भारत में नवाचार और स्टार्ट-अप को बढ़ावा देने के लिए भू-स्थानिक हैकथॉन का शुभारंभ

0
68

1. भारत में नवाचार और स्टार्ट-अप को बढ़ावा देने के लिए भू-स्थानिक हैकथॉन का शुभारंभ

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉक्‍टर जितेंद्र सिंह ने भारत में नवाचार और स्टार्ट-अप को बढ़ावा देने के लिए भू-स्थानिक हैकथॉन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर नई दिल्ली में डॉक्‍टर सिंह ने कहा कि हैकथॉन का उद्देश्य न केवल सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों के बीच साझेदारी को बढ़ावा देना है, बल्कि स्टार्ट-अप तंत्र को मजबूत करना भी है। इस दौरान अनुसंधान और स्‍टार्ट-अप क्षेत्र में सामने आने वाली चुनौतियों का समाधान तलाशा जाएगा।

2. कृषि-क्लीनिक और कृषि-व्यवसाय योजना के तहत प्रशिक्षित किये गए 82 सर्वश्रेष्ठ कृषि उद्यमियों को सम्मानित किया गया

हाल ही में राष्ट्रीय युवा दिवस पर कृषि-क्लीनिक और कृषि-व्यवसाय (AC & ABC) योजना के तहत प्रशिक्षित किये गए 82 सर्वश्रेष्ठ कृषि उद्यमियों को किसानों के लिये कृषि-क्लिनिक और कृषि व्यवसाय सेवाओं के माध्यम से उनके महत्त्वपूर्ण योगदान हेतु सम्मानित किया गया। कृषि-क्लीनिक और कृषि-व्यवसाय योजना सरकार की एक मेगा फ्लैगशिप योजना है, जिसे भारत सरकार ने नाबार्ड (NABARD) के सहयोग से अप्रैल 2002 में शुरू किया था। इसका उद्देश्य बैंकों से ऋण एवं सब्सिडी प्राप्त करने के साथ देश के विभिन्न हिस्सों में 45 दिनों के नि:शुल्क आवासीय प्रशिक्षण के माध्यम से बेरोज़गार युवाओं को स्व-नियोजित कृषि उद्यमी में बदलना है। तथा बड़ी संख्या में उपलब्ध कृषि स्नातकों की विशेषज्ञता को उपयोग में लाना है। यह योजना राष्ट्रीय कृषि विस्तार प्रबंधन संस्थान (National Institute of Agricultural Extension Management), हैदराबाद द्वारा सभी राज्यों में फैले 136 नोडल प्रशिक्षण संस्थानों (NTIS) के नेटवर्क के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों में कार्यान्वित किया जा रही है।

3. शिपिंग नहर परियोजना सेतुसमुद्रम परियोजना को पुनर्जीवित करने की मांग

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने हाल ही में राज्य विधानसभा में एक प्रस्ताव पेश किया है, जिसमें भारत में प्रस्तावित शिपिंग नहर परियोजना सेतुसमुद्रम परियोजना को पुनर्जीवित करने की मांग की गई है, जो मन्नार की खाड़ी और पाक जलडमरूमध्य को जोड़ेगी। यह परियोजना, जो अपनी स्थापना के बाद से ही विवादास्पद रही है, को 2007 में भारत सरकार द्वारा रोक दिया गया था। सेतुसमुद्रम परियोजना का उद्देश्य पाक खाड़ी और मन्नार की खाड़ी के उथले पानी के माध्यम से एक शिपिंग नहर का निर्माण करना है, जो भारत के पूर्वी और पश्चिमी तटों के बीच जहाजों की यात्रा के लिए आवश्यक दूरी और समय को कम करेगा। यह परियोजना पाक जलडमरूमध्य के माध्यम से पारंपरिक नौवहन मार्ग को बायपास करेगी, जिसे एक नौवहन संबंधी खतरा माना जाता है।

4. हिमाचल प्रदेश सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में पुरानी पेंशन योजना बहाल कर दी है।

हिमाचल प्रदेश सरकार ने पुरानी पेंशन योजना बहाल कर दी है। कांग्रेस पार्टी के चुनावी वादे को पूरा करते हुए राज्य सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में पुरानी पेंशन योजना को मंजूरी दे दी। नई व्यवस्था के तहत उन सभी सरकारी कर्मचारियों को इस पेंशन योजना का लाभ मिलेगा, जो वर्तमान में परिभाषित अंशदायी पेंशन योजना के तहत आते हैं। राज्य में लगभग एक लाख 36 हजार सरकारी कर्मचारी लाभान्वित होंगे। कैबिनेट ने राज्य में एक लाख रोजगार के अवसर पैदा करने की योजना की रूपरेखा तैयार करने के लिए मंत्रिमंडल की उप-समिति गठित करने का भी फैसला किया।

