संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद में मानवीय सहायता को प्रतिबंधों से छूट देने के प्रस्‍ताव पर भारत ने मतदान में हिस्‍सा नहीं लिया

0
59

1. संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद में मानवीय सहायता को प्रतिबंधों से छूट देने के प्रस्‍ताव पर भारत ने मतदान में हिस्‍सा नहीं लिया

संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद में मानवीय सहायता को प्रतिबंधों से छूट देने के प्रस्‍ताव पर भारत ने मतदान में भाग नहीं लिया। संयुक्‍त राष्‍ट्र में भारत की स्‍थायी प्रतिनिधि रूचिरा कम्‍बोज ने कहा कि भारत के पड़ोसी देशों में आतंकवादी गिरोह मानवीय सहायता की आड़ में आतंकी गतिविधियां चलाते हैं। इनमें से कुछ संगठनों के नाम सुरक्षा परिषद की सूची में भी शामिल है। ऐसे गिरोहों को कुछ सामाजिक संगठन, प्रतिबंधों से बचाते हैं जो कि भारत के लिए चिंता का विषय है। यह आतंकी गिरोह मानवीय सहायता के नाम पर धन जुटाने और आतंकियों की भर्ती का काम भी करते हैं। पाकिस्‍तान का परोक्ष उदाहरण देते हुए सुश्री कम्‍बोज ने कहा कि ऐसे संगठनों को मानवीय सहायता देते समय इन सभी पहलुओं पर ध्‍यान देना आवश्‍यक है। ऐसे आतंकवादी संगठन कुछ देशों में पनाह पाते हैं और अंतर्राष्‍ट्रीय समुदाय के लिए गंभीर खतरा बनते हैं। भारत ने जोर दिया है कि ऐसे संगठनों को किसी भी परिस्थिति में मानवीय सहायता की आड़ में आतंकी गतिविधि चलाने से छूट नहीं मिलनी चाहिए। उन्‍होंने कहा कि आतंकी गिरोह मानवीय सहायता का दुरूपयोग करते हैं और अपने आतंकी तंत्र का व्‍यापक प्रसार करते हैं। ऐसे तत्‍वों को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। सुश्री कम्‍बोज ने कहा कि यही कारण है कि भारत ने आतंकी गिरोहों पर नियंत्रण से सम्‍बद्ध संयुक्‍त राष्‍ट्र प्रस्‍ताव संख्‍या 1267 में निगरानी दल के गठन और सूचना तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया।

2. सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री होंगे

हिमाचल प्रदेश के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और नदौण से चार बार के विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री होंगे। निवर्तमान विधानसभा में विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री उप-मुख्‍यमंत्री होंगे।

3. भाजपा नेता भूपेन्द्र पटेल लगातार दूसरी बार गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे

गुजरात में श्री भूपेंद्र पटेल राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में दूसरी बार शपथ लेंगे। गांधीनगर में वरिष्ठ नेताओं राजनाथ सिंह, अर्जुन मुंडा और बी.एस. येदुयुरप्पा की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी के नव-निर्वाचित विधायकों की बैठक हुई जिसमें श्री पटेल को मुख्यमंत्री चुना गया। गांधीनगर के हेलीपेड मैदान में आयोजित एक समारोह में वे गुजरात के 18वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।

4. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उत्तर प्रदेश में काशी और तमिलनाडु के बीच नई रेलगाड़ी काशी-तमिल संगमम की घोषणा की

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने काशी और तमिलनाडु के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के लिये उत्तर प्रदेश में काशी और तमिलनाडु के बीच काशी तमिल संगमम नाम से एक नई रेलगाड़ी चलाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि काशी-तमिल संगमम दो संस्कृतियों का मिलन है।

