पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दिल्ली में भारत की पहली ग्रीन हाइड्रोजन ईंधन बस का शुभारंभ किया

0
74

1 पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दिल्ली में भारत की पहली ग्रीन हाइड्रोजन ईंधन बस का शुभारंभ किया

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने नई दिल्ली में इंडिया गेट से देश की पहली हाइड्रोजन फ्यूल सेल बस को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर श्री सिंह ने कहा, सरकार हरित वाहनों की नई पीढ़ी लाने के लिए मिशन मोड में काम कर रही है। हरित ऊर्जा की विशेषताओं का उल्‍लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे देश के आयात बिल को कम करने में सहायता मिली है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री रामेश्वर तेली ने कहा कि ये बसें 2070 तक शुद्ध शून्य कार्बन उत्सर्जन तक पहुंचने के भारत के लक्ष्य की दिशा में एक सकारात्मक कदम हैं।

2 रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस पर भारत ड्रोन शक्ति प्रदर्शनी का उद्घाटन किया

पहला C-295 मध्‍यम सामरिक परिवहन विमान औपचारिक रूप से उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के हिंडन में भारतीय वायु सेना के एयरबेस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की उपस्थिति में भारतीय वायुसेना में शामिल किया गया। समारोह के दौरान वायुसेना प्रमुख वीआर चौधरी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। इससे पहले श्री सिंह ने दो दिवसीय भारत ड्रोन शक्ति-2023 का उद्घाटन किया। भारत ने भारतीय वायु सेना के पुराने एवरो परिवहन बेड़े की जगह 56 एयरबस C-295 विमानों के सेना के शामिल करने की औपचारिक स्‍वीकृति दे दी है। अनुबंध संबंधी समझौते के अनुसार, एयरबस सेविले में शहर में अपने उत्पादन संयंत्र से उड़ान के लिये तैयार स्थिति में पहले 16 सी295 विमानों की आपूर्ति करेगा।

3 केंद्रीय मंत्री आर.के. सिंह ने नई दिल्ली में भारत ऊर्जा शिखर सम्मेलन 2023 का उद्घाटन किया

 

 

ऊर्जा मंत्री आर के सिंह ने कहा है कि भारत 2030 की समय सीमा से पहले अपने 500 गीगावॉट नवीकरणीय ऊर्जा के लक्ष्य को हासिल कर लेगा। नई दिल्ली में इंडिया एनर्जी समिट 2023 में उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन दुनिया के लिए खतरा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत अगली पीढ़ी को एक स्वस्थ और सुरक्षित दुनिया देने के लिए प्रतिबद्ध है। दो दिन के सम्मेलन का उद्देश्य देश में एक सक्षम हरित हाइड्रोजन पारिस्थितिकी तंत्र के विकास पर ध्यान केंद्रित करना है। सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में बेल्जियम और जर्मनी के राजदूत सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

4 कमप्रेस्‍ड बायो-गैस और बायोगैस संयंत्रों के पंजीकरण के लिए पोर्टल की शुरूआत

पेयजल और स्वच्छता विभाग ने देश भर में कमप्रेस्‍ड बायो-गैस और बायोगैस संयंत्रों के पंजीकरण को सुव्यवस्थित करने के लिए गोबरधन के लिए एक एकीकृत पंजीकरण पोर्टल की शुरूआत की है। पोर्टल gobardhan.co.in. पर अब तक एक हजार 163 से अधिक बायोगैस संयंत्र और 426 कमप्रेस्‍ड बायो-गैस संयंत्र पंजीकृत हो चुके हैं। पंजीकृत संयंत्र रसायन और उर्वरक मंत्रालय के तहत उर्वरक विभाग की बाजार विकास सहायता योजना के तहत सहायता के लिए पात्र हैं। दिशानिर्देशों के अनुसार, गोबरधन पहल के तहत बायोगैस और कमप्रेस्‍ड बायोगैस संयंत्रों में उत्पादित फरमेंटिड जैविक खाद या तरल फरमेंटिड जैविक खाद या फॉस्फेट समृद्ध जैविक खाद की बिक्री के लिए 1500 रुपये प्रति मीट्रिक टन की सहायता दी जाएगी।

