भारत के आधुनिकतम भू-पर्यवेक्षण उपग्रह हाईसिस को ले जाने वाले रॉकेट पीएसएलवी-सी43 के प्रक्षेपण की उलटी गिनती शुरू

0
210

राष्टीय न्यूज़

1.भारत के आधुनिकतम भू-पर्यवेक्षण उपग्रह हाईसिस को ले जाने वाले रॉकेट पीएसएलवी-सी43 के प्रक्षेपण की उलटी गिनती शुरू:-

भारत के अत्‍याधुनिक पृथ्‍वी निगरानी उपग्रह हाइसिस के साथ पीएसएलवी-सी43 रॉकेट के प्रक्षेपण की उल्‍टी गिनती सवेरे 5 बजकर 58 मिनट पर शुरू हुई। आंध्र प्रदेश में श्रीहरीकोटा अंतरिक्ष केन्‍द्र पर इसकी उल्‍टी गिनती सुचारू रूप से चल रही है।भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन की वि‍ज्ञप्ति के अनुसार प्रक्षेपण कल सवेरे 9 बजकर 58 मिनट पर श्रीहरिकोटा प्रक्षेपण केन्‍द्र से किया जाएगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि यह रॉकेट आठ देशों के अंतरिक्ष संगठनों के 30 सूक्ष्‍म और अति सूक्ष्‍म उपग्रह लेकर जाएगा।

हाइपर स्पेक्ट्रल इमेजिंग उपग्रह हाइसिस, रॉकेट पी.एस.एल.वी.- सी43 से छोड़ा जाएगा। श्रीहरिकोटा के भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन इसरो से ये इस वर्ष छठा और कुल 68वां लॉन्च मिशन होगा।

रॉकेट पी.एस.एल.वी. हाइसिस उपग्रह को लगभग 637 किलोमीटर की ऊंचाई पर ले जायेगा और कुछ समय के लिए बंद हो जाएगा। फिर तीस छोटे उपग्रहों को लगभग 505 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक अलग कक्षा में ले जाने के लिए इसे दोबारा चालू किया जायेगा। इसके बाद एक एक करके सभी उपग्रहों को अलग कर दिया जायेगा।

2.भारतीय अंतराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2018 में डोनबास ने स्वर्ण मयूर पुरस्कार जीता:- 

सर्गेई लोज़नित्सा द्वारा निर्देशित फिल्म डोनबास ने 49 वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) में प्रतिष्ठित स्वर्ण मयूर पुरस्कार जीता है। यह महोत्सव  28 नवंबर, 2018 को गोवा में संपन्न हुआ है। स्वर्ण मयूर पुरस्कार में 4 मिलियन रुपये (40 लाख रुपये) का नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रशस्तिपत्र प्रदान किया जाता है। पुरस्कार राशि निर्माता और निदेशक में बराबर-बराबर बांटी जाती है।

डोनबास फिल्म पूर्वी यूक्रेन के एक क्षेत्र में हुए युद्ध की कहानी है जिसमें अलगाववादी गिरोहों द्वारा बड़े पैमाने पर हत्याओं और लूटपाट के साथ-साथ सशस्त्र संघर्ष को दर्शाया गया  है। डोनबास के माध्यम से उत्सुक रोमांचों की श्रृंखला को दर्शाया गया है। यह फिल्म एक क्षेत्र या राजनीतिक व्यवस्था की कहानी नहीं है बल्कि ऐसे विश्व की कहानी है जो सच्चाई के बाद नकली पहचान की दुनिया में खो गयी है।

डोनबास सर्वेश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म के लिए यूक्रेन द्वारा आधिकारिक रूप से भेजी गयी फिल्म है। केन्स फिल्म महोत्सव 2018 में इस फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ निदेशक के लिए ‘यूएन सर्टेन रिगार्ड’ जीता है।

