भर्तृहरि महताब लोकसभा प्रोटेम स्पीकर बने

1
13

1 भर्तृहरि महताब लोकसभा प्रोटेम स्पीकर बने

24 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भर्तृहरि महताब को 18वीं लोकसभा के प्रोटेम स्पीकर के रूप में शपथ दिलाई। वे ओडिशा की कटक सीट से लगातार 7 बार के सांसद हैं। भर्तृहरि महताब ने 1998 में पहली बार कटक सीट से चुनाव लड़ा था। 2024 लोकसभा चुनाव से पहले वे बीजू जनता दल (बीजद) का हिस्सा थे। इस बार भाजपा के टिकट से चुनाव लड़ते हुए महताब ने बीजद के संतरूप मिश्रा को 57077 वोटों से हराया। पिछले कार्यकाल में महताब श्रम, कपड़ा और कौशल विकास संबंधी स्थायी समिति के अध्यक्ष थे। भर्तृहरि महताब को लेखा समिति का सदस्य भी बनाया गया था। उनके पिता हरेकृष्ण महताब ओडिशा के पहले मुख्यमंत्री रह चुके हैं। महताब ने अपनी शुरुआती पढ़ाई भद्रक में पूरी करने के बाद उत्कल यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन और इंग्लिश में मास्टर किया। वे अपने पिता के न्यूजपेपर ‘ओडिया दैनिक द प्रजातंत्र‘ के मालिक और संपादक हैं।

2 कोझिकोड भारत का पहला ‘सिटी ऑफ लिटरेचर’ बना

23 जून को केरल के स्वशासन मंत्री एमबी राजेश ने कोझिकोड को UNESCO के ‘सिटी ऑफ लिटरेचर‘ का दर्जा मिलने की घोषणा की। कोझिकोड अरब सागर के तट पर स्थित एक नगर है। कोझिकोड का लिटरेसी रेट 96.8% है। UNESCO ने कोझिकोड को भारत का पहला ‘सिटी ऑफ लिटरेचर’ घोषित किया। कोझिकोड में हर साल ‘केरल साहित्य महोत्सव‘ का आयोजन किया जाता है। कोझिकोड केरल राज्य का दूसरा सबसे बड़ा शहर है। इसे पहले कालीकट के नाम से जाना जाता था। कोझिकोड नाम कोइल-कोटा (किला) से लिया गया है, जिसका मतलब ‘किलेबंद महल‘ है।

3 कोयला मंत्रालय ने झारखंड में भूमिगत कोयला गैसीकरण के लिए भारत की पहली पायलट परियोजना का शुभारंभ किया

24 जून को कोयला मंत्रालय ने झारखंड के जामताड़ा जिले के कास्ता कोयला ब्लॉक में अंडरग्राउंड कोल गैसीफिकेशन (UCG) के लिए भारत का पहला पायलट प्रोजेक्ट लॉन्च करने की घोषणा की। कोल इंडिया की सब्सिडियरी कंपनी ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड ने इस प्रोजेक्ट की शुरुआत की है। यहां कोयले को मीथेन, हाइड्रोजन, कार्बन मोनोऑक्साइड और कार्बन डाइऑक्साइड जैसी गैस में बदला जाएगा। UCG जमीन में मौजूद कोयले को दहनशील गैस में बदलने की प्रोसेस है। इस प्रोसेस के बाद कोयले से बिजली बनाई जाती है। इन गैसों को सिंथेटिक प्राकृतिक गैस, ईंधन, उर्वरक, विस्फोटक के लिए कैमिकल फीडस्टॉक बनाने में इस्तेमाल किया जाएगा।

4 जेपी नड्डा ने नई दिल्‍ली में आज डायरिया रोको अभियान-2024 की शुरुआत की

केन्‍द्रीय स्‍वास्‍थ्‍य और परिवार कल्‍याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने नई दिल्‍ली में एक समारोह में डायरिया रोको अभियान-2024 की शुरुआत की। उन्‍होंने केन्‍द्रीय स्‍वास्‍थ्‍य और परिवार कल्‍याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल और प्रताप राव जाधव की मौजूदगी में ओआरएस घोल तथा जिंक की गोलियां बच्‍चों को वितरित करने का अभियान शुरू किया। यह अभियान पहली जुलाई से शुरू होगा और 31 अगस्‍त तक चलेगा। इसका उद्देश्‍य बचपन में डायरिया से बाल मृत्‍यु दर को शून्‍य पर लाना है। इसके अन्‍तर्गत पांच वर्ष तक के बच्‍चों को ओ आर एस घोल और जिंक की गोलियां दी जायेंगी।

