न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र और वेस्टइंडीज की हीली मैथ्यूज ने ICC प्लेयर ऑफ द मंथ का पुरस्कार जीता

0
35

1 न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र और वेस्टइंडीज की हीली मैथ्यूज ने ICC प्लेयर ऑफ द मंथ का पुरस्कार जीता

आईसीसी ने अक्टूबर महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का एलान कर दिया है। पुरुषों में न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र ने यह पुरस्कार अपने नाम किया है। वहीं, महिलाओं में वेस्टइंडीज की हीली मैथ्यूज ने यह अवॉर्ड जीता है। विश्व कप 2023 में शानदार खेल दिखाने वाले रचिन ने जसप्रीत बुमराह और क्विंटन डिकॉक को पछाड़कर यह पुरस्कार हासिल किया। महिलाओं में यह पुरस्कार जीतने वाली 25 वर्षीय हीली मैथ्यूज खिलाड़ी ने वेस्टइंडीज के ऑस्ट्रेलिया दौरे के टी20 सीरीज के दौरान 99*, 132 और 79 के स्कोर बनाए। वह प्लेयर ऑफ द सीरीज भी बनीं।

2 रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 16 नवंबर से 17 नवंबर तक जकार्ता में आसियान देशों के रक्षा मंत्रियों की 10वीं बैठक-प्लस में शामिल होंगे

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 16 नवंबर से 17 नवंबर तक इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में आसियान देशों के रक्षा मंत्रियों की 10वीं बैठक-प्लस (एडीएमएम-प्लस) में शामिल होंगे। आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक से हटकर श्री सिंह भाग लेने वाले देशों के रक्षा मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। इन सत्रों के दौरान वे रक्षा सहयोग से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे। एडीएमएम आसियान देशों के हित में सर्वोच्च रक्षा परामर्श और सहकारी तंत्र है। वर्ष 2017 से एडीएमएम-प्लस मंत्री आसियान और प्लस देशों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने के लिए सालाना बैठक कर रहे हैं। इंडोनेशिया बैठक की मेजबानी कर रहा है क्योंकि वह एडीएमएम-प्लस का अध्यक्ष है।

3 उत्तरकाशीः सिल्क्यारा सुरंग दुर्घटना

12 नवंबर को, उत्तराखंड के उत्तरकाशी में सिल्क्यारा से डंडालगांव तक निर्माणाधीन सुरंग का एक हिस्सा ढह गया, जिसमें लगभग 36-40 मजदूर फंस गए। यह घटना चार धाम ऑल वेदर रोड परियोजना के हिस्से के रूप में हुई, जिसका उद्देश्य उत्तरकाशी और यमुनोत्री के बीच की यात्रा को 26 किलोमीटर कम करना था। पुलिस बल, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें मौके पर मौजूद हैं और फंसे हुए लोगों को बचाने के प्रयास फिलहाल जारी हैं। अब तक, सभी 40 श्रमिकों के सुरक्षित होने की पुष्टि की गई है, उन्हें ऑक्सीजन, पानी और पर्याप्त खाना पहुंचाया जा रहा है। बचाव की नई योजना पर काम किया जा रहा है। इसके लिये सुरंग के भीतर ऑगर ड्रिलिंग मशीन के जरिए 900 मि.मी. व्यास का ह्यूम पाइप डाला जा रहा है। प्रशासन लगातार श्रमिकों के संपर्क में है। इस बीच निर्माणाधीन सुरंग में हुए भूस्खलन के कारणों की जांच के लिए उत्तराखंड भूस्खलन न्यूनीकरण और प्रबंधन केंद्र की अध्यक्षता में छह सदस्यों की समिति गठित की गयी है।

