भारत की तटीय सुरक्षा होगी और मजबूत, गश्ती पोत विग्रह हुआ लांच

0
106

1. आयुर्वेद से कोरोना के इलाज को मिली हरी झंडी,:- कोरोना का इलाज अब पूरी तरह से आयुर्वेद और योग से हो सकता है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसके लिए विस्तृत गाइडलाइंस और प्रोटोकॉल जारी किया है, लेकिन इस प्रोटोकॉल के तहत कोरोना के सिर्फ माइल्ड और मोडेरेट केसों का ही इलाज किया जा सकेगा। गंभीर मामलों में कोरोना के मरीजों को एलोपैथिक इलाज के लिए कोविड अस्पताल में भेजना अनिवार्य किया गया है। प्रोटोकॉल जारी करते हुए स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा कि कोरोना मरीजों के इलाज में ट्रायल के दौरान आयुर्वेदिक दवाओं और योग के प्रामाणिक रूप से प्रभावी पाए जाने के बाद इसे औपचारिक रूप से इलाज में शामिल करने का फैसला किया गया।

2.दिनेश खारा होंगे SBI के नए चेयरमैन, देश के सबसे बड़े बैंक के नए प्रमुख के बारे में जानिए ये खास बातें:- सरकार ने मंगलवार को दिनेश कुमार खारा को देश के सबसे बड़े बैंक SBI का चेयरमैन नियुक्त किया। खारा वर्तमान में भारतीय स्टेट बैंक सबसे वरिष्ठ प्रबंध निदेशक हैं। वह रजनीश कुमार का स्थान लेंगे, जिनका तीन साल का कार्यकाल मंगलवार को पूरा हो गया। वित्त मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि केंद्र सरकार ने SBI के चेयरमैन के रूप में दिनेश कुमार खारा को नियुक्त किया है। खारा का कार्यकाल पदभार संभालने के दिन से या सात अक्टूबर, 2020 के बाद से तीन साल या अगले आदेश तक के लिए होगा।

3. IPL में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली टीम बनी मुंबई इंडियंस, RCB को पीछे छोड़ा:- मुंबई इंडियंस की टीम ने आइपीएल के 20वें मैच के दौरान राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलते हुए एक कमाल का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। मुंबई की टीम की तरफ से इस मैच में राजस्थान के खिलाफ कुल 8 छक्के लगे और इन छक्कों की मदद से अब रोहित की टीम इस लीग में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली टीम बन गई है। इससे पहले आइपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड आरसीबी के नाम पर था, लेकिन अब मुंबई पहले नंबर पर आ गई है।

4. Indian Railways: टिकट आरक्षण के नियमों में किया गया बड़ा बदलाव, अब रेल यात्रियों को मिलेगी ये खास सुविधा:- रेल यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान रखते हुए भारतीय रेलवे ने टिकट आरक्षण के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब ट्रेनों में टिकट आरक्षण का दूसरा चार्ट ट्रेन के स्टेशन से छूटने से आधे घंटे (30 मिनट) पहले भी जारी किया जाएगा। जबकि रेलवे आरक्षण का पहला चार्ट ट्रेन के स्टेशन से छूटने से चार घंटे पहले जारी करता है।रेलवे का यह फैसला अपने जोनल रेलवे के आग्रह पर किया गया है। दूसरा चार्ट जारी करने का मकसद पहले वाले रिजर्वेशन चार्ट में खाली सीटों पर ऑनलाइन अथवा टिकट खिड़की से टिकट बुक बंद करना है। जाहिर तौर पर इससे जहां वेटिंग लिस्ट यात्रियों को आखिरी वक्त तक अवसर मिलेगा। वहीं ट्रेन में टीटीई की मनमानी भी खत्म होगी। ट्रेनों के संचालन में अभी कई और बदलाव की संभावना है।

