राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने “आंध्र प्रदेश राज्य में श्रीशैलम मंदिर का विकास” परियोजना का लोकार्पण किया

0
84

1. राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने “आंध्र प्रदेश राज्य में श्रीशैलम मंदिर का विकास” परियोजना का लोकार्पण किया

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आंध्र प्रदेश के कुरनूल में श्रीशैलम मंदिर परिसर में “आंध्र प्रदेश राज्य में श्रीशैलम मंदिर का विकास” परियोजना का उद्घाटन किया। परियोजना को पर्यटन मंत्रालय के विरासत संवर्धन अभियान के अंतर्गत ‘तीर्थयात्रा कायाकल्प और आध्यात्मिक, विरासत वृद्धि ड्राइव पर राष्ट्रीय मिशन (पीआरएएसएचएडी) के अंतर्गत स्वीकृत और तैयार किया गया था। “आंध्र प्रदेश राज्य में श्रीशैलम मंदिर का विकास” परियोजना 43.08 करोड़ रुपये की लागत से पूरी की गई है। यह परियोजना भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय द्वारा 100 प्रतिशत वित्त पोषित है। परियोजना में शामिल किए गए घटकों में एम्फीथिएटर, रोशनी की व्यवस्था, प्रकाश और ध्वनि शो, डिजिटल समावेशन, पर्यटक सुविधा केंद्र, पार्किंग क्षेत्र, चेंजिंग रूम, शौचालय परिसर, स्मारिका दुकानें, फूड कोर्ट, एटीएम और बैंकिंग सुविधा जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य आगंतुकों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान करके श्रीशैलम मंदिर को एक विश्व स्तरीय तीर्थ और पर्यटन स्थल बनाना है।

2. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में वीर बाल दिवस के ऐतिहासिक कार्यक्रम में भाग लिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में वीर बाल दिवस के ऐतिहासिक कार्यक्रम में भाग लिया। इस वर्ष नौ जनवरी को गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व के दिन श्री मोदी ने घोषणा की थी कि 26 दिसंबर को गुरु गोबिंद सिंह के बेटों साहिबजादा बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की शहादत को वीर बाल दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रधान मंत्री ने लगभग तीन सौ बच्‍चों द्वारा किए गए शबद कीर्तन में भाग लिया। साहिबजादों के अनुकरणीय साहस की कहानी के बारे में नागरिकों, विशेष रूप से युवाओं को जानकारी देने और शिक्षित करने के लिए पूरे देश में संवादमूलक और प्रतिभागी कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इस प्रयास में पूरे देश के स्कूलों और कॉलेजों में निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं और अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। रेलवे स्टेशनों, पेट्रोल पंपों, हवाईअड्डों आदि जैसे सार्वजनिक स्थलों पर डिजिटल प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। पूरे देश में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जहां गणमान्य व्यक्ति साहिबजादों की जीवन गाथा और बलिदान के किस्‍से सुनाएंगे।

3. भारत और बांग्लादेश ने ढाका में मोंगला बंदरगाह को नया रूप प्रदान करने के लिए एक कार्यक्रम में समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं

भारत और बांग्लादेश ने ढाका में मोंगला बंदरगाह को नया रूप प्रदान करने के लिए एक कार्यक्रम में समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। मोंगला पोर्ट के नवीनीकरण की परियोजना, भारत की चार अरब पचास करोड अमरीकी डालर की रियायती ऋण श्रंखला के अंतर्गत शुरू की जा रही है। बांग्लादेश के नौवहन राज्य मंत्री खालिद महमूद चौधरी सांसद, मुख्य अतिथि और बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त प्रणय वर्मा और जहाजरानी मंत्रालय के सचिव मो. मुस्तफा कमाल विशेष अतिथि के रूप में इस कार्यक्रम में शामिल हुए। मोंगला बंदरगाह बांग्लादेश का दूसरा सबसे बड़ा और व्यस्त बंदरगाह है। इससे भूटान और नेपाल से माल आवाजाही के लिए समुद्री संपर्क भी जुड़ेंगे।