लिजो जोस पेलिसरी को ई.मा.यू. के लिए सर्वश्रेष्ठ निदेशक पुरस्कार प्रदान किया गया।

लिजो जोस पेलिसरी ने अपनी 2018 की फिल्म ‘ई.मा.यू’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निदेशक का पुरस्कार जीता है। यह फिल्म मृत्यु पर एक आश्चर्यजनक व्यंग्य है और यह मानव जीवन को किस तरह प्रभावित करती है इस फिल्म में दर्शाया गया है। केरल के एक तटीय चेलानम गांव की कहानी पर आधारित ये फिल्म एक ऐसे बेटे की दुर्दशा को दर्शाती है जो अपने पिता के लिए एक अच्छे अंतिम संस्कार को करने की कोशिश करता है। उसके रास्ते में अप्रत्याशित रूप से अनेक बाधा और विभिन्न वर्गों से प्रतिक्रियायें आती हैं। इस फिल्म को सर्वश्रेष्ठ निदेशक के लिए रजत मयूर और 15 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया है।

चेम्बैन विनोद सर्वश्रेष्ठ अभिनेता बने।

सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (पुरुष) का पुरस्कार चेम्बन विनोद को ‘ईशी’ की ई.मा.यू. में की गयी भूमिका के लिए दिया गया है। वो ऐसे पुत्र बने हैं जो अपने पिता का एक अच्छा अंतिम संस्कार करना चाहता है लेकिन उसके रास्ते में अप्रत्याशित रूप से अनेक बाधाएं और प्रतिक्रियाएं आती हैं।

अनास्ताशिया पस्तोविट को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला।

सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार लारियासा फिल्म में की गयी भूमिका के लिए अनास्ताशिया पस्तोविट को प्रदान किया। उन्होंने युक्रेनियन फिल्म ‘वैन दा ट्री फॉल’ में एक किशोर लड़की की भूमिका के लिए प्रदान किया गया है। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री को रजत मयूर ट्रॉफी 10-10 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाता है।

मिल्को लाज़रोव की आगा को विशेष जूरी पुरस्कार

मिल्को लाज़रोव की फिल्म ‘आगा’ को विशेष जूरी पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह फिल्म यकुटिया के एक बुजुर्ग दंपत्ति सेडना और नानूक की कहानी पर केंद्रित है। जिन्हे अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। विशेष जूरी पुरूस्कार में 15 लाख रुपये का नकद पुरस्कार, रजत मयूर और प्रशस्तिपत्र प्रदान किया जाता है।

अल्बर्तो मॉन्तेरास II को उनकी पहली फिल्म ‘रेस्पेतो’ के लिए बेहतरीन फीचर फिल्म निर्देशक का पुरस्कार

फिलीपीन्स के अल्बर्तो मॉन्तेरास II को उनकी पहली फिल्म ‘रेस्पेतो’ के लिए बेहतरीन फीचर फिल्म निर्देशक का पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रवीण मोरछाले द्वारा निर्देशित ‘वॉकिंग विद दी विंड’ ने आईसीएफटी –यूनेस्को गांधी पदक जीता, जिसे इंटरनेशनल काउंसिल फॉर फिल्म, टेलीविजन एंड ऑडियो-विजुअल कम्यूनिकेशन, पेरिस और यूनेस्को ने शुरू किया है। गांधी पदक के मानकों के जरिये पुरुषों और महिलाओं में शांति स्थापना के लिए यूनेस्को का बुनियादी अधिकार प्रदर्शित होता है, खासतौर से मानव अधिकार, अंतर-सांस्कृतिक संवाद और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति की विविधता तथा संवर्धन के बारे में।

‘वॉकिंग विद दी विंड’में हिमालय के इलाके के एक 10 वर्षीय बालक की कहानी है, जो गलती से अपने दोस्त के स्कूल की कुर्सी तोड़ देता है। पहाड़ी इलाके में स्कूल जाने के लिए वह 7 किलोमीटर का सफर रोज तय करता है। जब वह अपने गांव में कुर्सी लाने का फैसला करता है, तो यह सफर उसके लिए भारी मुसीबत और चुनौती बन जाता है।