5. दुनिया की सबसे मजबूत पासपोर्ट सूची 2022 में भारत 87वें स्थान पर

आर्टन कैपिटल ने विश्व के सबसे मजबूत पासपोर्ट और सबसे कमजोर पासपोर्ट वाले देशों की एक सूची पर रिपोर्ट छापी है। पासपोर्ट किसी देश की सरकार द्वारा अपने नागरिकों को जारी किया गया एक यात्रा सर्टिफिकेट है, जो वहां के नागरिक को अंतरराष्ट्रीय यात्रा करने के उद्देश्य से नागरिक की पहचान और उसके राष्ट्रीयता के बारे में बताता है। दुनिया की सबसे मजबूत पासपोर्ट सूची में भारत 87वें स्थान पर है, जबकि 2022 के लिए पासपोर्ट की रेटिंग में यूएई पहले स्थान पर है। यूएई के बाद जर्मनी, स्वीडन, फिनलैंड, लक्समबर्ग, स्पेन फ्रांस का स्थान रहा। अफगानिस्तान अंतिम स्थान पर रहा वहीं पाकिस्तान 94वें स्थान पर रहा। जापान 24वें स्थान पर है, क्योंकि उसकी 171 देशों तक आसान पहुंच थी। पासपोर्ट इंडेक्स संयुक्त राष्ट्र के 139 सदस्यों पर आधारित है। इस सूची को बनाने के लिए 6 अलग पहलुओं पर विचार किया गया है। इस लिस्ट के लिए डेटा अलग-अलग देशों के सरकारों द्वारा दी गई है। इस सूची को बनाने के लिए 3 स्टेप पर काम होता है, जो मोबिलिटी स्कोर (MS) के आधार पर रेट करती है। इसमें वीजा-मुक्त (VF), वीजा ऑन अराइवल (VOA), eTA और eVisa (यदि 3 दिनों के भीतर जारी किया जाता है) का VF हिस्सा भी शामिल है।

6. जापान, ब्रिटेन और इटली के साथ संयुक्त रूप से अगली पीढी के युद्धक जेट विमान विकसित करेगा

जापान ने घोषणा की है कि वह ब्रिटेन और इटली के साथ संयुक्त रूप से अगली पीढी के युद्धक जेट विमान विकसित करेगा। अपने परम्परागत सहयोगी अमरीका के साथ साथ अन्य देशों से रक्षा सहयोग बढाने के क्रम में यह फैसला किया गया है। नये जेट विमान मित्सुबिशी एफ एक्स पुराने हो चुके एफ-टू श्रृखंला के विमानों की जगह लेंगे। चीन की बढती दंबग का मुकाबला करने के लिए जापान ने ब्रिटेन और इटली के साथ रक्षा सहयोग का निर्णय लिया है। ग्लोबल कॉम्बैट एयर प्रोग्राम (जीसीएपी) नामक इस परियोजना में जापान के एफएक्स कार्यक्रम का विलय ,ब्रिटेन की फ्यूचर कॉम्बैट एयर सिस्टम प्रोजेक्ट जिसे टेम्पेस्ट के रूप में भी जाना जाता है, में किया जायेगा। ब्रिटेन के बीएई सिस्टम्स, जापान के मित्सुबिशी हेवी इंडस्ट्रीज और इटली के लियोनार्डो विमान के डिजाइन का नेतृत्व करेंगे, जिसमें एआई और साइबर युद्ध में उन्नत डिजिटल क्षमताएं होंगी।

7. मेघालय सरकार ने एशिया के पहले ड्रोन डिलीवरी हब का अनावरण किया

मेघालय सरकार ने ‘टेक ईगल’ नाम के स्टार्टअप के साथ सझेदारी में एशिया के पहला ड्रोन डिलिवरी केंद्र एवं नेटवर्क की शुरुआत की है। इसका उद्देश्य राज्यभर के लोगों को स्वास्थ्य देखभाल तक पहुंच देना है। एक विज्ञप्ति में बताया गया कि इस परियोजना का उद्देश्य ड्रोन डिलिवरी नेटवर्क के जरिए राज्य के विभिन्न हिस्सों में दवा, जांच के नमूने, टीके जैसी जरूरी चीजों आपूर्तियों को सुरक्षित तरीके से एवं जल्द से जल्द पहुंचाना है।

