गंगा नदी के लिए दिल्ली में बनेगा अनूठा संग्रहालय, केंद्र सरकार ने शुरु किया मंथन

0
294

राष्टीय न्यूज़

1.गंगा नदी के लिए दिल्ली में बनेगा अनूठा संग्रहालय, केंद्र सरकार ने शुरु किया मंथन:-

गंगा को निर्मल और अविरल बनाने की दिशा में कदम उठाने के बाद सरकार अब मोक्षदायिनी नदी का अनूठा संग्रहालय बनाने की तैयारी कर रही है। इस संग्रहालय में राष्ट्रीय नदी गंगा के भौगोलिक स्वरूप की झलक तो मिलेगी, इसके प्रति करोड़ों लोगों की आस्था को भी यहां महसूस किया जा सकेगा। संभवत: यह देश का पहला नदी संग्रहालय होगा और माना जा रहा है कि इसे नई दिल्ली में स्थापित किया जा सकता है। खास बात यह है कि यह संग्रहालय बनने से पहले अगले साल जनवरी तक बनारस में गंगा नदी पर एक सचल प्रदर्शनी शुरु की जाएगी जिसे गंगा के रास्ते पटना और इलाहबाद सहित दूसरे शहरों में भी ले जाया जा सकेगा।गंगा के लिए राष्ट्रीय संग्रहालय बनाने की दिशा में कदम उठाते हुए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) ने इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए यूरोपीय संघ के विशेषज्ञों के साथ मंथन शुरु कर दिया है। एनएमसीजी के महानिदेशक राजीव रंजन मिश्रा का कहना है कि लोगों में जागरुकता लाने के मकसद से नई दिल्ली में एक गंगा संग्रहालय और गंगा प्रदर्शनी स्थापित करने का प्रस्ताव है। इसमें गंगा नदी के इतिहास, इससे जुड़ी कहानियों, लोगों की आजीविका में गंगा की अहम भूमिका और गंगा नदी को निर्मल बनाने के लिए किए जा रहे उपायों की झलक देखने को मिलगी। साथ ही साथ अलग-अलग शहरों में स्थित संग्रहालयों में भी गंगा पर गैलरी स्थापित की जा सकती हैं।

उन्होंने कहा कि यही वजह है कि एनएमसीजी ने भारत-जर्मनी विकास सहयोग के तहत अंतरराष्ट्रीय संगठन जीआइजेड के साथ मिलकर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया है। जल संसाधन मंत्रालय के सचिव यूपी सिंह ने बृहस्पतिवार को इसका उद्घाटन करते हुए कहा भी कि गंगा के लिए जो संग्रहालय बने उसमें इस नदी के सभी पहलू जैसे आध्यात्मिक, आर्थिक और जैव विविधता की झलक भी इसमें देखने को मिले।

गौरतलब है कि दुनियाभर में कई विकसित देशों में नदियों पर आधारित संग्रहालय या प्रदर्शनी हैं। मसलन जर्मनी में राइन, डेन्यूब और एल्ब नदी पर संग्रहालय तथा प्रदर्शनियां हैं। जर्मनी के पसाऊ शहर में डेन्यूब नदी पर आधारित प्रदर्शनी ‘हाउस एम स्ट्रोम’ के अधिकारी राल्फ ब्राउन ने दैनिक जागरण से कहा कि यह स्थायी प्रदर्शनी है और बड़ी संख्या में लोग इसे देखने के लिए आते हैं।

उन्होंने कहा कि हम इस प्रदर्शन के माध्यम से लोगों को नदी के जीवन के बारे में बताते हैं और उन्हें जल संरक्षण की अहमियत भी बताते हैं। ब्राउन ने कहा कि गंगा नदी पर संग्रहालय बनाना समय की जरूरत है। ऐसा होने पर लोगों में नदी के प्रति जागरुकता आएगी। वहीं जर्मनी के ‘म्यूजियम ऑफ सिटी ऑफ हेम्बर्ग’ के प्रोफेसर हेंस जोर्ग जेक ने कहा कि उनके संग्रहालय में भी नदी के बारे में विशेष खंड है।

