भारत संग द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती देंगे अमेरिकी रक्षा मंत्री

0
154

CURRENT GK

1.प्रधानमंत्री ने ‘दीनदयाल हस्तकला संकुल’ राष्ट्र को समर्पित किया :-

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज वाराणसी में ‘दीनदयाल हस्तकला संकुल’ राष्ट्र को समर्पित किया, जो हस्तशिल्प का एक व्यापार सुविधा केन्द्र है। प्रधानमंत्री ने इस केंद्र की आधारशिला नवम्बर, 2014 में रखी थी।

प्रधानमंत्री ने इस केंद्र का दौरा किया और इसे राष्ट्र को समर्पित करने के लिए मंच पर पहुंचने से पहले उन्हें वहां विकसित सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

 

2.पाकिस्तान ने हेलीकॉप्टर से किया एंटी शिप मिसाइल का परीक्षण :-

पाकिस्तानी नौसेना ने एंटी शिप मिसाइल का परीक्षण किया है। उसने ये परीक्षण उत्तरी अरब सागर में सी किंग हेलिकॉप्टर के जरिए से किया है। पाकिस्तानी नौसेना के मुताबिक इस मौके पर नेवी के मुखिया एडमिरल मुहम्मद जकाउल्लाह भी मौजूद थे।

इस मिसाइल के परीक्षण से जमीन से लंबी दूरी तक मार करने वाली जहाज रोधी मिसाइल दागने की पड़ोसी देश की क्षमता में इजाफा हुआ है।

नौसेना ने कहा कि तटीय क्षेत्र से मिसाइल का परीक्षण किया गया और मिसाइल ने समुद्र में अपने लक्ष्य को सफलतापूर्वक भेद दिया। यह मिसाइल आधुनिक तकनीक और वैमानिकी से लैस है, जिससे लंबी दूरी पर समुद्र में सटीक निशाना साधा जा सकता है।

 

3.निजी बिल्डरों द्वारा बनाए गए आवास पर सरकार देगी केंद्रीय सब्सिडी — हरदीप सिंह पुरी :-

सस्ती आवास योजना में निजी निवेश को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने एक नयी निजी-सार्वजनिक भागीदारी (पीपीपी) नीति की घोषणा की। इसके तहत निजी भूमि पर प्राइवेट बिल्डर द्वारा बनाए गए हर आवास के लिए 2.50 लाख रुपये तक की केंद्रीय सब्सिडी दी जायेगी।

शहरी विकास एवं आवास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि इस नीति का लक्ष्य शहरी क्षेत्रों में सरकारी भूमि पर सस्ती आवास परियोजनाओं को निजी निवेशकों की क्षमता का दोहन करने के लिए खोलना है।

 

4.भारत ने तीसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया को हराया, वनडे सीरीज पर किया कब्जा :-

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इंदौर में खेले गए तीसरे वनडे में मेजबान टीम ने मेहमान टीम को 5 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही पांच वनडे मैचों की सीरीज में भारत ने 3-0 की अपराजेय बढ़त हासिल कर ली साथ ही वनडे सीरीज पर भी कब्जा कर लिया। इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान स्टीव स्मिथ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट पर 293 रन बनाए।

भारत को जीत के लिए 294 रन का लक्ष्य मिला। इस लक्ष्य को भारत ने 47.5 ओवर में 5 विकेट शेष रहते ही हासिल कर लिया। इस मैच में हार्दिक पांड्या को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। इस जीत के साथ ही भारत वनडे रैंकिंग में भी नंबर एक पर आ गया।

 

5.‘जीएसटीएन के फीचर्स को सुधारा गया, अगस्त में रिटर्न फाइलिंग के लिए किया गया मजबूत’ :-

जीएसटी नेटवर्क (जीएसटीएन) ने पिछले महीने अपने पोर्टल पर कुछ सुविधाओं में सुधार किया है ताकि प्रणाली को और मजबूत बनाया जा सके और करीब 35 लाख करदाताओं को त्रुटि-मुक्त कर भुगतान की सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके। यह बात जीएसटीएन के सीईओ प्रकाश कुमार ने कही है।

 

