Google Maps ने भारत में ‘Street View’ सेवा लांच की

0
119

1.भारत तिब्बत सीमा पुलिस के महानिदेशक संजय अरोड़ा को दिल्‍ली का अगला पुलिस आयुक्‍त नियुक्त किया

भारत तिब्बत सीमा पुलिस के महानिदेशक और तमिलनाडु कैडर के 1988 बैच के अधिकारी संजय अरोड़ा को दिल्‍ली का अगला पुलिस आयुक्‍त नियुक्त किया गया है। श्री अरोड़ा को पिछले वर्ष अगस्‍त में भारत-तिब्‍बत सीमा पुलिस का महानिदेशक नियुक्त किया गया था और उन्‍होंने पहली सितम्‍बर को भारत- चीन वास्तविक नियंत्रण रेखा की निगरानी कर रहे बल का प्रभार संभाला था। दिल्‍ली के पुलिस आयुक्‍त राकेश अस्‍थाना का कार्यकाल समाप्‍त हो रहा है।

2.संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा- देश में 5जी दूरसंचार सेवाएं इस वर्ष अक्तूबर से शुरू हो जाएंगी

केन्द्रीय संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि देश में इस वर्ष अक्तूबर से फाइव-जी दूरसंचार सेवाएं उपलब्ध होंगी। श्री वैष्णव ने कहा कि सरकार फाइव-जी स्पैक्ट्रम की नीलामी के तुरंत बाद स्पैक्ट्रम का आवंटन करेगी। इसके बाद अक्तूबर से फाइव-जी सेवाएं शुरू हो जायेंगी। उन्होंने कहा कि पूरे विश्व में फाइव-जी सेवाओं का विस्तार बहुत धीमी गति से हो रहा है। कई अन्य देशों के मुकाबले भारत में फाइव जी सेवाएं काफी तेजी से शुरू होंगी। इन सेवाओं के अधिक मूल्य के बारे में उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले में हस्तक्षेप करेगी और सरकारी कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड – बीएसएनल बाजार में संतुलन बनाएगी।

3.मुंबई में चाबहार दिवस सम्‍मेलन शुरू

केंद्रीय पोत परिवहन मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और राज्‍य मंत्री श्रीपद नायक ने मुंबई में चाबहार दिवस सम्‍मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर ईरान, कजाखिस्‍तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान, उज्बेकिस्तान और अफगानिस्‍तान के प्रतिनिधि उपस्थित थे। चाबहार बंदरगाह भारत के हिन्‍द प्रशांत क्षेत्र को यूरेशिया और हिन्‍द महासागर क्षेत्र के साथ जोड़ने का मुख्‍य स्‍तंभ है। यह बंदरगाह भारत को जोड़ने वाले अंतर्राष्‍ट्रीय उत्‍तर-दक्षिण परिवहन गलियारे नेटवर्क का भी अंग है। ईरान के बंदरगाह और समुद्री संगठन के उप-प्रमुख जलील इस्‍लामी ने कहा कि चाबहार बंदरगाह की भारत और ईरान के आर्थिक विकास में महत्‍वपूर्ण भूमिका है। इस व्‍यापार मार्ग के खुलने से भारत और यूरेशियाई देशों के लिए नये रास्‍ते खुलेंगे। उन्‍होंने कहा कि ईरान ने चाबहार बंदरगाह के माध्‍यम से भारत और ईरान के बीच व्‍यापार सहयोग की गतिविधियां बढ़ाने के लिए विशेष छूट दी है।

4.भारत और ओमान के बीच चौथा सैन्‍य अभ्‍यास अल- नजाह राजस्‍थान में होगा

भारत और ओमान के बीच चौथा सैन्‍य अभ्‍यास अल- नजाह राजस्‍थान के महाजन फील्‍ड फायरिंग रेंज के विदेशी प्रशिक्षण नोड में होगा। ओमान पैराशूट रेजिमेंट के साठ जवानों के साथ शाही सेना की टुकड़ी अभ्‍यास स्‍थल पर पहुंच गई है। अठारहवीं मेकेनाइज इन्फैंटरी बटालियन के जवान भारतीय सेना का प्रतिनिधित्‍व करेंगे। इससे पहले दोनों देशों के बीच सैन्‍य अभ्‍यास 12 से 25 मार्च 2019 तक मस्‍कट में आयोजित किया गया था। यह अभ्‍यास 13 अगस्‍त तक चलेगा। इसका उद्देश्य दोनों देशों की सेना के बीच रक्षा सहयोग बढ़ाना है। इससे दोनों देशों के आपसी संबंधों को भी बढ़ावा मिलेगा।