 

5 इंदौर में दो दिन इंडिया स्मार्ट सिटीज कॉन्क्‍लेव 2023 का आयोजन

 

 

 

केन्‍द्रीय आवासन और शहरी मामलों का मंत्रालय मध्यप्रदेश के इंदौर में दो दिन के इंडिया स्‍मार्ट सिटीज कॉन्क्लेव 2023 का आयोजन कर रहा है। इसके अंतर्गत राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू चौथी इंडिया स्मार्ट सिटी पुरस्कार प्रतियोगिता 2022 के विजेताओं को सम्मानित करेंगी। समारोह में उन सभी एक सौ स्‍मार्ट सिटी की भागीदारी होगी जो शहरों के विकास में आमूल परिवर्तन की प्रक्रिया का नेतृत्व कर रहे हैं और शहरी नवाचार में सबसे आगे हैं। यह कार्यक्रम विभिन्‍न शहरों को इस मिशन के अंतर्गत अपने उल्लेखनीय कार्यों को प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करेगा ताकि उनकी सहायता से देश में भविष्‍य में शहरों में बदलाव की रूपरेखा तैयार की जा सके।

6 भारत को मध्य प्रदेश में मिला अपना 54 वां टाइगर रिजर्व “वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व”

देश में सबसे ज्यादा बाघों का घर मध्य प्रदेश को बाघों के लिए ‘वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व’ नाम से एक नया संरक्षित क्षेत्र मिला है। मध्य प्रदेश सरकार ने वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व का अनावरण किया है, जो राज्य का सातवां और भारत का 54 वां टाइगर रिजर्व बन गया है। मध्य प्रदेश ने 2022 की जनगणना में “बाघ राज्य” का दर्जा बरकरार रखा, राज्य में बाघों की संख्या 2018 में 526 से बढ़कर 785 हो गई। वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व मध्य प्रदेश का सातवां टाइगर रिजर्व बन गया है। अधिकारी ने कहा कि टाइगर रिजर्व में लगभग 1,414 वर्ग किलोमीटर को कोर क्षेत्र में और 925.12 वर्ग किलोमीटर को बफर जोन में शामिल किया गया है। इस साल जुलाई में राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण और भारतीय वन्यजीव संस्थान द्वारा जारी रिपोर्ट ‘स्टेटस ऑफ टाइगर्स: को-प्रीडेटर्स एंड प्रे इन इंडिया-2022’ के अनुसार, मध्य प्रदेश (785) में देश में सबसे अधिक बाघ हैं, इसके बाद कर्नाटक (563) और उत्तराखंड (560) हैं।

7 झारखंड में फसलों, प्रकृति की पूजा तथा भाई और बहन के बीच प्‍यार के बंधन से संबंधित अत्‍यंत लोकप्रिय महोत्‍सवों में से एक कर्मा पूजा मनायी जा रही

झारखंड में फसलों, प्रकृति की पूजा, भाई और बहन के बीच प्‍यार के बंधन तथा कर्म वृक्ष के महत्‍व से संबंधित अत्‍यंत लोकप्रिय महोत्‍सवों में से एक कर्मा पूजा मनायी जा रही है। इस महोत्‍सव के दौरान कर्म वृक्ष की शाखा को उठाकर कर्मा नर्तक, गायन और नृत्‍य करते हैं। इसमें पारंपरिक तरीके से दूध और चावल में रखी गई कर्म वृक्ष की शाखा को आयोजन स्‍थल के मध्‍य में रखा जाता है जहां सामूहिक नृत्‍य किया जाता है। राज्‍यपाल सीपी राधाकृष्‍णन, केन्‍द्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा और राज्‍य के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने कर्म महोत्‍सव के उत्‍सव पर लोगों की समृद्धि की कामना की है।