4 भारत के स्मार्ट सिटीज़ मिशन की स्थिति

आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय का 3 नवंबर, 2023 तक का नवीनतम डेटा, भारत के स्मार्ट सिटीज़ मिशन की स्थिति के विषय में जानकारी प्रदान करता है। जैसे-जैसे मिशन की जून 2024 की समय-सीमा नज़दीक आ रही है, रिपोर्ट उच्चतम प्रदर्शन करने वाले शहरों, वित्तीय उपलब्धियाँ और परियोजना के पूरा होने के संबंध में भौगोलिक अंतर पर प्रकाश डालती है। सूरत (गुजरात) परियोजनाओं को पूरा करने, फंड के उपयोग और समग्र मानदंडों में अग्रणी होकर शीर्ष प्रदर्शन करने वाला शहर बनकर उभरा है। आगरा (उत्तर प्रदेश), अहमदाबाद (गुजरात), वाराणसी (यूपी) और भोपाल (मध्य प्रदेश) ने सराहनीय प्रगति दर्शाते हुए शीर्ष पाँच शहरों में स्थान हासिल किया है। बाकी शीर्ष 10 में तुमकुरु (कर्नाटक), उदयपुर (राजस्थान), मदुरै (तमिलनाडु), कोटा (राजस्थान) और शिवमोग्गा (कर्नाटक) शामिल हैं। निचले 10 शहरों में कवरत्ती (लक्षद्वीप), पुद्दुचेरी, पोर्ट ब्लेयर (अंडमान और निकोबार द्वीप समूह), इंफाल (मणिपुर), शिलांग (मेघालय), दीव, गुवाहाटी (असम), आइज़ोल (मिज़ोरम), गंगटोक (सिक्किम) तथा पासीघाट (अरुणाचल प्रदेश) शामिल हैं। कुल परियोजनाओं में से लगभग 22% (7,947 में से 1,745) जिनकी लागत 1.70 लाख करोड़ रुपए यानी कुल लागत का 33% है, अभी भी प्रगति पर हैं। अधिकांश परियोजनाएँ (6,202) पूरी हो चुकी हैं, जो मिशन के दायरे और लागत पर प्रकाश डालता है।

5 हिंद-प्रशांत क्षेत्रीय संवाद 2023 (आईपीआरडी-2023)

भारतीय नौसेना का वार्षिक शीर्ष-स्तरीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन – हिंद-प्रशांत क्षेत्रीय संवाद (आईपीआरडी) – 15 से 17 नवंबर 2023 के दौरान नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में 15 नवंबर 23 को माननीय उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ का मुख्य भाषण और विभिन्न केन्द्रीय मंत्रियों व भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के विशेष संबोधनों की एक श्रृंखला शामिल होगी, जो इस मेगा सम्मेलन (https://maritimeindia.org/indo-pacific-regional-dialogue-2023/) में होने वाले विचार-विमर्शों को व्यापक मार्गदर्शन प्रदान करने हेतु डिजाइन की गई है। आईपीआरडी, गोवा मैरीटाइम कॉन्क्लेव 2023 के अनुसरण में है। यह कॉन्क्लेव भारतीय नौसेना द्वारा 29 से 31 अक्टूबर 2023 के दौरान गोवा में आयोजित किया गया था।

6 रियर एडमिरल सीआर प्रवीण नायर ने सोर्ड आर्म के फ्लीट कमांडर का कार्यभार ग्रहण किया

भारतीय नौसेना की ‘सोर्ड आर्म‘, पश्चिमी बेड़े में 10 नवंबर 2023 को चेंज ऑफ गार्ड कार्यक्रम आयोजित किया गया। रियर एडमिरल सीआर प्रवीण नायर, एनएम ने मुंबई स्थित नौसेना डॉकयार्ड में एक औपचारिक नौसैनिक परेड के दौरान रियर एडमिरल विनीत मैक्कार्टी से पश्चिमी बेड़े के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग का पदभार संभाला। रियर एडमिरल सीआर प्रवीण नायर को 01 जुलाई 1991 को भारतीय नौसेना में नियुक्त किया गया था। वे गोवा की नौसैन्य अकादमी और वेलिंगटन के डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज तथा अमरीका के न्यूपोर्ट में यूएस नेवल वॉर कॉलेज के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने फ्लैग ऑफिसर के रूप में नौसेना के मुख्यालय में नौसेना कार्मिक (नीति एवं योजना) के सहायक प्रमुख की नियुक्ति पर कार्य किया है।