4. एनटीपीसी और टेक्निमोंट ने हरित मेथनॉल उत्पादन की संभावना तलाशने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

भारत की सबसे बड़ी विद्युत उत्पादन कंपनी- एनटीपीसी ने इटली स्थित मैयर टेक्निमोंट समूह की भारतीय सहायक कंपनी टेक्निमोंट प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक गैर-बाध्यकारी समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौता ज्ञापन का उद्देश्य भारत में एनटीपीसी की परियोजना में वाणिज्यिक पैमाने पर हरित मेथनॉल उत्पादन की सुविधा विकसित करने की संभावना का संयुक्त रूप से मूल्यांकन करना और पता लगाना है। इस हरित मेथनॉल परियोजना में एनटीपीसी के विद्युत संयंत्रों से कार्बन प्राप्त करना और इसे हरित ईंधन में परिवर्तित करना शामिल है। हरित मेथनॉल में अनुप्रयोगों की एक विस्तृत श्रृंखला है। इसमें रासायनिक उद्योग के लिए आधार सामग्री के रूप में उपयोग होना, नवीकरणीय विद्युत का भंडारण करना और परिवहन ईंधन के रूप में भी काम आना शामिल है। इसे समुद्री ईंधन अनुप्रयोगों के लिए एक स्थानापन्न ईंधन भी माना जाता है।

5. DRDO की मिशन मोड परियोजनाओं पर कैग की रिपोर्ट

हाल ही में भारत के नियंत्रक और महालेखापरीक्षक (CAG) ने एक रिपोर्ट जारी की है जिसमें रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) के मिशन मोड (MM) परियोजनाओं की अवधि तथा लागत में वृद्धि को चिह्नित किया गया है। MM परियोजनाओं को DRDO द्वारा विशिष्ट उपयोगकर्त्ता आवश्यकताओं और उनके पूरा होने के लिये निश्चित समयसीमा के आधार पर उच्च प्राथमिकता के साथ शुरू किया जाता है। ये परियोजनाएँ उन तकनीकों पर निर्भर करती हैं जो पहले से उपलब्ध एवं प्रमाणित हैं तथा DRDO या भारत के भीतर या विदेश से अल्प सूचना पर आसानी से उपलब्ध हैं। रिपोर्ट के अनुसार समग्र परियोजना प्रबंधन में अक्षमताएँ रही हैं जिसके परिणामस्वरूप लागत में वृद्धि, परियोजनाओं के प्रत्याशित लाभों का अधिक मूल्यांकन और रिपोर्ट प्रस्तुत करने में देरी के कई उदाहरण सामने आए हैं। सफल परियोजनाओं के उत्पादन में विलंब के मुद्दे रहे हैं जो ऐसी परियोजनाओं को शुरू करने के उद्देश्य को ही विफल कर देते हैं। इस तथ्य के बावजूद कि अंतर्निहित प्रौद्योगिकी की उपलब्धता के कारण MM परियोजनाओं में बहुत उच्च परिणाम निश्चितता है, DRDO द्वारा ऐसी परियोजनाओं की शुरुआत और मंज़ूरी में काफी देरी हुई थी। 178 परियोजनाओं में से 119 में मूल समय-सारणी का पालन नहीं किया जा सका। 49 मामलों में अतिरिक्त समय वास्तव में मूल समयसीमा के 100% से अधिक था। विलंब का परास 16 से 500% तक था और इसमें कई बार विस्तार किया गया था। जनवरी 2010 और दिसंबर 2019 के दौरान सफल घोषित 86 परियोजनाओं में से 20 परियोजनाओं में एक या अधिक प्रमुख उद्देश्य/मापदंड प्राप्त नहीं हुए थे। परियोजना प्रस्ताव के सभी प्रमुख उद्देश्यों/मापदंडों को प्राप्त करने के लिये समय बढ़ाने की मांग के बजाय इन परियोजनाओं को सफल मान कर बंद कर दिया गया।

