भारत निर्वाचन आयोग ने युवा मतदाताओं को शिक्षित और प्रेरित करने के लिए चाचा चौधरी और साबू को शामिल किया

0
85

1  भारत निर्वाचन आयोग ने युवा मतदाताओं को शिक्षित और प्रेरित करने के लिए चाचा चौधरी और साबू को शामिल किया

चाचा चौधरी और साबू के किरदार सभी पीढ़ियों के पाठकों के दिलों में एक विशेष स्थान रखते हैं, क्योंकि उन्होंने अपने मनोरम संवादों और बातचीत से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया है और गर्मजोशी और पुरानी यादों को ताजा किया है। चाचा चौधरी कॉमिक्स की अपार लोकप्रियता को देखते हुए, एक अनूठी पहल “चाचा चौधरी और चुनावी दंगल” नामक एक कॉमिक बुक का विमोचन मुख्य चुनाव आयुक्त श्री राजीव कुमार और चुनाव आयुक्त श्री अनूप चंद्र पांडे तथा श्री अरुण गोयल द्वारा निर्वाचन सदन में किया गया। कॉमिक बुक ईसीआई और प्राण कॉमिक्स की एक संयुक्त पहल है जिसे युवाओं को लोकतंत्र के त्योहार में अपना नामांकन करने और भाग लेने के लिए प्रेरित करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। इसमें प्रसिद्ध कार्टूनिस्ट स्वर्गीय श्री प्राण कुमार शर्मा द्वारा प्रस्तुत प्रतिष्ठित कार्टून पात्रों चाचा चौधरी, साबू, बिल्लू को दिखाया गया है।

2 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ग्रेटर नोएडा में इंडिया एक्सपो सेंटर और मार्ट में पहले उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार शो का उद्घाटन किया

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मूर्मु ने कहा है कि भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने में उत्तर प्रदेश महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाएगा। गौतमबुद्ध नगर जिले में पहले उत्तर प्रदेश अंतर्राष्‍ट्रीय व्‍यापार प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद राष्‍ट्रपति ने कहा कि उत्तर प्रदेश का लक्ष्य दस खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का है और आशा है कि राज्‍य यह लक्ष्य हासिल कर लेगा। यह प्रदर्शनी 25 सितंबर तक चलेगी। इससे राज्‍य के उत्‍पादों, विशेषताओं, व्यंजनों और संस्‍कृति को अंतर्राष्‍ट्रीय स्‍तर पर पहचान मिलने और बाजार उपलब्‍ध होने की आशा है। अब तक 60 से अधिक देशों के लगभग 400 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। दो हजार से अधिक प्रतिभागी ऑटोमोबाइल, हस्तकला, स्वास्थ्य देखरेख, खाद्य प्रसंस्‍करण, फार्मास्‍युटिकल्‍स, दुग्‍ध, इलेक्‍ट्रॉनिक्‍स तथा ई-कॉमर्स सहित विभिन्‍न क्षेत्रों से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित करेंगे। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में राज्‍य के विभिन्‍न भागों के शिल्पकारों और कारोबारियों ने उन्हें एक बड़ा मंच उपलब्ध कराने के लिए सरकार का आभार व्‍यक्‍त किया।

3 भारत और सिंगापुर के बीच वार्षिक नौसेना समुद्री अभ्यास शुरू

भारतीय नौसेना और सिंगापुर गणराज्य की नौसेना के बीच दक्षिण चीन सागर के दक्षिणी हिस्सों में वार्षिक नौसेना समुद्री अभ्यास शुरू हो रहा है। दो चरणों में आयोजित ये अभ्यास SIMBEX इस महीने की 24 तारीख तक चलेगा। हार्बर चरण में व्यावसायिक विचार-विमर्श क्रॉस-डेक दौरे, विषय वस्तु विशेषज्ञ आदान-प्रदान और खेल फिक्स्चर से संबद्ध गतिविधियां और समुद्री चरण में वायु-सुरक्षा तोप फायरिंग, पनडुब्बी रोधी और अन्य समुद्री अभियानों के अभ्यास शामिल हैं। इस अभ्यास में रणविजय, कावारत्ती और सिंधुकेसरी और लंबी दूरी के समुद्री गश्ती विमान P81 भाग ले रहे हैं।SIMBEX भारतीय नौसेना का किसी अन्य देश के साथ किया गया सबसे लंबा नौसैनिक अभ्यास है।