5.भारत और वियतनाम की सेना का तीसरा संयुक्‍त अ‍भ्‍यास एक्‍स विनबैक्‍स-2022 चंडीगढ़ के चंडी मंदिर में होगा

वियतनाम भारत द्विपक्षीय सैनिक अभ्यास का तीसरा संस्करण एक्स विनबैक्‍स 2022 01 अगस्‍त से 20 अगस्त 2022 तक चंडी मंदिर में होगा। यह 20 अगस्‍त तक चलेगा। यह सैनिक अभ्यास 2019 में वियतनाम में हुए पहले द्विपक्षीय सैनिक अभ्यास की अगली कड़ी है और भारत और वियतनाम के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक प्रमुख घटना है। भारत और वियतनाम एक व्यापक रणनीतिक साझेदारी साझा करते हैं और रक्षा सहयोग इस साझेदारी का एक प्रमुख स्तंभ है। वियतनाम भारत की एक्ट ईस्ट नीति और इंडो-पैसिफिक विजन में एक महत्वपूर्ण भागीदार है। एक्‍स विनबैक्‍स – 2022 का विषय शांति सेनाओं के संचालन के लिए संयुक्त राष्ट्र दल के हिस्से के रूप में एक इंजीनियर कंपनी और एक मेडिकल टीम की नियुक्ति और तैनाती है।

6.उपराष्‍ट्रपति वेंकैया नायडू ने तमिलनाडु पुलिस को राष्‍ट्रपति ध्वज भेंट किया

उपराष्‍ट्रपति वेंकैया नायडु ने तमिलनाडु पुलिस को राष्‍ट्रपति ध्‍वज भेंट किया और इस अवसर पर एक विशेष आवरण जारी किया। राष्‍ट्रपति ध्‍वज सेना, अर्द्धसैनिक बलों और राज्‍यों तथा केंद्रशासित प्रदेशों के पुलिस बलों को दिया जाने वाला शीर्ष सम्‍मान है। श्री नायडु ने प्रतिष्टित राष्‍ट्रपति ध्‍वज प्राप्‍त करने पर तमिलनाडु राज्‍य पुलिस को बधाई दी। तमिलनाडु, यह ध्‍वज प्राप्‍त करने वाला दक्षिण भारत का पहला राज्‍य है। उपराष्‍ट्रपति ने कहा कि पुलिस बल में अधिक महिलाओं वाली सूची में तमिलनाडु का दूसरा रैंक है और महिला कमांडो बल का गठन करने वाला यह पहला राज्‍य है। श्री नायडु ने कहा कि तमिलनाडु एकमात्र ऐसा राज्‍य है जहां मूर्तियों और प्रतिमाओं की तस्‍करी की छानबीन करने के लिए एक अलग पुलिस इकाई है।

7.छत्तीसगढ़ में ​​​​​​​करसा गांव से ’मुख्यमंत्री महतारी न्याय रथ’ यात्रा की हुई शुरूआत

छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की पहल पर प्रदेश की महिलाओं को उनके संवैधानिक अधिकारों और कानूनों की जानकारी देकर जागरूक करने और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री महतारी न्याय रथ यात्रा शुरू की गई है। मुख्यमंत्री महतारी न्याय रथ यात्रा की शुरूआत दुर्ग जिले के पाटन ब्लॉक के करसा गांव से हुई। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने हरेली तिहार के अवसर पर करसा गांव से ’मुख्यमंत्री महतारी न्याय रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

