विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने बताया- भारत ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद का चुनाव बहुमत से जीता

0
176

1.विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने बताया- भारत ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद का चुनाव बहुमत से जीता:-

भारत ने संयुक्त राष्ट्र की सर्वोच्च मानवाधिकार इकाई संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (यूएनएचआरसी) का चुनाव बहुमत के साथ जीत लिया है। इसका कार्यकाल तीन साल के लिए होगा जो 1 जनवरी 2019 से शुरू होगा। एशिया पसिफिक क्षेत्र कैटिगरी में भारत को 188 वोट मिले हैं, जो कि सभी कैंडिडेट्स में सबसे ज्यादा रहा। 193 सदस्यों की यूएन जनरल असेंबली ने नए सदस्यों के लिए चुनाव किया था। गुप्त चुनाव के जरिए 18 नए सदस्य पूर्ण बहुमत से चुने गए हैं। किसी भी देश को यूएनएचआरसी का सदस्य बनने के लिए न्यूनतम 97 वोट की जरूरत होती है।भारत ने एशिया-पसिफिक क्षेत्र में अपनी सीट पक्की की है। वहीं इस कैटिगरी में भारत के अलावा बहरीन, बांग्लादेश, फिजी और फिलिपींस भी चुनाव में अपना हाथ आजमा रहे थे। वोटिंग में इन पांच देशों में भारत को सबसे ज्यादा 188 वोट मिले। चूंकि पांच सीटों के लिए पांच देश चुनाव लड़ रहे थे, ऐसे में भारत का चुनाव जीतना तय माना जा रहा था।यूएन में भारत के राजदूत और स्थाई प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन ने बताया कि भारत की जीत अंतरराष्ट्रीय समुदाय में उसकी स्वीकार्यता को प्रदर्शित करता है। चुनाव में भारत की जीत के बाद उन्होंने ट्वीट किया, ‘एक अच्छे उद्देश्य के लिए वोटिंग। यूएन में हमारे सभी साथियों का समर्थन के लिए धन्यवाद। भारत ने मानवाधिकार परिषद की सीट सभी कैंडिडेट्स के बीच सबसे ज्यादा वोट हासिल करते हुए जीती है।‘जेनेवा में स्थित यूएनएचआरसी में इससे पहले 2011-2014 और 2014-2017 के लिए भारत निर्वाचित हुआ था। भारत का पिछला कार्यकाल 31 दिसंबर 2017 को पूरा हुआ था। नियम के अनुसार लगातार दो कार्यकाल के बाद कोई भी देश तुरंत तीसरी बार चुनाव नहीं लड़ सकता है। मार्च 2006 में स्थापित हुए यूएनएचआरसी में कुल 47 निर्वाचित सदस्य देश हैं। भौगोलिक स्थिति को देखते हुए सदस्यों को पांच क्षेत्रीय समूहों में बांटा गया है। अफ्रीकन स्टेट्स में 13 सदस्य, एशिया-पसिफिक में 13 सदस्य, ईस्टर्न यूरोपियन स्टेट्स में 6 सदस्य, लैटिन अमेरिकन और कैरिबियन स्टेट्स में 8-8 सदस्य, जबकि वेस्टर्न यूरोपियन और अन्य स्टेट्स के लिए 7 सीटें निर्धारित हैं।जो नए सदस्य चुने गए हैं, उन देशों के नाम हैं- बुर्किना फासो, कैमरून, इरिट्रिया, सोमालिया, और टोगो। यह सभी अफ्रीकन स्टेट्स कैटिगरी में हैं। वहीं ईस्टर्न यूरोपियन स्टेट्स ग्रुप में बुल्गारिया और चेक रिपब्लिक, जबकि लैटिन अमेरिकन-कैरिबियन स्टेट्स कैटिगरी में अर्जेंटीना, बहामास और उरुग्वे शामिल हैं। इसके अलावा वेस्टर्न यूरोपियन और अन्य राज्यों की कैटिगरी में ऑस्ट्रिया, डेनमार्क और इटली नए सदस्य निर्वाचित हुए हैं।