6. रक्षा मंत्रालय ने 84,328 करोड़ रुपये के 24 पूंजीगत खरीद प्रस्तावों को मंजूरी दी

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में रक्षा अधिग्रहण परिषद (डीएसी) ने 22 दिसंबर, 2022 को आयोजित अपनी बैठक में 24 पूंजी अधिग्रहण प्रस्तावों के लिए आवश्यकता की स्वीकृति (एओएन) को मंजूरी दी है। कुल 84,328 करोड़ रुपये के इन प्रस्तावों में भारतीय सेना के लिए छह, भारतीय वायु सेना के लिए छह, भारतीय नौसेना के लिए 10 और भारतीय तटरक्षक बल के लिए दो प्रस्ताव शामिल हैं। यह उल्लेखनीय है कि इनमें स्वदेशी स्रोतों से खरीद के लिए 82,127 करोड़ रुपये (97.4 फीसदी) के 21 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। डीएसी की यह अद्वितीय पहल न केवल सशस्त्र बलों का आधुनिकीकरण करेगी, बल्कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए रक्षा उद्योग को भी पर्याप्त बढ़ावा देगी।

7. आईआईटी कानपुर के विशेषज्ञों ने कृत्रिम हृदय तैयार किया

आईआईटी कानपुर (IIT Kanpur) के विशेषज्ञों ने एक कृत्रिम हृदय (Artificial Heart) तैयार किया है, जो हृदय रोग संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिये मददगार साबित होगा। कृत्रिम हृदय या आर्टिफिशियल हार्ट का जानवरों पर परीक्षण अगले साल शुरू होगा। इसके बाद हार्ट ट्रांसप्लांट (Heart Transplant) आसान होगा और गंभीर रोगियों में आर्टिफिशियल हार्ट ट्रांसप्लांट किये जा सकते हैं। आईआईटी कानपुर तथा देश भर के 10 वैज्ञानिकों और डॉक्टरों की एक टीम ने दो साल में इस कृत्रिम हृदय को तैयार किया है। जानवरों पर परीक्षण फरवरी या मार्च से शुरू होगा। परीक्षण में सफलता के बाद दो वर्षों में मनुष्यों में इसका प्रत्यारोपण किया जा सकेगा। हृदय रोग तेज़ी से बढ़ रहा है जिसके फलस्वरूप बड़ी संख्या में मरीजों को हृदय प्रत्यारोपण की सलाह दी जाती है, मरीजों की परेशानी कम करने के लिये यह कृत्रिम हृदय विकसित किया जा रहा है। भारत 80 प्रतिशत उपकरण और इम्प्लांट विदेशों से आयात करता है , केवल 20 प्रतिशत उपकरण एवं इम्प्लांट भारत में निर्मित किये जाते हैं।

8. तमिलनाडु ने मनानाला नल्लाथरवु मंद्रम योजना शुरू की

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने मेडिकल कॉलेज के छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य में सुधार के लिये मनोवैज्ञानिक सहायता प्रदान करने हेतु मनानाला नल्लाथरवु मंद्रम या मनम (MANAM) योजना शुरू की है। इसका उद्देश्य मेडिकल छात्रों को आत्महत्या करने से रोकने के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य से पीड़ित रोगियों के सही उपचार के लिये उन्हें प्रशिक्षित करना है। इस पहल के अंतर्गत छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करने में मदद मिलेगी। इसके लिये एक हेल्पलाइन नंबर 14416 भी जारी की गई है। तमिलनाडु सरकार ने इस पहल का शुभारंभ तिरुचि, पुडुकोट्टई एवं करूर ज़िलों के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में किया है।

9. सरकार का कहना है कि एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक ए०वी०जी०सी० सेक्टर अगले 10 साल में 20 लाख से ज्यादा लोगों को रोजगार मुहैया कराएगा