8.स्वस्थ पर्यावरण को “मानव अधिकार” घोषित किया गया

संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) ने हाल ही में एक प्रस्ताव पारित किया जो स्वस्थ पर्यावरण को मानव अधिकार के रूप में मान्यता देता है। भारत ने इस प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया है। इस प्रस्ताव के अनुसार स्वच्छ, स्वस्थ और सतत पर्यावरण का अधिकार मानव अधिकार बन गया है। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 28 जुलाई, 2022 को यह प्रस्ताव पारित किया। 193 सदस्यों में से 161 सदस्यों ने इसके पक्ष में मतदान किया। बेलारूस, चीन, कंबोडिया, रूस, सीरिया, इथियोपिया, ईरान और किर्गिस्तान मतदान के लिए अनुपस्थित रहे। भारत ने पक्ष में मतदान किया है। हालांकि, यह संकल्प की प्रक्रिया और सार के बारे में चिंतित है। यह स्वच्छ, स्वस्थ और सतत पर्यावरण के अधिकार को मानव अधिकार के रूप में मान्यता देता है। यह सुनिश्चित करता है कि स्वच्छ, स्वस्थ और सतत पर्यावरण के मानव अधिकार को बढ़ावा देने के लिए अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण कानून के सिद्धांतों के अनुसार बहुपक्षीय पर्यावरण समझौतों के पूर्ण कार्यान्वयन की आवश्यकता है।

9.प्रणय वर्मा बांग्लादेश में भारत के नये राजदूत नियुक्त

वरिष्ठ राजनयिक प्रणय वर्मा को बांग्लादेश में भारत का नया उच्चायुक्त नियुक्त किया गया। दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी के मद्देनजर इसे एक महत्वपूर्ण नियुक्ति माना जा रहा है। वह वर्तमान में वियतनाम में भारत के राजदूत हैं। विदेश मंत्रालय ने यह घोषणा की। वह विक्रम दोरईस्वामी की जगह लेंगे। वाशिंगटन डीसी के अलावा, राजदूत प्रणय कुमार वर्मा ने काठमांडू, हांगकांग, सैन फ्रांसिस्को और बीजिंग में राजनयिक पदों पर कार्य किया है।

10.अंगोला में खोजा गया 170 कैरेट का दुर्लभ गुलाबी हीरा

अफ्रीकी देश अंगोला में एक खदान से 170 कैरेट का दुर्लभ शुद्ध गुलाबी हीरा खोजा गया है। ये पिछले 300 वर्षों में मिलने वाला अब तक का सबसे बड़ा गुलाबी हीरा है। इसकी जानकारी एक ऑस्ट्रेलियाई खनन कंपनी ने दी है। लुकापा डायमंड कंपनी और उसके सहयोगियों ने अंगोला की लूलो खदान में दुर्लभ पत्थर की खोज की। इसे लूलो रोज़ यानी लूलो का गुलाब नाम दिया गया है। लुकापा डायमंड कंपनी ने निवेशकों को दिए एक बयान में कहा कि ये इतिहास में अब तक मिलने वाले सबसे बड़े गुलाबी हीरे में से एक है।

11.केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण की 39वीं बैठक का आयोजन

केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव की अध्यक्षता में केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण की 39वीं बैठक राष्ट्रीय प्राणी उद्यान, नई दिल्ली में आयोजित की गयी। बैठक की मुख्य विशेषताओं में दो प्रकाशनों का विमोचन शामिल था – स्नो लेपर्ड के लिए राष्ट्रीय वंशावली पुस्तक (स्टडबुक) और सीजेडए का त्रैमासिक न्यूजलेटर, एक्स-सीटू अपडेट। वित्तीय वर्ष 2021-22 के दौरान सीजेडए की निम्नलिखित गतिविधियों से सदस्यों को अवगत कराया गया:

  • 18 चिड़ियाघरों का मूल्यांकन किया गया, चिड़ियाघरों के लिए 10 मास्टरप्लान को मंजूरी दी गई।
  • भारतीय चिड़ियाघरों में संरक्षण प्रजनन और संरक्षण शिक्षा के प्रयोजनों के लिए 69 राष्ट्रीय और 10 अंतर्राष्ट्रीय जानवरों का अधिग्रहण/स्थानांतरण किया गया।
  • चिड़ियाघरों (दुनिया में पहली बार) का प्रबंधन प्रभावशीलता मूल्यांकन (एमईई-चिड़ियाघर) 39 मान्यता प्राप्त चिड़ियाघरों (बड़े और मध्यम चिड़ियाघर) में किया गया है।

केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सीजेडए), पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार के तहत एक वैधानिक निकाय है http://cza.nic.in/। इसकी स्थापना 1992 में भारतीय वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 में एक संशोधन के माध्यम से की गयी थी, जिसका उद्देश्य भारतीय चिड़ियाघरों के कामकाज की निगरानी करना और पृथक उपायों के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण रणनीतियों को सहायता प्रदान करना है। सीजेडए का मार्गदर्शक उद्देश्य भारतीय चिड़ियाघरों में बंदी जानवरों के आवास, रखरखाव और स्वास्थ्य देखभाल के लिए सर्वोत्तम प्रथाओं को सुनिश्चित करना है। वर्त्तमान में, सीजेडए 147 चिड़ियाघरों को मान्यता देता है।

