राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा है कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में अवसरों की कोई कमी नहीं

0
236

1.जलवायु परिवर्तन पर नियंत्रण के लिए काम करेंगे सभी देश :-

जलवायु परिवर्तन को नियंत्रित करने के वैश्विक समझौते को लागू करने पर चर्चा के लिए जर्मनी के बॉन शहर में अगले सप्ताह सम्मेलन होगा। इसमें विभिन्न देशों की सरकार, वैज्ञानिक, उद्योग समूह और पर्यावरण कार्यकर्ता शामिल होंगे।

अमेरिका के शामिल होने को लेकर अनिश्चितता है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस साल की शुरुआत में 2015 के पेरिस जलवायु समझौते से अमेरिका के अलग होने की घोषणा की थी। बॉन में छह से 17 नवंबर तक होने वाले 23वें कांफ्रेंस ऑफ द पार्टीज (सीओपी) में 195 देशों में से अधिकतर के शामिल होने की संभावना है।

सम्मेलन की अध्यक्षता फिजी करेगा। ग्लोबल वार्मिंग का खतरा फिजी व छोटे द्वीप देशों पर है। जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के इसमें हिस्सा लेने की संभावना है।

 

2.स्पेन में प्यूजीमॉन्ट की गिरफ्तारी के लिए जारी किया गया वारंट :-

पृथक कैटलोनिया राष्ट्र की घोषणा करने वाले काल्र्स प्यूजीमॉन्ट की गिरफ्तारी को स्पेन की नेशनल कोर्ट ने शनिवार को वारंट जारी किया।

यह वारंट पूरे यूरोपीय यूनियन क्षेत्र में प्रभावी होगा। कोर्ट ने यह कदम तलब किए जाने के बावजूद पेश न होने पर उठाया है। कैटलोनिया के स्वघोषित राष्ट्रपति प्यूजीमॉन्ट ने बेल्जियम में शरण ले रखी है। बेल्जियम सरकार ने प्यूजीमॉन्ट व 4 साथी नेताओं को 3माह को देश में रहने की अनुमति दी है।

 

3.केन्द्रीय सतर्कता आयोग ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से 2001 के बाद सीबीआई को सौंपे गए धोखाधड़ी के सभी मामलों की जानकारी मांगी :-

केन्द्रीय सतर्कता आयोग-सीवीसी ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से 2001 के बाद सीबीआई को सौंपे गए धोखाधड़ी के सभी मामलों की जानकारी मांगी है।

बैंकिंग प्रणाली में धोखाधड़ी रोकने के लिए इस तरह की जानकारी मांगी गयी है। सतर्कता आयुक्त टी.एम. भसीन ने बताया कि आयोग ने बैंकों को तीन करोड़ रुपये या उससे अधिक की धोखाधड़ी वाले सभी मामलों की जानकारी 15 नवंबर तक देने को कहा है।

 

4.राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा है कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में अवसरों की कोई कमी नहीं :-

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा है कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में अवसरों की कोई कमी नहीं है और बड़े पैमाने पर इसमें रोजगार उपलब्ध कराये जा सकते हैं। नई दिल्ली में वर्ल्ड फूड इंडिया के समापन सत्र को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को उद्यमी बनाकर अधिकार सम्पन्न किया जा सकता है और उनकी पारिवारिक आमदनी बढ़ाई जा सकती है।

राष्ट्रपति ने कहा कि फिलहाल भारत के खाद्य क्षेत्र का कारोबार तीन सौ अरब डॉलर से अधिक का है, जो 2025 में एक हजार अरब डॉलर हो जायेगा।खाने पीने की चीजों की बर्बादी पर चिंता व्यक्त करते हुए श्री कोविन्द ने कहा कि समयबद्ध तरीके से इस बुराई को खत्म करने के प्रयास किये जाने चाहिए।

 

5.प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बेनामी सम्पत्ति के ख़िलाफ कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए :-

