॉजी विभाग का कार्यभाल संभालते हैं। बैंक के वर्तमान चेयरमैन दिनेश खारा 63 साल के होने के बाद 28 अगस्त को रिटायर हो रहे हैं।

7    3 नए क्रिमिनल लॉ लागू किए गए

1 जुलाई से 3 नए क्रिमिनल कानून लागू हो गए हैं। 21 दिसंबर, 2023 को भारत की संसद ने मौजूदा क्रिमिनल कानूनों को बदलने के लिए तीन नए आपराधिक कानून पारित किए। इसे 25 दिसंबर 2023 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंजूरी दी थी। अब इन कानूनों को 1 जुलाई 2024 से पूरे देश में लागू कर दिया गया है। BNS कानून में IPC के 22 प्रावधानों को निरस्त और 175 में बदलाव किया गया है। इसके साथ ही कानून में 8 नई धाराएं जोड़ी गईं हैं। भारतीय न्याय संहिता, 2023 में कुल 356 धाराएं हैं। वहीं, 1898 में बने CrPC की जगह अब भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 लागू किया गया है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के जरिए CrPC के 9 प्रावधानों को निरस्त, 160 प्रावधानों में बदलाव और 9 नए प्रावधान किए गए हैं। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता में अब कुल 533 धाराएं हैं। इसके अलावा, 1872 में बने इंडियन एविडेंस कोड की जगह अब भारतीय साक्ष्य संहिता 2023 लागू किया गया। भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 मौजूदा इंडियन एविडेंस कोड के 5 प्रावधानों को निरस्त कर दिया गया है। 23 प्रावधानों में बदलाव के साथ एक नया प्रावधान भी शामिल किया गया है। अब कानून में कुल 170 धाराएं हैं।

8 अफगानिस्तान पर हुई UN की बैठक में शामिल हुआ भारत

कतर की राजधानी दोहा में रविवार, 30 जून को अफगानिस्तान को लेकर संयुक्त राष्ट्र संघ (UN) की एक बैठक हुई। इसमें भारत समेत 25 देश शामिल हुए। ऐसा पहली बार हुआ जब तालिबान के नेता अफगानिस्तान पर चर्चा के दौरान मौजूद रहे हों। इससे पहले वे UN की हर उस बैठक का बहिष्कार करते रहे हैं जिनमें अफगानिस्तान पर चर्चा की गई हो। हालांकि, UN ने स्पष्ट कर दिया था कि इस बैठक का मकसद तालिबान को मान्यता देना नहीं है। इसके बावजूद कई मानवाधिकार संगठनों ने मीटिंग की आलोचना की और सवाल उठाए। इन संगठनों की मांग है कि जब तक तालिबान महिलाओं के अधिकारों का हनन करता रहेगा तब तक न तो उससे बात की जाए और न उन्हें मान्यता मिले। अफगानिस्तान पर हुई UN की मीटिंग में भारत की तरफ से विदेश मंत्रालय के अधिकारी जेपी सिंह शामिल हुए। हालांकि, इस वक्त विदेश मंत्री एस जयशंकर भी दोहा में थे पर वे बैठक में नहीं गए। जेपी सिंह ने UN की मीटिंग से पहले मार्च में काबुल गए थे और वहां उन्होंने तालिबान के अधिकारियों से मुलाकात की थी। अफगानिस्तान को मान्यता देने के लिए भारत अभी तैयार नहीं है। हालांकि, वहां मानवीय मदद पहुंचा कर अपना असर बनाए रख रहा है।

9 अंडर-23 एशियाई कुश्‍ती चैंपियनशिप में पहले स्थान पर रहा भारत

भारत 23 वर्ष से कम उम्र के पहलवानों की एशियाई कुश्‍ती चैंपियनशिप में पहले स्थान पर रहा। जॉर्डन के अम्‍मान में भारत के युवा पहलवानों ने फ्री स्‍टाइल कुश्‍ती में चार स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य सहित कुल आठ पदक जीते। अभिमन्यु ने 70 किलोग्राम भारवर्ग में, जोंटी कुमार ने 92 किलोग्राम भारवर्ग में, साहिल जगलान ने 97 किलोग्राम भारवर्ग और अनिरुद्ध कुमार ने 125 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीते। रोहित ने 65 किलो और जयदीप ने 74 किलो वर्ग में रजत पदक जीते। शुभम ने 57 किलो और अमित ने 79 किलो वर्ग में कांस्य पदक हासिल किए। प्रतिष्ठित एशियाई कुश्‍ती चैंपियनशिप में यह भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। कजाख्‍स्‍तान दूसरे और किर्गिज़स्तान तीसरे स्थान पर रहा।

