फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने सौर ऊर्जा क्षेत्र में अधिक प्रयास किए जाने पर जोर दिया

0
168

CURRENT GK

 

1.अफगान आर्थिक विकास में भारत ने निभाई जिम्मेदार भूमिका : अमेरिका :-

अमेरिका ने अफगानिस्तान में भारत के काम की सराहना की। उसने कहा कि अफगानिस्तान के आर्थिक विकास में भारत ने जिम्मेदारीपूर्वक भूमिका निभाई है। साथ ही कहा कि भारत-अफगानिस्तान-अमेरिका का त्रिपक्षीय सहयोग पाकिस्तान के खिलाफ नहीं है।

अमेरिका की वरिष्ठ राजनयिक एलिस वेल्स ने कहा कि पिछले कई वर्षों से अफगानिस्तान के आर्थिक विकास और पुनर्निर्माण में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अफगानिस्तान सरकार ने इसकी सराहना की है। इस महीने की शुरुआत में काबुल प्रोसेस सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए वेल्स अफगान राजधानी गई थीं

 

2.प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सौर परियोजनाओं के लिए रियायती तथा भरोसेमंद वित्तीय व्यवस्था का आग्रह किया :-

अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन का स्थापना सम्मेलन नई दिल्ली में शुरू हुआ। इसका आयोजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने किया है। सम्मेलन का उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के संकट से उबरने के लिए सामूहिक प्रयास करना है। सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विभिन्न ऊर्जा स्रोतों में सौर ऊर्जा का अनुपात बढ़ाने के लिए रियायती दर पर और भरोसेमंद वित्तीय व्यवस्था का आह्वान किया।

श्री मोदी ने दस सूत्री सौर ऊर्जा कार्यक्रम का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सभी देशों को किफायती सौर ऊर्जा उपलब्ध होनी चाहिए। उन्होंने इसके मानकीकरण और नियमन पर भी बल दिया। श्री मोदी ने कहा कि भारत ने 2022 तक नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से 175 गीगावॉट बिजली उत्पादन का लक्ष्य रखा है। सौर ऊर्जा के प्रति भारत की बचनबद्धता का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत सौर गठबंधन के सदस्य देशों को प्रशिक्षण उपलब्ध करायेगा तथा इस क्षेत्र में अनुसंधान और विकास में सहयोग के लिए मिशन के रूप में कार्य करेगा।

 

3.फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने सौर ऊर्जा क्षेत्र में अधिक प्रयास किए जाने पर जोर दिया :-

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने कहा कि विश्व में सौर ऊर्जा की उपयोगिता का बड़ा महत्व है लेकिन इस क्षेत्र में अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। स्वागत भाषण में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन में भारत की बचनबद्धता बहु-राष्ट्रीय सहयोग का न केवल प्रमाण है बल्कि बेहतर, टिकाऊ और प्रदूषण मुक्त भविष्य के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भारत ने अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन सचिवालय की स्थापना में दो करोड़ 70 लाख डॉलर का योगदान दिया है और सौर गठबंधन कोष की भी स्थापना की। इससे पहले 61 देशों ने अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन प्रारूप समझौते पर हस्ताक्षर किए और32 देशों ने इसकी पुष्टि की।

 

4.भारत और फ्रांस पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सहयोग को देंगे संस्थागत रुप :-

केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन ने बताया कि भारत और फ्रांस ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सहयोग को संस्थागत रुप देने के लिए संयुक्त कार्यसमूह गठित करने का फैसला किया है। पर्यावरण मंत्री ने फ्रांस की पारिस्थितिकी एवं समावेशी परिवर्तन राज्यमंत्री ब्रून प्वारसन के साथ पर्यावरण एवं जैवविविधता के संरक्षण के क्षेत्र में सहयोग पर प्रतिनिधमंडल स्तर की वार्ता की। श्री प्वारसन भारत की यात्रा पर आये फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों के साथ आयी टीम का हिस्सा हैं।

श्री हर्षवर्धन ने शनिवार को ट्वीट किया, ” भारत और फ्रांस ने पर्यावरण के संरक्षण के क्षेत्र में सहयोग को संस्थागत रुप देने के लिए संयुक्त कार्यसमूह गठित करने का फैसला किया है। फ्रांस की मंत्री प्वारसन ने कहा कि यह महत्वाकांक्षी शुरूआत है और भारत- फ्रांस को सहयोग को मजबूत बनाने की राह में आने वाले अवरोधों को दूर करना चाहिए।

 

5.चीन की संसद ने राष्ट्रपति के लिए दो कार्यकाल की सीमा समाप्त कर मौजूदा राष्ट्रपति शी चिनफिंग के आजीवन राष्ट्रपति बने रहने का रास्ता साफ किया :-

चीन की संसद ने राष्ट्रपति के लिए दो कार्यकाल की सीमा समाप्त कर मौजूदा राष्ट्रपति शी चिनफिंग के आजीवन राष्ट्रपति बने रहने का रास्ता साफ कर दिया है। राजधानी पेईचिंग में चीन की संसद-नेशनल पीपल्स कांग्रेस की वार्षिक बैठक में इस संविधान संशोधन को दो-तिहाई बहुमत से मंजूरी दी गई। राष्ट्रपति के तौर पर 64 वर्षीय षी चिनफिंग का दूसरा कार्यकाल 2023 में समाप्त होना था।

 

6.अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष ने कहा- भारतीय अर्थव्यवस्था नोटबंदी और जीएसटी अपनाने की अस्थाई बाधाओं से उबरने लगी है :-

अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष ने कहा है कि भारत की अर्थव्यवस्था नोटबंदी तथा वस्तुय और सेवा कर-जीएसटी प्रणाली अपनाए जाने पर उत्पन्न व्यवधानों से उबरने लगी है। समाचार एजेंसी पीटीआई से भेंट में अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के उप-प्रबंध निदेशक ताओ चांग ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था में हाल के वर्षों में मजबूती आई है। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था पिछली तिमाही में सात दशमलव दो प्रतिशत बढ़ी है और भारत विश्व की तेज गति से बढ़ती अर्थव्यवस्था वाला देश हो गया है।

 

7.रोहन बोपन्ना और फ्रांस के उनके जोड़ीदार कैलिफोर्निया में इंडियन वेल्स मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट से बाहर :-

रोहन बोपन्ना और उनके फ्रांसीसी जोड़ीदार एडूगार्ड रोजर वेसलिन अमरीका में कैलिफोर्निया में इंडियन वेल्स मास्टर्स टेनिस प्रतियोगिता से बाहर हो गए हैं। डबल्स मुकाबले में भारत की ओर से सिर्फ रोहन बोपन्ना भाग ले रहे थे।