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेनामी सम्पत्तियों पर कड़ी कार्रवाई का संकेत देते हुए कहा है कि इसके कारण कांग्रेस चिंतित है। उन्होंने कहा कि सरकार की कार्रवाई में कांग्रेस नेताओं की बेनामी सम्पत्तियों को बख्शा नहीं जाएगा।

श्री मोदी ने कहा कि उनके खिलाफ माहौल बनाने और जनता को गुमराह करने की कोशिश के तहत कांग्रेस ने नोटबंदी के विरोध में अभियान चलाया था।प्रधानमंत्री ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश के सुंदर नगर में एक चुनाव रैली को संबोधित करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि गरीबों से लूटी गई सम्पत्ति उन्हें लौटाई जाए।

श्री मोदी ने कहा कि वह ऐसी स्थिति उत्पन्न करने जा रहे हैं, जिसमें भ्रष्ट व्यक्ति अपनी बेनामी सम्पत्ति का दावा नहीं कर सकेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के कई ऐसे नेता हैं, जिन्होंने कारों और मकानों की तरह अपने चालकों और खानसामों के नाम सम्पत्ति खरीदी। श्री मोदी ने कहा कि जिन लोगों के नाम पर सम्पत्ति खरीदी गई है, अगर उन्हें लौटाने के लिए कहा जाए तो वे ऐसा न करें।

इससे पहले, कांगड़ा में रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने जोर देकर कहा कि 2014 में जनता ने भ्रष्टाचार से संघर्ष और देश की किस्मत बदलने के लिए सत्ता सौंपी थी। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह पिछली सरकारों के संरक्षण में फली-फूली रिश्वतखोरी के ख़िलाफ पूरी शक्ति के साथ लड़ रहे हैं।

 

6.महाराष्ट्र सरकार तीन वर्ष में राज्य के किसानों को सौर ऊर्जा चलित सोलर फीडर्स की सहायता से सस्ती बिजली उपलब्ध कराएगी :-

महाराष्ट्र सरकार अगले तीन वर्ष में राज्य भर के किसानों को सौर ऊर्जा से चलने वाले सोलर फीडर्स की सहायता से सस्ती और विश्वसनीय बिजली उपलब्ध कराएगी। रालेगण सिद्धि में मुख्यमंत्री कृषि सौर फीडर योजना के अंतर्गत पहली सौर परियोजना का भूमिपूजन करने के बाद मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस ने यह जानकारी दी।

इस समारोह में प्रसिद्ध समाजसेवी अन्ना हजारे भी उपस्थित थे।ऊर्जा वाले फीडर का उपयोग करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है, जिससे बिजली क्षेत्र में महाराष्ट्र को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस ने कहा कि वर्तमान में बिजली की प्रत्येक इकाई छह दशमलव पांच शून्य रुपये के आस पास उत्पन्न होती है और सौर ऊर्जा का इस्तेमाल होने पर लागत तीन से तीन दशमलव दो पांच रुपये तक घट जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों को एक दशमलव दो शून्य रुपये में बिजली प्रदान की जाएगी।

 

7.सरकार ने दो साल और उससे अधिक समय से निष्क्रिय लगभग दो लाख कंपनियों को बंद किया :-

सरकार ने दो वर्ष या उससे अधिक समय तक निष्क्रिय पड़ी करीब सवा दो लाख कंपनियों का पंजीकरण रद्द कर दिया है। इन कंपनियों के बैंक खातों से लेनदेन पर पाबंदियां लगा दी गयी हैं। कंपनी मामलों के मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि शुरूआती जांच से पता चला है कि नोटबंदी के बाद पैंतीस हजार कंपनियों ने अट्ठावन हजार खातों से सत्रह हजार करोड़ रुपये से अधिक की रकम निकाली है।

मंत्रालय के बयान के अनुसार बैंक खातों से लेनदेन पर रोक के अलावा इन कंपनियों की परिसंपत्तियों की बिक्री और हस्तांतरण पर भी रोक लगा दी गयी है।