5. ढाका इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का 21वां संस्‍करण ढाका में शुरू

बांग्लादेश का सबसे बड़ा फिल्म समारोह ढाका इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल-डीआईएफएफ का 21वां संस्‍करण ढाका में शुरू हुआ। राष्ट्रीय संग्रहालय सभागार में विदेश मंत्री डॉ ए के अब्दुल मोमन ने महोत्सव का उद्घाटन किया। उन्‍होंने फिल्म संस्कृति को बढ़ावा देने में बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान की भूमिका के बारे में बात की। सत्यजीत रे की फिल्मों में फेलूदा की भूमिका निभाने वाले चर्चित अभिनेता सब्यसाची चक्रवर्ती इस अवसर पर विशेष अतिथि थे। विभिन्न वर्गों में भारत की कुल 36 फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

6. भारतीय जनता पार्टी विश्व की पहली पूर्ण रूप से डिजिटल पार्टी

भारतीय जनता पार्टी विश्व की पहली पूर्ण रूप से डिजिटल पार्टी बन गई है। इस पार्टी में कार्यकर्त्ताओं की संख्या लगभग 18 करोड़ है जिनमें से पद पर कार्यरत लोगों की संख्या लगभग 3 करोड़ है। संगठन रिपोर्टिंग एंड एनालिसिस (सरल) नाम से तैयार एक एप के माध्यम से आम जनता के लिये पार्टी के अध्यक्ष से बूथ स्तर तक के कार्यकारी सदस्यों तक पहुँच को आसान बनाने के साथ पार्टी के अंदर भी संवाद का एक महत्त्वपूर्ण माध्यम है। पार्टी से संपर्क करने के लिये फोन और SMS की सुविधा वाले इस एप के माध्यम से देश में किसी भी राज्य के पदाधिकारी से संपर्क किया जा सकता है। एप की प्रमुख विशेषता यह है कि इसकी मदद से किसी भी पदाधिकारी तक रियल टाइम संदेश प्रेषण संभव है जिससे पदाधिकारियों को किसी मुद्दे पर सक्रिय करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। सभी के पास इस एप को डाउनलोड करने की सुविधा होगी लेकिन सीमित मात्रा में, एप में संगठन के प्रमुख हिस्से तक पहुँच की सुविधा केवल पार्टी से संबद्ध पदाधिकारियों के पास होगी।

7. नासा के वेब टेलीस्कोप ने सौर मंडल के बाहर पृथ्वी जैसा दिखने वाला पहला ग्रह खोजा

नासा के जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप जो कि अगली पीढ़ी की वेधशाला है, ने पृथ्वी से लगभग 15,00,000 किलोमीटर दूर अंतरिक्ष के निर्वात में एक वर्ष से अधिक समय बिताने के बाद हमारे सौरमंडल के बाहर अपने पहले ग्रह की खोज की पुष्टि की है। यह खोज लॉरेल मैरीलैंड की जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी एप्लाइड फिजिक्स लेबोरेटरी में खगोलविदों की अगुवाई में की गई है। शोध टीम के अनुसार, एलएचएस 475 बी पृथ्वी के आकार का एक स्थलीय ग्रह है लेकिन शोधकर्त्ता अभी तक यह नहीं जानते हैं कि एक्सोप्लैनेट या नए ग्रह में वायुमंडल है या नहीं। वैज्ञानिकों ने बताया कि एक्सोप्लैनेट पृथ्वी से सिर्फ 41 प्रकाश वर्ष दूरनक्षत्र ऑक्टान में स्थित है। यह ग्रह एक लाल बौने तारे की परिक्रमा करता है जिसका तापमान सूर्य के तापमान के आधे से भी कम है। एलएचएस 475 बी हमारे सौरमंडल के किसी भी ग्रह की तुलना में अपने तारे के करीब है, इसे एक पूर्ण कक्षा को पूरा करने में सिर्फ दो दिन का समय लगता हैं। वेब टेलीस्कोप के अवलोकनों ने यह भी संकेत दिया कि एक्सोप्लैनेट पृथ्वी की तुलना में लगभग 100 डिग्री अधिक गर्म है। सिएटल में अमेरिकन एस्ट्रोनॉमिकल सोसायटी की 241वीं बैठक में बुधवार को यह शोध प्रस्तुत किया गया।