2.गोवा में भारत-ब्रिटेन के नौसैनिक ए‍क सप्‍ताह तक करेंगे संयुक्त युद्धाभ्यास:-

भारत और ब्रिटेन के बीच रणनीतिक स्थिरता, आर्थिक समृद्धि को बढ़ावा देने और समुद्री इलाके में सकारात्मक माहौल सुनिश्चित करने के लिए दोनो देशों की नौसेनाओं के बीच संयुक्त युद्धाभ्यास ‘आईएन-आरएन कोंकण 2018’ गोवा में शुरू हो गया है। इसमें दोनों देशों के नौसैनिक एक दूसरे के साथ एक सप्ताह से भी अधिक समय तक रण कौशल के विभिन्न गुर तथा अनुभव साझा करेंगे।दोनो देशों के बीच हो रहे इस अभ्यास में हवा और जमीन से किये जाने वाले हमलों से निपटने तथा पनडुब्बी रोधी प्रणालियों का अभ्यास विशेष रूप से किया जायेगा। इस वर्ष के युद्धाभ्यास का मुख्य विषय वायु भेदी जंग, जमीन रोधी जंग, पनडुब्बी रोधी जंग, समुद्र में कार्रवाई और युद्ध कौशल (विजिट बोर्ड सर्च एंड सीजर) जहाज को चलाने की कला पर जोर दिया गया है।नौसैनिक सहयोग दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक रणनीतिक संबंधों पर आधारित है। दोनों देशों की नौसेनाओं ने पिछले वषरें में प्रशिक्षण आदान-प्रदान और तकनीकी सहयोग जैसी द्विपक्षीय गतिविधियां की हैं। कोंकण युद्धाभ्यास दोनों देशों की नौसेनाओं को एक ऐसा मंच प्रदान करता है, जहां समुद्र और बंदरगाह में समय-समय पर युद्धाभ्यास हो सके, ताकि दोनो देशों के बीच परस्पर व्यवहार निर्मित किया जा सके और बेहतरीन कार्यप्रणाली का आदान-प्रदान किया जा सके।रॉयल नेवी का प्रतिनिधित्व एचएमएस ड्रैगन, टाइप 45 क्लास विध्वंसक पोत करेगा जो वाइल्डकैट हेलीकॉप्टर से लैस है। भारतीय नौसेना आईएनएस कोलकाता को उतारेगी, यह पहला नवीनतम कोलकाता क्लास विध्वंसक पोत है, जिसमें सीकिंग और एक आईएन पनडुब्बी लगी है। साथ ही आईएन समुद्री गश्ती विमान डोर्नियर भी युद्धाभ्यास में भाग लेगा।

पिछले कुछ वर्षो में आईएन-आरएन युद्धाभ्यास के परिणामस्वरूप द्विपक्षीय युद्धाभ्यास के संबंध में आपसी संतुष्टि बढ़ी है। इस युद्धाभ्यास का उद्देश्य एक दूसरे के अनुभवों से आपसी लाभ प्राप्त करना है और यह दोनों देशों के बीच सहयोग जारी रखने का संकेत भी है।

3.विश्व की सबसे बड़ी भागवत गीता इटली में तैयार, अगले हफ्ते समुद्री रास्ते से आएगी भारत:-

