भारत ने पाकिस्तान को हराकर 5एस एशिया कप पुरुष हॉकी टूर्नामेंट का खिताब जीता

0
21

1 सरकार ने एक राष्ट्र, एक चुनाव की संभावनाएं तलाशने के लिए 8 सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति का गठन किया

सरकार ने एक राष्‍ट्र – एक चुनाव की संभावनाओं का पता लगाने के लिए आठ सदस्‍यों वाली एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को समिति का अध्यक्ष बनाया गया हैं। गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी, राज्‍य सभा में विपक्ष के पूर्व नेता गुलाम नबी आजाद, 15वें वित्‍त आयोग के पूर्व अध्यक्ष और कुछ अन्य वरिष्ठ लोगों को समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। केन्द्रीय विधि और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल समिति की बैठकों में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में उपस्थित रहेंगे। देश में 1951-52 से लेकर 1967 तक विधानसभा और लोकसभा चुनाव एक साथ होते रहे थे। लेकिन इसके बाद यह क्रम टूट गया। नवगठित समिति संविधान की व्‍यवस्‍थाओं के तहत देश में लोकसभा, विधानसभा, नगर निकायों और पंचायत चुनावों को एक साथ कराने की संभावनाओं का पता लगाएगी और इस संबंध में अपने सुझाव देगी। वह इस बात की समीक्षा करेगी कि एक राष्‍ट्र – एक चुनाव के लिए संविधान में किए जाने वाले संसाधनों के लिए राज्यों का अनुमोदन जरूरी होगा या नहीं। समिति इसके अलावा चुनाव के समय और विभिन्‍न चरणों के बारे में भी अपने सुझाव सरकार को देगी। वह एक राष्‍ट्र – एक चुनाव की व्यवस्था के लिए जरूरी मानव संसाधन के साथ ही इलेक्‍ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों और वी.वी.पैट की उपलब्‍धता का भी पता लगाएगी।

2 प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 6 सितम्‍बर से इंडोनेशिया की दो दिन की यात्रा पर

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 20वें आसियान इंडिया सम्‍मेलन और 18वें पूर्व एशिया सम्‍मेलन में भाग लेने के लिए 6 सितम्‍बर से दो दिन के लिए इंडोनेशिया के दौरे पर जाएंगे। दोनों सम्‍मेलनों की मेजबानी आसियान के वर्तमान अध्‍यक्ष इंडोनेशिया द्वारा जकार्ता में की जाएगी। पिछले वर्ष भारत-आसियान संबंधों को व्‍यापक रणनीतिक साझेदारी के स्‍तर पर पहुंचाने के बाद यह पहला सम्‍मेलन हो रहा है। इस सम्‍मेलन में भारत-आसियान संबंधों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी और आपसी सहयोग की भावी दिशा निर्धारित की जाएगी। पूर्व एशिया सम्‍मेलन आसियान देशों के नेताओं के लिए अवसर उपलब्‍ध कराएगा और भारत सहित इसके आठ वार्ता भागीदार क्षेत्रीय और वैश्विक महत्‍व के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

3 भारत के पहले सौर मिशन आदित्य-एल-1 का श्रीहरिकोटा अंतरिक्ष केन्‍द्र से सफल प्रक्षेपण

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो ने सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र श्रीहरिकोटा से पीएसएलवी सी 57 के माध्यम से आदित्य एल-1 उपग्रह का सफल प्रक्षेपण किया। इसके साथ ही सूर्य के अध्ययन के मिशन की दिशा में भारत ने अपना कदम बढ़ा दिया है। आदित्य एल-1 चार महीने की अवधि में लैग्रेंज 1 बिंदु पर पहुंच जाएगा जहां सूर्य और पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण बल आकर्षण और प्रतिकर्षण के उन्नत क्षेत्र उत्पन्न करते हैं। आदित्य एल-1 मिशन का उद्देश्य सौर हवाओं और सूर्य के वातावरण का अध्ययन करना है। इस उपग्रह में प्रकाशमंडल, क्रोमोस्फीयर और सूर्य की सबसे बाहरी परतों अर्थात कोरोना का निरीक्षण करने के लिए सात पेलोड हैं। इससे कोरोनल हीटिंग की समस्याओं को समझने में मदद मिलेगी। आदित्य एल-1 को ले जाने वाला पीएसएलवी सी 57 एक्सएल संस्करण है, जिसमें अधिक मात्रा में ईंधन ले जाने के लिए लंबी स्ट्रैप-ऑन मोटरें हैं। पीएसएलवी-एक्सएल संस्करण का उपयोग 28 सितंबर, 2015 को भारत की पहली अंतरिक्ष खगोल विज्ञान वेधशाला-एस्ट्रोसैट को लॉन्च करने के लिए भी किया गया था।