बियेट्रिज सीगनर द्वारा निर्देशित स्पेनी फिल्म ‘लॉस साइलेंसियोस’का आईसीएफटी –यूनेस्को गांधी पदक वर्ग के तहत विशेष उल्लेख किया गया।

हिंदी फिल्मों के प्रसिद्ध अभिनेता, लेखक, पटकथा लेखक और संवाद लेखक सलीम खान को सिनेमा में उनके जीवनपर्यंत योगदान के लिए आईएफएफआई-2018 विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के तहत दिग्गज फिल्म निर्माता को सिनेमा में उनके शानदार योगदान के लिए 10 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि, प्रमाण-पत्र, शॉल और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।

सलीम खान ने 70 के दशक में भारतीय सिनेमा में क्रांति कर दी थी। उन्होंने बॉलीवुड फार्मूला को आमूल बदल दिया था और बॉलीवुड ब्लॉकबस्टर स्वरूप को नई दिशा दी थी। उन्होंने मसाला फिल्म और डाकू प्रधान फिल्मों जैसी नई विधा विकसित की।

3.चीन की नीति में बड़े बदलाव के संकेत, पहली बार PoK को बताया भारत का हिस्सा:

भारत को लेकर चीन की नीति में बड़े बदलाव का संकेत मिला है। चीन ने पहली बार पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) को भारत का हिस्सा बताया है। सरकारी चैनल सीजीटीएन ने अपनी रिपोर्टिग के दौरान पीओके को भारत के नक्शे में दिखाया। अब तक चीन पीओके को पाकिस्तान का हिस्सा बताता रहा है। भारत लगातार उसकी इस नीति का विरोध करता रहा है।सरकारी चैनल सीजीटीएन ने शुक्रवार को पाकिस्तान के उच्च सुरक्षा वाले शहर कराची में चीनी वाणिज्य दूतावास पर हुए आत्मघाती हमले की खबर दिखाते हुए पीओके को भारतीय नक्शे में दर्शाया। नक्शे में पूरे जम्मू–कश्मीर को भारतीय प्रदेश के रूप में दिखाया गया।

यह स्पष्ट नहीं है कि चैनल ने यह कदम किसी विशेष नीति के तहत उठाया है, या गलती से। हालांकि जानकारों का मानना है कि चीन का सरकारी चैनल इस तरह की गलती नहीं कर सकता। चैनल पर सरकार के निर्देश के बिना इस तरह से कुछ दिखाया जाना संभव नहीं है।

पीओके को भारत का हिस्सा मानने की नीति से चीन–पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (सीपीईसी) परियोजना पर भी असर पड़ सकता है। इस गलियारे का बड़ा हिस्सा पीओके से होकर गुजर रहा है। भारत ने इस परियोजना पर चीन और पाकिस्तान के समक्ष कई बार अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। इस परियोजना से पहले भी चीन ने पीओके में व्यापक निवेश किया है, जिस पर भारत सख्त आपत्ति जता चुका है।दुनियाभर में अलग–थलग पड़े पाकिस्तान के साथ चीन की बढ़ती नजदीकी के दौर में उसकी नीति में यह बदलाव बड़े संकेत दे रहा है। कैबिनेट सचिवालय के पूर्व अधिकारी तिलक देवाशेर समेत कुछ अन्य पूर्व राजनयिकों का कहना है कि चीन का सरकारी चैनल गलती से ऐसा नहीं कर सकता।

 

अन्तर्राष्ट्रीय न्यूज़

4.छह महीने की यात्रा के बाद मंगल पर उतरा नासा का अंतरिक्षयान:-

मंगल ग्रह की सतह को खोदने के लिहाज से तैयार किया गया नासा का एक अंतरिक्ष यान 48.2 करोड़ किलोमीटर की यात्रा छह महीने में पूरी करने के बाद लाल ग्रह पर उतरा।