8. LAC के पास अवसंरचना में महत्त्वपूर्ण सुधार हुआ

भारत के सेना प्रमुख के अनुसार, वास्तविक नियंत्रण रेखा (Line of Actual Control- LAC) के पास अवसंरचना में महत्त्वपूर्ण सुधार हुआ है। सेना ने चीन के साथ LAC पर भारत की तरफ देश के अवसंरचना में काफी वृद्धि की है, जिसमें 6,000 किलोमीटर की सीमा सड़क बनाने से लेकर लद्दाख और कामेंग में सभी मौसम में संचार बढ़ाना शामिल है। उदाहरण के लिये लद्दाख में ज़ोजिला सुरंग एवं Z-मोड़ सुरंग तथा अरुणाचल प्रदेश में सेला सुरंग वर्तमान में निर्माणाधीन हैं। सेना पाँच प्रमुख क्षेत्रों जैसे- पुनर्गठन और अनुकूलन, आधुनिकीकरण व प्रौद्योगिकी, मानव संसाधन प्रबंधन जैसे- अग्निपथ योजना, संयुक्तता एवं एकीकरण, प्रणालियों तथा प्रक्रियाओं में सुधार पर कार्य कर रही है। वर्तमान में सेना महिला अधिकारियों को आर्टिलरी रेजिमेंट में शामिल करने की मांग कर रही है, इससे लड़ाकू हथियारों के संदर्भ में महिलाओं की पहचान स्थापित होगी।

9. कॉग्निजेंट ने रवि कुमार एस को मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया

कॉग्निजेंट ने इंफोसिस के पूर्व अध्यक्ष रवि कुमार एस को सीईओ और बोर्ड के सदस्य के रूप में नियुक्त करने की घोषणा की है, जिसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। रवि कुमार एस ने दोनों भूमिकाओं में ब्रायन हम्फ्रीज का स्थान लिया है। एक सुचारु परिवर्तन की सुविधा के लिए, ब्रायन हम्फ्रीज 15 मार्च, 2023 तक एक विशेष सलाहकार के रूप में कंपनी के साथ बने रहेंगे।

10. भारतीय गश्ती पोत आईसीजीएस शौर्य और आईसीजीएस राजवीर का बांग्लादेश पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया

बांग्लादेश और भारत के तट रक्षक बलों के बीच चल रहे सहयोग के तहत भारतीय तटरक्षक बल के दो गश्ती पोत छह दिवसीय यात्रा पर बांग्लादेश के चटोग्राम पहुंचे। इनका बांग्लादेश के तट रक्षक बल ने गर्मजोशी से स्वागत किया। भारतीय तटरक्षक बल के ये पोत आईसीजीएस शौर्य और आईसीजीएस राजवीर, अत्याधुनिक स्वदेशी तकनीक से बनाए गए हैं, जो दोनों देशों के बीच रक्षा साझेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ये देश के समुद्री हितों की “सेवा और रक्षा” करने की भारतीय तट रक्षक बल की इच्छा और प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करते हैं।

11. वित्त वर्ष 2023 में भारत का प्रत्यक्ष कर संग्रह

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, चालू वित्त वर्ष (FY2023) का देश का सकल प्रत्यक्ष कर संग्रह 10 जनवरी तक 24.58% बढ़कर 14.71 लाख करोड़ रुपये हो गया। वित्त मंत्रालय ने कहा कि प्रत्यक्ष कर संग्रह के अनंतिम आंकड़े लगातार वृद्धि दर्ज कर रहे हैं। रिफंड को समायोजित करने के बाद, शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह 12.31 लाख करोड़ रुपये था, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के दौरान हुए संग्रह से 19% अधिक है। वित्त मंत्रालय ने 11 जनवरी को कहा कि केंद्र का प्रत्यक्ष कर संग्रह 2022-23 के बजट लक्ष्य के 86.7% तक पहुंच गया।