4 सरकार विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में राष्ट्रीय पुरस्कारों की स्‍थापना की जिसे राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार के नाम से जाना जाएगा

सरकार ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में नए राष्ट्रीय पुरस्कारों की स्थापना की है। इन्हें राष्ट्रीय़ विज्ञान पुरस्कार कहा जाएगा। यह पुरस्कार वैज्ञानिकों, प्रौद्योगिकीविदों और आविष्कारकों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जाएगा। पुरस्कार के अंतर्गत चार श्रेणियां होंगी- विज्ञान रत्न, विज्ञान श्री, विज्ञान युवा-शांति स्वरूप भटनागर और विज्ञान टीम। इन पुरस्कारों के लिए नामांकन हर वर्ष 14 जनवरी से राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 28 फरवरी के बीच आमंत्रित किए जायेंगे। इन पुरस्कारों की घोषणा 11 मई को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर की जाएगी। पुरस्कार वितरण समारोह हर वर्ष राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस 23 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार 13 क्षेत्रों में दिये जायेंगे। ये हैं – भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जैविक विज्ञान, गणित और कंप्यूटर विज्ञान, पृथ्वी विज्ञान, चिकित्सा, इंजीनियरी विज्ञान, कृषि विज्ञान, पर्यावरण विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार, परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी।

5 स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस वर्ष सभी श्रेणियों में नीट पीजी काउंसलिंग के लिए क्वालीफाइंग परसेंटाइल को शून्य किया

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने NEET PG काउंसलिंग 2023 के लिए स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों (मेडिकल/डेंटल) की कट-ऑफ प्रतिशत घटा दी है। अब सभी श्रेणियों में क्वालीफाइंग परसेंटाइल को ‘शून्य’ कर दिया गया है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (एमसीसी) द्वारा जारी एक अधिसूचना में इसकी घोषणा की गई। जो उम्‍मीदवार राष्‍ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा स्‍नातकोत्तर NEET PG 2023 परीक्षा के लिए उपस्थित हुए थे वे अब काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेने के पात्र होंगे। मेडिकल उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in पर नोटिस देख सकते हैं।

6 भारतीय तटरक्षक प्रदूषण-नियंत्रण पोत ‘समुद्र प्रहरी’ ने बैंकॉक में ख्लोंग टोई पत्तटन पर थाई अधिकारियों के साथ ‘पल्यूरशन रिस्पांन्सो टेबल-टॉप’ अभ्यास किया

साझा चुनौतियों, विशेष रूप से समुद्री प्रदूष से निपटने के बारे में समुद्री विशेषज्ञता और प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए, भारतीय तटरक्षक (आईसीजी) प्रदूषण-नियंत्रण पोत ‘समुद्र प्रहरी‘ ने 20 सितंबर, 2023 को अपनी चार दिवसीय यात्रा के अंतिम दिन बैंकॉक, थाईलैंड में ख्लोंग टोई बंदरगाह पर एक व्यापक ‘पल्यूशन रिस्पान्स टेबल-टॉप’ अभ्यास का प्रदर्शन किया। इस अभ्यास में थाईलैंड के समुद्री प्रवर्तन समन्वय केंद्र (एमईसीसी), सीमा शुल्क विभाग, समुद्री विभाग, रॉयल नेवी, मत्स्य पालन विभाग और अन्य सरकारी विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