7 राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) ने आईआरडीएआई के सहयोग से आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) एकीकरण और एनएचसीएक्स अपनाने पर उत्प्रेरक कार्यशालाएं अयोजित की

राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) और भारतीय बीमा नियामक और विकास प्राधिकरण (आईआरडीएआई) ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा विकसित एक डिजिटल स्वास्थ्य दावा मंच, राष्ट्रीय स्वास्थ्य दावा एक्सचेंज (एनएचसीएक्स) को संचालित करने के लिए हाथ मिलाया है। यह पहल जून 2023 में आईआरडीएआई द्वारा जारी एक परिपत्र के संदर्भ में की गई है, जिसके तहत बीमा नियामक ने सभी बीमाकर्ताओं और प्रदाताओं को एनएचसीएक्स को शामिल करने की सलाह दी थी। एनएचसीएक्स स्वास्थ्य देखरेख और स्वास्थ्य बीमा इकोसिस्टम में विभिन्न हितधारकों के बीच दावों से संबंधित जानकारी के आदान-प्रदान के लिए एक प्रवेश द्वार के रूप में काम करेगा। एनएचसीएक्स के साथ जुड़ने से स्वास्थ्य दावों से निपटने के लिए अन्य प्रणालियों के साथ निर्बाध काम किया जा सकेगा, बीमा उद्योग में दक्षता और पारदर्शिता बढ़ेगी और पॉलिसीधारकों और रोगियों को लाभ होगा। इस संबंध में, 7 से 9 नवम्बर तक नई दिल्ली में एक तीन दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य मुख्य रूप से अस्पताल प्रदाताओं को एनएचसीएक्स में शामिल करना और बीमा कंपनियों को एनएचसीएक्स के साथ पूरी तरह से जोड़ना था।

8 मॉर्गन स्टेनली ने FY2024 और FY2025 के लिए भारत की विकास दर 6.5% रहने का अनुमान लगाया

मॉर्गन स्टेनली रिसर्च ने पूर्वानुमान लगाया है कि भारत की अर्थव्यवस्था वित्तीय वर्ष 2024 और 2025 के लिए लगभग 6.5% की दर से बढ़ने की ओर अग्रसर है, जो मजबूत घरेलू बुनियादी बातों से प्रेरित है। वित्तीय संस्थान वैश्विक आर्थिक मंदी के बावजूद भारत की वृद्धि का समर्थन करने वाले प्रमुख कारकों के रूप में मजबूत घरेलू मांग, कॉर्पोरेट और वित्तीय क्षेत्रों में लचीलापन और प्रगतिशील नीतिगत सुधारों का हवाला देते हैं।

9 आर्मी मेडिकल कोर के अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल संजीव मलिक ने कोलंबिया में आयोजित विश्व चिकित्सा और स्वास्थ्य खेलों में पांच स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा

आर्मी मेडिकल कोर के अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल संजीव मलिक ने कोलंबिया में आयोजित 42वें विश्व चिकित्सा और स्वास्थ्य खेलों में पांच स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा है। वह वर्तमान में राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में राष्ट्रपति अंगरक्षक में तैनात हैं। उनकी 800 मीटर, 1500 मीटर, 3000 मीटर, 5000 मीटर और क्रॉस-कंट्री स्पर्धाओं में हुई जीत उन्हें वर्ष 2023 में आयोजित इन खेलों में ऐसी शानदार उपलब्धि हासिल करने वाला एकमात्र एथलीट बनाती है। वे 1978 में शुरू हुए इन खेलों के कुछ चुनिंदा एथलीटों में शामिल हो गए हैं। विश्व चिकित्सा और स्वास्थ्य खेलों को अक्सर स्वास्थ्य पेशेवरों के लिए ओलंपिक खेल के रूप में जाना जाता है। ये खेल चिकित्सा समुदाय में सबसे प्रतिष्ठित वैश्विक खेल आयोजन के रूप में विकसित हुए हैं।