 

2.भारत ने श्रीलंका को गरीबों के लिए 1,200 और घर बनाने के लिए वित्तीय अनुदान के दो समझौते पर हस्ताक्षर किए:-

भारत ने श्रीलंका को गरीबों के लिए 1,200 और घर बनाने के लिए वित्तीय अनुदान देने के दो समझौते पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत 50 आदर्श गावों में ये मकान बनाए जाएंगे। इसके साथ भारत से श्रीलंका के आवास एवं निर्माण मंत्रालय को मॉडल गांव आवास योजना के तहत 100 मॉडल गावों में कुल 2,400घर बनाने के लिए सहायता मिल चुकी है। भारतीय उच्चायोग ने यहां कहा कि भारत ने 50 आदर्श गावां में 1,200 आवास बनाने के लिए 35 लाख डालर का अनुदान देने का एक और करार किया है। भारत इससे पहले 1200 मकानों के निर्माण के लिए मदद दे चुका है। इस परियोजना का उद्देश्य कम आय वर्ग के लोगों, भूमिहीनों और बेघर लोगों को आवास देना है।

 

3.गृह मंत्री राजनाथ सिंह, राजस्‍थान में भारत-पाकिस्‍तान सीमा के पास सीमा सुरक्षा बल के जवानों के साथ दशहरा मनाएंगे:-

गृहमंत्री राजनाथ सिंह भारत-पाकिस्‍तान सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल के जवानों के साथ समय बिताने के लिए बृहस्‍पतिवार को राजस्‍थान के बीकानेर शहर जाएंगे। वह शस्‍त्र पूजा कर जवानों के साथ दशहरा मनाएंगे। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि ऐसा पहली बार होगा जब कोई वरिष्‍ठ केन्‍द्रीय मंत्री पाकिस्‍तान के साथ लगी संवेदनशील सीमा पर सुरक्षा बलों के साथ त्‍यौहार मनाएगा। गृहमंत्री बुनियादी ढांचा विकास के क्षेत्र में हुई प्रगति का आकलन करेंगे। पिछले वर्ष श्री राजनाथ सिंह उत्‍तराखंड के जोशीमठ में भारत-चीन सीमा पर, दशहरा समारोह में शामिल हुए थे।

 

4.सिक्किम को विश्व का पहला पूर्ण जैविक कृषि राज्य बनने पर संयुक्त राष्ट्र खाद्य और कृषि संगठन का पुरस्कार:-

सिक्किम ने विश्‍व का पहला जैविक कृषि राज्‍य बनने पर इस वर्ष संयुक्‍त राष्‍ट्र खाद्य और कृषि संगठन का स्‍वर्ण पदक जीता है। संगठन ने कहा कि सिक्किम को कृषि पारिस्थितिकी और सतत खाद्य प्रणाली से संबंधित सर्वोत्‍तम नीतियों के लिए सम्‍मानित किया गया है। संयुक्‍त राष्‍ट्र खाद्य और कृषि संगठन ने बताया सिक्किम की नीतियों से 66 हजार से अधिक किसानों को मदद मिली और पर्यटन को बढ़ावा मिला है। रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों का इस्‍तेमाल बंद कर अन्‍य विकल्‍पों के उपयोग के लिए सिक्किम को 2016 में पूर्ण जैविक कृषि राज्‍य घोषित किया गया था। मुख्‍यमंत्री पवन चामलिंग को रोम में यह पुरस्‍कार ग्रहण करेंगे।

 

5.प्रयोगशाला में विकसित किया गया रेटिना टिश्यू:-

अमेरिका के वैज्ञानिकों को प्रयोगशाला में रेटिना टिश्यू विकसित करने में सफलता मिली है। इससे यह पता लगाया जा सकता है कि किस तरह कोशिकाएं लोगों को रंगों को पहचाने में सक्षम बनाती हैं। इससे कलर ब्लाइंडनेस (वर्णान्धता) और मैक्यूलर डिजनरेशन जैसी बीमारियों के उपचार के विकास की राह खुल सकती है। कलर ब्लाइंडनेस पीड़ितों में रंगबोध की क्षमता कमजोर पड़ जाती है। अमेरिका की जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने अध्ययन में मानव आंख की तीन कोन फोटोरिसेप्टर कोशिकाओं पर गौर किया।