श्रीमदभागवत गीता को लेकर कई रिकॉर्ड दुनिया भर में बने हैं। एक और रिकॉर्ड इसके साथ जुड़ गया है। इस्कॉन संस्था ने विश्व की सबसे बड़ी गीता तैयार की है। इटली के मिलान शहर में बनी यह गीता अगले हफ्ते समुद्री रास्ते से भारत लाई जा रही हैं। इस महाग्रंथ का वजन 800 किलोग्राम है और इसे बनाने में डेढ़ करोड़ रुपये की लागत आई है।करीब ढाई साल में इसकी छपाई हुई है। 20 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के इस्कॉन मंदिर में इसका लोकार्पण करेंगे। उनके साथ इस्कॉन दिल्ली के प्रभारी गोपाल कृष्ण गोस्वामी महाराज और कुरुक्षेत्र के प्रभारी साक्षी गोपाल दास महाराज भी होंगे। दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे वजनी यह गीता फिलहाल दिल्ली में ही रहेंगी। अभी यह इटली में ही आकर्षण का केंद्र बनी है। कुरुक्षेत्र में बन रहे श्रीकृष्ण-अर्जुन मंदिर में वर्ष 2020 के बाद इसे स्थापित किया जा सकता है। तब तक इसे दिल्ली इस्कॉन मंदिर में ही देखा जा सकेगा।इस्कॉन के संस्थापक स्वामी प्रभुपाद की ओर से गीता प्रचार के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह प्रकाशित कराई गई है। संस्था से जुड़े वेदांत बुक ट्रस्ट ने इसकी छपाई की है। छपाई पर आया खर्च इस्कॉन के हर सेंटर से एकत्रित किया गया था। 11 नवंबर को इसी मिलान में प्रदर्शित किया गया थाइस गीता में 670 पृष्ठ हैं, जिनका साइज 2.84 गुणा 2.0 मीटर है। इन्हें पलटने के लिए तीन से चार व्यक्तियों की जरूरत पड़ती हैं। यह सिंथेटिक के मजबूत कागज से तैयार की गई हैं। माना जा रहा है कि इन पर कई प्रकार की धातु लगाई गई हैं, जिनमें प्लेटिनम, सोना और चांदी मुख्य हैं। कवर को स्वर्णिम धातु से तैयार किया गया है।

4.इसरो के अंतरिक्ष यान पीएसएलवी-सी 43 के साथ आठ देशों के 31 उपग्रह प्रक्षेपित:-

इसरो के अंतरिक्ष यान पीएसएलवी-सी 43 के साथ आठ देशों के 31 उपग्रह प्रक्षेपित किए गए हैं। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के मुताबिक, आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से सुबह 09.58 बजे पीएसएलवी-सी 43 से उपग्रहों का प्रक्षेपण किया गया। इसका प्राथमिक लक्ष्य पृथ्वी की सतह का अध्ययन करना है। 380 वजनी इस सेटेलाइट को इसरो ने विकसित किया है। यह पीएसएलवी-सी 43 अभियान का प्राथमिक उपग्रह है। इसरो के बयान के अनुसार यह उपग्रह सूर्य की कक्षा में 97.957 डिग्री के झुकाव के साथ स्थापित किया जाएगा। इसकी आयु करीब 5 साल होगी। इसरो ने कहा कि इन उपग्रहों के प्रक्षेपण के लिए उसकी वाणिज्यिक इकाई (एंट्रिक्स कारपोरेशन लिमिटेड) के साथ करार किया गया है। चार चरण वाले पीएसएलवी रॉकेट की यह 45वीं उड़ान है।

5.जांच एजेंसियों के प्रमुखों का दूसरा राष्ट्रीय सम्मेलन नई दिल्ली में:-

 

जांच एजेंसियों के प्रमुखों का दूसरा राष्ट्रीय सम्मेलन नई दिल्ली में शुरू हो रहा है। दो दिन के सम्मेलन का आयोजन पुलिस अनुसंधान और विकास ब्यूरो ने किया है। सम्मेलन में जांच प्रक्रिया की गुणवत्ता में सुधार के लिए टेक्नॉलॉजी का उपयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की जाएगी। कानूनी कार्रवाई को कारगर बनाने के विभिन्न उपायों पर भी विचार विमर्श किया जाएगा।