7 चौथा नदी उत्सव 22 सितंबर से नई दिल्ली के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र में होगा शुरू

चौथा नदी उत्सव नई दिल्ली के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र में शुरू होगा। इस वर्ष का विषय यमुना नदी पर केंद्रित है। तीन दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुस्तक मेला, वृत्तचित्र फिल्म महोत्सव और कठपुतली शो सहित कई प्रकार के कार्यक्रम होंगे। इसमें नदी संरक्षण के विषय पर आधारित चित्र, सांझी कला और स्कूली बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

8 जी-20 बुनियादी ढांचा कार्य समूह की चौथी बैठक मध्यप्रदेश के खजुराहो में शुरू

जी-20 बुनियादी ढांचा कार्य समूह की चौथी बैठक मध्यप्रदेश के खजुराहो में शुरू हुई। बैठक में वित्त मंत्रालय के संयुक्त सचिव सोलोमन अरोकियाराज ने एजेंडे के बारे में जानकारी दी। बैठक के विभिन्न सत्रों में शहरी बुनियादी ढांचे में निजी निवेश को बढ़ावा देने के साथ-साथ वित्तीय संसाधन जुटाने में आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की गई। चर्चा के दौरान छतरपुर जिले के कलेक्टर संदीप जी.आर. ने खजुराहो के बुनियादी ढांचे के वित्तीय पहलुओं के बारे में बताया। उन्होंने साँची के बाद खजुराहो को सोलर सिटी बनाने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिये किये जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी। रीवा जिले की नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने शहरों में स्थानीय निकायों में वित्तीय संसाधन जुटाने के संबंध में चर्चा करते हुए नगर निगम के वित्तीय स्रोतों का उल्लेख किया।

9 भारत ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कनाडा के नागरिकों के लिए ई-वीजा सहित वीजा सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित किया

भारत ने ई-वीजा सहित कनाडा में वीजा सेवा पर अस्थाई रूप से रोक लगा दी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिन्दम बागची ने कहा कि यह निर्णय हिंसा भडकाये जाने और कनाडा प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई न किये जाने तथा कनाडा में भारतीय उच्‍चायोग और वाणिज्य दूतावास के लिए कामकाज के माहौल में व्यवधान डालने के कारण लिया गया है। उन्‍होंने कहा कि किसी तीसरे देश में रहने वाले कनाडा के नागरिक भारतीय वीजा के लिए आवेदन नहीं कर पाएंगे। हालांकि वैध वीजा या अन्‍य दस्‍तावेज रखने वाले व्‍यक्ति भारत आ सकते हैं। भारत में कनाडा के राजनयिकों को लेकर एक सवाल पर श्री बागची ने कहा कि भारत ने दोनों देशों के राजनयिकों की समान संख्या रखने की बात कही है, इसलिए कनाडा की ओर से राजनयिकों की संख्या कम की जाएगी।

10 केंद्रीय राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने किसान ई-मित्र – पीएम किसान एआई-चैटबॉट की शुरूआत की

केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने नई दिल्ली में किसान ई-मित्र – पीएम किसान एआई-चैटबॉट की शुरूआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पहल किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और प्रौद्योगिकी के उपयोग से शासन में सुधार लाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप है। श्री चौधरी ने कहा कि एआई चैटबॉट योजना की जानकारी के साथ-साथ शिकायतों के समाधान में मदद करेगा। एआई चैटबॉट लाभार्थियों के लिए एक व्यापक मार्गदर्शक के रूप में कार्य करता है। यह केंद्र सरकार की किसी प्रमुख योजना के साथ एकीकृत पहला एआई चैटबॉट है। इसे ई के स्‍टेप फाउंडेशन और भाषिनी के सहयोग से विकसित किया गया है। वर्तमान में चैटबॉट अंग्रेजी, हिंदी, बंगाली, उड़िया और तमिल भाषा में उपलब्ध है। जल्द ही यह देश की सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध होगा।