12. “इरफान खान: ए लाइफ इन मूवीज” नामक एक नई किताब

इरफान खान: ए लाइफ इन मूवीज पुस्तक में, फिल्म समीक्षक शुभ्रा गुप्ता ने अभिनेता की कला, शिल्प और विरासत पर बातचीत में निर्देशक मीरा नायर, विशाल भारद्वाज और अनुराग बसु सहित प्रमुख लोगों को शामिल किया है। इरफान के करीबी, काम करने वाले प्रमुख लोगों इरफान की पत्नी सुतापा सिकदर, तिलोत्तमा शोम, इरफान के एनएसडी तिमांगशु, शूजीत सरकार, तब्बू, अनुराग कश्यप सहित कई अन्य लोगों के साक्षात्कार इस पुस्तक में हैं। प्रकाशक पैन मैकमिलन ने एक बयान में कहा है कि यह किताब शुभ्रा की टिप्पणी के साथ नए साक्षात्कारों का संग्रह होगा, जो अभिनेता और व्यक्ति इरफान के एक जटिल चित्र की पेशकश करेगा।

13. ऑस्ट्रेलियाई स्कूलों में पढ़ाई जाएगी पंजाबी

पंजाबी पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के पब्लिक स्कूलों में पढ़ाई जाने वाली सबसे नई भाषा बनने जा रही है। ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने स्कूलों में पंजाबी भाषा को शामिल करने का फैसला किया है। ऑस्ट्रेलिया के शिक्षा मंत्री सू एलेरी ने कहा कि, ऑस्ट्रेलिया में छात्रों को पंजाबी पढ़ने का विकल्प दिया जाएगा, क्योंकि इस साल प्री-प्राइमरी से लेकर 12वीं तक का पाठ्यक्रम तैयार किया जाएगा। 2021 में पाठ्यक्रम में तमिल, हिंदी और कोरियाई भाषाओं को शामिल करने के बाद स्कूलों में पंजाबी पढ़ाए जाने पर फैसला लिया गया है। ऑस्ट्रेलिया में बोली जाने वाली 190 से अधिक भाषाओं के साथ, भाषाई विविधता एक बड़ी ताकत है जो सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक लाभ प्रदान करती है।

14. स्टार्टअप फर्म आईजी ड्रोन्स ने भारत का पहला 5G-सक्षम ड्रोन विकसित किया

टेक स्टार्टअप फर्म आईजी ड्रोन्स (IG Drones) के द्वारा भारत के पहले 5जी-सक्षम ड्रोन को विकसित किया है जो वर्टिकल टेक-ऑफ और लैंडिंग में सक्षम है। इस ड्रोन को स्काईवॉक (Skyhawk) नाम दिया गया है। इसका उपयोग रक्षा और चिकित्सा अनुप्रयोगों के अतिरिक्त अन्य क्षेत्रों में भी किया जा सकता है। स्काईवॉक लगभग पांच घंटे तक 10 किलो का पेलोड लेकर उडान भर सकता है साथ ही यह ड्रोन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और थर्मल इमेजिंग जैसी क्षमताओं से भी लैस है। वर्टिकल टेक-ऑफ और लैंडिंग (VTOL) की सुविधा के कारण इसे टेक-ऑफ या लैंडिंग के लिए किसी विशेष रनवे या ट्रैक की आवश्यकता नही होती है इसलिए इसे किसी भी क्षेत्र में ऑपरेट किया जा सकता है। यह ड्रोन IP67 रेटेड है इसे इसे NavIC + GPS नेविगेशनल सैटेलाइट के कॉम्बिनेशन के माध्यम से कंट्रोल किया जा सकता है। यह ड्रोन अपनी अधिकतम गति में 100 किमी की यात्रा 12 से 15 मिनट में कर सकता है।

15. एमएस धोनी ने गरुड़ एयरोस्पेस के साथ साझेदारी में सर्विलांस ड्रोन ‘ड्रोनी’ लॉन्च किया

पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और गरुड़ एयरोस्पेस ने द्रोणी नाम का एक सर्विलांस ड्रोन लॉन्च किया है। अनुभवी क्रिकेटर ने पिछले साल चेन्नई में ग्लोबल ड्रोन एक्सपो में सर्विलांस ड्रोन का अनावरण किया था। बैटरी से चलने वाला क्वाडकॉप्टर सर्विलांस ड्रोन मुख्य रूप से कृषि क्षेत्र में इस्तेमाल किया जाएगा।

16. नासा ने भारतीय-अमेरिकी अंतरिक्ष विशेषज्ञ एसी चरानिया को मुख्य प्रौद्योगिकीविद् के रूप में नामित किया