10 भारत ने अपने संपूर्ण जीव-जंतुओं की चेकलिस्ट तैयार कर ली है : भूपेन्द्र यादव

केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री, भूपेन्द्र यादव के अनुसार, भारत अपनी संपूर्ण जीव आबादी –104,561 प्रजातियों की चेकलिस्ट तैयार करने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। यह कदम भारत को जैव विविधता दस्तावेज़ीकरण और संरक्षण में वैश्विक नेता बनाता है। मंत्री ने 30 जून 2024 को कोलकाता, पश्चिम बंगाल में भारतीय प्राणी सर्वेक्षण की 109वीं वर्षगांठ मनाने के लिए कोलकाता में आयोजित एक समारोह में यह जानकारी दी। उन्होंने औपचारिक रूप से भारतीय प्राणी सर्वेक्षण द्वारा बनाए गए फॉना ऑफ इंडिया चेकलिस्ट पोर्टल का भी शुभारंभ किया। इसमें भारत की संपूर्ण ज्ञात -104,561 जीव प्रजातियों की जाँच सूची शामिल है। मंत्री ने कोलकाता में भारतीय प्राणी सर्वेक्षण द्वारा आयोजित दूसरे पशु वर्गीकरण शिखर सम्मेलन-2024 का भी उद्घाटन किया। भारत केफॉना ऑफ इंडिया चेकलिस्ट पोर्टल के उद्घाटन को भारत में जैव विविधता दस्तावेज़ीकरण में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है। इस पोर्टल में 36 फ़ाइला को कवर करने वाले सभी ज्ञात टैक्सा की 121 चेकलिस्ट शामिल हैं। चेकलिस्ट में सभी स्थानिक (किसी विशेष क्षेत्र में पाई जाने वाली), संकटग्रस्त और अनुसूचित प्रजातियाँ शामिल हैं।

11 पूर्व विश्व शतरंज चैंपियन वी आनंद ने 10वीं बार लियोन मास्टर्स जीता

पूर्व विश्व शतरंज चैंपियन भारत के विश्वनाथन आनंद ने 10वीं बार लियोन मास्टर शतरंज प्रतियोगिता जीता है। उन्होंने 30 जून 2024 को स्पेन के लियोन में खेले गए फाइनल में स्पेन के जैमे सैंटोस लतासा को 3-1 से हराकर 2024 लियोन मास्टर्स खिताब जीता। पांच बार के विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद ने इससे पहले 1996, 1999, 2000, 2001, 2005, 2006, 2007, 2011, 2016 और 2024 में लियोन मास्टर्स जीता है। लियोन मास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट स्पेन के लियोन शहर में आयोजित किया जाता है। टूर्नामेंट में सिर्फ चार खिलाड़ी शामिल होते हैं।

12 राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस 2024

हर साल 1 जुलाई को पूरा भारत राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाने के लिए एकजुट होता है। यह दिन डॉक्टरों की अमूल्य सेवा और अथक समर्पण को पहचानने के लिए समर्पित है जो हमारे स्वास्थ्य और कल्याण की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भारत हर साल 1 जुलाई को प्रसिद्ध चिकित्सक, स्वतंत्रता सेनानी और पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. बिधान चंद्र रॉय की विरासत का सम्मान करने के लिए राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाता है। डॉ. रॉय का जन्म 1 जुलाई, 1882 को हुआ था और दिलचस्प बात यह है कि 1962 में इसी दिन उनका निधन भी हुआ था। भारत में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस 2024 का थीम है “हीलिंग हैंड्स, केयरिंग हार्ट्स।