8 विशाखापत्तनम में आधुनिक समुद्री संग्रहालय का उद्घाटन

मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री परसोत्तम रूपाला ने विशाखापत्तनम में आधुनिक समुद्री संग्रहालय का उद्घाटन किया। इस संग्रहालय में दो सौ से अधिक किस्म की मछलियाँ और अन्य समुद्री उत्पाद संरक्षित हैं। श्री रूपाला ने मत्स्य पालन उद्योग के अधिकारियों और हित धारकों के साथ एक समीक्षा बैठक भी की। बैठक के दौरान सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों के उद्योग प्रतिनिधियों ने सीमा शुल्क, बुनियादी ढांचे के विकास के मामलों में मदद करने का अनुरोध किया।

9 भारतीय नौसेना ने ‘खमरी मो सिक्किम’ कार रैली को हरी झंडी दिखाई

दूरदराज के क्षेत्रों के विकास के बारे में राष्ट्रीय नेतृत्व के दृष्टिकोण को जारी रखते हुए, भारतीय नौसेना ने भारत के पूर्वोत्तर राज्यों के साथ संपर्क को मजबूत बनाने के लिए एक बहुआयामी आउटरीच कार्यक्रम शुरू किया है। एक मोटर कार अभियान, खमरी मो सिक्किम (हैलो सिक्किम) का 24 सितंबर से 15 अक्टूबर 23 तक लोनावाला, महाराष्ट्र में आईएनएस शिवाजी से सिक्किम तक आयोजित किया जा रहा है। 6500 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए यह रैली कई राज्यों से होकर गुजरेगी। इस टीम में महिला अधिकारियों और एनडब्ल्यूडब्ल्यूए सदस्यों सहित नौसेना कर्मी शामिल हैं जो ‘नारी शक्ति‘ का प्रदर्शन कर रही हैं।’ इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य रक्षा सेवाओं में सिक्किम के युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देना, इस क्षेत्र में समुद्री जागरूकता को बढ़ाना और राष्ट्र निर्माण को मजबूत बनाना है। 22 दिनों तक चलने वाले इस अभियान में मेसर्स मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के साथ इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (ईंधन भागीदार के रूप में) भागीदारी कर रहे हैं।

10 एनईएसटीएस (जनजातीय कार्य मंत्रालय) ने अमेज़न इंडिया और लर्निंग लिंक्स फाउंडेशन के सहयोग से ईएमआरएस के लिए ‘अमेज़न फ्यूचर इंजीनियर प्रोग्राम’ का दूसरा चरण का शुभारंभ किया

केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय के तहत नेशनल एजुकेशन सोसाइटी फॉर ट्राइबल स्टूडेंट्स (एनईएसटीएस) ने आंध्र प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान और तेलंगाना में फैले 54 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों (ईएमआरएस) में ‘अमेज़न फ्यूचर इंजीनियर प्रोग्राम‘ के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। दूसरे चरण में एडवांस्ड ब्लॉक प्रोग्रामिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पाठ्यक्रम शामिल होगा। सचिव (जनजातीय कार्य) श्री अनिल कुमार झा ने आज नई दिल्ली में तीन दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला के साथ-साथ ईएमआरएस कोडर्स एक्सपो का उद्घाटन किया, जो पिछले शैक्षणिक वर्ष के दौरान ईएमआरएस की शीर्ष 20 कोडिंग परियोजनाओं की एक प्रदर्शनी है।

11 कारगिल युद्ध का युद्धक्षेत्र रही काओबल गली-मुश्कोह घाटी को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया

कभी कारगिल युद्ध के दौरान रणभूमि रही काओबल गली-मुश्कोह घाटी को पर्यटकों के लिये खोल दिया गया है। इसका पूरा श्रेय भारत और पाकिस्तान के बीच स्थायी युद्धविराम समझौते को दिया जाता है, ऐसे में यह आशा है कि इस क्षेत्र में पर्यटन-संचालित वाणिज्य में वृद्धि देखी जा सकेगी। उत्तरी कश्मीर में स्थित गुरेज़ घाटी, जहाँ कभी पाकिस्तान की ओर से अक्सर गोलाबारी के मामले सामने आते रहते थे, कारगिल के द्रास सेक्टर (लद्दाख) में स्थित मुश्कोह घाटी से जुड़ने के लिये पूरी तरह तैयार है। 130 किलोमीटर लंबी सड़क पर्यटकों और ‘काओबल गली’ के लिये खोल दी गई है। गुरेज़ में 4,166.9 मीटर की ऊँचाई वाला सबसे ऊँचा दर्रा इन दो घाटियों को जोड़ता है। गुरेज़ घाटी नियंत्रण रेखा (LoC) के करीब है और किशनगंगा नदी कई स्थानों पर इस रेखा का सीमांकन करती है। गुरेज़ घाटी में बसे गाँव-बस्तियाँ उनमें से एक है जहाँ केवल लॉग हाउस, अर्थात् लकड़ी से बने घर पाए जाते हैं, इसके निर्माण में शहरी क्षेत्रों में प्रयोग किये जाने वाले कंक्रीट सामग्री का बिल्कुल प्रयोग नहीं किया जाता है।

12 उत्तर प्रदेश में वैक्सीन व्हील आशा कार्यकर्ताओं को नवजात शिशुओं के टीकाकरण पर नज़र रखने में मदद हेतु लॉन्च किया गया

हाल ही में उत्तर प्रदेश में नवजात टीकाकरण (पाँच वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिये) की नियत तारीखों की गणना करने में फ्रंट-लाइन स्वास्थ्य कार्यकर्त्ताओं की सहायता हेतु टीकाकरण चक्र नामक एक उपकरण लॉन्च किया गया है। इम्युनाइज़ेशन व्हील जिसे हिंदी में टीकाकरण चक्र कहा जाता है, क्लिंटन हेल्थ एक्सेस इनिशिएटिव (CHAI) के तहत क्लिंटन फाउंडेशन द्वारा विकसित और वित्त पोषित एक साधारण प्लास्टिक लेमिनेटेड कार्डबोर्ड निर्माण है। इसमें दो डिस्क होती हैं, एक को दूसरे के ऊपर रखा जाता है, जिसमें एक डिस्क दूसरे से बड़ी होती है और एक कील से जुड़ी होती है। छोटी डिस्क में टीकों और तीरों के डिटेल्स बने हैं; बड़ी डिस्क में दिनों व महीनों वाला एक कैलेंडर होता है। स्वास्थ्य कार्यकर्त्ता बच्चे के जन्म को आशा डायरी (ASHA diary) में दर्ज़ करते हैं। वे प्रथम टीके से जन्मतिथि का मिलान करने के लिये चक्र का उपयोग करते हैं और अन्य तिथियाँ तद्नुसार संरेखित हो जाती हैं।

13 मुकुर्थी राष्ट्रीय उद्यान में तलाशी अभियान

हाल ही में वन विभाग तमिलनाडु के मुकुर्थी राष्ट्रीय उद्यान और आसपास के वन क्षेत्रों में तलाशी अभियान चला रहा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि लोगों एवं शिकारियों की कोई अवैध आवाजाही न हो। मुकुर्थी राष्ट्रीय उद्यान पश्चिमी घाट में तमिलनाडु के उत्तर-पश्चिमी कोने में स्थित है। यह मुदुमलाई वन्यजीव अभयारण्य, बांदीपुर राष्ट्रीय उद्यान, नागरहोल राष्ट्रीय उद्यान, वायनाड वन्यजीव अभयारण्य और साइलेंट वैली के साथ नीलगिरि बायोस्फीयर रिज़र्व (UNESCO विश्व धरोहर स्थल) का एक भाग है।

14 तेज़ू हवाई अड्डे को अपग्रेड किया गया

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य एम सिंधिया ने रविवार को अरुणाचल प्रदेश के लोहित जिले में नव उन्नत तेजू हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। यह महत्वपूर्ण विकास क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक दिन है और इससे पूर्वोत्तर में आर्थिक गतिविधि और कनेक्टिविटी बढ़ने की उम्मीद है। इस परियोजना का पूंजी निवेश 170 करोड़ रुपये है और यह 40,000 वर्ग फुट क्षेत्र में फैला है। परियोजना में रनवे विस्तार, एक आधुनिक एप्रन, एक नया टर्मिनल भवन और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टॉवर के साथ एक फायर स्टेशन शामिल है। उन्नत टर्मिनल व्यस्त समय में 300 यात्रियों को समायोजित कर सकता है और एक साथ दो एटीआर विमानों को संभाल सकता है। बड़े विमानों को समायोजित करने के लिए रनवे को 1,500 मीटर तक बढ़ाया गया है। टर्मिनल भवन स्थानीय कला और संस्कृति को प्रदर्शित करता है, जिससे इसकी सुंदरता और महत्व बढ़ जाता है।

