हरियाणाः मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने ‘वोटर्स-इन-क्यू’ नाम से एक ऐप लॉन्च किया

0
20

1 हरियाणाः मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने ‘वोटर्स-इन-क्यू’ नाम से एक ऐप लॉन्च किया

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने ‘वोटर्स-इन-क्यू’ नाम से एक ऐप लॉन्च किया है। इसके माध्यम से मतदाता घर बैठे ही मतदान केंद्रों पर कतार के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और भीड़ कम होने पर मतदान करने जा सकते हैं। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने इस बार 30 शहरी विधानसभा क्षेत्रों में ‘वोटर-इन-क्यू’ ऐप के काम करने की अनुमति दी है।

2 डब्ल्यूएचओ ने हवा के माध्यम से संचारित होने वाले रोगजनकों के लिये ‘संक्रामक श्वसन कण’ या आईआरपी शब्द पेश किया

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने वायु के माध्यम से प्रसारित रोगजनकों का वर्णन करने के लिये एक मानकीकृत शब्द ‘संक्रामक श्वसन कण‘ (IRP) पेश किया है। इस कदम का उद्देश्य सभी क्षेत्रों में शब्दावली को एकीकृत करना, वैज्ञानिक एवं नीति मार्गदर्शन को बढ़ावा देना और साथ ही कोविड-19, इन्फ्लूएंज़ा, खसरा, मिडिल ईस्ट रेस्पिरेटरी सिंड्रोम (MERS), सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी सिंड्रोम (SARS) तथा तपेदिक (TB) जैसे श्वसन संक्रमणों को लेकर लोगों के बीच जागरूकता को बढ़ाना है। WHO का स्पष्टीकरण IRP को ‘एरोसोल’ तथा ‘ड्रॉपलेट’ जैसे पहले उपयोग किये गए शब्दों से अलग करता है, जो कण आकार की निरंतरता पर ज़ोर देता है।

3 तेलंगाना के ओरागुट्टा में तीन नए पुरातात्विक स्थल खोजे गए

हाल ही में प्रोफेसर के.पी. राव के नेतृत्व में पुरातत्त्वविदों की एक टीम द्वारा तेलंगाना में तीन नए पुरातात्त्विक स्थलों की खोज की गई। एक अद्वितीय लौह युग का महापाषाण स्थल जिसमें 200 से अधिक स्मारक हैं, इसमें एक नए प्रकार का महापाषाण स्मारक है जिसे ‘डोल्मेनॉइड सिस्ट्स‘ के नाम से जाना जाता है, भारत में अन्यत्र नहीं पाया जाता है। यह तेलंगाना के बंडाला गाँव के पास ओरागुट्टा नामक स्थान पर पाया गया था। इन “डोल्मेनॉइड सिस्ट्स” में कैपस्टोन होते हैं जो सामान्य वर्गाकार या आयताकार रूपों के विपरीत स्मारक के आकार को निर्धारित करते हैं। अनुमान है कि ये स्मारक लगभग 1,000 ईसा पूर्व के हैं। यह सुझाव दिया गया कि ये भारत में देखे जाने वाले अधिक सामान्य वर्ग/आयताकार मेगालिथ का एक पुराना रूप हो सकता है और यूरोपीय पैसेज चैंबर्स के समान हो सकता है। टीम ने दमराटोगु गाँव में दो नए रॉक कला स्थलों की भी खोज की। इसमें “देवरलबंद मुला” साइट शामिल है, जिसमें मनुष्यों या हथियारों/घरेलू जानवरों के बिना जानवरों का चित्रण मिलता है। इससे पता चलता है कि ये चित्रकलाएँ मध्यपाषाण युग (8000-3000 ईसा पूर्व) की हो सकती हैं।

4 राष्ट्रीय ध्रुवीय और महासागर अनुसंधान केंद्र (नेशनल सेंटर फॉर पोलर एंड ओशन रिसर्च -एनसीपीओआर) का नया अध्ययन अंटार्कटिक में अत्यधिक कम समुद्री बर्फ की परत बनने के रहस्य को सुलझाने का प्रयास करता है