12.शिकायत निवारण की समय-सीमा 45 दिन से घटाकर 30 दिन की गई

जन शिकायतों के निवारण की समय सीमा 45 दिन से घटाकर 30 दिन कर दी गई है। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने यह जानकारी देते हुए कहा कि यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कम से कम समय के भीतर शिकायतों के निपटान के साथ लोक शिकायत निवारण तंत्र के प्रभावी कार्यान्वयन पर जोर देने के कदम का एक हिस्सा है। इसमें प्रयास शिकायतकर्ता को अधिकतम संभव संतुष्टि प्रदान करना भी है। मंत्री ने कहा, प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) द्वारा जारी एक ओएम (संचालन, प्रशासन और प्रबंधन) में यह भी कहा गया है कि एक नागरिक से प्राप्त शिकायत को तब तक बंद नहीं किया जाएगा जब तक कि उसके खिलाफ दायर अपील का निपटारा नहीं हो जाता। पिछले साल, डीएआरपीजी ने जन शिकायतों के समाधान के लिए अधिकतम समय सीमा को 60 दिनों से घटाकर 45 दिन कर दिया था।

13.महाराष्ट्र सरकार जनजातीय क्षेत्रों में हर घर ऊर्जा जैसे उत्सव आयोजित कर ग्रामीण लोगों के जीवन में प्रकाश लाने के लिए प्रतिबद्ध

हाल ही में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों में हर घर ऊर्जा उत्सव आयोजित कर ग्रामीण लोगों के जीवन में प्रकाश लाने के लिये प्रतिबद्ध है। महाराष्ट्र के ठाणे ज़िले के शाहपुर में आयोजित ऊर्जा उत्सव उज्ज्वल भारत-उज्ज्वल भविष्य-पॉवर@2047 को भेजे संदेश में मुख्यमंत्री ने राज्य भर में कार्यक्रम के विस्तार पर ज़ोर दिया। शाहपुर में ऊर्जा उत्सव भारत की आाज़ादी के 75वें वर्ष के सिलसिले में आयोजित किया गया। हालाँकि महाराष्ट्र देश में ऊर्जा क्षेत्र में सदैव अग्रणी रहा है। इसके साथ ही सरकार ने प्री-पेड स्मार्ट मीटर लगाने का फैसला किया है जिससे एक करोड़ 66 लाख विद्युत उपभोक्ताओं को फायदा होगा, वहीं केंद्र सरकार ने तटीय ज़िलों के लिये भूमिगत केबल लगाने की योजना बनाई है।

14.Google Maps ने भारत में ‘Street View’ सेवा लांच की

Google Maps ने हाल ही में दो स्थानीय कंपनियों Genesys International और Tech Mahindra के साथ मिलकर भारत के 10 शहरों में अपनी “स्ट्रीट व्यू सर्विस” लॉन्च की है। इससे पहले, सरकार ने सुरक्षा कारणों को उजागर करते हुए सड़कों और अन्य साइटों की मनोरम छवियों को दिखाने की अनुमति नहीं दी थी। स्ट्रीट व्यू सेवाएं गूगल मैप्स पर उपलब्ध होंगी। इस सेवा के लिए, भारत के दस शहरों में 1,50,000 किमी से अधिक की दूरी तय करने वाले स्थानीय भागीदारों से ताजा इमेजरी का लाइसेंस दिया गया है। जिन 10 शहरों में यह सेवा शुरू की गई है उनमें शामिल हैं; बेंगलुरु, दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, पुणे, नासिक, हैदराबाद, वडोदरा, अमृतसर और अहमदनगर। Google ने 2022 के अंत तक 50 से अधिक शहरों में सेवाओं का विस्तार करने की योजना बनाई है।