15 अमेरिका में बना भारत के बाहर दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मंदिर

भारत के बाहर निर्मित दुनिया के सबसे बड़े हिंदू मंदिर का उद्घाटन 8 अक्टूबर को न्यू जर्सी में होने वाला है। न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर से लगभग 90 किमी दक्षिण में या वाशिंगटन डीसी से लगभग 289 किमी दूर उत्तर में, न्यू जर्सी के छोटे रॉबिन्सविले टाउनशिप में बीएपीएस स्वामीनारायण अक्षरधाम मंद‍िर को बनाया गया है। भारत के बाहर निर्मित यह स्मारकीय मंदिर, कंबोडिया में राजसी अंगकोर वाट के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा हिंदू मंदिर बनने की ओर अग्रसर है। अपने जटिल डिजाइन, आध्यात्मिक महत्व और स्थिरता के प्रति प्रतिबद्धता के साथ, स्वामीनारायण अक्षरधाम मानव समर्पण, परंपरा और कलात्मकता के प्रमाण के रूप में खड़ा है। इस ग्रैंड टेंपल का निर्माण 2015 में शुरू हुआ। इसका उद्घाटन 8 अक्टूबर 2023 को महंत स्वामी महाराज और अन्य लोगों की ओर से किया जाएगा। मंदिर परिसर में एक मुख्य मंदिर, 12 उप-मंदिर, नौ शिखर (शिखर जैसी संरचनाएं) और नौ पिरामिड शिखर हैं, जिसमें पारंपरिक पत्थर वास्तुकला का अब तक का सबसे बड़ा अण्डाकार गुंबद है।

16 एशियाई खेल : भारत दो स्‍वर्ण, तीन रजत और छह कांस्‍य पदकों सहित कुल ग्‍यारह पदक जीतकर छठे स्‍थान पर

चीन के हांगझोउ में 19वें एशियन खेलों में भारत दो स्‍वर्णतीन रजत और छह कांस्‍य पदकों सहित कुल ग्‍यारह पदक जीतकर छठे स्‍थान पर बना हुआ है। पूर्व विश्व चैंपियन रुद्रांक्ष पाटिल ने ओलंपियन ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और दिव्यांश सिंह पंवार के साथ पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में एशियन गेम्स 2023 में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता। महिला क्रिकेट के फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 19 रन से हराकर इस स्पर्धा में पहली बार स्वर्ण पदक जीता। भारत ने पहले बल्‍लेबाजी करते हुए श्रीलंका को 117 रन का लक्ष्य दिया था। श्रीलंका की पूरी टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 97 रन पर ही बना सकी।

17 विश्व नदी दिवस 2023

प्रत्येक वर्ष सितंबर के चौथे रविवार को मनाया जाने वाला विश्व नदी दिवस, एक वैश्विक उत्सव है जो हमारी नदियों के अपार मूल्य को रेखांकित करता है और इसका उद्देश्य उनके महत्व के बारे में सार्वजनिक जागरूकता बढ़ाना है। इस साल यह 24 सितंबर को मनाया जाएगा। यह वार्षिक आयोजन इन महत्वपूर्ण प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और स्थायी प्रबंधन की भी वकालत करता है। 2005 में विश्व नदी दिवस की शुरुआत का पता संयुक्त राष्ट्र द्वारा वॉटर फॉर लाइफ डिकेड के शुभारंभ से लगाया जा सकता है, जिसका नेतृत्व कनाडाई नदी अधिवक्ता मार्क एंजेलो ने किया था।

18 परमाणु हथियारों के कुल उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस 2023