6.कॉकरेल गनर्स व्हाइट वाटर राफ्टिंग अभियान:- 

साहसिक कार्य की अजेय भावना को जीवंत रखते हुए भारतीय सेना के सैनिकों ने आज ऋषिकेश में ‘कॉकरेल गनर्स व्हाइट वाटर राफ्टिंग अभियान’ का आयोजन किया। यह अभियान 26 नवंबर 2018 को शुरू हुआ था जिसमें मीडियम रेजिमेंट के 20 साहसी सैनिकों के एक दल को रुद्रप्रयाग में ध्वज फहराकर रवाना किया गया। चार दिनों में गंगा की 150 किलोमीटर लंबी साहसिक यात्रा सफलता पूर्वक पूरी करने के बाद इस दल को ऋषिकेश में ध्वज फहराकर रवाना किया गया था। अपनी साहसिक यात्रा के एक हिस्से के रूप में इस दल के साथ ग्रेड 3 और ग्रेड 4 रैपिड्स पर बातचीत की गयी। इस अभियान ने भारतीय सेना के सभी बाधाओं का सामना करते हुए दृढ़ संकल्प, साहस और मजबूत इच्छा शक्ति के संकल्प की पुष्टि की है।

 

अन्तर्राष्ट्रीय न्यूज़

7.संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने की जी-20 देशों के नेताओं से साहसिक कदम उठाने की अपील:-

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतरेस ने जी-20 समूह के सम्मेलन से पहले इसके सदस्य देशों को जलवायु परिवर्तन और असमानता से होने वाली समस्याओं से निपटने के लिए साहसिक कदम उठाने की अपील की है। अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स में जी-20 समूह की बैठक में हिस्सा लेने जाने से पहले संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने कहा कि दुनिया को बेहतर बनाने के लिए सभी देशों का मिलकर काम करना अनिवार्य है। गुतारेस ने चेताया कि जलवायु में परिवर्तन के चलते हम उथल-पुथल वाली और अस्थिर दुनिया की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने आगाह किया कि जो वैश्वीकरण में पीछे छूट गए हैं, वे सरकारों और संस्थाओं में भरोसा खो रहे हैं। असमानता और व्यापक होकर बढ़ रही है, व्यापार विवाद बढ़ रहे हैं और भूराजनैतिक तनाव वैश्विक अर्थव्यवस्था पर और दबाव डाल रहे हैं।

8.अमेरिका में शुरू हुआ महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती का समारोह:-

अमेरिका में महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती के समारोह की शुरुआत हो गई है। यूएस कैपिटोल (संसद परिसर) में भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित कार्यक्रम में अमेरिकी सांसदों और भारतीय-अमेरिकियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। समारोह में शामिल लोगों ने गांधीजी की सत्य और अहिंसा की सीख को वर्तमान में भी प्रासंगिक बताया। अगले साल महात्मा गांधी की 150वीं जयंती मनाई जानी है। इस मौके पर वर्ष भर अमेरिका में कार्यक्रम आयोजित होंगे। समारोह में मौजूद सांसदों के अनुसार गांधीजी के विचारों ने अमेरिका के प्रमुख मानवाधिकार नेता मार्टिन लूथर किंग समेत दुनिया भर के कई लोगों को प्रभावित किया है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय-अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने कहा कि अगर गांधीजी ना होते तो शायद मैं भी आपके सामने नहीं होता। गांधीजी के विचारों से प्रभावित किंग ने देश में मानवाधिकार का आंदोलन छेड़ा। उस आंदोलन की बदौलत ही मैं और मुझ जैसे लोग आगे बढ़ पाए। चैथी बार सांसद चुने गए भारतीय अमेरिकी डॉ. अमी बेरा ने कहा कि गांधीजी की सीख आज सबसे अधिक प्रासंगिक है।

 