6.ब्‍यूनस आयर्स में युवा ओलिम्पिक खेलों में भारतीय पुरूष और महिला हॉकी टीम फाइनल में पहुंचीं:-

ब्‍यूनस आयर्स में तीसरे युवा ओलिम्पिक खेलों की महिलाओं की हॉकी प्रतियोगिता में भारत की पुरुष और महिला टीमें फाइनल में पहुंच गई हैं। फाइनल में पुरुष टीम का मुकाबला मलेशिया से जबकि महिला टीम का सामना मेजबान अर्जेंटीना से होगा। भारत अब तक 3 स्‍वर्ण और 5 रजत जीत चुका है।

 

7.फाइनल में हारे लक्ष्य सेन को मिला रजत:-

भारत के प्रतिभावान बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन खेलों के फाइनल में चीन के ली शिफेंग से सीधे गेम में हार गए और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।मौजूदा जूनियर एशियन चैंपियन सेन को 42 मिनट तक चले इस मुकाबले में 15-21, 19-21 से पराजय ङोलनी पड़ी। हालांकि इससे पहले उन्होंने जुलाई में एशियन चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में शिफेंग को सीधे गेम में हराया था, लेकिन चीनी खिलाड़ी ने इसका बदला चुकता कर लिया। पहले गेम में शिफेंग ने शुरुआती बढ़त लेकर स्कोर 14-5 कर लिया। सेन ने हालांकि अंतर 13-16 का किया, लेकिन लय बरकरार नहीं रख सके। चीनी खिलाड़ी ने लगातार पांच अंक लेकर पहला गेम जीत लिया।

दूसरे गेम में शुरू में शिफेंग 8-7 से आगे था लेकिन बाद में सेन ने अंतर 11-14 का कर दिया। चीनी खिलाड़ी ने तीन अंक का अंतर बनाए रखा और 19-21 से यह गेम भी अपनी झोली में डाला। सेन ने फाइनल के बाद कहा, ‘उसने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। मैं लय बरकरार नहीं रख सका। वह अच्छा खिलाड़ी है और उसने महत्वपूर्ण अंक हासिल किए। मुङो खुशी है कि मैं एलीट चैंपियनशिप में बैडमिंटन में लगातार पदक जीतने वाला दूसरा भारतीय बना।’ भारत का इस टूर्नामेंट में यह चौथा रजत पदक है जबकि तीन स्वर्ण अभी तक उसने अपने नाम किए हैं।

 

8.परिवहन लागत घटाने को नेशनल ट्रेड पोर्टल बनाने की तैयारी:-

घरेलू व विदेशी व्यापार में भारी लॉजिस्टिक यानी परिवहन लागत की शिकायत समय-समय पर होती रही है। वाणिज्य व उद्योग मंत्रलय इस समस्या के समाधान का प्रयास कर रहा है। उसने नेशनल ट्रेड पोर्टल बनाने की योजना बनाई है। इससे घरेलू और विदेश व्यापार से जुड़े सभी पक्षों को जोड़ा जाएगा। यह जानकारी मंत्रलय के संयुक्त सचिव केशव चंद्र ने दी है।

भारतीय टेक्सटाइल क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा और मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के विषय पर आयोजित कार्यशाला में कहा कि इस पोर्टल में ऑनलाइन सर्टिफिकेट सिस्टम भी शामिल होगा। सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया में 88 सरकारी संगठनों के जुड़े होने के कारण इस काम में देरी होती है। उन्होंने टेक्सटाइल क्षेत्र के सामने आ रही समस्याओं के बारे में भी विचार विमर्श किया। टेक्सटाइल मंत्रलय की व्यापार सलाहकार अदिति राउत ने अपने संबोधन में कहा कि एफटीए निर्यात बढ़ाने का रामबाण नहीं है। अभी भी देश से 63 फीसद निर्यात एफटीए के बगैर हो रहा है।