11 श्री मनोज आहूजा ने कृषि कार्य की पद्धतियों में क्रांतिकारी बदलाव लाने के उद्देश्य से सामान्य फसल अनुमान सर्वेक्षण (जीसीईएस) के लिए प्रगतिशील मोबाइल एप्लीकेशन और वेब पोर्टल का शुभारंभ किया

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग (डीएएंडएफडब्ल्यू) के सचिव श्री मनोज आहूजा ने जीसीईएस (सामान्य फसल अनुमान सर्वेक्षण) के लिए मोबाइल एप्लिकेशन और वेब पोर्टल का शुभारंभ किया। यह परिवर्तनकारी वेब पोर्टल तथा मोबाइल एप्लिकेशन पूरे देश में कृषि कार्य प्रणालियों में आमूल-चूल परिवर्तन लाने के उद्देश्य के साथ विकसित किया गया है। पोर्टल एवं ऐप गांव-गांव के आधार पर जीसीईएस योजना तथा भूखंड विवरण सहित उपज अनुमान का एक विस्तृत संग्रह उपलब्ध कराते हैं, विशेषकर जहां पर फसल कटाई के लिए प्रायोगिक परीक्षण किए जाते हैं, कटाई के तुरंत बाद फसल का भार और फिर फसल का सूखा वजन देखा जाता है। भूमि-संदर्भ इस मोबाइल एप्लिकेशन की प्रमुख विशेषताओं में से एक है, जो प्राथमिक उपयोगकर्ता को प्रायोगिक भूखंड की सीमा खींचने और इसके माध्यम से भूमि के टुकड़े के साथ-साथ फसलों की तस्वीरें अपलोड करने में सक्षम बनाता है। यह सुविधा डेटा की पारदर्शिता एवं सटीकता को भी सुनिश्चित करेगी।

12 भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और शीर्ष मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन एशियन गेम्स के उद्घाटन समारोह में भारतीय दल का नेतृत्व करेंगे

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और शीर्ष मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन हांगचोओ में एशियन गेम्स के उद्घाटन समारोह में भारतीय दल का नेतृत्व करेंगे। 19वें एशियाई खेल 23 सितंबर से चीन के हांगझोऊ में ओलंपिक स्पोर्ट्स सेंटर स्टेडियम में उद्घाटन समारोह के साथ आधिकारिक तौर पर शुरू होगा।

13 भारतीय युवा अंतिम पंघाल ने सर्बिया में विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता, साथ ही पेरिस ओलिंपिक कोटा भी हासिल किया

भारतीय युवा पहलवान अंतिम पंघाल ने सर्बिया के बेलग्रेड में चल रही विश्व चैंपियनशिप में महिलाओं के 53 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता। भारत के लिए पेरिस ओलंपिक 2024 का कोटा भी हासिल करते हुए, 19 वर्षीय अंतिम पंघाल ने कांस्य पदक मुकाबले में दो बार की यूरोपीय चैंपियन एम्मा जोना डेनिस मालमग्रेन को 16-6 से हराया। टूर्नामेंट के मौजूदा संस्करण में यह भारत का पहला पदक है। अंतिम पंघाल ने विश्व चैंपियनशिप में भारत के लिए अब तक का 23वांं पदक हासिल किया है, जिसमें एक स्वर्ण, पांच रजत और 17 कांस्य पदक शामिल हैं। इससे पहले, अंतिम पंघाल ने शुरुआती दौर में 2022 विश्व चैंपियन यूएसए की डोमिनिक ओलिविया पैरिश को 3-2 से हराया था। भारतीय पहलवान ने क्वार्टर फाइनल में रूस की नतालिया मालिशेवा के खिलाफ 9-6 से जीत हासिल करने से पहले राउंड 16 में पोलैंड की रोक्साना मार्ता ज़सीना पर जीत दर्ज की। हालांकि, विश्व चैंपियनशिप 2023 में महिलाओं के 53 किग्रा फ्रीस्टाइल सेमीफाइनल में बेलारूस की वेनेसा कलादज़िंस्काया ने अंतिम पंघाल को 5-4 के अंतर से हरा दिया।