5 141 देशों में कैबिनेट मंत्रियों में महिलाओं की संख्या एक तिहाई से भी कमः संयुक्त राष्ट्र

दुनियाभर में 113 देशों में कभी भी कोई महिला सरकार में प्रमुख पद पर कार्यरत नहीं रही है और केवल 26 देशों का नेतृत्व महिलाओं द्वारा किया जा रहा है। महिला राजनीतिक नेताओं को लेकर संयुक्त राष्ट्र महिला के वैश्विक आंकड़े 2024 के अनुसार, महिलाओं को अभी भी बड़े पैमाने पर सत्ता और कूटनीति संबंधित पदों से बाहर रखा गया है। संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि केवल 23 प्रतिशत मंत्री पद महिलाओं के पास हैं और 1 जनवरी, 2024 तक 141 देशों में कैबिनेट मंत्रियों में महिलाओं की संख्या एक तिहाई से भी कम है। सात देशों के मंत्रिमंडल में किसी भी महिला का प्रतिनिधित्व नहीं है।

6 भारत में हो रहा ‘इंडिया अफ्रीका पोस्टल लीडर्स मीट’ का आयोजन

डाक क्षेत्र में अफ्रीकी देशों और भारत के प्रशासन के बीच संबंधों को और मजबूत करने के उद्देश्य से 21 से 25 जून, 2024 तक भारत में ‘इंडिया अफ्रीका पोस्टल लीडर्स मीट‘ का आयोजन किया जा रहा है। यह यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन के “दक्षिण से दक्षिण और त्रिकोणीय सहयोग” कार्यक्रम के तहत एक पहल है, जिसे इंडिया पोस्ट और यूनाइटेड स्टेट्स पोस्टल सर्विस के सहयोग से आयोजित किया गया है। यह बैठक ‘वॉयस ऑफ ग्लोबल साउथ समिट’ और भारत-अफ्रीका फोरम के आयोजन और 2023 में भारत की अध्यक्षता के दौरान जी20 में अफ्रीकी संघ को शामिल करने की भारत की अन्य दूरदर्शी पहलों की पृष्ठभूमि में भी महत्वपूर्ण है। इस ऐतिहासिक बैठक के लिए, डाक विभाग के संगठनों ने ग्लोबल साउथ में 22 अफ्रीकी देशों के डाक प्रशासन के 42 प्रमुखों और अन्य वरिष्ठ प्रबंधन कर्मियों को प्रतिनिधियों के रूप में भेजा है।

7 गौरव बनर्जी सोनी पिक्चर्स के MD और CEO बने

24 जून को सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया ने गौरव बनर्जी को मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) नियुक्त किया। गौरव की नियुक्ति एनपी सिंह की जगह हुई है, जिन्होंने 25 साल तक सोनी ग्रुप में काम किया है। गौरव बनर्जी फिलहाल डिज्नी प्लस हॉटस्टार के कंटेंट एग्जीक्यूटिव हैं। वे स्टार भारत हिंदी और इंग्लिश मूवीज, किड्स एंड इंफोटेनमेंट और रीजनल (ईस्ट) के बिजनेस हेड बनाए गए थे। इस दौरान उन्होंने कई भाषआओं में कंटेंट को एग्जीक्यूट किया और फिल्मों का नेतृत्व भी किया। गौरव ने अपने करियर की शुरुआत मीडिया न्यूज चैनल में एंकर से की थी। उन्होंने दिल्ली के जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से फिल्म मेकिंग और टीवी प्रोडक्शन में मास्टर की डिग्री हासिल की है।

8 सरकार ने अतुल कुमार चौधरी को भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण के सचिव के रूप में नियुक्त किया

