लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ रेलवे का नाम

1
22

1 लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ रेलवे का नाम

रेलवे का नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हो गया है। रेलवे को यह सम्मान कई स्थानों पर सार्वजनिक सेवा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने पर मिला है। इस वर्ष 26 फरवरी को रेल मंत्रालय के एक कार्यक्रम में दो हजार से अधिक स्थानों पर 40 लाख 19 हजार से अधिक लोग शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा रेलवे पुलों पर सड़क के उद्घाटन और रेल स्टेशनों की आधारशिला रखने के किया गया था।

2 फिर से दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति निर्वाचित हुए सिरिल रामफोसा

14 जून को सिरिल रामाफोसा दोबारा साउथ अफ्रीका के राष्ट्रपति चुने गए। यह अफ्रीकी नेशनल कांग्रेस (एएनसी) और विपक्षी दलों के बीच समझौते के बाद संभव हुआ है। यह पहला मौक़ा है जब दक्षिण अफ़्रीका में गठबंधन सरकार बनी है। 7वीं संसद की नेशनल असेंबली में रामाफोसा ने अपोजिशन पार्टी के जूलियस मालेमा को 245 वोटों से शिकस्त दी। अफ्रीका नेशनल कांग्रेस (ANC) पार्टी के सिरिल रामाफोसा को 283 वोट मिले। इकोनॉमिक फ्रीडम फाइटर्स पार्टी के जूलियस मालेमा को महज 44 वोट मिले। सिरिल रामाफोसा 15 फरवरी 2018 में पहली बार साउथ अफ्रीका के राष्ट्रपति बने थे। रामाफोसा 2014 से 2018 तक देश के उपराष्ट्रपति रह चुके हैं। रामाफोसा को अक्टूबर 1987 में स्टॉकहोम में ओलोफ पाल्मे पुरस्कार मिला था।

3 स्विट्जरलैंड: लेक ल्यूसर्न के बर्गेनस्टॉक रिज़ॉर्ट में यूक्रेन युद्ध में शांति प्रक्रिया का आधार तैयार करने के लिए होगा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन

स्विट्जरलैंड में लेक ल्यूसर्न के बर्गेनस्टॉक रिज़ॉर्ट में यूक्रेन युद्ध में शांति प्रक्रिया का आधार तैयार करने के लिए अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन होगा। सम्मेलन में लगभग 100 देशों के प्रधानमंत्री और अन्य प्रतिनिधियों के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के शामिल की संभावना है। यह बैठक यूक्रेन की पहल पर हो रही है। दो दिवसीय सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य यूक्रेन के लिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाना है। सम्मेलन में रूस को आमंत्रित नहीं किया गया है। भारत एकमात्र दक्षिण एशियाई देश इस सम्मेलन में भाग लेगा। भारत का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्रालय में सचिव पवन कपूर करेंगे।सम्‍मेलन में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, जर्मनी के चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़, अमरीका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस, जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा और कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो शामिल होंगे।

4 इस वर्ष के लिए प्रतिष्ठित, वी. शांताराम, लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड, प्रसिद्ध वन्यजीव फिल्म निर्माता सुब्बैया नल्लामुथु को

सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री एल मुरुगन ने मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव-एम आई एफ एफ-2024 में कहा कि इस वर्ष के लिए प्रतिष्ठित, वी. शांताराम, लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड, प्रसिद्ध वन्यजीव फिल्म निर्माता सुब्बैया नल्लामुथु को दिया जाएगा। उ श्री सुब्बैया नल्लमुथु भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने लिविंग ऑन द एज, भारत की सबसे लंबे समय तक चलने वाली पांडा पुरस्कार विजेता पर्यावरण श्रृंखला में अपने काम से मान्यता प्राप्त की। उनकी विशेषज्ञता भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के साथ एक हाई-स्पीड कैमरामैन के रूप में उनके कार्यकाल तक फैली हुई है। रॉयल बंगाल टाइगर के लिए उनके जुनून ने नेशनल ज्योग्राफिक चैनल और बीबीसी के लिए बाघ पर आधारित अंतरराष्ट्रीय डॉक्यूमेंट्री फिल्मों में उतारा है। उनकी विपुल फिल्मोग्राफी में टाइगर डायनेस्टी (2012-2013), टाइगर क्वीन (2010) और द वर्ल्ड्स मोस्ट फेमस टाइगर (2017) शामिल हैं। उन्होंने पर्यावरण के साथ-साथ मनुष्यों और इकोसिस्टम के बीच तालमेल पर केंद्रित बीबीसी वर्ल्ड के लिए अर्थ फाइल (2000) और एनिमल प्लैनेट के लिए द वर्ल्ड गॉन वाइल्ड (2001) जैसी अनगिनत डॉक्यूमेंट्री फिल्में बनाई हैं। श्री सुब्बैया नल्लामुथु ने पांच राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों सहित कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीते हैं। वे जैक्सन होल वाइल्डलाइफ फिल्म उत्सव के नियमित जूरी सदस्य हैं और उन्होंने भारतीय पैनोरमा फिल्म उत्सव (2021) के जूरी अध्यक्ष के रूप में भी काम किया है।

5 साहित्य अकादेमी ने युवा पुरस्कार 2024 और बाल साहित्य पुरस्कार 2024 की घोषणा की

साहित्य अकादेमी ने युवा पुरस्कार 2024 और बाल साहित्य पुरस्कार 2024 की घोषणा की। साहित्य अकादेमी के अध्यक्ष माधव कौशिक की अध्यक्षता में युवा पुरस्कार के लिए 23 और बाल साहित्य पुरस्कार के लिए 24 लेखकों को अकादेमी के कार्यकारी मंडल द्वारा चयनित किया गया। साहित्य अकादेमी ने बताया है कि सभी चयनित लेखकों को पुरस्कार स्वरुप 50 हजार रुपये की धनराशि और ताम्र पट्टिका से सम्मानित किया जायेगा। हिंदी के लिए युवा पुरस्कार गौरव पांडेय की कविता ‘संग्रह स्मृतियों के बीच घिरी है पृथ्वी’ को दिया गया है। वहीं अंग्रेजी के लिए के. वैशाली की पुस्तक ‘होमलेस ग्रोइंग अप लेसबियन एंड डिस्लेक्सिक इन इंडिया’, पंजाबी के लिए रणधीर की कविता-संग्रह ‘खत जो लिखणो रह गए’ एवं उर्दू के लिए जावेद अंबर मिस्बाही के कहानी-संग्रह ‘स्टेपनी’ को युवा साहित्य पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया है। वहीं हिंदी में बाल साहित्य के लिए देवेंद्र कुमार की पुस्तक ‘इक्यावन बाल कहानियां’, अंग्रेजी में नंदिनी सेनगुप्ता की पुस्तक ‘द ब्लू हॉर्स एंड अदर अमेजिंग एनिमल्स स्टोरीज फ्रॉम इंडियन हिस्ट्री’, पंजाबी के लिए कुलदीप सिंह दीप के नाटक ‘मैं जलियांवाला बाग बोलदा हां’ एवं उर्दू के लिए शम्सुल इस्लाम फारूकी की कहानी संग्रह ‘बर्फ का देस अंटार्कटिका’ को पुरस्कृत किया गया है।

6 गुजरात का भुज स्थित स्मृतिवन भूकंप स्मारक संग्रहालय यूनेस्को प्रि वरसाय म्यूजियम-2024 के लिए वैश्विक चयन में शामिल

प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के भुज स्थित स्मृतिवन भूकंप स्मारक संग्रहालय को यूनेस्को प्रि वरसाय म्यूजियम-2024 के लिए वैश्विक चयन में शामिल करने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री मोदी ने कहा कि स्मृतिवन संग्रहालय, वर्ष 2001 में आये भूकम्‍प में मारे गये लोगों के प्रति एक श्रद्धांजलि है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने संग्रहालय को प्रतिष्ठित, प्रिक्स वर्सेल्स पुरस्कार के तहत दुनिया के सात सबसे खूबसूरत संग्रहालयों की सूची में शामिल किये जाने पर प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की है। इस संग्रहालय में स्थानीय संस्कृति और प्रकृति संरक्षण को प्रदर्शित किया गया है। यूनेस्को प्रिक्स वर्साई सम्मान प्रतिवर्ष असाधारण वास्तुकला और शिल्प के लिए दिया जाता है।