सरकार ने कहा है कि एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक क्षेत्र में आने वाले 10 वर्षों में 20 लाख से ज़्यादा लोगों को रोज़गार देने की संभावनाएं हैं। इस क्षेत्र में अगले दशक तक 16 -17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज़ होने का अनुमान है। ए वी जी सी – एक्स आर क्षेत्र के सामर्थ्य पर एवीजीसी कार्यबल रिपोर्ट के बारे में संवाददाताओं को जानकारी देते हुए सूचना और प्रसारण सचिव और कार्यबल के अध्यक्ष अपूर्व चंद्र ने कहा कि ए वी जी सी सेक्टर देश के इतिहास संस्कृति, कला और पारम्परिक खेलों को तकनीक के साथ साथ सृजनात्मक कौशल से जोड़ने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भारत में सूचना और प्रौद्योगिकी क्षेत्र के सामान ए वी जी सी क्षेत्र में वैश्विक गुरु बनने की क्षमता है। हाल ही में सूचना और प्रसारण मंत्री को कार्य बल के अध्‍यक्ष अतुल तिवारी द्वारा 22 दिसम्‍बर को ए वी जी सी एक्‍स आर क्षेत्र की संभावनाओं पर एक कार्य बल रिपोर्ट सौंपी गयी थी।

10. वैश्विक अर्थव्यवस्था को 2023 में मंदी का सामना करना पड़ेगा

एक ब्रिटिश कंसल्टेंसी फर्म सेंटर फॉर इकोनॉमिक्स एंड बिजनेस रिसर्च ने कहा है कि उच्च मुद्रास्फीति की वजह से ब्याज दरों में होने वाली वृद्धि के परिणामस्वरूप वैश्विक अर्थव्यवस्था को 2023 में मंदी का सामना करना पड़ेगा। संस्‍थान ने अपनी वार्षिक रिपोर्ट में कहा है कि वैश्विक अर्थव्यवस्था 2022 में पहली बार 100 ट्रिलियन डॉलर को पार कर गई, लेकिन 2023 में बढती हुई कीमतों के कारण इसमें गिरावट आएगी। रिपोर्ट में उम्मीद जताई गई है कि विभिन्‍न देशों के केंद्रीय बैंक आर्थिक लागत के बावजूद 2023 में अपने रुख पर कायम रहेंगे। इसमें कहा गया है कि मुद्रास्फीति पर नियंत्रण रखने के प्रयासों से विकास दर प्रभावित होगी। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के नवीनतम पूर्वानुमान की तुलना में ये निष्कर्ष और अधिक निराशाजनक हैं।

11. भारत ने 30 करोड़ से अधिक आयुष्‍मान भारत स्‍वास्‍थ्‍य पहचान पत्र-आभा कार्ड बनाने की उपलब्धि हासिल कर ली है

भारत ने 30 करोड़ से अधिक आयुष्‍मान भारत स्‍वास्‍थ्‍य पहचान पत्र-आभा कार्ड बनाने की उपलब्धि हासिल कर ली है। स्‍वास्‍थ्‍य और परिवार कल्‍याण मंत्री डॉक्‍टर मनसुख मंडाविया ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री ने कहा कि आयुष्‍मान भारत डिजीटल मिशन तकनीकी के इस्‍तेमाल से देश के नागरिकों के जीवन को सरल बना रहा है। आयुष्‍मान भारत स्‍वास्‍थ्‍य एकाउंट के माध्‍यम से भारतीय डिजीटल तरीके से अपने स्‍वास्‍थ्‍य रिकॉर्ड को जांच सकेंगे और उनका प्रबंधन कर सकेंगे। यह नागरिकों को देश भर के अस्‍पतालों में अपने स्‍वास्‍थ्‍य रिकॉर्डों के रख-रखाव में सहायता करेगा जिससे उनका उपचार आसानी से हो सकेगा।

12. गंगा बेसिन में सीवरेज का बुनियादी ढांचा विकसित करने के लिए एनएमसीजी की कार्यकारिणी समिति ने लगभग 2700 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी

राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) की कार्यकारिणी समिति की 46वीं बैठक 23 दिसंबर 2022 को एनएमसीजी के महानिदेशक श्री जी अशोक कुमार की अध्यक्षता में संपन्‍न हुई। इस बैठक में जिन परियोजनाओं को स्‍वीकृति दी गई, उनमें से 2700 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 12 परियोजनाएं उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में सीवरेज के बुनियादी ढांचे के विकास से संबंधित हैं। उत्तराखंड और बिहार के लिए वर्ष 2022-23 के लिए 42.80 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से वनरोपण कार्यक्रम को भी मंजूरी दी गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य सामुदायिक भागीदारी के दृष्टिकोण के साथ जलवायु के प्रति लचीले और टिकाऊ पारिस्थितिकी तंत्र के प्रबंधन के लिए एक सक्षम वातावरण का निर्माण करना है।

13. रूस और चीन ने पूर्वी चीन सागर में संयुक्त नौसैनिक अभ्यास आरंभ किया

हाल ही में रूस और चीन ने पूर्वी चीन सागर में संयुक्त नौसैनिक अभ्यास आरंभ किया है। इसमें फायरिंग तथा पनडुब्बी रोधी अभ्यास शामिल हैं। इस अभ्यास का मुख्य लक्ष्य रूसी संघ और पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के बीच नौसैनिक सहयोग को मज़बूत करना और एशिया प्रशांत क्षेत्र में शांति तथा स्थिरता बनाए रखना है। यह संयुक्त अभ्यास समुद्री सुरक्षा खतरों का संयुक्त रूप से जवाब देने के लिये दोनों पक्षों के दृढ़ संकल्प और क्षमता का प्रदर्शन करने तथा चीन-रूस व्यापक नए युग की रणनीतिक समन्वय साझेदारी को और बेहतर करने के लिये निर्देशित किया जाता है। रूस और चीन ने भी विगत एक वर्ष में लगातार कई सैन्य अभ्यास किये हैं, इसके अंतर्गत मई 2022 में दोनों देशों ने परमाणु-सक्षम बमवर्षकों(bombers) की उड़ान का परीक्षण किया था। इसके बाद सितंबर 2022 में एक व्यापक संयुक्त अभ्यास किया गया जिसके अंतर्गत 2,000 से अधिक चीनी सैनिक, सैकड़ों सैन्य वाहन, लड़ाकू विमान और युद्धपोत शामिल थे।

14. फिनलैंड ने विश्व की पहली पूरी तरह से काम करने वाली “सैंड बैटरी” स्थापित की

फिनलैंड ने अपने शहर कंकनपा (Kankaanpää) में विश्व की पहली पूरी तरह से काम करने वाली “सैंड बैटरी” स्थापित की है, जो एक ही बार में महीनों भर की हरित ऊर्जा का भंडारण करने में सक्षम है। यह बैटरी वर्ष भर आपूर्ति की समस्या को हल करने में मदद सकती हैं। सैंड बैटरी एक नया नवाचार है जिसमें काफी हद तक तापीय ऊर्जा को संग्रहित करने की क्षमता है और यह स्वच्छ ऊर्जा समाधानों में सहायता कर सकती है। “सैंड बैटरी” एक उच्च तापमान तापीय ऊर्जा भंडारण है जो अपने भंडारण माध्यम के रूप में रेत या रेत जैसी सामग्री का उपयोग करता है। यह रेत में ऊर्जा को ऊष्मा के रूप में संग्रहीत करता है। लंबी अवधि तक ऊष्मा बनाए रखने के लिये रेत एक बहुत ही प्रभावी माध्यम है, एक बार में यह महीनों तक की बिजली का भंडारण करता है। इसका मुख्य उद्देश्य अतिरिक्त पवन और सौर ऊर्जा के लिये उच्च शक्ति और उच्च क्षमता वाले संग्रह स्थान के रूप में काम करना है। इसमें ऊर्जा को ऊष्मा के रूप में संग्रहीत किया जाता है, जिसका उपयोग घरों में ऊष्मा के लिये किया जा सकता है, गर्म भाप और कुछ उद्योगों में उच्च तापमान प्रक्रिया हेतु ऊष्मा प्रदान करने के लिये किया जा सकता है, विशेषकर ऐसे संयंत्र जो जीवाश्म-ईंधन पर निर्भर होते हैं।