8. इसरो लद्दाख के लिए स्थानिक डेटा इन्फ्रास्ट्रक्चर जियोपोर्टल ‘जियो-लद्दाख’ विकसित करेगा

केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख की सरकार ने लद्दाख के लिए स्थानिक डेटा इन्फ्रास्ट्रक्चर जियोपोर्टल ‘जियो-लद्दाख’ विकसित करने के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की एक इकाई, भारतीय सुदूर संवेदन संस्थान (IIRS) से संपर्क किया है। इस पोर्टल का उपयोग भू-स्थानिक जानकारी और उससे जुड़ी भौगोलिक सेवाओं जैसे नेविगेशन, बफर, माप विश्लेषण, मेटाडेटा कैटलॉग, मैप कैटलॉग और अन्य को खोजने, एक्सेस करने, वितरित करने और योगदान करने के लिए किया जाएगा।

9. पी.टी. उषा आधिकारिक रूप से भारतीय ओलंपिक संघ की पहली महिला अध्यक्ष चुनी गईं

पी. टी. उषा आधिकारिक रूप से भारतीय ओलंपिक संघ की पहली महिला अध्यक्ष चुनी गईं। 58 वर्षीय पी. टी. उषा ने एशियाई खेलों में कई पदक जीते और 1984 ओलंपिक खेलों में 400 मीटर की बाधा दौड़ में चौथे स्थान पर रही थीं। अजय पटेल को भारतीय ओलंपिक संघ का वरिष्ठ उपाध्यक्ष, और राजलक्ष्मी सिंह देव और गगन नारंग को उपाध्यक्ष चुना गया है।

10. मेघना अहलावत टीटीएफआई की पहली महिला अध्यक्ष चुनी गई

मेघना अहलावत को टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया का अध्यक्ष चुना गया। मेघना अहलावत इसकी पहली महिला अध्यक्ष चुनी गई हैं, आठ बार के राष्ट्रीय चैंपियन कमलेश मेहता ने टीटीएफआई के नए महासचिव के रूप में पदभार ग्रहण किया है और पटेल नागेंद्र रेड्डी को कोषाध्यक्ष के रूप में चुना गया है। अहलावत, जो हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की पत्नी हैं, ने गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी के खिलाफ चुनाव लड़ा था।

11. केंद्रीय मंत्री डॉक्टर वीरेंद्र कुमार ने आकाशवाणी भवन में दिव्य कला शक्ति कार्यक्रम का उद्घाटन किया

केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉक्टर वीरेंद्र कुमार ने आकाशवाणी भवन के रंग भवन ऑडिटोरियम में दिव्य कला शक्ति कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में विशेष दिव्यांगजन बच्चों ने गायन, नृत्य और एक्टिंग के माध्यम से अपनी कलाओं को प्रदर्शित किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विकलांग व्यक्तियों मे छुपी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना था।

12. देश के सबसे बडे बिजनेस जेट टर्मिनल का कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उद्घाटन

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर देश के पहले चार्टर्ड गेटवे और व्‍यावसायिक जेट टर्मिनल का उद्घाटन किया। इसी के साथ कोचीन हवाईअड्डा निजी जेट टर्मिनल संचालित करने वाला देश का चौथा हवाई अड्डा बन गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हवाई अड्डे पर अंतर्राष्ट्रीय कार्गो भवन अगले वर्ष अक्टूबर में शुरू हो जाएगा। नया व्‍यावसायिक जेट टर्मिनल चालीस हजार वर्ग फुट क्षेत्र में चालीस करोड़ रुपये की लागत से बना है। यह अंतरराष्‍ट्रीय और घरेलू जेट सेवाओं को एक साथ संचालित करने के रूप में कार्य करेगा। इस टर्मिनल में अन्‍य के अलावा, आरामदेह लाउंज, व्‍यापार केन्‍द्र, सीमा शुल्‍क और आव्रजन सुविधाएं उपलब्‍ध होंगी। उच्‍च सुरक्षा वाले वी.आई.पी अतिथियों के लिए यह सुरक्षित स्‍थान होगा।