10 कुआलालम्पुर में होने वाले एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप में उत्तम सिंह को भारत का कप्तान बनाया गया

कुआलालम्पुर (मलेशिया) में पांच से 16 दिसंबर तक होने वाले एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप में उत्तम सिंह को भारत का कप्तान बनाया गया है। इस टूर्नामेंट में मौजूदा एशियाई चैम्पियन भारत को पूल सी में कनाडा, दक्षिण कोरिया और स्पेन के साथ रखा गया है। भारत को पांच दिसंबर को कोरिया से पहला मैच खेलना है। भारतीय टीम सात दिसंबर को स्पेन से और नौ दिसंबर को कनाडा से खेलेगी। भारत पिछली बार टूर्नामेंट में चौथे स्थान पर रहा था। पूल ए में अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, चिली और मलेशिया है जबकि पूल बी में मिस्र , फ्रांस, जर्मनी और दक्षिण अफ्रीका की टीमें शामिल हैं। पूल डी में बेल्जियम, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान हैं।

11 ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सनक ने गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन को हटाया

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने हाल में अपने मंत्रिमंडल में बडा बदलाव करते हुए गृहमंत्री सुएला ब्रेवरमैन को बर्खास्‍त कर दिया है। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री डेविड कैमरन को नया विदेश मंत्री नियुक्‍त किया गया है। प्रधानमंत्री कार्यालय डाउनिंग स्‍ट्रीट की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पूर्व विदेश मंत्री जेम्‍स क्‍लीवर्ली को सुश्री ब्रेवरमैन के स्‍थान पर नया गृह मंत्री बनाया जाएगा। सुएल ब्रेवरमैन की ओर से हाल में अप्रवासियों, कुछ प्रदर्शनकारियों, बेघर लोगों तथा पुलिस को लेकर दिए गए विवादित बयान ने श्री सुनक के मंत्रिमंडल में विवाद खडा कर दिया था। ऐसी अटकलें लगाई जाने लगीं थीं कि उनकी नजर प्रधानमंत्री पद पर है जिसके लिए वह एक तरह का षडयंत्र रच रही हैं। सुश्री ब्रेवरमैन ने पिछले सप्‍ताह शनिवार को हुए एक विरोध मार्च को संभालने के तरीके पर निशाना साधते हुए एक लेख प्रकाशित करके फिलिस्तीन समर्थकों के साथ निबटने में पुलिस द्वारा दोहरा रवैया अपनाने की बात कही थी।

12 आचार्य जे. बी. कृपलानी जयंती

हाल ही में भारत के प्रधानमंत्री ने आचार्य जीवतराम भगवानदास (JB) कृपलानी को उनकी जयंती (11 नवंबर, 1888 को हैदराबाद, सिंध में) पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। वह 1917 में गांधीजी के आंदोलन में शामिल हुए तथा असहयोग आंदोलन, सविनय अवज्ञा आंदोलन और भारत छोड़ो आंदोलन का हिस्सा भी रहे। स्वतंत्रता के समय वे भारतीय राष्ट्रीय कॉन्ग्रेस (INC) के अध्यक्ष थे। आज़ादी के बाद उन्होंने कॉन्ग्रेस छोड़ दी, वे किसान मज़दूर प्रजा पार्टी (KMPP) के संस्थापकों में से थे। उन्होंने भारत-चीन युद्ध (1962) के तुरंत बाद वर्ष 1963 में लोकसभा में पहली बार अविश्वास प्रस्ताव पेश किया। कृपलानी, गांधी: हिज़ लाइफ एंड थॉट (1970) सहित कई पुस्तकों के लेखक थे। उनकी आत्मकथा ‘माई टाइम्स‘ (My Times) वर्ष 2004 में मरणोपरांत प्रकाशित हुई।