कैलिफोर्निया के पासाडेना में स्थित नासा की जेट प्रोपल्सन प्रयोगशाला के उड़ान नियंत्रकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा जब यह खबर आई। जब एक उड़ान नियंत्रक ने अंतरिक्ष यान के मंगल की सतह पर उतरने की घोषणा की तो उनके साथी उत्साहित होकर उछलने लगे और ताली बजाने लगे। नासा के मुताबिक इनसाइट नामक यह यान एक पैराशूट और ब्रेकिंग इंजन की मदद से रफ्तार को धीमा किये जाने के बाद उतरा।

मंगल से पृथ्वी की दूरी लगभग 16 करोड़ किलोमीटर है और अंतरिक्षयान के बारे में रेडियो सिग्नल से मिल रही जानकारी यहां तक आने में आठ मिनट से ज्यादा का समय लग रहा है। 1976 के बाद से नासा ने नौवीं बार मंगल पर पहुंचने का यह प्रयास किया। अमेरिका के पिछले प्रयास को छोड़कर बाकी सभी सफल रहे। (स्रोत-भाषा)

5.भारत में इंडोनेशिया के राजदूत सिधार्तो रेज़ा सूर्योदिपुरो ने अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के उपराज्‍यपाल, (सेवानिवृत्‍त एडमिरल) डी.के. जोशी से राजभवन में मुलाकात की:-

भारत में इंडोनेशिया के राजदूत सिधार्तो रेज़ा सूर्योदिपुरो ने अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के उपराज्‍यपाल, (सेवानिवृत्‍त एडमिरल) डी.के. जोशी से राजभवन में मुलाकात की। वह इंडोनेशिया-भारत व्‍यापार मंच और प्रदर्शनी के सिलसिले में अंडमान-निकोबार द्वीप की यात्रा पर हैं।

श्री सूर्योदिपुरो ने पोर्टब्‍लेयर और इंडोनेशिया के बीच हवाई संपर्क, तटवर्ती समुद्री यात्राओं को इंडोनेशिया के उत्‍तरी बन्‍दरगाहों की योजना में शामिल करने और मीडोज़ बन्‍दरगाह को सीमा शुल्‍क बन्‍दरगाह के रूप में अधिसूचित कर व्‍यापार को बढ़ावा देने में गहरी रुचि दिखाई।

 

खेल न्यूज़

6.नई दिल्लीः केन्द्रीय मंत्री मेनका गांधी ने खेल-कूद प्रतियोगिताओं का उद्घाटन किया:-

 

महिला और बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने नई दिल्‍ली के जवाहरलाल नेहरू स्‍टेडियम में बाल देखभाल संस्‍थानों में रह रहे बच्‍चों के लिए खेल-कूद प्रतियोगिताओं का उद्घाटन किया। इन खेलों में 18 राज्‍यों के छह सौ से अधिक बच्‍चे भाग ले रहे हैं।

इस अवसर पर मुक्‍केबाज एम सी मैरीकॉम ने बच्‍चों को खेल भावना की शपथ दिलाई। श्रीमती मेनका गांधी ने कहा कि उनके मंत्रालय ने बच्‍चों के सुरक्षित भविष्‍य और विकास के लिए कई अहम कदम उठाये हैं।

7.लंदन में विश्‍व शतरंज चैम्पियनशिप के खिताबी मुकाबले का फैसला आज टाइब्रेकर गेम से होगा:-

 

लंदन में विश्‍व शतरंज चैम्पियनशिप के खिताबी मुकाबले का फैसला टाइब्रेकर गेम से होगा। वर्तमान चैम्पियन नार्वे के मैगनस कार्लसन और अमरीका के चैलेंजर फैबियानो कारूआना के बीच चार गेम्‍स का रैपिड मुकाबला खेला जायेगा।