13. दिल्ली में यूनाइटेड सर्विस इंस्टीट्यूशंस ऑफ इंडिया में दिवंगत जनरल बिपिन रावत की आवक्ष प्रतिमा का अनावरण हुआ

रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने नई दिल्ली में यूनाइटेड सर्विस इंस्टीट्यूशंस ऑफ इंडिया में देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ-सीडीएस दिवंगत जनरल बिपिन रावत की आवक्ष प्रतिमा का अनावरण किया। जनरल बिपिन रावत की पहली बरसी पर आयोजित एक कार्यक्रम में मौजूदा सीडीएस जनरल अनिल चौहान, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी आर चौधरी, नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार, थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे तथा अन्य सेवारत और सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों ने उनको श्रद्धांजलि दी।

14. जम्मू-कश्मीर ने आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड वितरण क्षेत्र में प्रथम पुरस्कार प्राप्‍त किया

जम्मू-कश्मीर ने आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड वितरण क्षेत्र में प्रथम पुरस्कार प्राप्‍त किया है। केन्‍द्र शासित प्रदेश को टेली-परामर्श श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार मिला है। उत्‍तर प्रदेश के वाराणसी में 10 और 11 दिसंबर को सार्वभौम स्‍वास्‍थ्‍य सेवा दिवस के उत्सव के दौरान यह पुरस्‍कार दिए जाने की घोषणा की गई। सार्वभौम स्‍वास्‍थ्‍य सेवा दिवस हर वर्ष लोगों को बिना किसी वित्तीय कठिनाई के गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के लिए मनाया जाता है। जम्‍मू-कश्‍मीर के राष्‍ट्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मिशन के नोडल अधिकारी डॉक्‍टर मोहम्मद शफी कोका ने यह पुरस्कार प्राप्त किये।

15. देश भर में 15 अगस्त तक 1000 खेलो इंडिया केंद्र खोले जाएंगे

केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय, अनुराग ठाकुर ने 9 दिसंबर 2022 को लोकसभा को सूचित किया कि 15 अगस्त 2023 तक देश में एक हजार खेलो इंडिया खेल केंद्र स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने अब तक 773 केंद्रों को मंजूरी दी है। देश भर में जमीनी स्तर के खेल बुनियादी ढांचे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकारों के साथ साझेदारी में केंद्रीय खेल मंत्रालय द्वारा खेलो इंडिया केंद्र शुरू किए गए हैं।

16. एनएमसीजी ने अर्थ गंगा के तहत ‘समुदाय और स्थानीय संसाधनों का लाभ उठाने के लिए प्रौद्योगिकी पर आधारित क्षमता निर्माण कार्यक्रम’ पर परियोजना शुरू की

राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के महानिदेशक श्री जी. अशोक कुमार ने अर्थ गंगा के तहत ‘समुदाय और स्थानीय संसाधनों का लाभ उठाने के लिए प्रौद्योगिकी पर आधारित क्षमता निर्माण कार्यक्रम‘ पर परियोजना की शुरुआत की। इस अवसर पर हिमालयी पर्यावरण अध्ययन और संरक्षण संगठन (एचईएससीओ) के संस्थापक और पद्म विभूषण श्री अनिल जोशी उपस्थित थे। यह परियोजना संयुक्त रूप से एनएमसीजी और एचईएससीओ के द्वारा कार्यान्वित की जा रही है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य अर्थ गंगा परियोजना के तहत गंगा नदी के किनारे स्थित स्थानीय समुदाय के बीच भविष्य के लिए नई जरूरत- आधारित कौशल विकसित करना और समुदाय के सदस्यों को वैकल्पिक समाधान प्रदान करना है।