13 विश्व मधुमेह दिवस

विश्व मधुमेह दिवस (WDD) प्रत्येक वर्ष 14 नवंबर को मनाया जाता है, जो चार्ल्स बेस्ट के साथ वर्ष 1922 में इंसुलिन के सह-खोजकर्ता सर फ्रेडरिक बैंटिंग के जन्मदिन को चिह्नित करता है। WDD की शुरुआत वर्ष 1991 में मधुमेह के बढ़ते स्वास्थ्य खतरे की प्रतिक्रिया के रूप में अंतर्राष्ट्रीय मधुमेह महासंघ (IDF) और विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा की गई। वर्ष 2006 में संयुक्त राष्ट्र संकल्प 61/225 को अपनाने के माध्यम से WDD को संयुक्त राष्ट्र दिवस के रूप में आधिकारिक मान्यता मिली। वर्ष 2007 में अपनाया गया इसका लोगो नीला घेरा इंगित करता है जो मधुमेह के प्रति जागरूकता का प्रतीक है। 2021-23 के लिये इसकी थीम ‘एक्सेस टू डायबिटीज़ केयर’ है।

14 पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती

प्रत्येक वर्ष 14 नवंबर को स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि देने के लिये बाल दिवस मनाया जाता है। जवाहरलाल नेहरू का जन्‍म 14 नवम्‍बर 1889 को हुआ था। जवाहरलाल नेहरू को प्यार से ‘चाचा नेहरू‘ भी कहा जाता था और वह बच्चों के प्रति अपने स्नेह, उनकी देखभाल तथा शिक्षा एवं अधिकारों का समर्थन करने के लिये प्रसिद्ध थे। उनके निधन के बाद भारत में उनके जन्मदिन को ‘बाल दिवस’ या चिल्ड्रेन्स डे (Children’s Day) के रूप में मनाने के लिये सामूहिक रूप से सहमति व्यक्त की गई।

15 विश्व दयालुता दिवस: 13 नवंबर

प्रतिवर्ष 13 नवंबर को वर्ल्ड काइंडनेस डे (विश्व दयालुता दिवस) के रूप में मनाया जाता है। विश्व दयालुता दिवस सकारात्मक शक्ति और दया की डोर पर आधारित हैं जो समाज में अच्छे कामों को उजागर करने के लिए हमें प्रेरित करता है। विश्व दयालुता दिवस की शुरुआत 1998 में वर्ल्ड किंडनेस मूवमेंट संगठन द्वारा की गई थी, जिसकी स्थापना 1997 के टोक्यो सम्मेलन में दुनिया भर के दयालु संगठनों द्वारा की गई थी। साल 2019 में, इस संगठन को स्विस कानून के तहत एक आधिकारिक एनजीओ के रूप में पंजीकृत किया गया था। वर्तमान में, वर्ल्ड किंडनेस मूवमेंट में 28 से अधिक राष्ट्र शामिल हैं जिनका किसी भी धर्म या राजनीतिक मूवमेंट से संबद्ध नहीं है।

16 सहारा प्रमुख सुब्रत रॉय का निधन

सहारा प्रमुख सुब्रत रॉय का मंगलवार (14 नवंबर) को मुंबई में निधन हो गया। सुब्रत रॉय ‘सहाराश्री‘ के नाम से जाने जाते थे, उन्होंने साल 1978 में सहारा इंडिया परिवार की स्थापना की थी। सहारा की स्थापना करने के बाद सुब्रत रॉय ने काफी तेजी से तरक्की की। उनका जन्म 10 जून 1948 को बिहार में हुआ था। वे एक समय में भारत के प्रमुख कारोबारियों में से एक थे। रॉय मीडिया से लेकर रियल स्टेट आदि के कारोबार में शामिल थे। सहारा ग्रुप की लंबे समय से बाजार नियामक सेबी के साथ लड़ाई चल रही है। सेबी ने सहारा ग्रुप को निवेशकों का पैसा लौटाने का आदेश दिया और साल 2010 में सहारा ग्रुप की दो कंपनियों और रॉय पर जनता से पैसा जुटाने को लेकर प्रतिबंध लगा दिया।