4 चंद्रयान-3 के प्रज्ञान रोवर ने चंद्रमा की सतह पर अपने सभी कार्य पूरे किए। इसरो ने रोवर को फिलहाल निष्क्रिय किया

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो ने बताया कि प्रज्ञान रोवर ने चंद्रमा की सतह पर अपने सभी कार्य पूरे कर लिये हैं और इसे निष्क्रिय कर दिया गया है। प्रज्ञान रोवर को चंद्रयान-3 अंतरिक्ष यान के जरिये चंद्रमा पर ले जाया गया था। 23 अगस्त को चंद्रमा की सतह पर उतरने के बाद रोवर ने 100 मीटर से अधिक की दूरी तय की। इसरो ने यह भी बताया कि चंद्रमा पर अगला सूर्योदय 22 सितंबर को होने की आशा है और अन्य कार्यों के लिए प्रज्ञान रोवर को फिर से सफलतापूर्वक सक्रिय करने की उम्मीद है। इससे पहले, इसरो के अध्यक्ष एस. सोमनाथ बताया कि चंद्रयान-3 मिशन के रोवर प्रज्ञान और लैंडर विक्रम सही कार्य कर रहे हैं और चंद्रमा पर रात होने के बाद निष्क्रिय स्थिति में डाल दिया गया है। रिसीवर को चालू रखा गया है। उन्होंने कहा कि अन्य कार्यों के लिए प्रज्ञान रोवर को फिर से सफलतापूर्वक सक्रिय करेंगे।

5 सिंगापुर में भारतीय मूल के अर्थशास्त्री थर्मन शनमुगरत्नम ने राष्ट्रपति पद के चुनाव में शानदार जीत दर्ज की

भारतीय मूल के अर्थशास्त्री और पूर्व वरिष्ठ मंत्री थर्मन शनमुगरत्नम ने सिंगापुर के राष्ट्रपति पद के चुनाव में शानदार जीत दर्ज की है। श्री थर्मन ने 2011 के बाद से देश के पहले राष्ट्रपति पद के चुनाव में 70 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल किए। छियासठ वर्षीय थर्मन शनमुगरत्नम ने 2011 से 2019 तक सिंगापुर के उपप्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया था। वह 2001 में राजनीति में शामिल हुए थे। उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र में भी कार्य किया और मंत्री पद पर भी आसीन रहे। श्री थर्मन सिंगापुर के तीसरे भारतीय मूल के राष्ट्रपति होंगे। इससे पहले भारतीय मूल के सेल्लापन रामनाथन और चेंगारा वीटिल देवन नायर भी राष्ट्रपति बन चुके हैं।

6 गीतिका श्रीवास्तव बनीं पाकिस्तान में भारत की पहली महिला प्रभारी

वर्तमान में विदेश मंत्रालय (एमईए) के मुख्यालय में संयुक्त सचिव के रूप में कार्यरत गीतिका श्रीवास्तव इस्लामाबाद, पाकिस्तान में अपने उच्चायोग में भारत की नई प्रभारी होंगी। वह सुरेश कुमार का स्थान लेंगी, जिनके नई दिल्ली लौटने की संभावना है। आजादी के 77 साल बाद भारत ने पाकिस्तान में मिशन की एक महिला प्रमुख की नियुक्ति की है।

7 नीति आयोग और यूएनडीपी ने सतत विकास लक्ष्यों में तेजी लाने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को हासिल करने की दिशा में तेजी लाने के लिए पारस्परिक प्रतिबद्धता को दोहराते हुए नीति आयोग और यूएनडीपी इंडिया ने एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इसका उद्देश्य एसडीजी स्थानीयकरण, आंकड़ा-संचालित निगरानी, आकांक्षी जिलों और ब्लॉकों सहित कई क्षेत्रों में सहयोग की रूपरेखा को औपचारिक रूप देना है। नीति आयोग के सीईओ श्री बी. वी. आर. सुब्रह्मण्यम की उपस्थिति में नीति आयोग के वरिष्ठ सलाहकार (एसडीजी) डॉ योगेश सूरी और यूएनडीपी इंडिया की स्थानीय प्रतिनिधि सुश्री शोको नोडा ने इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

8 पूर्व CJI एनवी रमना को इंटरनेशनल मीडिएटर पैनल के सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया

भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एन.वी. रमना को सिंगापुर इंटरनेशनल मीडिएशन सेंटर (SIMC) के इंटरनेशनल मीडिएटर पैनल के सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया है। एसआईएमसी के चेयरमैन जॉर्ज लिम ने सिंगापुर में न्यायाधीश रमना को नियुक्ति पत्र प्रस्तुत किया। पूर्व मुख्य न्यायाधीश सिंगापुर के मंत्रिमंडल द्वारा आयोजित “सिंगापुर कन्वेंशन वीक” में भाग लेने के लिए सिंगापुर में हैं, जो कि सिंगापुर के कानून मंत्रालय, संयुक्त राष्ट्र अंतराष्ट्रीय व्यापार कानून आयोग (UNCITRAL) और 20 से अधिक साथी संगठनों द्वारा आयोजित वार्षिक सम्मेलन है।

9 केंद्रीय राज्‍य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने 33वीं राष्‍ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता, 2022-23 के विजेताओं को पुरस्‍कार वितरित किया

केंद्रीय संसदीय कार्य राज्‍य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने नई दिल्‍ली में आयोजित एक समारोह में 33वीं राष्‍ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता, 2022-23 के विजेताओं को पुरस्‍कार वितरित किए। केंद्रीय विद्यालय नंबर-1, छिंदवाड़ा, मध्‍यप्रदेश को प्रतियोगिता में प्रथम स्‍थान प्राप्‍त करने के लिए नेहरू चल वैजयंती और ट्रॉफी प्रदान की गई। इसके अलावा प्रतियोगिता में क्षेत्रीय स्‍तर पर प्रथम स्‍थान प्राप्‍त करने वाले चार केंद्रीय विद्यालयों को क्षेत्रीय विजेता ट्रॉफी भी प्रदान की गई। संसदीय कार्य मंत्री ने पर्यावरण को बचाने के लिए स्‍वस्‍थ जीवन शैली अपनाने के लिए समारोह में उपस्थित सभी दर्शकों को ”जीवन शपथ” भी दिलाई।

10 हांगकांग और चीन के शहर गुआंग्डोंग में भीषण तूफान साओला के चलते सैकड़ों उड़ानें रद्द, स्कूल तथा वित्तीय संस्थान बंद

हांगकांग और चीन के शहर गुआंगडोंग में भीषण तूफान साओला के आने से सैकड़ों उड़ानें रद्द कर दी गईं और स्कूल तथा वित्तीय संस्थान बंद कर दिये गए। मौसम विभाग ने गंभीर बाढ़ की चेतावनी जारी की है। विभाग ने कहा है कि जलस्तर ऐतिहासिक रिकार्ड पर पहुंच सकता है। गुआंगडोंग में सात लाख अस्सी हजार से अधिक लोगों को अधिक जोखिम वाले क्षेत्रों से सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।

11 ताइवान में समुद्री तूफान हाइकुई को देखते हुए लगभग 3 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया

ताइवान में समुद्री तूफान हाइकुई को देखते हुए लगभग तीन हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इस तूफान से ताइवान के दक्षिणी और पूर्वी हिस्‍से में भारी वर्षा होने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। तूफान हाइकुई के, ताइवान के सुदूर दक्षिण-पूर्वी पर्वतीय क्षेत्रों में तट से टकराने की संभावना है। ताइवान की दो मुख्‍य घरेलू एयरलाइनों-यूएनआई एयर और मैंडरिन एयरलाइंस ने अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं।

12 महाराष्‍ट्र सरकार ने ठाणे और एरोली रेल लाइन के बीच बनाये गये नये रेलवे स्‍टेशन का नाम दीघा गांव रेलवे स्‍टेशन रखने को मंजूरी दी

महाराष्‍ट्र सरकार ने ठाणे और एरोली रेल लाइन के बीच बनाये गये नये रेलवे स्‍टेशन का नाम दीघा गांव रेलवे स्‍टेशन रखने को मंजूरी दे दी है। मार्च-2023 की अधिसूचना के अनुसार रेलवे प्रशासन ने इस स्‍टेशन का नाम दीघे रेलवे स्‍टेशन रखा था लेकिन दीघा क्षेत्र के लाखों निवासियों ने इसका नाम दीघा गांव रेलवे स्‍टेशन रखने की मांग की थी। इससे पहले विधायक गणेश नाइक और पूर्व सांसद डॉक्‍टर संजीव नाइक ने भी इस स्‍टेशन का नाम दीघा गांव रेलवे स्‍टेशन रखने के लिए केंद्र और राज्‍य सरकार को कई अनुरोध पत्र लिखे थे। राज्‍य सरकार ने इस मांग को स्‍वीकार करते हुए 31 अगस्‍त को इसे मंजूरी दे दी।