15. पश्चिम बंगाल का लालबाज़ार धातु शिल्प डोकरा का केंद्र बन रहा

पश्चिम बंगाल का लालबाज़ार न केवल एक कला केंद्र है, बल्कि एक लोकप्रिय धातु शिल्प, डोकरा का केंद्र भी बन रहा है। वर्ष 2018 में पश्चिम बंगाल के डोकरा शिल्प को भौगोलिक संकेतक (Geographical Indication- GI) टैग के साथ प्रस्तुत किया गया था। डोकरा झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना जैसे राज्यों में रहने वाले ओझा धातुकर्मियों द्वारा प्रचलित बेल धातु शिल्प का एक रूप है। हालाँकि इस कारीगर समुदाय की शैली और कारीगरी भी अलग-अलग राज्यों में भिन्न है। ढोकरा या डोकरा को बेल मेटल क्राफ्ट के रूप में भी जाना जाता है। ढोकरा नाम ढोकरा डामर जनजातियों से लिया गया है, जो पश्चिम बंगाल के पारंपरिक धातुकर्मी हैं।

16. अग्निपथ योजना में जम्‍मू-कश्‍मीर से चयनित अग्निवीरों का पहला बैच भारतीय सेना में शामिल

अग्निवीर योजना के अंतर्गत जम्मू-कश्मीर से चुने गए अग्निवीरों का सबसे पहला जत्था प्रशिक्षण के लिए भारतीय सेना में शामिल हो गया है। उन्हें अग्निवीर सामान्य ड्यूटी, तकनीकी, लिपिक और स्टोरकीपर तकनीकी तथा अग्निवीर ट्रेड्समेन के रूप में प्रशिक्षण के लिए सेना में शामिल किया गया है। शारीरिक जांच, मेडिकल जांच, लिखित परीक्षा और दस्तावेजों के सत्यापन सहित विभिन्न प्रकार की कठिन जांच प्रक्रियाओं से गुजरने के बाद लगभग 200 अग्निवीरों को चुनकर श्रीनगर के सेना भर्ती केन्द्र से सेना की अलग-अलग रेजिमेंटों के लगभग 30 प्रशिक्षण केन्द्रों में भेजा गया है। उनका प्रशिक्षण पहली जनवरी से शुरू होगा।

17. कनाडा में ध्रुवीय भालू की जनसंख्या में गिरावट दर्ज की गई

एक नई सरकारी रिपोर्ट में पाया गया है कि कनाडा में पश्चिमी हडसन बे ध्रुवीय भालू की आबादी में पिछले 5 वर्षों में 27 प्रतिशत की गिरावट आई है। वर्तमान में रूस, अलास्का, नॉर्वे, ग्रीनलैंड और कनाडा में ध्रुवीय भालू आबादी फैली हुई है। पश्चिमी हडसन की खाड़ी में ध्रुवीय भालू की आबादी सबसे पहले विलुप्त होने की उम्मीद है। 2011 और 2016 के बीच इस क्षेत्र में ध्रुवीय भालुओं की संख्या में 11 प्रतिशत की गिरावट आई है। 2021 में, पश्चिमी हडसन की खाड़ी के ध्रुवीय भालुओं द्वारा पैदा किए गए शावकों की संख्या में कमी आई है, जिससे उम्र बढ़ने वाली आबादी और समुद्री बर्फ के पिघलने की बढ़ती भेद्यता के बारे में चिंता पैदा हो गई है। सरकारी अध्ययन में पाया गया कि 2021 में केवल 618 ध्रुवीय भालू शेष थ। यह 1980 के दशक की जनसंख्या के आंकड़ों से लगभग 50 प्रतिशत की गिरावट है। तेजी से गिरावट का कारण जलवायु परिवर्तन है।