15.गुजरात सेमीकंडक्टर नीति 2022-27 लांच की गई

गुजरात सरकार ने हाल ही में एक समर्पित ‘गुजरात सेमीकंडक्टर नीति 2022-27’ का अनावरण किया। इस नीति का लक्ष्य पांच वर्षों में कम से कम 2,00,000 नए रोजगार के अवसर पैदा करना है। गुजरात एक समर्पित सेमीकंडक्टर नीति जारी करने वाला भारत का पहला राज्य है। सरकार ने धोलेरा विशेष निवेश क्षेत्र के एक भाग के रूप में एक विशेष ‘सेमीकॉन सिटी’ विकसित करने का भी प्रस्ताव किया है। गुजरात सेमीकंडक्टर नीति 2022-27 के तहत, गुजरात सरकार उन उद्यमियों के लिए बिजली, पानी और भूमि शुल्क पर भारी सब्सिडी प्रदान करेगी जो सेमीकंडक्टर्स में निवेश करने या गुजरात में डिस्प्ले निर्माण करने में रुचि रखते हैं। इस नीति का उद्देश्य इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एंड मैन्युफैक्चरिंग पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने में राज्य को प्रथम बनाना है। यह एक मजबूत सेमीकंडक्टर और डिस्प्ले फैब्रिकेशन इकोसिस्टम स्थापित करने के लिए योग्य परियोजनाओं के प्रभावी और समय पर निष्पादन में सहायता करेगा। इसका उद्देश्य ‘सेमीकॉन सिटी’ विकसित करना भी है। इसके तहत, भारत सेमीकंडक्टर मिशन के तहत अनुमोदित परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली पूंजीगत सहायता के 40% पर अतिरिक्त पूंजी सहायता प्रदान की जाएगी। केंद्र सरकार की डिजाइन-लिंक्ड प्रोत्साहन योजना के तहत स्वीकृत परियोजनाएं नई नीति के तहत लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र नहीं होंगी।पात्र परियोजनाओं को विशेष निवेश क्षेत्र में प्रथम 200 एकड़ भूमि क्रय करने पर 75 प्रतिशत अनुदान दिया जायेगा। वहीं, अपस्ट्रीम या डाउनस्ट्रीम परियोजनाओं के लिए अतिरिक्त जमीन पर जमीन की कीमत पर 50 फीसदी सब्सिडी दी जाएगी।

16.मोसी-ओ-तुन्या: मुद्रास्फीति पर अंकुश लगाने के लिए जिम्बाब्वे ने सोने का सिक्का लांच किया

हाल ही में, जिम्बाब्वे ने देश में मुद्रास्फीति को नियंत्रित करने के लिए “मोसी-ओ-तुन्या” (Mosi-oa-Tunya) नाम के सोने के सिक्के लॉन्च किए। ज़िम्बाब्वे के रिज़र्व बैंक ने लॉन्च की घोषणा की और वाणिज्यिक बैंकों को 2,000 सिक्के वितरित किए। जुलाई में, वार्षिक मुद्रास्फीति दर बढ़कर 190% हो गई, और इस प्रकार केंद्रीय बैंक की ब्याज दर दो गुना बढ़कर 200% हो गई। जिम्बाब्वे पिछले एक दशक से उच्च मुद्रास्फीति का सामना कर रहा है। इसे और भी कई तरह से नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। 2022 में, प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले जिम्बाब्वे के डॉलर का मूल्य घट गया। नतीजतन, जिम्बाब्वे में नागरिकों द्वारा अमेरिकी डॉलर की कालाबाजारी शुरू कर दी गई। इस प्रकार, जिम्बाब्वे ने डॉलर की कालाबाजारी को नियंत्रित करने के लिए नए सोने के सिक्के लॉन्च किए।