सरकार ने 20 जून को अतुल कुमार चौधरी को भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) का नया सचिव नियुक्त किया है, जो पद 31 मई को वी रघुनंदन की सेवानिवृत्ति के बाद खाली हुआ था।

9 मनोज जैन को भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया

श्री मनोज जैन ने 20 जून, 2024 को नवरत्न रक्षा पीएसयू भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक का पदभार ग्रहण किया। वे 26 सितंबर, 2022 से निदेशक (आर एंड डी) थे और 1 अगस्त, 2023 से उन्हें निदेशक (बेंगलूर कॉम्पलेक्स) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया था।

10 भारत ने 43वें विश्व चिकित्सा एवं स्वास्थ्य खेलों में रिकॉर्ड 32 पदक जीते

सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा के अनुसार, इसके चार अधिकारियों ने 16 से 23 जून 2024 तक फ्रांस के सेंट-ट्रोपेज़ में आयोजित 43वें विश्व चिकित्सा और स्वास्थ्य खेलों में रिकॉर्ड 32 पदक जीते हैं। वार्षिक विश्व चिकित्सा और स्वास्थ्य खेल जो मेडगेम्स के नाम से भी लोकप्रिय हैं ,दुनिया भर के चिकित्सा और स्वास्थ्य व्यवसाय से जुड़े लोगों के के लिए दुनिया का सबसे बड़ा खेल आयोजन है। पहला मेडगेम्स 1978 में कान्स, फ्रांस में आयोजित किया गया था। सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं के लेफ्टिनेंट कर्नल संजीव मलिक, मेजर अनीश जॉर्ज, कैप्टन स्टीफन सेबेस्टियन और कैप्टन डेनिया जेम्स ने सेंट-ट्रोपेज़, मेडगेम्स में भारत के लिए कुल रिकॉर्ड 32 पदक -19 स्वर्ण पदक, 9 रजत पदक और 4 कांस्य पदक जीते।

11 अंताल्या में आयोजित तीरंदाजी विश्व कप 2024 में धीरज बोम्मदेवरा ने कांस्य पदक जीता

22 वर्षीय तीरंदाज़ धीरज बोम्मदेवरा ने 23 जून 2024 को अंताल्या, तुर्किये में आयोजित तीरंदाजी विश्व कप 2024 चरण 3 में भारत के लिए दो कांस्य पदक जीते। भारतीय टीम ने अंताल्या में अपना अभियान चार पदक- एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य के साथ समाप्त किया। विश्व तीरंदाजी द्वारा 18 से 23 जून 2024 तक अंताल्या, तुर्किये में तीरंदाजी विश्व कप 2024 चरण 3 का आयोजन किया गया था। धीरज बोम्मदेवरा, जो पहले ही 2024 पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं, ने पुरुषों की रिकर्व प्ले ऑफ स्पर्धा में इटली के ओलंपिक पदक विजेता माउरो नेस्पोल को 7-3 से हराकर कांस्य पदक जीता। मिश्रित रिकर्व स्पर्धा में, धीरज बोम्मदेवरा ने भजन कौर के साझेदारी में कांस्य पदक प्लेऑफ़ में एलेजांद्रा वालेंसिया और मटियास ग्रांडे की मैक्सिकन जोड़ी को 5-3 से हराकर कांस्य पदक जीता। अदिति स्वामी, ज्योति सुरेखा वेन्नम और परनीत कौर की भारतीय महिला कंपाउंड टीम ने तुर्की के अंताल्या में तीरंदाजी विश्व कप चरण -3 में साल का लगातार तीसरा स्वर्ण पदक जीता। 21 वर्षीय प्रियांश ने पुरुषों की व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा के फाइनल में विश्व नंबर 1 खिलाड़ी डचमैन माइक श्लोसेर से हार गए। प्रियांश को रजत पदक से संतोष करना पड़ा जबकि हॉलैंड के माइक श्लोसेर ने स्वर्ण पदक जीता।