खेल न्यूज़

9.हॉकी विश्वकप में भारत की जीत के साथ शुरुआत:-

14वें पुरुष हॉकी विश्वकप में भारत ने जीत के साथ शुरुआत की है। भुवनेश्वर में उसने पूल सी मैच में दक्षिण अफ्रीका को 5-0 से हराया। भारत के लिए सिमरनजीत सिंह ने दो गोल किए। मनदीप सिंह, आकाशदीप सिंह और ललित उपाध्याय ने एक-एक गोल दागा। अब भारत का मैच दो दिसंबर को बेल्जियम से होगा।

10.आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर बने हुए हैं विराट कोहली:-

भारतीय कप्तान विराट कोहली आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर बने हुए हैं जबकि दक्षिण अफ्रीका के कैगिसो रबादा फिर से दुनिया के नंबर एक टेस्ट गेंदबाज बन गये हैं। आईसीसी द्वारा जारी रैंकिंग के अनुसार कोहली के 935 अंक हैं। कोहली की शीर्ष रैंकिंग को फिलहाल कोई खतरा नहीं है क्योंकि दूसरे नंबर पर काबिज स्टीव स्मिथ (910 अंक) का निलंबन नहीं हटाया गया है और वह आगामी श्रृंखला में नहीं खेल पाएंगे। इससे उनकी रेटिंग 900 अंक से नीचे खिसकनी तय है। रैंकिंग में भारतीय आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन भी एक पायदान ऊपर सातवें स्थान पर पहुंच गये हैं। रविंद्र जडेजा (पांचवें) अब भी भारत के नंबर एक गेंदबाज बने हुए हैं। भारतीय बल्लेबाजों में कोहली के अलावा केवल चेतेश्वर पुजारा (छठे) शीर्ष दस में शामिल हैं। चोटी के दस बल्लेबाजों में केवल एक अंतर आया है तथा दिनेश चंदीमल की जगह उस्मान ख्वाजा दसवें नंबर पर काबिज हो गये हैं। अजिंक्य रहाणे दो पायदान नीचे 19वें स्थान पर खिसक गये हैं जबकि लोकेश राहुल दो स्थान ऊपर संयुक्त 24वें स्थान पर पहुंच गये हैं।

 

बाजार न्यूज़

11.भारत सबसे तेजी से बढ़ता हुआ ई कॉमर्स मार्केट:-

दुनिया के टॉप अर्थव्यवस्थाओं में भारत सबसे तेजी से बढ़ता ऑनलाइन खुदरा बाजार है। हाल ही में बेन एंड कंपनी की ओर से जारी की गई रिपोर्ट के मुताबिक, भारत ने ऑनलाइन खुदरा बाजार में 2013 से 2017 के दौरान 53 फीसद की दर से वार्षिक वृद्धि दर (कैग) हासिल की है। इस बढ़ती वृद्धि के पीछे ई-कॉमर्स कंपनियों की ओर से दी जाने वाली छूट, बेहतर डिलीवरी इंफ्रास्ट्रक्चर है। इसके साथ ही स्मार्टफोन और डेटा उपयोग में भी इजाफा हुआ है।रिपोर्ट के अनुसार, अलीबाबा और टेंसेंट एशिया के सबसे प्रसिद्ध इकोसिस्टम हैं, इस तरह भारत में रिलायंस, फ्लिपकार्ट/वॉलमार्ट, अमेज़ॅन/फ्यूचर ग्रुप और अलीबाबा के जरिए भारत में भी रिटेल इको-सिस्टम के बढ़ोत्तरी की उम्मीद है। हालांकि, तेजी से विकास के बावजूद भारत में ऑनलाइन खुदरा चीन (20%) और यूएस (12%) जैसे बाजारों की तुलना में 5% कम है। रिपोर्ट के अनुसार, 11 देशों के बीच ऑनलाइन खुदरा कारोबार में भारत आठवें स्थान पर है।