8.क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के नए बॉस बने अर्ल एडिंग्स:-

बॉल टेंपरिंग विवाद के बाद लगातार दबाव में रहने वाली क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) को नया अध्यक्ष मिल गया है। अर्ल एडिंग्स को सीए का नया अध्यक्ष घोषित किया गया है। इससे पहले सीए के चेयरमैन डेविड पीवर ने समीक्षा समिति की रिपोर्ट के बाद बढ़ रहे दबाव के चलते कुछ समय पहले पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद एडिंग्स को अंतरिम प्रमुख बनाया गया था। एडिंग्स का कार्यकाल अब अगले वर्ष होने वाली वार्षिक साधारण सभा (एजीएम) यानी अक्टूबर 2019 तक रहेगा। सीए बोर्ड में एडिंग्स के अलावा जैकी हेय, जॉन हार्डेन एएम, मिचेल ट्रेडेनिक, माइकल कास्प्रोविच, पॉल ग्रीन और डॉ. लाचलन हेंडरसन निदेशक बने रहेंगेएडिंग्स ने कहा, क्रिकेट का ऑस्ट्रेलियाई लोगों से गहरा नाता हैं। मैं गौरवान्वित हूं कि मुझे यह जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। मैं वादा करता हूं कि आम जनता से इस खेल का नाता और मजबूत करूंगा तथा खेल को ऐसी स्थिति में पहुंचाएंगे जिस पर सभी को गर्व होगा।

इसी साल साउथ अफ्रीका में हुए बॉल टेंपरिंग विवाद के बाद ऑस्ट्रेलिया बोर्ड में लगातार बदलाव हो रहे थे, इसी कड़ी में डेविड पीवर ने भी अक्टूबर में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि इससे पहले कोच डेरेन लेहमन भी इस्तीफा दे चुके थे।

 

बाजार न्यूज़

9.भारत सरकार और एडीबी ने कर्नाटक में शहरी सेवाओं को बेहतर करने के लिए 75 मिलियन डॉलर के ऋण समझौते पर हस्‍ताक्षर किए:-

भारत सरकार और एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने कर्नाटक के चार तटीय शहरों कुंडापुरा, मंगलोर, पुत्तुर एवं उडूपी में चौबीसों घंटे जलापूर्ति मुहैया कराने और मंगलोर शहर में स्‍वच्‍छता से जुड़ी बुनियादी ढांचागत सुविधाओं को बेहतर करने के लिए मंगलवार को नई दिल्‍ली में 75 मिलियन डॉलर के ऋण समझौते पर हस्‍ताक्षर कि‍ए।

कर्नाटक एकीकृत शहरी जल प्रबंधन निवेश कार्यक्रम से संबंधित दूसरी किस्‍त वाले ऋण समझौते पर भारत सरकार की ओर से वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग में अपर सचिव (फंड बैंक एवं एडीबी) श्री समीर कुमार खरे और एशियाई विकास बैंक की ओर से एडीबी के भारत निवासी मिशन के डिप्‍टी कंट्री डायरेक्‍टर श्री सब्‍यसाची मित्रा ने हस्‍ताक्षर किए।

एडीबी के बोर्ड द्वारा वर्ष 2014 में मंजूर किए गए इस कार्यक्रम का उद्देश्‍य कर्नाटक की चुनिंदा नदी घाटियों में शहरी जल संसाधन के प्रबंधन को बेहतर करना है। शहरी जलापूर्ति एवं स्‍वच्‍छता से जुड़े बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण एवं विस्‍तारीकरण के जरिए यह कार्य पूरा किया जाएगा। इसका एक उद्देश्‍य संबंधित संस्‍थानों को सुदृढ़ बनाना भी है, ताकि जल उपयोग से जुड़ी दक्षता एवं जल संसाधन से संबंधित नियोजन, निगरानी और सेवा डिलीवरी व्‍यवस्‍था को बेहतर बनाया जा सके।