17. वीना नायर को ऑस्ट्रेलिया में मिला प्रधानमंत्री पुरस्कार

ऑस्ट्रेलिया में भारतीय मूल की विज्ञान शिक्षका वीना नायर (Veena Nair) को माध्यमिक विद्यालयों में विज्ञान शिक्षण में उत्कृष्टता के लिए (For Excellence in Science Teaching) 2022 का प्रधानमंत्री पुरस्कार मिला है। मेलबर्न स्थित वीना नायर, जो व्यूबैंक कॉलेज की प्रौद्योगिकी प्रमुख और स्ट्रीम प्रोजेक्ट लीडर हैं, को छात्रों के लिए स्ट्रीम के व्यावहारिक अनुप्रयोग का प्रदर्शन करने और दुनिया में वास्तविक प्रभाव बनाने के लिए वे अपने कौशल का उपयोग कैसे कर सकते हैं, के लिए सम्मानित किया गया है।

18. लेखिका मानसी गुलाटी ने अपनी पुस्तक ‘मिरेकल ऑफ फेस योगा’ का विमोचन किया

मनस्वनी की संस्थापक मानसी गुलाटी ने अपनी पुस्तक ‘मिरेकल्स ऑफ फेस योगा’ का विमोचन किया है, जिसे भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सराहा है। राष्ट्रपति मैडम ने यह कहते हुए काम की सराहना की कि फेस योगा एक उपयुक्त समय पर सामने आया है जब दुनिया प्रतिरक्षा में सुधार और समग्र जीवन शैली विकसित करने के लिए समाधान की तलाश कर रही है। पुस्तक ‘फेस योगा’ चेहरे के योग पर एक व्यापक कार्य है जो स्पष्ट और सरल भाषा में लिखा गया है, जिसे नौसिखियों और अभ्यासकर्ताओं द्वारा समान रूप से आसानी से समझा जा सकता है।

19. बैंक ऑफ बड़ौदा ने वित्तीय सुरक्षा पर ईएजी पुरस्कार जीता

राज्य के स्वामित्व वाले बैंक ऑफ बड़ौदा ने 6 दिसंबर 2022 को एक विज्ञप्ति में कहा है कि उसने 10 अक्टूबर 2022 को सोची, रूस में आयोजित वित्तीय सुरक्षा के अंतर्राष्ट्रीय ओलंपियाड में ईएजी( EAG) पुरस्कार प्राप्त किया है। मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकवाद का मुकाबला करने वाला यूरेशियन समूह (EAG) एक FATF प्रकार का क्षेत्रीय है जिसमें भारत सहित 9 सदस्य शामिल हैं। फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (FATF) वैश्विक एंटी-मनी लॉन्ड्रिंग और एंटी-टेररिस्ट फाइनेंसिंग बॉडी है।

20. मानवाधिकार दिवस : 10 दिसंबर

विश्व भर में प्रतिवर्ष 10 दिसंबर को मानवाधिकार दिवस का आयोजन किया जाता है। बता दें कि द्वितीय विश्व युद्ध के अत्याचारों ने मानव अधिकारों के महत्व को एक ‘अंतर्राष्ट्रीय प्राथमिकता’ बना दिया था। जिसके बाद से अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस प्रत्येक वर्ष 10 दिसंबर 1948 को संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा मानवाधिकारों की सार्वभौमिक घोषणा (यूडीएचआर) को अपनाने की याद दिलाता है।

21. प्रधानमंत्री ने मराठी लावणी की प्रख्यात गायिका सुलोचना ताई चह्वाण के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मराठी लावणी की प्रख्यात गायिका सुलोचना ताई चह्वाण के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। सुलोचना चव्हाण का उम्र संबंधी बीमारियों के कारण निधन हो गया। पद्मश्री से सम्मानित चव्हाण (92) ने दक्षिण मुंबई में अपने आवास पर अंतिम सांस ली। ‘लावणी समरदनी’ (लावणी की रानी) के रूप में प्रसिद्ध सुलोचना चव्हाण महाराष्ट्र की इस पारंपरिक संगीत शैली में सबसे मशहूर गायिकाओं में शुमार थीं। उन्हें संगीत को दिए उनके योगदान के लिए पद्मश्री से भी सम्मानित किया गया था।