17.IIT मद्रास भारतीय भाषाओं के लिए ओपन-सोर्स AI बनाएगा

29 जुलाई, 2022 को भारतीय भाषाओं के लिए ओपन-सोर्स AI के निर्माण के लिए “Nilekani Centre at AI4Bharat” का शुभारंभ किया गया। इसे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास (IIT) मद्रास द्वारा लॉन्च किया गया। AI4Bharat में नीलेकणी केंद्र भारतीय भाषा प्रौद्योगिकी को आगे बढ़ाने के लिए काम करेगा। Nilekani Philanthropies के माध्यम से 36 करोड़ रुपये के अनुदान के साथ, रोहिणी और नंदन नीलेकणी इस केंद्र का समर्थन कर रहे हैं। इसके लॉन्च समारोह के दौरान, भारतीय भाषा प्रौद्योगिकियों के निर्माण के लिए उपलब्ध संसाधनों पर चर्चा करने के लिए छात्रों, शोधकर्ताओं और स्टार्ट-अप के लिए एक कार्यशाला का आयोजन किया गया था। AI4Bharat IIT मद्रास की एक पहल है। इसे भारतीय भाषाओं के लिए ओपन सोर्स लैंग्वेज AI बनाने के लिए शुरू किया गया है। पिछले दो वर्षों में, डॉ. मितेश खपरा, डॉ. प्रत्युष कुमार और डॉ. अनूप कुंचुकुट्टन के नेतृत्व में एक टीम ने भारतीय भाषा प्रौद्योगिकी में योगदान दिया है, जिसमें मशीन अनुवाद और भाषण पहचान के लिए अत्याधुनिक मॉडल भी शामिल हैं। इसे डिजिटल इंडिया भाशिनी मिशन के उद्देश्यों के साथ जोड़ा गया है। नागरिकों को उनकी अपनी भाषा में सभी सेवाओं और सूचनाओं को उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डिजिटल इंडिया भाषा मिशन शुरू किया गया था। भारत में, भाषाओं की एक समृद्ध विविधता है, जिसे विस्तारित डिजिटल दुनिया के साथ तालमेल बिठाना आवश्यक है।

18.क्रिप्टो जैकिंग 2022 में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई है

हालिया रिपोर्ट के अनुसार, क्रिप्टो जैकिंग 2022 में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई है। 2022 की पहली छमाही में, वैश्विक क्रिप्टो जैकिंग की संख्या में 2021 की तुलना में लगभग 66 मिलियन अमरीकी डालर की वृद्धि हुई है। क्रिप्टो जैकिंग एक प्रकार का साइबर अपराध है, जिसमें हैक किए गए कंप्यूटर के माध्यम से क्रिप्टोकरेंसी की माइनिंग की जाती है। इसके कारण, साइबर अपराधी क्रिप्टो माइनिंग मैलवेयर विकसित और वितरित कर रहे हैं। जब मैलवेयर एक छेड़छाड़ किए गए डिवाइस पर लोड हो जाता है, तो यह नए सिक्कों का निर्माण करता है। हालाँकि, यह वेब ब्राउज़र और ब्राउज़र के एक्सटेंशन में भेद्यताएँ (vulnerabilities) पैदा करता है। आमतौर पर, साइबर अपराधी क्लाउड पर हमला करने के लिए Log4j भेद्यता का उपयोग कर रहे हैं। रैंसमवेयर या किसी अन्य प्रकार के साइबर अपराध की तुलना में क्रिप्टो जैकिंग एक कम जोखिम वाला हमला है।

19.‘Internet in India’ रिपोर्ट 2022 जारी की गई

इंटरनेट एंड मोबाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (IAMAI) ने हाल ही में “Internet in India” शीर्षक से अपनी रिपोर्ट जारी की। इस रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 346 मिलियन भारतीय डिजिटल भुगतान और ई-कॉमर्स सहित ऑनलाइन लेनदेन करते हैं। भारत ने अमेरिका को पछाड़ दिया है, जहां डिजिटल लेनदेन करने वाली जनसंख्या 331 मिलियन है। इस रिपोर्ट के अनुसार, वैश्विक कोविड-19 महामारी के कारण डिजिटल लेनदेन में 51% की वृद्धि हुई है। 2019 में, 230 मिलियन लोग डिजिटल लेनदेन में शामिल थे। पुरुष इंटरनेट यूजर्स की संख्या ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में महिला यूजर्स की तुलना में अधिक है। इंटरनेट यूजर्स ज्यादातर भारत भर में सोशल मीडिया, मनोरंजन और संचार जैसी गतिविधियों में शामिल हैं। इसके अलावा ग्रामीण भारत में ओटीटी प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल ज्यादा है। हालाँकि ऑनलाइन गेमिंग, डिजिटल भुगतान, ई-कॉमर्स की पैठ भारत के शहरी क्षेत्रों में ज्यादा है। वर्तमान में, देश में 692 मिलियन सक्रिय इंटरनेट यूजर्स हैं। इनमें से 351 मिलियन ग्रामीण क्षेत्रों से और 341 शहरी क्षेत्रों से हैं। IAMAI के अनुसार, भारत में इंटरनेट यूजर्स की संख्या के 2025 तक 900 मिलियन तक पहुंचने की संभावना है।