14 अजरबैजान और अर्मेनिया की सेना नागोर्नो-काराबाख में युद्धविराम के रूसी प्रस्ताव पर सहमत

अर्मेनिया की सेना अजरबैजान की मांग के अनुसार युद्धविराम और पूर्ण आत्मसमर्पण के रूसी प्रस्ताव पर सहमत हो गई है। यह कदम अजरबैजान की सेना ने स्वायत्त क्षेत्र पर नियंत्रण के लिए नागोर्नो-काराबाख में अभियान शुरू करने के बाद उठाया है। अजरबैजान की सेना के आतंकवाद विरोधी अभियानों के दौरान 32 लोग मारे गए हैं और 200 अन्य घायल हुए हैं। अज़रबैजान के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि उसकी सेना ने नागोर्नो-काराबाख में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण 90 से अधिक जगहों पर नियंत्रण कर लिया है। इससे पहले अर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पशिनियन ने कहा कि संघर्ष विराम का कायम रहना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र में तैनात रूसी शांतिरक्षकों द्वारा सुनिश्चित किया जाएगा। नागोर्नो-काराबाख एक पहाड़ी और घने वनों वाला क्षेत्र है जिसे अंतर्राष्ट्रीय कानून के तहत अज़रबैजान के हिस्से के रूप में मान्यता प्राप्त है। अधिकांश निवासी, जो जातीय रूप से अर्मेनियाई हैं, अज़ेरी शासन (अज़रबैजानी कानून प्रणाली) का विरोध करते हैं। 1990 के दशक में हुए एक युद्ध के बाद अज़रबैजान की सेना को इस क्षेत्र से बाहर खदेड़ दिये जाने के बाद आर्मेनिया के समर्थन से ये जातीय अर्मेनियाई लोग नागोर्नो-काराबाख के प्रशासनिक नियंत्रण के अंतर्गत आ गए थे। USSR के पतन की पृष्ठभूमि में सितंबर 1991 में नागोर्नो-काराबाख द्वारा स्वतंत्रता की स्व-घोषणा के परिणामस्वरूप अज़रबैजान और नागोर्नो-काराबाख के बीच युद्ध हुआ, जिसे आर्मेनिया का समर्थन प्राप्त था।

15 भारतीय सेना और अमरीका की सेना 25 से 27 सितंबर तक नई दिल्ली में एक संयुक्त सैन्य सम्मेलन की सह-मेजबानी करेंगे

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारतीय सेना और अमरीका की सेना 25 से 27 सितंबर तक नई दिल्ली में एक संयुक्त सैन्य सम्मेलन की सह-मेजबानी करेंगा। पैंतीस देशों की सेनाओं के प्रमुख और प्रतिनिधि 13वें इंडो-पैसिफिक आर्मी चीफ्स कॉन्फ्रेंस आईपीएसीसी, 47वें इंडो-पैसिफिक आर्मीज मैनेजमेंट सेमिनार आईपीएएमएस और 9वें सीनियर एनलिस्टेड लीडर्स फोरम में भाग लेंगे। इसमें मुख्य रूप से हिंद-प्रशांत क्षेत्र की थल सेना प्रमुख और वरिष्ठ स्तर के नेता शामिल होंगे। सम्मेलन सुरक्षा और समसामयिक मुद्दों पर विचारों के आदान-प्रदान का मंच प्रदान करेगा। इसका मुख्य प्रयास तटीय साझेदारों के बीच आपसी समझ, संवाद और मित्रता के माध्यम से भारत-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देना होगा। इसका विषय “शांति के लिए एक साथ: भारत-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखना” है। यह कार्यक्रम दिल्ली कैंट के मानेकशॉ सेंटर में आयोजित किया जाएगा और इसमें एक सौ पचास से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे।