राष्ट्रीय ध्रुवीय और महासागर अनुसंधान केंद्र (नेशनल सेंटर फॉर पोलर एंड ओशन रिसर्च -एनसीपीओआर) एवं ब्रिटिश अंटार्कटिक सर्वेक्षण (ब्रिटिश अंटार्कटिक सर्वे), यूनाइटेड किंगडम के सहयोग से डॉ. बाबुला जेना और उनके सहयोगियों के नेतृत्व में हाल ही में किए गए एक अध्ययन में उन स्थितियों की जानकारी दी गई है , जिनके कारण 2023 में अंटार्कटिक में बर्फ के विस्तार में अभूतपूर्व बाधा आने और अधिकतम वार्षिक बर्फ के पीछे हटने की स्थिति उत्पन्न हुई। वैश्विक तापमान में वृद्धि (ग्लोबल वार्मिंग) के चलते पिछले दशक में आर्कटिक में समुद्री बर्फ की मात्रा में एक महत्वपूर्ण क्षति देखी गई है, जबकि अंटार्कटिक में 2015 तक मध्यम वृद्धि का अनुभव हुआ और उसके बाद 2016 से इसमें कमी आने लगी I विशेष रूप से 2016 से 2023 तक प्रत्येक वर्ष गर्मी के मौसम में अत्यधिक धीमी गति से समुद्री बर्फ के विस्तार या वापसी के साथ 2023 में अचानक इसमें अभूतपूर्व रूप से कमी आ गई । अंटार्कटिक में धीमी गति से बर्फ का विस्तार 7 सितंबर 2023 को 1 करोड़ 69 लाख 80 हजार वर्ग किमी की बर्फ की सीमा के साथ वार्षिक अधिकतम से पहले हुआ, जो 1 करोड़ 46 लाख वर्ग किमी की दीर्घावधि औसत से कम था । देखी गए समुद्री बर्फ में इस परिवर्तन का अंतर्निहित कारण वैज्ञानिक समुदाय और नीति निर्माताओं दोनों के लिए ही एक महत्वपूर्ण प्रश्न बना हुआ है। निष्कर्षों से पता चलता है कि ऊपरी महासागर की अत्यधिक गर्मी (एक्सेसिव अपर ओशन हीट) ने 2023 में बर्फ के विस्तार को कम करने में अपना योगदान दिया, लेकिन वायुमंडलीय परिसंचरण परिवर्तन (एटमोस्फियरिक सर्कुलेशन चेंजेज) भी अत्यधिक थे और उन्होंने एक इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हवा के प्रारूप (पैटर्न) में बदलाव जैसे कि अत्यधिक गहरे (एक्सट्रीमली डीप) अमुंडसेन सी लो और इसके पूर्व की ओर बदलाव (ईस्टवार्ड शिफ्ट) के परिणामस्वरूप वेडेल सागर में उत्तर की ओर मजबूत प्रवाह (स्ट्रोंग नोर्थेंनली फ्लो) हुआ।

5 लंबी वैधता के साथ बहु-प्रवेश शेंजेन वीजा के लिए कर सकेंगे आवेदन

यूरोपीय संघ ने वीजा को लेकर नए नियम अपनाए हैं, जिससे भारत से बार-बार यात्रा करने वाले लोग लंबी वैधता के साथ बहु-प्रवेश शेंजेन वीजा के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस फैसले से यूरोप के 29 देशों के लिए यात्रा आसान हो जाएगी। भारत और भूटान के लिए यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल द्वारा कल घोषित किये गये नियमों से भारत से नियमित यात्रियों के लिए नई व्‍यवस्था के साथ वीजा प्राप्‍त करना आसान हो जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पिछले तीन वर्षों के भीतर दो बार वीजा प्राप्‍त करने और वैध रूप से उपयोग करने के बाद भारतीय नागरिकों को अब दो साल के लिए दीर्घकालिक बहु-प्रवेश शेंजेन वीजा जारी किया जा सकता है। यदि यात्री के पासपोर्ट की पर्याप्‍त वैधता शेष है, तो दो साल के वीजा के बाद पांच साल का वीजा दिया जाएगा। इससे नागरिकों को वीजा संबंधित प्रक्रिया से इतर बार-बार यात्रा करने का अवसर मिलेगा। भारत में यूरोपीय संघ के राजदूत हर्वे डेल्फिन ने नये नियमों की सराहना करते हुए कहा कि यूरोपीय संघ ने भारत के साथ लोगों के बीच संपर्क बढाने की दिशा में एक और कदम उठाया है।

6 निर्विरोध लोकसभा चुनाव जीतने वाले BJP के पहले सांसद बने मुकेश दलाल

भाजपा के उम्मीदवार मुकेश दलाल ने हाल ही में बिना किसी विरोध के लोकसभा चुनाव जीता है। पिछले 12 वर्षों में यह पहली बार है कि कोई उम्मीदवार निर्विरोध चुनाव जीता है। माना जाता है कि सूरत संसदीय क्षेत्र से श्री दलाल की जीत पहली बार है जब भाजपा के किसी उम्मीदवार ने बिना किसी विरोध के संसदीय चुनाव जीता है। दिलचस्प बात यह है कि यह जीत अरुणाचल प्रदेश में हाल के विधानसभा चुनावों के बाद हुई है, जहां भाजपा के 10 उम्मीदवार भी निर्विरोध जीते थे। अन्य सभी प्रत्याशियों के दौड़ से हटने के बाद श्री दलाल सूरत लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले एकमात्र उम्मीदवार बन गये। कांग्रेस पार्टी के नीलेश कुंभानी की उम्मीदवारी एक दिन पहले जिला रिटर्निंग अधिकारी द्वारा प्रस्तावकों के हस्ताक्षर में विसंगतियों के कारण खारिज कर दी गई थी।