 

8.डायरेक्ट सेलिंग से जुड़े लोगों को भी देना होगा ई-केवाईसी :-

बेहतर नियंत्रण और नियमों के अनुपालन के लिए अब डायरेक्ट सेलिंग इंडस्ट्री ने भी आधार से जुड़ी ई-केवाईसी प्रक्रिया शुरू कर दी है। बैंकिंग, बीमा, टेलीकॉम और शेयर बाजार जैसे नियमित सेक्टर से जुड़ी कंपनियां पहले ही इस प्रणाली को अपना चुकी हैं।

डायरेक्ट सेलिंग इंडस्ट्री में वो कंपनियां शामिल हैं तो उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचाती हैं। एक उपभोक्ता ही दूसरे के लिए प्रतिनिधि होता है।

इन्हें इंडिपेंडेंट रिप्रजेंटेटिव कहा जाता है। अब इस उद्योग ने आइआर के अपने विशाल नेटवर्क के लिए आधार से जुड़ी केवाईसी प्रक्रिया की ओर कदम बढ़ा दिया है।

 

9.विश्वबैंक ने कहा- भारत 2047 तक बड़ी अर्थव्यवस्था होगा :-

विश्व बैंक ने शनिवार को कहा कि जीएसटी जैसे अहम सुधारों की बदौलत भारत 2047 तक उच्च-मध्य आय वाली अर्थव्यवस्था बन जाएगा। विश्वबैंक की सीईओ क्रिस्टालीना जॉर्जिएवा ने प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में यह बात कही।

उन्होंने कहा, ‘मुङो इसमें भी कोई शक नहीं कि जब भारत 2047 में आजादी की स्वर्ण जयंती मना रहा होगा, तब अधिकांश भारतीय मजबूत मध्यम वर्ग का हिस्सा होंगे और भारत शीर्ष अर्थव्यवस्था वाले देशों में होगा।

’विश्व बैंक की सीईओ क्रिस्टालिना जियार्जिएवा ने आर्थिक सुधारों को लेकर मोदी सरकार की प्रशंसा की है। नई दिल्ली आयीं जियार्जिएवा ने शनिवार को कहा कि जीएसटी जैसे सुधारों की राह में धैर्य का फल मिलता है, हम जो देख रहे हैं वह भारत की असाधारण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि विश्वबैंक की कारोबार सुगमता रिपोर्ट में भारत की 30 स्थान की छलांग लगाना विरला उदाहरण है।

विश्व बैंक पिछले 15 सालों से कारोबार में आसानी के लिए उठाए गए कदमों के आधार पर यह सर्वे करा रहा है। भारत की रैंकिंग 2016 के मुकाबले 2017 में 130 से 100 पर पहुंची है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रलय द्वारा आयोजित इंडियाज बिजनेस रिफार्म कार्यक्रम में क्रिस्टालिना ने कहा कि सुधारों की प्राथमिकता बनाए रखना जरूरी है।

 

10.जापान के काकामिगहारा में एशिया कप महिला हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में भारत का मुकाबला चीन से होगा :-

जापान के काकामिगहारा में एशिया कप महिला हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में भारत का मुकाबला चीन से होगा। भारत ने क्वार्टर फाइनल में कजाकिस्तान को और सेमीफाइनल में मौजूदा चैंपियन जापान को हराया था। उधर, वियतनाम की हो चि मिन्ह सिटी में एशियाई महिला मुक्केबाजी चैंपियनशिप में एम सी मैरीकॉम, शिक्षा और प्रियंका चौधरी ने सेमीफाइनल में पहुंचकर अपने-अपने पदक तय कर लिये हैं।

सेमीफाइनल में मैरीकॉम का मुकाबला जापान की सुबासा कोमुरा से और शिक्षा का सामना चीनी ताइपे की लिन यु टिंग से होगा।