7 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित रज पर्व समारोह में की भागीदारी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित रज पर्व समारोह में भागीदारी की। इस अवसर पर राजा गीत और मयूरभंज छऊ नृत्य, संबलपुरी नृत्य और कर्मा नृत्य प्रस्तुत किए गए। यह पहला मौका था जब राष्ट्रपति भवन में रज पर्व का आयोजन किया गया। इस उत्सव में उड़िया संस्कृति और जीवन-शैली की अनूठी झलक दिखाई दी। रज पर्व ओडिशा के प्रमुख त्योहारों में से एक है। तीन दिन के इस कृषि उत्सव को मानसून की शुरुआत माना जाता है।

8 मुंबई अंतरराष्‍ट्रीय फिल्‍म महोत्‍सव का हुआ भव्य उद्घाटन

18वें मुंबई अंतरराष्‍ट्रीय फिल्‍म महोत्‍सव का मुंबई में भव्य उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर सूचना और प्रसारण राज्‍यमंत्री एल. मुरूगनमहाराष्ट्र के सांस्कृतिक मंत्री सुधीर, अभिनेता रणदीप हुड्डा, अभिषेक बनर्जी, दिव्‍या दत्ता, मधुर भंडारकर और आदिल हुसैन भी उपस्थित थे। श्री मुरुगन ने एम आई एफ एफ नेशनल ज्योग्राफिक की डॉक्यूमेंट्री, ‘बिली एंड मौली: एन ओटर लव स्टोरी’ की ओपनिंग फिल्म में भी भाग लिया। उद्घाटन समारोह में भारतीय फिल्म और टेलिविज़न संस्थान के प्रशिक्षुओं की लघु फिल्म “सनफ्लावर्स वेअर द फर्स्ट वन्स टू नो” प्रदर्शित की गई। इस फिल्म ने 77वें कान फिल्म समारोह में ला साइने पुरस्कार जीता था। समारोह में, वन्यजीव फिल्म निर्माता सुबैया नल्लामुथु को वी. शांताराम लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान किया गया।

9 केंद्र सरकार ने विंडफॉल टैक्स घटाया

15 जून को केंद्र सरकार ने घरेलू स्‍तर पर उत्‍पादन किए जाने वाले क्रूड ऑयल के एक्सपोर्ट पर स्पेशल एडिशनल एक्साइज ड्यूटी (SAED), यानी विंडफॉल टैक्स को घटा दिया है। सरकार हर 15 दिन पर विंडफॉल टैक्स रिव्यू करती है। विंडफॉल टैक्स को 5,200 रुपए प्रति मीट्रिक टन से घटाकर 3,250 रुपए प्रति मीट्रिक टन कर दिया। इससे पहले सरकार ने 16 मई और 1 मई को विंडफॉल टैक्स घटाया था। 16 मई को सरकार ने विंडफॉल टैक्स को 8,400 रुपए प्रति मीट्रिक टन से घटाकर 5,700 रुपए प्रति मीट्रिक टन किया था। 1 मई को विंडफॉल टैक्स 9,600 रुपए प्रति मीट्रिक टन से घटाकर 8,400 रुपए प्रति मीट्रिक टन कर दिया था। घरेलू स्तर पर उत्पादन होने वाले क्रूड ऑयल के एक्सपोर्ट पर सरकार ने पहली बार 1 जुलाई 2022 से विंडफॉल टैक्स लगाना शुरू किया था। घरेलू रिफाइनरियों को डीजल, पेट्रोल और ATF के निर्यात पर मिल रही छूट आगे भी बरकरार रहने वाली है।