7 प्रोफेसर नईमा खातून एएमयू की पहली महिला वीसी

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने प्रोफेसर नईमा खातून को अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू ) का कुलपति नियुक्त किया है। वे अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की पहली महिला कुलपति हैं। विश्वविद्यालय के विजिटर के रूप में कार्यरत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा उनके नाम को मंजूरी दिए जाने के बाद मंत्रालय ने प्रोफेसर खातून की नियुक्त के लिए अधिसूचना जारी किया। वर्तमान में वह अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के महिला कॉलेज की प्रिंसिपल हैं। प्रोफेसर खातून को कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से पांच साल की अवधि या 70 वर्ष की आयु प्राप्त करने तक , जो भी पहले हो, के लिए अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में नियुक्त किया गया है।

8 यूएनएफपीए रिपोर्ट: भारत की 144 करोड़ आबादी में से 24% 14 वर्ष से कम

संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (यूएनएफपीए) की हालिया रिपोर्ट में, भारत की जनसंख्याँ 144 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान लगाया है। इसमें भारत की कुल जनसंख्याँ का लगभग 24 प्रतिशत 0-14 आयु वर्ग में हैं। यूएनएफपीए की विश्व जनसंख्या स्थिति – 2024 रिपोर्ट – “इंटरवॉवन लाइव्स, थ्रेड्स ऑफ होप: एंडिंग इनक्वॉलिटीज़ इन सेक्सुअल एंड रिप्रोडक्टिव हेल्थ एंड राइट्स” नाम से जारी किया है। इस रिपोर्ट में भारत की जनसंख्या 77 वर्षों में दोगुनी होने का अनुमान व्यक्त किया है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत 144.17 करोड़ की अनुमानित आबादी के साथ वैश्विक स्तर पर सर्वाधिक आबादी वाला देश है। जबकि चीन 142.5 करोड़ आबादी के साथ दूसरे स्थान पर है। 2011 में हुई पिछली जनगणना के दौरान भारत की जनसंख्या 121 करोड़ दर्ज की गई थी।

9 मणिपुर में खोंगजोम दिवस मनाया गया

मणिपुर में खोंगजोम दिवस मनाया गया। इस अवसर पर अंग्रेजों के खिलाफ 1891 के युद्ध में शहीद हुए वीरों को श्रद्धांजलि दी गई। मुख्‍य समारोह थौबल जिले में खोंगजोम युद्ध स्मारक परिसर में आयोजित किया गया। खोंगजोम दिवस हर वर्ष 23 अप्रैल को मनाया जाता है।

10 पहला रोगी सुरक्षा अधिकार घोषणापत्र का विमोचन

हाल ही में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने मरीज़ों की सुरक्षा पर आयोजित वैश्विक मंत्रिस्तरीय शिखर सम्मेलन में पहला रोगी सुरक्षा अधिकार घोषणापत्र का विमोचन किया। सुरक्षा के संदर्भ में मरीज़ों के अधिकारों को रेखांकित करने वाला यह पहला घोषणापत्र है। इससे मरीज़ों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिये आवश्यक कानून, नीतियाँ और दिशा-निर्देश तैयार करने में सरकारों व अस्पतालों दोनों को मदद मिलेगी। इस घोषणापत्र में स्वास्थ्य देखभाल के संदर्भ में रोगियों के मूल अधिकारों को रेखांकित किया गया है और इसका उद्देश्य सरकारों तथा अन्य हितधारकों की सहायता करना एवं रोगियों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देना तथा बेहतर स्वास्थ्य देखभाल के उनके अधिकार का संरक्षण सुनिश्चित करना है। इस घोषणापत्र में जोखिमों को कम करने और अनजाने में होने वाले नुकसान को रोकने के लिये 10 रोगी सुरक्षा अधिकारों को शामिल किया गया है।

11 चेन्नई की वीरानम झील

चेन्नई मेट्रोपॉलिटन वॉटर सप्लाई एंड सीवरेज बोर्ड (CMWSSB) के आँकड़ों के अनुसार, चेन्नई के लिये प्राथमिक जल स्रोत वीरानम झील (Veeranam Lake) सूख गई है। वीरानम झील, चेन्नई के लिये एक महत्त्वपूर्ण जल स्रोत, तमिलनाडु के कुड्डालोर ज़िले में स्थित है। 14 किमी. लंबाई के साथ यह विश्व की सबसे लंबी मानव निर्मित झीलों में से एक माना जाती थी। वीरानम के जल का स्रोत कोल्लीदम नदी है, जो कावेरी नदी की उत्तरी सहायक नदी है, जहाँ वदावरु नदी वीरानम और कोल्लीदम दोनों को जोड़ती है। इसका निर्माण 907-955 ईस्वी के बीच चोल राजकुमार राजादित्य चोल द्वारा किया गया था। उन्होंने अपने पिता की उपाधि-वीरनारायणन के नाम पर इस जलाशय का नाम रखा। यह कल्कि के ऐतिहासिक उपन्यास “पोन्नियिन सेलवन” में शामिल है।