16 गुजरात में नर्मदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर

नर्मदा और अन्य नदियों के कारण गुजरात में बड़े पैमाने पर बाढ़ आई है जहाँ राज्य के दक्षिणी तथा मध्य क्षेत्रों के विभिन्न गाँव मुख्यधारा से कट गए हैं। नर्मदा का जल स्तर खतरे के निशान से ऊपर है और भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुजरात के कुछ हिस्सों में रेड व ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। नर्मदा नदी का प्रमुख बाँध सरदार सरोवर बाँध है, जो जलस्तर बढ़ने के प्रमुख कारणों में से एक है। सरदार सरोवर परियोजना गुजरात के नवगाम के पास नर्मदा नदी पर बना एक गुरुत्व/ग्रेविटी बाँध है। इस बाँध से चार राज्यों गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान में पानी तथा बिजली की आपूर्ति होती है। ग्रेविटी बाँध का निर्माण कंक्रीट या पत्थर से किया जाता है, जिसे पूरे जल भार को नीचे की ओर स्थानांतरित करने के लिये डिज़ाइन किया जाता है। यह बाँध मुख्य रूप से बड़े पैमाने पर सिंचाई और जलविद्युत बहुउद्देश्यीय परियोजनाओं के लिये निर्मित किया गया है। नदी पर बने प्रमुख बाँधो में ओंकारेश्वर और महेश्वर बाँध शामिल हैं।

17 अब्राहम समझौते (अब्राहम एकॉर्ड) के तीन वर्ष

अब्राहम एकॉर्ड इज़रायल और संयुक्त राज्य अमेरिका की मध्यस्थता में इज़रायल एवं संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, मोरक्को व सूडान सहित कई अरब देशों के बीच संबंधों को सामान्य बनाने हेतु समझौतों की एक शृंखला है। समझौते पर वर्ष 2020 में हस्ताक्षर किये गए और अरब-इज़रायल संघर्ष में एक ऐतिहासिक सफलता मिली। इस समझौते ने सांस्कृतिक, धार्मिक और भाषायी मतभेदों को दूर कर सीमाओं से परे लोगों को जोड़कर सामान्यीकरण एवं शांति को बढ़ावा दिया। समझौते ने विस्तारित क्षेत्रीय और बहुराष्ट्रीय सहयोग की नींव रखी, जिससे भारत के लिये आर्थिक अवसर उत्पन्न हुए। I2U2 समूह, जिसमें इज़रायल, भारत, संयुक्त अरब अमीरात और अमेरिका शामिल हैं, जल, ऊर्जा, परिवहन, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा जैसे महत्त्वपूर्ण क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करता है।

18 ग्रीन नज का उपयोग करने से पर्यावरण पर सकारात्मक प्रभाव

चीन में किये गए एक अध्ययन से पता चलता है कि ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्मों में “ग्रीन नज” का उपयोग करने से पर्यावरण पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। ग्रीन नज ऐसे अंतःक्षेप हैं जो लोगों को अधिक स्थायी/सतत् रूप से कार्य करने के लिये प्रोत्साहित करते हैं। ये अपेक्षाकृत एक नवीन नीति उपकरण हैं जिनका उद्देश्य पर्यावरण-समर्थक व्यवहार को बढ़ावा देना है। “नो डिस्पोज़ेबल कटलरी” विकल्प को अनिवार्य कर ग्राहकों को “ग्रीन पॉइंट्स” से पुरस्कृत किया गया। इस सरल परिवर्तन से नो-कटलरी ऑर्डर में 648% की वृद्धि हुई, जिससे पर्यावरण एवं उपभोक्ता व्यवहार दोनों को लाभ मिला। अध्ययन में अनुमान लगाया गया है कि शंघाई में 18 महीनों में सिंगल- यूज़ कटलरी (SUCs) के 225.33 मिलियन से अधिक सेट कम हो गए जिससे संभावित रूप से 4,506.52 मीट्रिक टन अपशिष्ट को रोका गया तथा 56,333 पेड़ों को बचाया गया।