13 केंद्रीय मंत्री श्री परुशोत्तम रुपाला ने सागर परिक्रमा के आठवें चरण का नेतृत्व किया

सागर परिक्रमा” तटीय क्षेत्र में परिकल्पित एक विकासवादी यात्रा है जो सभी मछुआरों, मत्स्य किसानों और अन्य हितधारकों के बीच एकजुटता का प्रदर्शन करता है, साथ ही मछुआरों की जमीनी चुनौतियों एवं समस्याओं को समझता और पहचान करता है। सागर परिक्रमा का पहला भाग 05 मार्च 2022 को मांडवी, गुजरात (सागर परिक्रमा-चरण I) से शुरू हुआ था और देश के पश्चिमी तट पर प्रमुख क्षेत्रों को कवर करते हुए 12 जून 2023 को विझिंजम, केरल (सागर परिक्रमा-चरण VII) में संपन्न हुआ। सागर परिक्रमा के दूसरे भाग का उद्देश्य देश के पूर्वी तट को कवर करना है, इसलिए केंद्रीय मंत्री श्री परशोत्तम रुपाला के नेतृत्व में सागर परिक्रमा का आठवां चरण 31 अगस्त 2023 को केरल के विझिंजम में फिर से शुरू हुआ और क्रमिक चरणों में देश के पूर्वी तटीय राज्यों को कवर करना जारी रखेगा।

14 पहली तिमाही में भारत की जीडीपी 7.8% रही

अप्रैल-जून तिमाही में देश की जीडीपी 7.8 प्रतिशत रही। सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय की ओर से 31 अगस्त को देश की जीडीपी से जुड़े आंकड़े जारी किए गए। साझा किए गए आंकड़ों से पता चलता है कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही यानी अप्रैल-जून तिमाही के लिए भारत का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) बढ़कर 7.8 प्रतिशत हो गया। इससे पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में जीडीपी वृद्धि दर 6.1 प्रतिशत रही थी। बता दें कि भारतीय रिजर्व बैंक ने अप्रैल-जून तिमाही में जीडीपी वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया था।

15 आरबीआई ने Bandhan Bank को नागरिक पेंशन वितरण के लिए किया अधिकृत

बंधन बैंक ने कहा कि उसे भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा नागरिक पेंशनभोगियों के लिए केंद्रीय पेंशन लेखा कार्यालय (सीपीएओ) की ओर से अधिकृत पेंशन वितरण बैंक के रूप में नियुक्त किया गया है। बैंक जल्द ही अदायगी प्रक्रिया को संचालित करने के लिए वित्त मंत्रालय के सीपीएओ कार्यालय के साथ काम करेगा। बंधन बैंक को मिला यह अधिकार, नागरिक मंत्रालयों/विभागों (रेलवे, डाक और रक्षा के अलावा), राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली, विधानसभाओं के बिना केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन, उच्च न्यायालयों के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों और सर्वोच्च न्यायालय में केंद्र सरकार के कर्मचारियों को पेंशन वितरित करने का अधिकार देता है।

16 टाटा स्टील और एसीएमई समूह ओडिशा में 27,000 करोड़ रुपये की भारत की सबसे बड़ी हरित हाइड्रोजन परियोजना के लिए एकजुट

टाटा स्टील स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (टीएसएसईजेडएल) और एसीएमई समूह ने ओडिशा में 27,000 करोड़ रुपये की भारत की सबसे बड़ी हरित हाइड्रोजन परियोजना के लिए हाथ मिलाया है। यह परियोजना गोपालपुर औद्योगिक पार्क (जीआईपी) में स्थित होगी। इस परियोजना का उद्देश्य घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय दोनों बाजारों में “मेक इन इंडिया” हरित हाइड्रोजन और हरित अमोनिया प्रदान करना है। यह उद्यम हरित ऊर्जा विकल्पों की ओर भारत के संक्रमण के लिए एक सकारात्मक मिसाल कायम करता है।

17 Axis Bank ने लॉन्च की ‘इन्फिनिटी सेविंग अकाउंट’

एक्सिस बैंक (Axis Bank) ने डिजिटल को अच्छे से समझने वाले ग्राहकों के लिए नया सेविंग अकाउंट वेरिएंट ‘इन्फिनिटी सेविंग्स अकाउंट’ (Infinity Savings Account) लॉन्च करने की घोषणा की है। यह सेविंग अकाउंट सब्सक्रिप्शन मॉडल पर बेस्ड है। यानी कि इसके लिए बैंक आप से मंथली और ईयरली बेसिस पर कुछ रुपए चार्ज करेगा।