संयुक्त राष्ट्र हर साल 26 सितंबर को परमाणु हथियारों के कुल उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाता है। इस दिन का उद्देश्य परमाणु हथियारों द्वारा मानवता के लिए उत्पन्न खतरे और उनके पूर्ण उन्मूलन की आवश्यकता के बारे में सार्वजनिक जागरूकता बढ़ाना है। यह जनता और उनके नेताओं को ऐसे हथियारों को खत्म करने के वास्तविक लाभों और उन्हें बनाए रखने की सामाजिक और आर्थिक लागतों के बारे में शिक्षित करने का अवसर प्रदान करता है। 2013 में, संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) ने 26 सितंबर को परमाणु हथियारों के कुल उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस (परमाणु उन्मूलन दिवस) घोषित किया।

19 अंत्योदय दिवस 2023

भारत में, पंडित दीनदयाल उपाध्याय (Pandit Deendayal Upadhyaya) की जयंती को चिह्नित करने के लिए हर साल 25 सितंबर को अंत्योदय दिवस (Antyodaya Diwas) मनाया जाता है। अंत्योदय का अर्थ “गरीब से गरीब व्यक्ति का उत्थान” या “अंतिम व्यक्ति का उत्थान” है। साल 1916 में मथुरा में पैदा हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय भारतीय जनसंघ के प्रमुख नेताओं में से एक थे, जिनसे बाद में भाजपा का उदय हुआ। वे साल 1953 से साल 1968 तक भारतीय जनसंघ के नेता रहे। दीनदयाल उपाध्याय एक मानवतावादी, अर्थशास्त्री, पत्रकार, दार्शनिक और सक्षम राजनेता थे। दीनदयाल उपाध्याय ने सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की थी। हालाँकि, वह सेवा में शामिल नहीं हुए और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के स्वयंसेवक बन गए।

20  24 सितंबर: विश्व समुद्री दिवस

हर साल, 24 सितंबर को अंतर्राष्ट्रीय समुद्री संगठन (IMO) और अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठनों द्वारा विश्व समुद्री दिवस मनाया जाता है। विश्व समुद्री दिवस पहली बार मार्च 1978 में मनाया गया था। तब इसे IMO कन्वेंशन को चिह्नित करने के लिए मनाया गया था। 1948 में जिनेवा में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन ने IMO कन्वेंशन को अपनाया। पहले IMO को अंतर-सरकारी समुद्री परामर्शदात्री संगठन कहा जाता था। विश्व का लगभग 80% व्यापार समुद्र के माध्यम से होता है। यह माल का कम लागत वाला परिवहन प्रदान करता है और इस प्रकार सतत समुद्री विकास को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण है।

21 विश्व फार्मासिस्ट दिवस 2023

विश्व फार्मासिस्ट दिवस एक विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त कार्यक्रम है जो हर साल 25 सितंबर को मनाया जाता है। यह वैश्विक स्वास्थ्य के सुधार के लिए फार्मासिस्टों के महत्वपूर्ण योगदान का सम्मान और सराहना करने के लिए एक समर्पित अवसर के रूप में कार्य करता है। यह विशेष दिन उस महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है जो फार्मासिस्ट मानव कल्याण को बढ़ाने में निभाते हैं और अपने अमूल्य कार्य के बारे में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास करते हैं। 2023 में विश्व फार्मासिस्ट दिवस के लिए थीम “Pharmacy Strengthening Health Systems.” है।

22 डॉटर्स डे 2023

हर साल सितंबर महीने के चौथे रविवार को डॉटर्स डे मनाया जाता है। इस वर्ष, 24 सितंबर 2023 एक विशेष अवसर है जो बेटी होने की खुशी का जश्न मनाने के लिए समर्पित है। डॉटर्स डे हमारे जीवन में बेटियों के महत्व की एक सुंदर याद दिलाता है और उनके लिए हमारे प्यार और प्रशंसा को व्यक्त करने का अवसर है। जैसा कि हमारी बेटियां हमारे भविष्य की मार्गदर्शक हैं, इस दिन को यादगार और सार्थक बनाना महत्वपूर्ण है।