12 कूटनीति में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2024

कूटनीति में महिलाओं का अंतरराष्ट्रीय दिवस हर साल 24 जून को मनाया जाता है। यह विश्व स्तर पर कूटनीति और निर्णय लेने के क्षेत्र में उल्लेखनीय महिलाओं को सम्मान और मान्यता देने का दिन है। कूटनीति में महिलाओं का अंतरराष्ट्रीय दिवस दुनिया को महिला राजनयिकों के काम को पहचानने और उनकी सराहना करने का अवसर प्रदान करता है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2024 का थीम ‘समावेश को प्रेरित करें’ है। अंतर्राष्ट्रीय कूटनीति में महिला दिवस (IDWID) की स्थापना हाल ही में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 76वें सत्र के दौरान की गई थी, जो 14 सितंबर, 2021 से 13 सितंबर, 2022 तक हुआ था।

13 पासपोर्ट सेवा दिवस 2024

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने 24 जून 1967 को पासपोर्ट अधिनियम के अधिनियमन के उपलक्ष्य में 24 जून 2024 को 12वां पासपोर्ट सेवा दिवस मनाया। इसके साथ ही, 22-24 जून को दिल्ली में 3 दिवसीय क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी (आरपीओ) सम्मेलन आयोजित किया गया।

14 अंतरराष्ट्रीय विधवा दिवस 2024

दुनियाभर में हर साल अंतरराष्ट्रीय विधवा दिवस 23 जून को मनाया जाता है। इस दिन का मुख्य उद्देश्य विश्व स्तर पर विधवाओं को सशक्त बनाने के महत्व को बढ़ावा देना है। इस दिन का मुख्य उद्देश्य विधवाओं के लिए समर्थन जुटाना और उनकी स्थिति के बारे में जागरूकता फैलाना है। दुनिया भर में कई महिलाएं अपने जीवन साथी को खोने के बाद चुनौतियों का सामना करती हैं और मूल आवश्यकताओं, उनके मानवाधिकार और सम्मान के लिए दीर्घकालिक संघर्ष करती हैं। अंतरराष्ट्रीय विधवा दिवस को पहली बार 23 जून, 2011 को संयुक्त राष्ट्र द्वारा मान्यता दी गई थी।

15 संयुक्त राष्ट्र लोक सेवा दिवस 2024: 23 जून

संयुक्त राष्ट्र लोक सेवा दिवस हर साल 23 जून को मनाया जाता है। यह दुनिया भर के सभी क्षेत्रों के विकास में सार्वजनिक सेवा के योगदान और भूमिका पर प्रकाश डालता है। यह दिन समुदायों के लिए सार्वजनिक सेवा के मूल्य और गुण को पहचानता है। यह लोक सेवकों के काम को भी मान्यता देता है और युवाओं को सार्वजनिक क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित करता है।

16 विश्व हाइड्रोग्राफी दिवस 2024

हर साल 21 जून को ‘विश्व हाइड्रोग्राफी दिवस’ मनाया जाता है, जो हमें महासागरों, समुद्रों, नदियों, झीलों और विभिन्न जल निकायों के बारे में जानने में मदद करता है। ये विज्ञान की एक शाखा के रूप में हाइड्रोग्राफी के महत्व को बढ़ावा देने के लिए हर साल मनाया जाता है। ये दिन हाइड्रोग्राफर्स के प्रयोसों को पहचानने में भी मदद करता है। हाइड्रोग्राफी पृथ्वी पर नदियों, झीलों, तालाबों और समुद्रों के जल निकायों को जानने में मदद करता है। साल 2024 के लिए विश्व हाइड्रोग्राफी दिवस की थीम ‘Hydrographic Information – Enhancing Safety, Efficiency and Sustainability in Marine Activities’ रखी गई है।

17 विश्व वर्षावन दिवस 2024

हर साल 22 जून को विश्व वर्षावन दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह वर्षावनों के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने और उनके संरक्षण और टिकाऊ प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए मनाया जाता है। वर्षावन ताजे पानी और स्वच्छ हवा जैसे कई संसाधनों का स्रोत हैं। ये जंगल वातावरण में मौजूद कार्बन डाइऑक्साइड समेत कई हानिकारक गैसों को सोख लेते हैं। विश्व वर्षावन दिवस 2024 की थीम है “Empowering the World in Defense of Our Rainforests.”