भारतीय-अमेरिकी एयरोस्पेस उद्योग विशेषज्ञ एसी चरानिया को अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का नया मुख्य प्रौद्योगिकीविद् (Chief Technologist) नियुक्त किया गया है। एसी चरानिया नेशनल एयरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (NASA) मुख्यालय में प्रशासक बिल नेल्सन के प्रधान सलाहकार के तौर पर सेवाएं देंगे और प्रौद्योगिकी नीति और कार्यक्रमों पर सलाह देंगे। उन्होंने साथी भारतीय-अमेरिकी भव्या लाल का स्थान लिया, जो 3 जनवरी तक कार्यवाहक मुख्य प्रौद्योगिकीविद थीं।

17. किसान विकास पत्र (केवीपी) : 120 महीने में पैसा डबल

किसान विकास पत्र (केवीपी) खाता जमा पर वर्तमान ब्याज दर सालाना 7.2% है। संशोधित दर की घोषणा 30 दिसंबर को की गई थी। यह दर नए साल 2023 की पहली तिमाही में किए गए केवीपी जमा पर लागू होगी। केंद्र सरकार की तरफ से स्मॉल सेविंग्स पर मिलने वाले ब्याज की दरों में 1.10 फीसदी का इजाफा किया है। इसी के तहत किसान विकास पत्र पर अब 7.20 फीसदी की दर से ब्याज मिलेगा। इससे पहले योजना के तहत 7 फीसदी ब्याज मिलता था। वहीं अब 123 महीने की जगह 120 महीने में ही पैसा दोगुना हो जाएगा। यानी नए बदलाव के बाद अब मैच्योरिटी 10 साल में हो जाएगी। किसान विकास पत्र (KVP) प्रमाणपत्रों के रूप में भारत के डाकघरों में उपलब्ध बचत योजना है। इसे पहली बार 1988 में इंडिया पोस्ट द्वारा लॉन्च किया गया था।

18. युकी भांबरी और साकेत माइनेनी की जोड़ी ने बैंकॉक ओपन टेनिस टूर्नामेंट जीता

नोंथाबुरी-थाइलैंड में शीर्ष वरीयता प्राप्त युकी भांबरी और साकेत माइनेनी की भारतीय जोड़ी ने क्रिस्टोफर रूंगाकट और अकीरा सैंटिलन की जोड़ी को हराकर बैंकॉक ओपन डबल्स खिताब जीत लिया है। भारतीय जोड़ी ने एक साथ अपना सातवां फाइनल खेलते हुए रोमांचक मुकाबले में इंडोनेशियाई-ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी को 2-6, 7-6, 14-12 से हराया। शनिवार को मिली जीत से 28 वर्षीय युकी को डबल्स में करियर की सर्वश्रेष्ठ नब्बेवीं रैंकिंग मिल सकती है जबकि ज़ोरदार सर्विस करने वाले 35 साल के साकेत माइनेनी एटीपी डबल्स में करियर की सर्वश्रेष्ठ 74वीं रैंकिंग हासिल कर सकते हैं। अब यह जोड़ी सीजन के पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन मुकाबले में उतरेगी जहां उन्हें वाइल्ड कार्ड एंट्री मिली है।

19. मकर संक्रांति

हाल ही में प्रधानमंत्री ने देश के लोगों को मकर संक्रांति, भोगी, लोहड़ी और पोंगल के फसल त्योहारों के अवसर पर बधाई दी है। इस त्योहार में देश भर के किसान अपनी कड़ी मेहनत एवं उद्यम का जश्न मनाते हैं। मकर संक्रांति सूर्य के मकर राशि में प्रवेश को दर्शाता है क्योंकि यह अपने खगोलीय पथ पर भ्रमण करता है। यह दिन ग्रीष्म ऋतु की शुरुआत का प्रतीक और छह महीने के शुभ समय की शुरुआत करता है, जिसे हिंदुओं को उत्तरायण या सूर्य के उत्तरायण के रूप में जाना जाता है।

20. राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने 12 जनवरी को अपना 18वाँ स्थापना दिवस मनाया

हाल ही में राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग, जिसे बाल अधिकार संरक्षण आयोग अधिनियम, 2005 के तहत वर्ष 2007 में स्थापित किया गया था, ने 12 जनवरी को अपना 18वाँ स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर को पूरी तरह से बच्चों को समर्पित करने हेतु आयोग द्वारा राष्ट्रीय युवा दिवस (स्वामी विवेकानंद जयंती) पर बाल अधिकारों के बारे में बच्चों के बीच जागरूकता विकसित करने के लिये एक क्विज़ प्रतियोगिता आरंभ की गई। यह बच्चों को उनके अधिकारों से सशक्त बनाने का एक मंच है।