20.पारले बिस्किट 10 सालों से भारत का नंबर वन FMCG ब्रांड

बिस्किट ब्रांड पारले 10 सालों से भारत का नंबर वन FMCG ब्रांड बना हुआ है। कांतार इंडिया की सालाना ब्रांड फुटप्रिंट रिपोर्ट में यह बात सामने आई है। कांतार इंडिया की सालाना ब्रांड फुटप्रिंट रिपोर्ट के अनुसार, बिस्किट ब्रांड पारले 2021 में भारत में तेजी से बढ़ते कंज्यूमर प्रोडक्ट (FMCG) में सबसे अधिक चुना जाने वाला ब्रांड बना रहा। कांतार के कंज्यूमर रीच प्वाइंट (CRP) के आधार पर 2021 में सबसे ज्यादा चुने जाने वाले FMCG ब्रांड को शामिल किया है। 2020 की तुलना में 2021 में पारले ने कंज्यूमर रीच प्वाइंट में 14 फीसदी की बढ़ोतरी हासिल की है। पारले बिस्किट के बाद इस लिस्ट में अमूल (Amul), ब्रिटानिया प्लस (Britannia), क्लिनिक प्लस (Clinic Plus) और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ब्रांड शामिल हैं। पारले 6531 (मिलियन) के कंज्यूमर रीच प्वाइंट के स्कोर के साथ 10वें साल भी टॉप पर बरकरार है. पिछले 10 साल से कांतार ब्रांड की फुटप्रिंट रैंकिंग जारी कर रहा है। इस दौरान अमूल का CRP 9 फीसदी बढ़ा है, जबकि ब्रिटानिया के CRP में 14 फीसदी का इजाफा हुआ है। पैकेज्ड फूड ब्रांड हल्दीराम ने CRP क्लब के टॉप-25 में एंट्री की है और वो 24वें नंबर पर है।

21.पेरिस ओलंपिक 2024 में इंडिया हाउस की स्थापना की जाएगी

रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) ने पेरिस ओलंपिक 2024 में पहली बार इंडिया हाउस स्थापित करने के लिए भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के साथ भागीदारी की है। RIL-IOA साझेदारी भारतीय एथलीटों के प्रदर्शन को बढ़ाने पर केन्द्रित है। वे राष्ट्रीय खेल महासंघों को भी समर्थन देंगे। RIL-IOA साझेदारी भविष्य में ओलंपिक खेलों की मेजबानी करने के लक्ष्य के साथ एक वैश्विक खेल राष्ट्र के रूप में भारत की साख का निर्माण करेगी। इस साझेदारी के एक हिस्से के रूप में, RIL एशियाई खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों और ओलंपिक खेलों जैसे प्रमुख बहु-खेल आयोजनों में भारतीय एथलीटों को समर्थन देगा। पेरिस 2024 ओलंपिक से पहले, भारत जून 2023 में मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में 140वें प्रतिष्ठित IOC सत्र की मेजबानी करने वाला है। IOC सत्र स्वतंत्रता के 75 वें वर्ष के साथ मेल खाता है। यह भारत में खेल की भूमिका को उजागर करने के साथ-साथ ओलंपिक आंदोलन में भारत के योगदान का जश्न मनाएगा।

22.राष्‍ट्रपति, उपराष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री ने राष्‍ट्रमंडल खेलों में स्‍वर्ण पदक जीतने के लिए जेरेमी लालरिननुंगा को शुभकामनाएं दीं

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्‍ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने राष्‍ट्रमंडल खेलों में पुरूषों के 67 किलोग्राम वेटलिफ्टर वर्ग में स्‍वर्ण पदक जीतने के लिए जेरेमी लालरिननुंगा को शुभकामनाएं दी हैं। जेरेमी लालरिननुंगा ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए दूसरा स्वर्ण पदक जीता। जेरेमी ने पुरुष 67 किग्रा वर्ग में दबदबा बनाते हुए कुल 300 किग्रा (140 किग्रा और 160 किग्रा) वजन उठाया। आइजोल के 19 साल के जेरेमी ने खेलों का स्नैच (140 किग्रा) और कुल भार (300 किग्रा) का रिकॉर्ड अपने नाम किया। भारत का भारोत्तोलन में यह पांचवां पदक है। इससे पहले मीराबाई चानू (स्वर्ण), संकेत सरगर (रजत), बिंदियारानी देवी (रजत) और गुरुराज पुजारी (कांस्य) ने पदक जीते।