6.सुब्रमण्यम के कार्यकाल में एक साल का विस्तार होगा, जेटली ने दी जानकारी :-

केंद्र सरकार मुख्य आर्थिक सलाहकार (सीईए) अरविंद सुब्रमण्यम का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ाएगी। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अरविंद अब अक्टूबर, 2018 तक अपने पद पर बने रहेंगे। इसके साथ ही सुब्रमण्यम उन चुनिंदा लोगों में शामिल हो गए हैं, जिन्हें मोदी सरकार में सेवा विस्तार मिला है।

सीईए को तौर पर उनका मौजूदा कार्यकाल अगले महीने की 16 तारीख को समाप्त हो रहा है। सीईए वित्त मंत्री को आर्थिक मामलों पर सलाह देता है। इसके अलावा आर्थिक समीक्षा और मध्यावधि समीक्षा तैयार करना भी उसकी जिम्मेदारी है।

 

7.राजीव महर्षि होंगे अगले कैग, सोमवार से संभालेंगे कार्यभार :-

पूर्व गृह सचिव राजीव महर्षि देश के अगले नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) होंगे। वो सोमवार से ही पदभार संभाल लेंगे। वो शशिकान्त शर्मा की जगह लेंगे। सरकार ने महर्षि की नियुक्ति को हाल ही में मंजूरी दी है।

यह जानकारी अधिकारिक सूत्रों के जरिए सामने आई है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक राजीव महर्षि (62) को राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद सोमवार को राष्ट्रपति भवन में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

 

8.भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिन की बैठक नई दिल्ली में :-

भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और पार्टी पदाधिकारियों की दो दिन की बैठक आज से नई दिल्ली में शुरू हो रही है। पहले दिन पार्टी राष्ट्रीय पदाधिकारी और संगठन के अन्य महत्वपूर्ण नेता राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में विचारार्थ प्रस्तावों सहित विभिन्न मुद्दों पर बातचीत करेंगे।

भाजपा के सभी 337 सांसद, चौदह सौ से अधिक विधायक, विधान परिषद सदस्य और वरिष्ठ नेतृत्व कल राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में हिस्सा लेंगे।

 

9.भारत संग द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती देंगे अमेरिकी रक्षा मंत्री :-

द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूती देने के लिए अमेरिकी रक्षा मंत्री जिम मैटिस दो दिवसीय यात्र पर मंगलवार को भारत की यात्र पर होंगे। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ क्षेत्रीय हालात और रक्षा से जुड़े मसलों पर बात करेंगे।

पेंटागन ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर मैटिस की 26 सितंबर से शुरू हो रही भारत यात्र के बारे में जानकारी दी। ट्रंप सरकार के कैबिनेट स्तर के किसी मंत्री की यह पहली भारत यात्रा होगी।

 

10.रोहिंग्या मुसलमानों के लिए भारत 700 टन राहत सामग्री भेजेगा बांग्लादेश :-

बंग्लादेश में शरण ले रहे रोहिंग्या मुसलमानों के लिए भारत 700 टन राहत सामग्री की एक नई खेप बांग्लादेश भेज रहा है। भारतीय नौसेना के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस राहत सामग्री को भारतीय नौसेना के पोत आईएनएस घड़ियाल पर लादकर बांग्लदेश के चटगांव ले लाया जाएगा।

इस राहत सामग्री में खाद्य पदार्थ, कपड़े और मच्छरदानी सहित कई अन्य ज़रूरी सामान शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इस सामग्री को 62,000 रोहिंग्या परिवारों में बांटा जाएगा।

 

11.चीन ने उत्तर कोरिया को गैस की आपूर्ति रोकी :-

चीन ने उत्तर कोरिया के लिए ईंधन के रूप में प्रयुक्त होने वाली सभी तरह की प्राकृतिक गैस की आपूर्ति रोक दी है। साथ ही कहा है कि वह संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के निर्देशानुसार उत्तर कोरिया को कुछ पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति भी बंद करेगा।

तीन सितंबर को हाइड्रोजन बम के परीक्षण के बाद सुरक्षा परिषद ने उत्तर कोरिया पर नए प्रतिबंध लगाए थे। इस बीच चीन ने जापान से कहा है कि वह उत्तर कोरिया के साथ बात करके संबंधों में बने गतिरोध को दूर करने का प्रयास करे।