19 पर्युषण पर्व, एक जैन त्योहार

पर्युषण 2023जैन समुदाय के लिये एक महत्त्वपूर्ण त्योहार है। यह उपवास, ध्यान और शुद्धिकरण अनुष्ठानों के साथ आध्यात्मिक विकास का समय है। भक्त भाषणों में भाग लेते हैं, अहिंसा का पालन करते हैं और अपने पापों के लिये क्षमा मांगते हैं। ऐसा माना जाता है कि इस त्योहार की शुरुआत ईसा पूर्व छठी शताब्दी में हुई थी जब जैन शिक्षक महावीर ने अपने अनुयायियों को हिंसा से दूर रहने और आध्यात्मिक शुद्धता पर ध्यान केंद्रित करने की शिक्षा दी थी। श्वेतांबर, जो आठ दिनों तक अनुष्ठान का पालन करते हैं और दिगंबर, जिनके लिये त्योहार 10 दिनों तक चलता है, दोनों के लिये यह आत्मनिरीक्षण, प्रतिबिंब और शुद्धिकरण का समय है। यह वर्षा ऋतु के मध्य में मनाया जाता है। वे स्वाध्याय भी करते हैं। पर्युषण व्यक्ति को अपनी आत्मा के करीब रहने, अपनी कमियों पर चिंतन करने, गलत कार्यों के लिये सज़ा मांगने और अपनी गलतियों को कम करने का संकल्प लेने का अवसर देता है।

20 ग्लोबल साउथ को सशक्त बनाने पर जोर के साथ G77+चीन शिखर सम्मेलन संपन्न हुआ

G77+चीन का दो दिवसीय शिखर सम्मेलन हाल ही में संपन्न हुआ, जो अंतर्राष्ट्रीय शासन प्रणाली में ग्लोबल साउथ की आकांक्षाओं के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण है। इस शिखर सम्मेलन में 30 से अधिक राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों सहित 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधिमंडल एक साथ आये। 1964 में स्थापित 77 के समूह (जी77) में 130 से अधिक सदस्य देश शामिल हैं, जिसका नेतृत्व फ्रीका, एशिया और लैटिन अमेरिका के सदस्य देशों के बीच घूमता रहता है। विशेष रूप से, G77 सदस्य देश सामूहिक रूप से दुनिया की 80 प्रतिशत से अधिक आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं और इसमें संयुक्त राष्ट्र के दो-तिहाई से अधिक सदस्य देश शामिल हैं। चीन, जबकि G77 का सदस्य नहीं है, “G77+चीन” के ढांचे के भीतर समूह के उद्देश्यों को सक्रिय रूप से सहयोग और समर्थन कर रहा है।

21 ओईसीडी ने वित्त वर्ष 2024 के लिए भारत का विकास अनुमान बढ़ाकर 6.3 फीसदी किया

आर्थिक सहयोग और विकास संगठन (ओईसीडी) ने वित्तीय वर्ष 2024 में भारत के लिए अपने जीडीपी विकास अनुमान को संशोधित किया है, जिसमें 6.3% की विकास दर का अनुमान लगाया गया है। यह उर्ध्वगामी संशोधन 6% के पिछले अनुमान से उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाता है। ओईसीडी भारत की सकारात्मक वृद्धि का श्रेय अनुकूल मौसम परिस्थितियों के कारण अनुकूल कृषि परिणामों को देता है।