18. जर्मनी ने बेनिन से लूटी गई 20 बेनिन ब्रॉन्ज़ पट्टिकाएँ और मूर्तियाँ नाइजीरिया को लौटा दीं

जर्मनी ने बेनिन से लूटी गई 20 बेनिन ब्रॉन्ज़ पट्टिकाएँ और मूर्तियाँ नाइजीरिया को लौटा दीं। जुलाई 2022 में जर्मनी द्वारा नाइजीरिया के साथ लगभग 1,100 बेनिन ब्रॉन्ज़ के स्वामित्व के हस्तांतरण हेतु समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद इन कीमती कलाकृतियों की वापसी हुई। बेनिन ब्रॉन्ज़ वर्तमान नाइजीरिया में बेनिन के प्राचीन साम्राज्य की 3,000 से अधिक मूर्तियों और कलाकृतियों का एक समूह है। यह लगभग 16वीं शताब्दी का है। वर्ष 1897 में बेनिन शहर पर कुख्यात छापे के दौरान ब्रिटिश औपनिवेशिक ताकतों द्वारा इन्हें लूट लिया गया था। इनमें से कई कलाकृतियाँ विशेष रूप से राजाओं या ओबास और राज्य की राजमाताओं के लिये अधिकृत किये गए थे। ये कलाकृतियाँ बेनिन साम्राज्य की संस्कृति के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों के साथ इसके संबंधों के बारे में अंतर्दृष्टि प्रदान करती हैं। इनमें से कुछ कलाकृतियाँ यूरोपीय लोगों के साथ राज्य के संबंधों की भी प्रदर्शित करती हैं।

19. अमेरिका में आर्कटिक ब्लास्ट से तापमान माइनस 57 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा

आर्कटिक ब्लास्ट से अमेरिका में पारा माइनस 57 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। कई इलाकों में साढ़े तीन फीट मोटी बर्फ जमी है। हवाएं इतनी तेज और ठंडी हैं कि हड्डियों को जमा दें। आर्कटिक ब्लास्ट को ही आर्कटिक बॉम्ब (Arctic Bomb) कहते हैं। कुछ समय के लिए आर्कटिक इलाके से ठंडी हवा की झोंका गर्म इलाकों की तरफ तेजी से जाता है। इसकी वजह से 24 घंटे के अंदर तापमान माइनस में चला जाता है। चारों तरफ बर्फ जम जाती है। भयानक बर्फबारी होती है। ठंडी हवाएं चलती हैं। यह स्थिति ठंडी हवाओं के खत्म होने तक चलती रहती है। आर्कटिक ब्लास्ट की वजह से अमेरिका में अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है।

20. फीफा ने आधिकारिक तौर पर 2022 विश्व रैंकिंग की घोषणा की

फीफा ने आधिकारिक तौर पर 2022 विश्व रैंकिंग की घोषणा की है, और ब्राजील अपने नंबर 1 स्थान पर कायम है और 22वां फीफा पुरुष विश्व कप 2022 चैंपियंस अर्जेंटीना दूसरे स्थान पर है। 2022 फीफा ग्लोबल कप में अपनी उपलब्धियों के बाद, मोरक्को फीफा विश्व रैंकिंग में 22वें से 11वें स्थान पर पहुंच गया है। अर्जेंटीना से विश्व कप के फाइनल में हारने वाली फ्रांस (1823.39 अंक) की टीम तीसरे और बेल्जियम चौथे स्थान पर है। भारत 106वें पायदान पर बना हुआ है।