5. मूक-बधिरों बच्चों के लिए NCERT तैयार करेगी सांकेतिक भाषा में डिजिटल पाठ्य सामग्री:- सबका साथ और सबका विकास के मूलमंत्र को आगे बढ़ाते हुए केंद्र ने देशभर के मूक-बधिरों के लिए सांकेतिक भाषा में अब एक स्टैडर्ड डिजिटल पाठ्यक्रम तैयार करने का फैसला लिया है। इसे एनसीईआरटी तैयार करेगी। मंगलवार को इसे लेकर एनसीईआरटी और इंडियन साइन लैंग्वेज रिसर्च एंड ट्रेनिंग सेंटर के बीच एक करार हुआ है। इसके तहत एनसीईआरटी कक्षा एक से लेकर बारहवीं तक की सभी किताबों को सांकेतिक भाषा में डिजिटल तरीके से तैयार करेगी। जो हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होगी। एनसीईआरटी के 60वें स्थापना दिवस के मौके पर शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावर चंद गहलोत की मौजूदगी में यह करार हुआ। मूक-बधिर बच्चे अब बगैर शिक्षकों के भी इसे देखकर पढ़ सकेंगे।

6. भारत की तटीय सुरक्षा होगी और मजबूत, गश्ती पोत विग्रह हुआ लांच:- भारतीय तटरक्षक दल के सातवें गश्तीदल ‘विग्रह’ का मंगलवार को औपचारिक रूप से कट्टूपल्ली में अनावरण किया है। अत्याधुनिक नौवहन एवं संचार उपकरणों से लैस यह पोत भारतीय तटीय सीमाओं की निगरानी बढ़ाने में मदद करेगा। मार्च 2021 में इसे भारतीय तटरक्षक दल में शामिल कर लिया जाएगा। लार्सन एंड टूब्रो लिमिटेड ने 98 मीटर लंबे और 15 मीटर चौड़े जहाज को यहां अपने यार्ड में तैयार किया है।

7. राष्ट्रीय तितली के चयन के लिए होगा आनलाइन मतदान, जानिए इन तितलियों की खूबी:- राष्ट्रीय तितली चयन के लिए चल रहा ऑनलाइन मतदान गुरुवार को संपन्न हो जाएगा। देश की डेढ़ दर्जन प्रजाति की तितलियों में सात प्रजातियों का अंतिम दौर के लिए चयन हुआ है। इनमें चार प्रजातियां छत्तीसगढ़ और आसपास के राज्यों में पाई जाती हैं।लॉकडाउन के दौरान राष्ट्रीय तितली चुनने की प्रक्रिया शुरू की गई। तितली विशेषज्ञों की टीम ने आंतरिक मतदान से सात तितलियों का चयन किया है। अब सबसे ज्यादा वोट हासिल करने वाली तितली को राष्ट्रीय तितली घोषित किया जाएगा। छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा कोरबा इकाई के सचिव प्रो. दिनेश दीक्षित ने बताया कि चयनित सात तितलियों में चार तितलियां छत्तीसगढ़ के जंगल में पाई जाती हैं। इनमें इंडियन नवाब (कामन नवाब), कामन जेजबेल, कृष्णा पीकाक कोरबा के जंगल में हैं व कबीरधाम जिले के भोरमदेव अभयारण्य में आरेंज ओकलीफ शामिल है।

8. Nobel Prize 2020: ‘ब्लैक होल’ का राज बताने वाले तीन विज्ञानियों को मिला फिजिक्स का नोबेल पुरस्कार:- ब्लैक होल’ का राज बताने वाले तीन विज्ञानियों को वर्ष 2020 के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार की घोषणा करते हुए रॉयल स्वीडिश एकेडमी ने मंगलवार को कहा कि आधी पुरस्कार राशि रोजर पेनरोस (89) और शेष आधी संयुक्त रूप से रेनहार्ड जेनजेल और एंड्रिया गेज को दी जाएगी। नोबेल पुरस्कार प्राप्त करने वालों में एंड्रिया गेज महिला विज्ञानी हैं। बता दें कि एक दिन पहले ही हेपेटाइटिस-सी वायरस की खोज करने के लिए तीन विज्ञानियों को संयुक्त रूप से चिकित्सा का नोबेल पुरस्कार देने की घोषणा की गई थी। अभी रसायन, साहित्य, शांति और अर्थशास्त्र के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कारों की घोषणा होना बाकी है।