21. 7वां सशस्त्र सेना पूर्व सैनिक दिवस

भारतीय सशस्त्र बलों ने 14 जनवरी, 2023 को 7वां सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस मनाया। भारतीय सेना के पहले कमांडर-इन-चीफ फील्ड मार्शल केएम करियप्पा ओबीई वर्ष 1953 में इसी दिन सेवानिवृत्त हुए थे। सशस्त्र सेना पूर्व सैनिक दिवस 14 जनवरी, 2017 से मनाया जा रहा है। यह दिन सेवानिवृत्त, सेवारत जनों और देश के बीच सौहार्द सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उन नायकों को प्रतिबिंबित करने, स्मरण करने तथा उनका सम्मान करने के लिए समर्पित है, जिन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है और निस्वार्थ भाव से देश की सेवा की है। पूरे देश में कई स्थानों जैसे कि देहरादून, दिल्ली, जालंधर चंडीगढ़, झुंझुनू, पानागढ़, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता शहर में पुष्पांजलि समारोह हुए और भूतपूर्व सैनिकों की बैठकें आयोजित की गईं। यह समारोह नौ स्थानों पर मनाया गया जबकि देहरादून में आयोजित मुख्य समारोह की अध्यक्षता रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह की।

22. जालंधर से कांग्रेस के लोक सभा सदस्य संतोख सिंह चौधरी का लुधियाना में निधन

जालंधर से कांग्रेस के लोक सभा सदस्य संतोख सिंह चौधरी की लुधियाना में मृत्यु हो गई। इससे पहले भारत जोड़ो यात्रा में भाग लेते हुए उन्हें हृदय का दौरा पड़ा था। वे 76 वर्ष के थे। वे 2014 से जालंधर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे थे और वे पंजाब मंत्रिमंडल में मंत्री भी रहे थे।

23. यूनान के अंतिम राजा कॉन्स्टेंटाइन द्वितीय का निधन

यूनान के पूर्व एवं अंतिम राजा कॉन्स्टेंटाइन का एथेंस के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। कॉन्स्टेंटाइन 82 वर्ष के थे। वर्ष 1964 में 23 साल की उम्र में कॉन्स्टेंटाइन द्वितीय के तौर पर उन्होंने सिंहासन ग्रहण किया था। नौकायन में ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतने के कारण वह पहले ही बहुत लोकप्रिय थे और राजा बनने के बाद उनकी शोहरत में इजाफा हुआ। हालांकि 1967 में सैन्य तख्तापलट के बाद कॉन्स्टेंटाइन ने सैन्य शासकों से लोहा लिया और उन्हें निर्वासन का सामना करना पड़ा। तानाशाही ने 1973 में राजशाही को समाप्त कर दिया और 1974 में लोकतंत्र बहाल होने के बाद हुए जनमत संग्रह ने कॉन्स्टेंटाइन के फिर से शासन करने की हर उम्मीद को तोड़ दिया।

24. द्रविड़ भाषाओं के विशेषज्ञ ब्रिटिश भाषाविद् रोनाल्ड ई अशर का निधन

द्रविड़ भाषाओं के विशेषज्ञ शिक्षक और ब्रिटिश भाषाविद् रोनाल्ड ई. अशर का लंदन में वृद्धावस्था में निधन हो गया। वह 96 वर्ष के थे। लंदन की रॉयल एशियाटिक सोसाइटी के सदस्य अशर ने 1983 में केरल साहित्य अकादमी, त्रिचूर से स्वर्ण पदक जीता और 1991 में उन्हें एडिनबर्ग में रॉयल सोसाइटी द्वारा सम्मानित किया गया था। उन्होंने 1970 में कॉलेज डी फ्रांस, पेरिस से भी पदक प्राप्त किया था। अशर का जन्म 23 जुलाई, 1926 को इंग्लैंड के ग्रिंगले-ऑन-द हिल में हुआ था। उनका केरल के साथ संबंध लंदन विश्वविद्यालय में केरल के प्रसिद्ध राजनयिक और राजनीतिक विचारक तथा जवाहरलाल नेहरू के करीबी समझे जाने वाले वी. के. कृष्णा मेनन के एक लंबे एवं विचारोत्तेजक भाषण के जरिये बना था।