22 निपाह का पता लगाने के लिये ट्रूनेट टेस्ट

केरल को भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) ने निपाह (Nipah) के निदान के लिये ट्रूनेट परीक्षण का उपयोग करने की मंज़ूरी दे दी है। ट्रूनेट परीक्षण में किसी सैंपल में वायरस की उपस्थिति का पता लगाने के लिये एक पोर्टेबल, स्मार्ट चिप-आधारित, बैटरी चालित RT-PCR (रिवर्स ट्रांसक्रिपटेस-पॉलीमरेज़ चेन रिएक्शन) किट का उपयोग किया जाता है। ट्रूनेट भारत में निपाह वायरस परीक्षण करने के लिये ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) द्वारा आपातकालीन उपयोग प्राधिकार (Emergency Use Authorization- EUA) प्राप्त करने वाली पहली किट है। ट्रूनेट का उपयोग उन अस्पतालों में किया जा सकता है जहाँ द्वितीय स्तर की जैव सुरक्षा सुविधाएँ और सैंपल के संदूषण को रोकने के लिये कुछ सख्त प्रोटोकॉल हैं। ट्रूनेट तेज़ी से परीक्षण करने, रोग के फैलने पर इसका पता लगाने और तेज़ी से निवारक उपाय निर्धारित करने में मदद कर सकता है।

23 पूर्वोत्तर भारत में रबड़ की खेती को प्रोत्साहन

रबड़ बोर्ड ने केंद्र सरकार और ऑटोमोटिव टायर मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के साथ मिलकर पूर्वोत्तर राज्यों (सिक्किम को छोड़कर, लेकिन पश्चिम बंगाल को शामिल करते हुए) में प्राकृतिक रबड़ की खेती व उत्पादन के लिये समर्पित क्षेत्र को विस्तारित करने के लिये एक परियोजना शुरू की है। टायर निर्माताओं (रबड़ के प्राथमिक उपभोक्ता) ने वर्ष 2021 में शुरू हुई इस पाँच वर्ष की परियोजना के लिये 1,000 करोड़ रुपए के निवेश का आश्वासन दिया है। प्राकृतिक रबड़ एक बहुपयोगी और आवश्यक कच्चा माल है जो कुछ पौधों की प्रजातियों( मुख्य रूप से रबड़ के पेड़) के लेटेक्स अथवा दूधिया तरल पदार्थ से प्राप्त होता है, जिसे वैज्ञानिक रूप से हेविया ब्रासिलिएन्सिस के नाम से जाना जाता है। इस लेटेक्स में कार्बनिक यौगिकों का एक जटिल मिश्रण होता है, जिसका प्राथमिक घटक पॉलीआइसोप्रीन नामक बहुलक होता है।

24 माली, नाइज़र और बुर्किना फासो ने एक पारस्परिक रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किये

हाल ही में तीन साहेल देशों माली, नाइजर और बुर्किना फासो के मंत्रिस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने माली की राजधानी ‘बमाको’ में एक पारस्परिक रक्षा समझौते की घोषणा की। यह तीन देशों के बीच पारस्परिक रक्षा और सहायता के लिये एक रूपरेखा प्रदान करता है। लिप्टाको-गौरमा चैटर के प्रावधानों के तहत इस समझौते पर हस्ताक्षर किये गए हैं, जिसने साहेल राज्यों के गठबंधन की स्थापना की थी। माली, बुर्किना फासो और नाइजर के बीच के सीमावर्ती क्षेत्र लिप्टाको-गौरमा क्षेत्र का हिस्सा है। यह गठबंधन तीन देशों के सैन्य व आर्थिक प्रयासों का एक संयोजन कहा जा सकता है जिसका लक्ष्य आतंकवाद और जिहादवाद का उन्मूलन करना है। पश्चिम अफ्रीकी क्षेत्रीय समूह ECOWAS द्वारा देश में हुए तख्तापलट को लेकर नाइजर पर हमला करने की धमकी के मद्देनजर भी यह समझौता महत्त्वपूर्ण हो गया है। देश में हुए हालिया तख्तापलट की प्रतिक्रिया में नाइजर पर आक्रमण करने की पश्चिम अफ्रीकी क्षेत्रीय समूह (ECOWAS) की धमकी के आलोक में यह संधि काफी महत्त्वपूर्ण है।