12 गुजरात में मिला विशाल साँप का जीवाश्म

हाल ही में भारत में जीवाश्म वैज्ञानिकों (Palaeontologists) ने एक विशाल साँप के जीवाश्म अवशेषों की खोज की है जो लगभग 47 मिलियन वर्ष पहले गुजरात के दलदलों में पाए जाते थे। शोधकर्त्ताओं ने जानकारी दी कि वासुकी इंडिकस (Vasuki indicus) ने सबसे बड़े ज्ञात परभक्षी, कुख्यात टिटानोबोआ (Titanoboa) का मुकाबला किया। नई पहचानी गई प्रजाति, वासुकी इंडिकस, अब विलुप्त हो चुके मादस्तोईदे (Madtsoiidae) साँप परिवार से संबंधित है। यह एक गोंडवानन स्थलीय (Gondwanan terrestrial) साँप है, जो ऊपरी क्रेटेशियस (100.5 से 66 mya (मिलियन वर्ष पूर्व)) से लेकर लेट प्लीस्टोसीन युग (0.126 से 0.012 mya) तक फैले गर्म मध्य इओसीन काल के दौरान पाया जाता था। जीवाश्म अवशेष से इसकी लंबाई 10.9 से 15.2 मीटर के बीच होने का अनुमान है, जो कि सबसे बड़े आधुनिक साँपों से भी अधिक है। यह खोज शरीर के बड़े आकार के विकास पर प्रकाश डालती है, जो संभवतः उस युग के उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में उच्च तापमान से प्रभावित था।

13 तीरंदाजी विश्‍व कप 2024 चीन के शंघाई में शुरू

तीरंदाजी विश्‍व कप 2024 चीन के शंघाई में शुरू हो रहा है। तीन बार की ओलंपिक खिलाड़ी दीपिका कुमारी तीरंदाजी विश्‍व कप में भारतीय चुनौती पेश करेंगी। भारत ने इस महीने की 23 से 28 तारीख के बीच होने वाले विश्‍व कप के पहले चरण के लिए आठ पुरुष और आठ महिलाओं की सोलह सदस्‍यीय तीरंदाजी टीम को भेजा है। दीपिका कुमारी मार्च महीने में भारत की तीरंदाजी चयन स्‍पर्धा में शीर्ष पर रहीं। वे महिलाओं की रिकर्व तीरंदाजी स्‍पर्धा में भाग लेंगी। पेरिस 2024 ओलंपिक के लिए भारत के एकमात्र तीरंदाजी कोटा हासिल करने वाले धिराज बोम्‍मादेवारा और टोक्‍यो ओलिंपियन तरूणदीप राय तथा प्रवीण जाधव पुरुषों के रिकर्व स्‍पर्धा में भारत का नेतृत्‍व करेंगे। दो बार के ओलंपियन खिलाड़ी अतनु दास विश्‍व कप में जगह बनाने में असफल रहे।

14 विश्व पुस्तक दिवस : 23 अप्रैल

हर साल, विश्व पुस्तक दिवस या अंतर्राष्ट्रीय पुस्तक या विश्व पुस्तक और कॉपीराइट दिवस का आयोजन संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) द्वारा किया जाता है। विश्व पुस्तक दिवस 1995 से मनाया जा रहा है। लेखक मिगुएल डी सर्वेंटीज़ (Miguel de Cervantes) की पुण्यतिथि पर विश्व पुस्तक दिवस मनाने का विचार एक लेखक विसेंट क्लेवल एंड्रेस (Vicente Clavel Andres) द्वारा दिया गया था। शुरुआत में उनकी जन्मतिथि 7 अक्टूबर विश्व पुस्तक दिवस के रूप में प्रस्तावित की गई थी। लेकिन विलियम शेक्सपियर और इंका गार्सिलसो डे ला वेगा की मृत्यु वर्षगांठ भी 23 अप्रैल को है, इसके बाद 23 तारीख को विश्व पुस्तक दिवस के लिए चुना गया। हालाँकि, वास्तव में शेक्सपियर की मृत्यु सर्वेंटीज़ के 10 दिन बाद हुई। ऐसा इसलिए था क्योंकि उस समय स्पेन ग्रेगोरियन कैलेंडर का उपयोग करता था और इंग्लैंड जूलियन कैलेंडर का उपयोग करता था।