 

9.संरचनात्मक सुधारों से अर्थव्यवस्था मजबूत : सुभाष चंद्र गर्ग:-

आर्थिक मामलों के सचिव सुभाष चंद्र गर्ग ने  कहा कि टैक्स और दिवालिया संबंधी कानूनों में संरचनात्मक सुधारों के बूते देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। इंडोनेशिया के बाली में हुए अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आइएमएफ) के सम्मेलन में गर्ग का कहना था कि इन सुधारों के बूते ही भारतीय अर्थव्यवस्था दुनियाभर की अस्थिरताओं के बीच जीवंत बने रहने में सफल हुई है। सचिव ने विश्वास जताया कि हाल के दिनों में सुधारों की दिशा में उठाए गए क़दम अर्थव्यवस्था पर दबाव बनाने वाले कारकों को खत्म करने में मदद करेंगे।

वर्ल्ड डेवलपमेंट रिपोर्ट पर आयोजित सत्र में गर्ग का कहना था कि डिजिटल टेक्नोलॉजी में आ रहे बदलाव औद्योगिक क्रांति की नींव रखने वाले भाप इंजन के आविष्कार से भी ज्यादा बुनियादी और बड़े बदलाव है। डिजिटल टेक्नोलॉजी पूरी दुनिया को बदल रही है। वहीं, हृयूमन कैपिटल इंडेक्स (एचसीआइ) के बारे में गर्ग ने कहा कि मानव संसाधन और संपत्ति में लगातार विकास की जरूरत है। गौरतलब है कि विश्व बैंक के हृयूमन कैपिटल प्रोजेक्ट के तहत हाल ही में एचसीआइ जारी किया गया था। इसमें भारत को 157 देशों की सूची में 115वां स्थान दिया गया। इस इंडेक्स में भारत को पड़ोसी बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका से भी नीचे रखा गया, जिसकी सरकार ने तीखी आलोचना की।

 

10.45 रन की पारी खेलकर भी एक नया कीर्तिमान स्थापित किया विराट कोहली ने:-

विराट कोहली अब बतौर कप्तान टेस्ट मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले एशियाई कप्तान बन गए हैं। उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व टेस्ट कप्तान मिस्बाह उल हक को पीछे छोड़ कर ये कामयाबी हासिल की। हैदराबाद में दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 27 रन बनाते ही उन्होंने मिस्बाह को पीछे छोड़ दिया। विराट कोहली ने बतौर कप्तान टेस्ट मैचों में अब तक 42 टेस्ट मैच की 69 पारियों में 4233 रन बनाए हैं और उनका औसत 65.12 का है। इससे पहले एशियाई कप्तान के तौर पर टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले मिस्बाह ने 56 मैचों की 99 पारियों में 51.39 की औसत से 4214 रन बनाए थे। इसम मामले में तीसरे नंबर पर महेला जयवर्धने हैं जिन्होंने 38 टेस्ट की 66 पारियों में 59.11 की औसत से 3665 रन बनाए थे। धौनी इस लिस्ट में चौथे पायदान पर हैं। धौनी एशियाई कप्तान के तौर पर 60 मैचों की 96 पारियों में 40.63 की औसत से 3454 रन बनाए हैं। पांचवें नंबर पर सुनील गावस्कर हैं और इन्होंने 47 मैचों की 74 पारियों में 50.72 की औसत से 3449 रन बनाए थे।  हैदराबाद टेस्ट मैच की पहली पारी में विराट ने 45 रन बनाए। हालांकि वो अपनी इस पारी को और आगे नहीं ले जा सके। विराट को जेसन होल्डर ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। विराट ने रहाणे के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की। इससे पहले कैरेबियाई टीम के खिलाफ विराट ने पहले टेस्ट मैच में 139 रन की पारी खेली थी। इस मैच में भारत ने वेस्टइंडीज पर सबसे बड़ी जीत दर्ज करते हुए उसे पारी और 272 रन से हराया था।