18 स्लामिक बैंकिंग शुरू करेगा रूस

रूस 1 सितंबर को दो साल के पायलट प्रोग्राम के हिस्से के रूप में पहली बार इस्तामिल बैंकिंग शुरू कर रहा है। रूस में मुस्लिम आबादी 2.5 करोड़ के आसपास है। इस्लामी वित्तीय संस्थान पहले से ही रूस में मौजूद हैं, लेकिन यह पहली बार है कि देश के कानून ने आधिकारिक तौर पर इसके लॉन्च का समर्थन किया है। 4 अगस्त को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इसकी व्यवहार्यता का आकलन करने के लिए इस्लामिक बैंकिंग शुरू करने वाले एक कानून पर हस्ताक्षर किए। यह पायलट प्रोग्राम चार मुस्लिम बहुल गणराज्यों- तातारस्तान, बश्कोर्तोस्तान, चेचन्या और दागेस्तान में होगा। इन चारों गणराज्यों को पहले से ही इस्लामी वित्त में सबसे अधिक अनुभव है। इस्लामिक बैंकिंग शरिया के तहत संचालित होती है। इस्लामी कानूनी प्रणाली में सूदखोरी से जुड़े लेनदेन या ब्याज वसूलने पर रोक है क्योंकि इसे एक अन्यायपूर्ण विनिमय माना जाता है। यह परंपरागत रूप से वित्त ऋण आधारित बैकिंग है, जिसमें ग्राहक लेनदेन से जुड़े सभी जोखिम और दायित्व वहन करता है। इस्लामिक बैंकिंग संपत्ति पर आधारित है, जिसमें साझेदारी के हिस्से के रूप में वित्तीय संस्थान और ग्राहक के बीच लाभ और जोखिम साझा किए जाते हैं।

19 PNB ने लॉन्च किया पीएनबी जीएसटी सहाय ऐप

पंजाब नेशनल बैंक (PNB) जीएसटी चालान के माध्यम से सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) के लिए सहज ऋण उपलब्धता की सुविधा प्रदान करने वाला पहला सार्वजनिक क्षेत्र का बैंक बन गया है। बैंक ने जीएसटी सहाय योजना के लिए एक समर्पित मोबाइल एप्लिकेशन का अनावरण किया है। यह अभिनव डिजिटल समाधान जीएसटी चालान के आधार पर व्यापक ऋण प्रक्रियाओं की सुविधा प्रदान करता है, जिससे एक सहज एंड-टू-एंड प्रक्रिया सुनिश्चित होती है। पीएनबी जीएसटी सहाय ऐप पूरी ऋण आवेदन प्रक्रिया को डिजिटल प्रारूप में बदल देता है, जिससे उधारकर्ता की ओर से मैन्युअल हस्तक्षेप की आवश्यकता समाप्त हो जाती है।

20 स्वराज ट्रैक्टर्स के ब्रांड एंबेसडर बने एमएस धोनी

महेंद्र सिंह धोनी को स्वराज ट्रैक्टर्स का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया है। स्वराज ट्रैक्टर्स एक भारतीय ट्रैक्टर निर्माण कंपनी है जिसका मुख्यालय मोहाली, पंजाब में है। यह महिंद्रा एंड महिंद्रा की सहायक कंपनी है। स्वराज ट्रैक्टर्स की स्थापना 1974 में हुई थी।

21 भारत ने पाकिस्तान को हराकर 5एस एशिया कप पुरुष हॉकी टूर्नामेंट का खिताब जीता

ओमान के सलालाह में फाइव-एस पुरूष हॉकी एशिया कप के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को पैनल्टी शूटआउट में हराकर खिताब जीत लिया है। इसके साथ ही भारतीय टीम ने अगले वर्ष ओमान में होने वाले एफआईएच फाइव-एस पुरूष हॉकी विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। हॉकी के फाइव-एस संस्करण में भारत ने तीन मुकाबलों में पहली बार पाकिस्तान को हराया है। शूट आउट में पाकिस्तान कोई गोल नहीं कर सका जबकि भारत की ओर से मनिन्दर सिंह ने गोल दागा। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिरकी ने भारतीय टीम को शुभकामनाएं दी हैं। हॉकी 5एस फील्ड हॉकी का एक रूप है जिसमें सभी समान कौशल और खेल सिद्धांत शामिल हैं। हॉकी 5s में, चार फ़ील्ड खिलाड़ियों और एक गोलकीपर की दो टीमें 20 मिनट का मैच खेलती हैं।