23.लिम्का स्पोर्ट्ज़ के प्रचार के लिए कोका-कोला ने नीरज चोपड़ा से करार किया

दुनिया के सबसे बड़े बेवरेज उत्पादक कंपनी कोका-कोला अपनी पॉपुलर ड्रिंक लिम्का का नो-फिज्ज और लो शुगर अवतार लिम्का स्पोर्ट्स के नाम से उतरने जा रही है। बता दें इसके प्रमोशन के लिए भारत के गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा को साइन किया है। कोका- कोला वैश्विक स्तर पर ड्रिंक्स सेगमेंट में हेल्दी प्रोडक्ट्स पर फोकस कर रहा है। मौजूदा समय में कंपनी के पास इस सेगमेंट में लो सुगर जूस और कोक- कोला जीरो जैसे उत्पाद मौजूद हैं। कोका-कोला भारत में अपने बॉटलिंग पार्टनर के साथ मिलकर आने वाले समय में उत्पादन क्षमता में 40 फीसदी का इजाफा करेगा। इसके लिए कंपनी लगभग एक बिलियन डॉलर का निवेश करेगी।

24.लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिड़ला ने राजस्‍थान के कोटा में श्रीनाथपुरम स्‍टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक की आधाशिला रखी

लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिड़ला ने राजस्‍थान के कोटा में श्रीनाथपुरम स्‍टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक की आधाशिला रखी। ट्रैक का निर्माण खेलो इंडिया के अन्‍तर्गत सात करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इस अवसर पर श्री बिड़ला ने कहा कि सिंथेटिक ट्रैक से खिलाडि़यों को बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्‍होंने कहा कि बारिश के दिनों में खिलाडि़यों को बहुत सी परेश‍ानियों का सामना करना पड़ता है। खिलाड़ी‍ सिंथैटिक ट्रैक का निर्माण की मांग कर रहे थे। सिंथेटिक ट्रैक(Synthetic Track) एक ख़ास रबर से बना आर्टिफीसियल ट्रैक होता है। सिंथेटिक सरफेस किसी भी मौसम(Weather) में एथलीटों को खेलों की पर्तिस्पर्धाओं में अपनी काबिलियत दिखाने के लिए एक फ़्लैट सतह प्रदान करता है।

25.विश्व रेंजर दिवस

विश्व रेंजर दिवस (World Ranger Day) हर साल 31 जुलाई को मनाया जाता है। यह दिवस ड्यूटी के दौरान मारे गए या घायल हुए रेंजरों की याद में और दुनिया की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए रेंजर्स द्वारा किए गए कार्य का जश्न मनाने के लिए मनाया जाता है। विश्व रेंजर दिवस (World Ranger Day) उनके महत्वपूर्ण कार्यों का समर्थन करने का अवसर प्रदान करता है, जो पर्यावरण अभियान से लेकर शिक्षा तक है। यह दिन ड्यूटी के दौरान अपनी जान गंवाने वाले रेंजरों को श्रद्धांजलि देने का भी एक अहम अवसर है। 1992 में आज ही के दिन इंटरनेशनल रेंजर फेडरेशन (IRF) की स्थापना हुई थी। विश्व रेंजर दिवस अंतर्राष्ट्रीय रेंजर महासंघ द्वारा बनाया गया था और पहली बार 2007 में आयोजित किया गया था।

26.कांगो में शहीद हुए बीएसएफ के दोनों जवानों के पार्थिव शरीर दिल्‍ली हवाई अड्डे पहुंचे

अफ्रीकी देश कांगो में शहीद हुए बीएसएफ के दोनों जवानों के पार्थिव शरीर दिल्‍ली हवाई अड्डे पहुंच गये हैं। दोनों शहीद राजस्‍थान के बाडमेर से सांवला राम विश्‍नोई और सीकर से शिशुपाल सिंह हैं। केन्‍द्रीय कृषि राज्‍य मंत्री कैलाश चौधरी ने दोनों शहीदों को हवाई अड्डे पर श्रद्धां‍जलि अर्पित की। दोनों का अंतिम संस्‍कार पूरे राजकीय सम्‍मान के साथ उनके गांव में किया जायेगा।