10 लद्दाख में पारंपरिक त्योहार मेंडोक आरग्यास्पा

लद्दाख में पुरिग कल्चरल एंड लिटरेरी सोसाइटी- पीसीएलएस कारगिल ने पश्कुम के ग्रामीणों के साथ मिलकर पारंपरिक त्योहार मेंडोक आरग्यास्पा को मनाने के लिए ज़गांग पश्कुम में एक सांस्कृतिक और साहित्यिक संगोष्ठी का आयोजन किया। कारगिल के कार्यवाहक मुख्य कार्यकारी पार्षद (सीईसी) काचो मोहम्मद फ़िरोज़ प्रमुख साहित्यकारों और सामुदायिक नेताओं के साथ मुख्य अतिथि की भूमिका में मौजूद रहे। काचो मोहम्मद फ़िरोज़ ने सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए भारतीय संविधान की 8वीं अनुसूची में पुरीगी भाषा को शामिल करने के महत्व पर भी बल दिया।

11 लद्दाख: लोकप्रिय हेमिस त्से चू महोत्सव

लद्दाख में, लोकप्रिय हेमिस त्से चू महोत्सव शुरु हो रहा है। यह त्योहार गुरु पद्मसंभव की जयंती पर आयोजित किया जाता है। इस अवसर पर प्रार्थना की जाती है, मास्क डांस किए जाते हैं और भित्तिचित्र ठनका को प्रदर्शित किया जाता है। इस महोत्सव को देखने बड़ी संख्या में देश-विदेश से लोग लद्दाख पहुंचते हैं।

12 निहाल सरीन ने ग्रैंड प्रिक्स 2024 टूर्नामेंट जीता

14 जून को रोमानिया के क्लुज में निहाल सरीन ने क्लुज ग्रैंड प्रिक्स 2024 टूर्नामेंट जीत लिया। निहाल ने हंगरी के इमरे बालोग को टाई-ब्रेकर में हराकर यह खिताब जीता है। ग्रैंड प्रिक्स चेस टूर्नामेंट में दो क्लासिकल और तीन रैपिड इवेंट शामिल थे। निहाल सरीन को 1,75,000 यूरो की अवॉर्ड मनी मिली। निहाल ने 9.5/11 का स्कोर बनाया, जिसमें 8 जीते और तीन ड्रॉ रहे। निहाल के पास क्लासिक चेस में 2698 अंक है।

13 जैकब ने रिकॉर्ड 6वीं बार 1500 मीटर रेस में गोल्ड जीता

13 जून को रोम में यूरोपियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नॉर्वे के जैकब इंगेब्रिग्त्सेन ने रिकॉर्ड 6वीं बार 1500 मीटर रेस में गोल्ड जीता। जैकब यूरोप के सबसे सफल पुरुष एथलीट बन गए। फ्रांस के अजेद्दीन हब्ज 3 मिनट 31.95 सेकंड के साथ दूसरे नंबर पर रहे। बेल्जियम के जोकेम वर्म्यूलेन 3 मिनट 33.30 सेकंड के साथ तीसरे नंबर पर रहे। 23 साल के जैकब ने 1500 मीटर और 5000 मीटर का डबल तीसरी बार बनाया है। इससे पहले जैकब ने 2018 में बर्लिन और 2022 में म्यूनिख में डबल जीता था। 23 वर्षीय जैकब ने 2020 टोक्यो ओलिंपिक में 1500 मीटर में गोल्ड जीता था।

14 चंद्रयान-1 मिशन के डायरेक्टर श्रीनिवास हेगड़े का निधन

14 जून को इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (ISRO) के पूर्व वैज्ञानिक श्रीनिवास हेगड़े का बेंगलुरु में निधन हो गया। उनका किडनी से जुड़ी बीमारी का इलाज चल रहा था। श्रीनिवास हेगड़े ने 1978 से 2014 तक ISRO में काम किया था। वे 22 अक्टूबर 2008 में चंद्रयान-1 मिशन के डायरेक्टर थे। भारत ने चंद्रयान-1 मिशन के तहत की चांद पर पानी की खोज की थी। श्रीनिवास यू आर राव सैटेलाइट सेंटर (URSC) के सदस्य भी थे। रिटायरमेंट के बाद श्रीनिवास बेंगलुरु में स्टार्टअप इंडस से जुड़े थे। URSC को पहले इसरो सैटेलाइट सेंटर (ISAC) के नाम से जाना जाता था।