21. मध्य प्रदेश शिखर खेल अलंकरण समारोह 2020

केंद्रीय खेल और युवा कार्य मंत्री ने 26 दिसंबर, 2022 को भोपाल में मध्य प्रदेश शिखर खेल अलंकरण समारोह 2020 के लिये खेल हस्तियों को सम्‍मानित किया। मलखंभ के लिये वैष्णवी कहार को स्व. प्रभाष जोशी खेल पुरस्कार 2020 दिया गया। पद्मश्री तथा पूर्व अध्यक्ष इंदौर टेबल टेनिस संघ के अभय छजलानी को लाईफ टाइम एचीवमेंट पुरस्कार 2020 के लिये चुना गया है। इसके अलावा समारोह में विश्वामित्र पुरस्कार, विक्रम पुरस्कार व एकलव्य पुरस्कार भी शामिल हैं, साथ ही केंद्रीय खेल और युवा कार्य मंत्री एवं मध्य प्रदेश के मुख्‍यमंत्री ने खेलो इंडिया युवा खेल 2022 के लोगो का भी अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्‍यमंत्री चौहान ने घोषणा की कि ओलंपिक खेलों में पदक प्राप्‍त करने वाले राज्‍य के खिलाडियों को उप-पुलिस अधीक्षक, उप-कलेक्‍टर के पद पर नियुक्‍त किया जाएगा। खेलो इंडिया खेल में पदक प्राप्‍त करने वाले खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के दौरान प्रतिवर्ष पाँच लाख रुपए दिये जाएंगे। भोपाल में बरखेड़ा नाथु के निकट एक अंतर्राष्ट्रीय स्‍टेडियम बनाया जा रहा है। मध्य प्रदेश में 15 अगस्‍त, 2023 तक देश में एक हज़ार खेलो इंडिया केंद्र खोले जाएंगे। खेलो इंडिया युवा खेल की शुरुआत वर्ष 2018 में हुई थी। अब तक दिल्ली, महाराष्ट्र, असम, हरियाणा में इसका आयोजन हो चुका है। 5वें खेलो इंडिया युवा खेल 2023 की मेज़बानी मध्य प्रदेश को मिली है। इसका आयोजन जनवरी-फरवरी, 2023 में किया जाएगा। खेलो इंडिया युवा खेल का आयोजन मध्य प्रदेश के 8 शहरों में किया जाएगा, इसका एक खेल दिल्ली में खेला जाएगा।

22. मुक्केबाज़ निकहत ज़रीन ने भोपाल में पहली बार महिला राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप का खिताब जीता

निकहत जरीन ने अपनी पहली राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप जीत ली है। भोपाल में हुए खिताबी मुकाबले में निकहत ने रेलवे की अनामिका को 4-1 से पराजित किया। उन्‍होंने 50 किलोग्राम भार वर्ग में खेलते हुए सभी मैचों में जीत हासिल की। राष्ट्रीय महिला मुक्केबाजी चैंपियनशिप में कुल 302 मुक्केबाजों ने 12 भार वर्गों की प्रतिस्पर्धाओं में भाग लिया। प्रतियोगिता में रेलवे को ओवरऑल चैंपियन का खिताब मिला, जबकि मेजबान मध्य प्रदेश को उपविजेता घोषित किया गया। खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने सभी विजेताओं को पुरस्‍कार प्रदान किये।

23. 26 दिसम्बर : वीर बाल दिवस

26 दिसंबर को “वीर बाल दिवस” ​​के रूप में मनाया जा रहा है। इस दिन साहिबजादा फतेह सिंह और साहिबजादा जोरावर सिंह की शहादत हुई थी। उन्हें दीवार में जिंदा चुनवा दिया गया था। उन्होंने अधार्मिक मार्ग पर चलने के बजाय मृत्यु को प्राथमिकता दी। चारों साहबजादे अन्याय के आगे कभी नहीं झुके। वे एक सामंजस्यपूर्ण दुनिया बनाना चाहते थे। पंजाबी में साहिबजादे का मतलब होता है बेटे। यह शब्द आमतौर पर सिख गुरु गोबिंद सिंह के चार पुत्रों को संदर्भित करने के लिए प्रयोग किया जाता है। वह सिखों के दसवें गुरु थे।उनकी जयंती हर साल 9 जनवरी को मनाई जाती है। उनके चार बेटे साहिबजादा बाबा अजीत सिंह, जुझार सिंह, जोरावर सिंह और फतेह सिंह थे।